Original
शान्तिकी खोज
सागरके वक्षःस्थलपर उठती हुई लहरोंको देखकर हम सोचते हैं—ओह! सागर कितना क्षुब्ध है, कितना चञ्चल है? पर कदाचित् हम उसी समय सागरके भीतर प्रवेश कर देख पाते तो हमें दीखता कि इन तरङ्गोंसे कुछ ही दूर नीचे जानेपर समुद्रका गर्भ तो बिलकुल शान्त है। ठीक इसी प्रकार जब हम अपने मनको टटोलते हैं तो दीखता है कि यहाँ तो विषयोंकी आँधी चल रही है, किन्तु यदि मनके भीतर प्रवेश करते, मन जिस परमात्माके आधारपर अवलम्बित है, उस परमात्माको छूने लगते, तब अनुभव होता कि यहाँ तो अखण्ड शान्ति छायी हुई है। क्षोभ नहीं, विकलता नहीं; यहाँ तो पूर्ण शान्तिका साम्राज्य छाया हुआ है।क्या यह सम्भव है कि हम मनके भीतर चले जायें, परमेश्वरको छू लें, हमें यह पूर्ण शान्ति मिल जाय! अवश्य सम्भव है। वह शान्ति तो हमारी प्रतीक्षा कर रही है, प्रभु तो हमारी बाट देख रहे हैं कि कब हम बाहरकी ओर शान्ति ढूँढ़ना छोड़कर भीतरकी ओर चल पड़ें, प्रभुसे जा मिलें, उनसे मिलकर हमारी जलन शान्त हो जाय, सदाके लिये हमें पूर्ण शान्ति मिल जाय। पर हम तो उस ओर जा रहे हैं, जिधर शान्ति मिलनेकी नहीं। चाहते हैं हम शान्तिको ही, हममेंसे प्रत्येक निरन्तर शान्ति ही ढूँढ़ रहा है, पर ढूँढ़ रहा है वहाँ, जहाँ शान्ति नहीं है। शान्ति तो एकमात्र प्रभुमें है। प्रभु नित्य हमारे अन्दर ही विराजित हैं, हमारे इसी अशान्त मनकी ओटमें वे अवस्थित हैं, उन्हींके आश्रित हमारा मन है। अपने इतने निकट वर्तमान प्रभुसे जब हमारा मिलन होगा, तभी शान्ति मिलेगी।अभी हमारी बुद्धि प्रभुको छोड़कर अन्यको विषय कर रही है, हमारा मन प्रभुको भूलकर अन्यका मनन कर रहा है, इन्द्रियाँ प्रभुकी
English translation
The Quest for PeaceLooking at the waves rising upon the bosom of the ocean, we think-Oh! How agitated the ocean is, how restless it is! But if at that very moment we could enter beneath the surface of the ocean, we would see that just a little distance below these waves, the depths of the sea are entirely tranquil. In exactly the same manner, when we examine our mind, it appears as though a tempest of sensual objects is raging here; yet if we were to enter deep within the mind and touch the Supreme Lord upon whose support the mind rests, we would realize that unbroken peace reigns here. There is no agitation, no anguish; here lies the realm of absolute peace. Is it possible for us to go within the mind, touch the Supreme Lord, and attain this perfect peace? It is certainly possible. That peace is waiting for us, and the Lord is looking out for our arrival, waiting for the moment when we cease seeking peace outside, turn inward, and unite with Him, so that upon meeting Him our burning anguish may be pacified and we may attain complete peace forever. But we are proceeding in that direction where peace cannot be found. What we desire is peace alone; each one of us is unceasingly searching for peace, but searching for it where peace does not exist. Peace resides exclusively in the Lord. The Lord is ever seated within us; He dwells behind the veil of this very restless mind of ours, and our mind is dependent upon Him. Only when our union occurs with the Lord, who is ever present so close to us, will peace be attained. Presently, our intellect is engaging with other objects instead of the Lord, our mind is contemplating other things while forgetting the Lord, and our senses are
Original
ओर न जाकर दूसरी ओर दौड़ रही हैं, शरीर प्रभुकी सेवासे विमुख हो रहा है, हमें झूठी ममता फाँसे हुए है और मिथ्या अहङ्कार भ्रमित किये हुए है। इसीसे हम अशान्त हैं। हमारी बुद्धि प्रभुको समर्पित हो जाय, मन प्रभुपर न्योछावर हो जाय, इन्द्रियाँ प्रभुपरायण हो जायें, शरीर प्रभुकी सेवामें संलग्न हो जाय, झूठी ममता टूट जाय और मिथ्या अहङ्कार मिट जाय—बस, फिर अशान्ति भी सदाके लिये मिट जायगी।हमें इसीके लिये प्रयत्न करना है। बुद्धिके द्वारा हम प्रभुके स्वरूपका निश्चय करें—'शान्तिसमृद्धममृतम्', हमारे प्रभु शान्तिरूप हैं, पूर्ण हैं, अमृतस्वरूप हैं; 'शान्तं ब्रह्मेदमुक्थ्यम्', प्रभु पूर्ण शान्त हैं, पूर्ण प्रसन्न हैं; 'विज्ञानमानन्दं ब्रह्म', प्रभु विज्ञानस्वरूप हैं, आनन्दस्वरूप हैं; 'सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म', प्रभु सत्य हैं, ज्ञानस्वरूप हैं, अनन्तस्वरूप हैं; 'रसो वै सः, रसं ह्येवायं लब्ध्वानन्दी भवति, को ह्येवान्यात्कः प्राण्याद् यदेष आकाश आनन्दो न स्यात्, एष ह्येवानन्दयति', प्रभु रसस्वरूप हैं, प्रेमस्वरूप हैं; रसस्वरूप-प्रेमरूप प्रभुको ही पाकर तो पुरुष आनन्दभाजन बन जाता है। यदि हृदयके आकाशमें स्थित आनन्दस्वरूप प्रभु न होते तो प्राण-अपानकी क्रिया कौन कर सकता! ये प्रभु ही तो सारे विश्वको आनन्द दान करते हैं; 'एतस्यैवानन्दस्यान्यानि भूतानि मात्रामुपजीवन्ति', इन्हीं आनन्दस्वरूप प्रभुके कलामात्र आनन्दके आश्रित रहकर ही तो समस्त जीव जीवन धारण करते हैं; 'आनन्दाद्ध्येव खल्विमानि भूतानि जायन्ते, आनन्देन जातानि जीवन्ति, आनन्दं प्रयन्त्यभिसंविशन्तीति', आनन्दस्वरूप प्रभुसे ही सब प्राणी उत्पन्न होते हैं, उत्पन्न होनेपर आनन्दस्वरूप प्रभुके द्वारा ही जीवित रहते हैं एवं प्रयाण करते समय आनन्दस्वरूप प्रभुमें ही समा जाते हैं।एको देवः सर्वभूतेषु गूढः सर्वव्यापी सर्वभूतान्तरात्मा। कर्माध्यक्षः सर्वभूताधिवासः साक्षी चेता केवलो निर्गुणश्च॥
English translation
...instead of turning toward the Lord, they are running in the opposite direction; the body has turned away from the service of the Lord, false attachment has ensnared us, and illusory ego has led us astray. This alone is why we are restless. If our intellect is surrendered to the Lord, our mind is devoted entirely to Him, our senses become dedicated to Him, our body becomes engaged in His service, false attachment is shattered, and illusory ego is eradicated-then, restlessness will also vanish forever. We must strive precisely for this. Through our intellect, let us firmly ascertain the true nature of the Lord-[Sanskrit] "He is rich in peace and immortal"; our Lord is the embodiment of peace, complete, and immortal. [Sanskrit] "Brahman is tranquil and worthy of praise"; the Lord is utterly tranquil and perfectly blissful. [Sanskrit] "Brahman is pure consciousness and bliss"; the Lord is the embodiment of transcendental knowledge and bliss. [Sanskrit] "Brahman is truth, knowledge, and infinity"; the Lord is truth, consciousness, and infinite. [Sanskrit] "He is verily the aesthetic essence (Rasa); indeed, attaining this essence, the soul becomes filled with bliss. Who indeed could inhale, who could exhale, if this bliss were not present in the ether of the heart? For He alone bestows bliss." The Lord is the embodiment of divine bliss and divine love. It is solely by attaining the Lord, who is bliss and love personified, that a person becomes a vessel of bliss. If the Lord of bliss were not situated in the ether of the heart, who could perform the functions of breathing in and breathing out! It is this Lord alone who grants joy to the entire universe. [Sanskrit] "All other beings live by subsisting upon merely a fraction of His bliss." It is by depending upon a mere fragment of the joy of this very Lord of bliss that all living beings sustain their lives. [Sanskrit] "From bliss alone indeed all these beings are born; having been born, by bliss they live; and into bliss they depart and enter." From the Lord of bliss all creatures emerge; having emerged, by the Lord of bliss they are sustained; and at the time of departure, into the Lord of bliss they dissolve. [Sanskrit] "The one non-dual Lord is hidden within all beings, all-pervading, the innermost Self of all creatures, the overseer of all actions, the dwelling-place of all entities, the witness, the conscious animator, absolute, and devoid of attributes."
Original
हमारे प्रभु ही वे प्रसिद्ध एक देव हैं जो सब प्राणियोंमें छिपे हुए हैं, सर्वत्र व्याप्त हैं, सब जीवोंके अन्तरात्मा हैं, कर्मोंके अध्यक्ष हैं, सब भूतोंके अधिष्ठान हैं, सबके साक्षी हैं, सबको चेतना देनेवाले हैं, केवल हैं, निर्गुण हैं। 'तत्सृष्ट्वा तदेवानुप्राविशत्', प्रभु ही तो इस विश्वकी रचना करके इसमें प्रवेश कर गये। 'स एष इह प्रविष्ट आ नखाग्रेभ्यः', प्रभु तो हमारे शरीरमें नखसे लेकर शिखापर्यन्त अनुप्रविष्ट हैं; 'सर्वेषां भूतानामन्तरः पुरुषः स म आत्मेति', समस्त प्राणियोंके भीतर जो पुरुष विराजित हैं, वे हमारे अन्तरात्मस्वरूप प्रभु ही तो हैं; 'पुरुष एवेदं सर्वं यद्भूतं यच्च भव्यम्', भूत, वर्तमान, भविष्यका समस्त जगत् हमारे प्रभुका ही तो स्वरूप है।नित्योऽनित्यानां चेतनश्चेतनाना- मेको बहूनां यो विदधाति कामान्। तमात्मस्थं येऽनुपश्यन्ति धीरा- स्तेषां शान्तिः शाश्वती नेतरेषाम्॥'प्रभु अनित्य पदार्थोंमें नित्यस्वरूप हैं, चेतनोंके भी चेतन हैं, वे अकेले ही अनेककी कामनाएँ पूर्ण करते हैं; जो धीर पुरुष अपनी बुद्धिमें स्थित उन प्रभुको देख लेते हैं, उन्हींको नित्य शान्ति प्राप्त होती है, औरोंको नहीं।' इस प्रकार बार-बार निश्चय करके हम बुद्धिको इन भावोंमें स्थित कर दें, इन भावोंपर दृढ़ अटल संशयहीन विश्वास कर लें, यही बुद्धिका प्रभुमें समर्पण है।बुद्धिका निश्चय हो जानेपर भी इन भावोंको बार-बार मनसे मनन करनेकी आवश्यकता है, क्योंकि हम देखते हैं—बुद्धिसे हमें यह दृढ़ निश्चय रहता है कि जिधर सूर्योदय होता है, उधर ही पूर्व दिशा है, किंतु यदि हमें दिशाका भ्रम हो जाय तो मनको, नेत्रोंको यह अनुभव होता है कि सूर्योदय तो पश्चिम, दक्षिण या उत्तरमें हुआ है। दिशाभ्रमकी दशामें—कल्पना करें—जहाँ हम कभी पहले नहीं गये, ऐसे किसी अपने घरमें पूर्वकी ओर यदि हमें जाना होता है तो हम मनकी प्रतीतिकी
English translation
Our Lord alone is that renowned, singular Divinity who is hidden within all beings, who pervades everywhere, who is the innermost Soul of all creatures, the presiding Lord of all actions, the substratum of all entities, the witness of all, the animator of all, absolute, and beyond the material qualities (Gunas). [Sanskrit] "Having created it, He entered into it." The Lord Himself created this cosmos and entered into it. [Sanskrit] "He has entered into this body up to the very tips of the nails." The Lord has entered and permeated our body from the nails to the crown of the head. [Sanskrit] "The Person residing within all beings, He is my own Inner Self." The supreme Person seated within all creatures is verily our Lord, our very Inner Self. [Sanskrit] "The Supreme Person alone is all this-all that has been and all that is yet to be." The entire universe of the past, present, and future is verily the form of our Lord. [Sanskrit] "He is the Eternal amidst the non-eternal, the Consciousness amidst the conscious, the One who fulfills the desires of the many. The wise who perceive Him seated within their own self attain eternal peace, and not others.""The Lord is the eternal essence amidst transient objects, the consciousness of all conscious beings; He alone fulfills the desires of the many. The wise who behold that Lord dwelling within their own intellect attain everlasting peace, and none else." Having resolved this repeatedly, let us establish our intellect firmly in these realizations, holding an unwavering, steadfast, and doubt-free conviction in them. This alone is the surrender of the intellect unto the Lord. Even after the intellect reaches this firm conviction, there is a need to contemplate these truths repeatedly with the mind. For we observe that through our intellect we hold the firm certainty that the direction of sunrise is the East; however, if we become disoriented, our mind and eyes perceive that the sun has risen in the West, South, or North. In a state of disorientation-imagine-if we must go toward the East to a home of our own where we have never been before, we disregard the mind's deceptive impression...
Original
अवहेलना कर देते हैं, जिधर सूर्योदय हुआ दीखता है, उसी ओर चल पड़ते हैं। साथ ही बार-बार इधर सूर्योदय हुआ है, इधर ही पूर्व है, इधर ही हमारा घर है, यह बात हम अपने भ्रान्त मनको समझाते हुए चलते हैं, अन्यथा पथ भूल जानेकी सम्भावना है। ठीक ऐसे ही बुद्धिमें प्रभुके स्वरूपका निश्चय हो जानेपर भी उसके मननकी, अधिकाधिक स्मरणकी आवश्यकता रहती है, नहीं तो विषयोंके बाजारमें दौड़ते हुए मनके लिये पथ भूल जाना साधारण बात है। हमें चाहिये प्रभुके उपयुक्त स्वरूपका खूब मनन करें। मनन करते-करते मन तदाकार हो जाय यही मनका प्रभुपर न्योछावर हो जाना है। मन प्रभुमें तन्मय हो जानेपर तो इन्द्रियाँ अपने-आप उनमें लग ही गयीं। पर इससे पूर्व हमें इन्द्रियोंको प्रभुकी ओर मोड़ना पड़ेगा। हमारे नेत्रोंके सामने जो भी रूप आवे, हम अनुभव करें यह तो हमारे प्रभुका ही रूप है, हमें प्रभुके ही दर्शन हो रहे हैं। कानोंमें जो भी शब्द सुन पड़ें, हम सोचें ये तो हमारे प्रभु बोल रहे हैं। हमें प्रभुके शब्द सुन पड़ रहे हैं। नासिकामें किसी प्रकारकी गन्ध आवे, हम अनुभव करें कि इस गन्धके रूपमें प्रभु ही व्यक्त हो रहे हैं, कैसा भी स्पर्श प्राप्त हो, यह प्रतीत हो कि हमें प्रभुका ही स्पर्श प्राप्त हो रहा है। रसनेन्द्रिय जिस रसका आस्वाद ले उसके लिये हमें यह भान हो कि रसरूपमें प्रभु ही हमारे आस्वाद्य बने हुए हैं। ऐसा कर लेना ही इन्द्रियोंको प्रभुपरायण बना देना है। वाणीके द्वारा भी प्रभुकी सेवा ही हो। चिथड़ा लपेटे राहका भिखारी मिलने आवे, हमें अनुभव हो कि प्रभु पधारे हैं तथा हम आगे बढ़कर अमृतमयी वाणीसे उनका यथायोग्य स्वागत करें। इसी तरह कदाचित् सम्राट् पधारें, तो हमें यह अनुभव हो कि 'जो प्रभु चिथड़े लपेटे आये थे, वे ही सम्राट् बनकर आये हैं।' सम्राट्की सेवा तो उनके अनुरूप ही होनी चाहिये, पर उस भिखारीमें एवं इनमें आभ्यन्तरिक आदरभाव, अपनत्व एवं प्रेमका तिलमात्र भी तारतम्य नहीं हो। यदि
English translation
...and we proceed in the direction where the sun appears to have risen. At the same time, we keep reassuring our confused mind: "The sun has risen here, this direction is the East, and our home is right here." Otherwise, there is a risk of losing the way. In the exact same manner, even when the intellect has attained certainty regarding the true nature of the Lord, continuous reflection and ever-increasing remembrance are essential; otherwise, it is very easy for a mind running in the marketplace of worldly desires to lose its way. We ought to reflect deeply on this aforementioned nature of the Lord. When, through continuous reflection, the mind becomes one with that divine form, that is what it means for the mind to be entirely devoted to the Lord. Once the mind is absorbed in the Lord, the senses will naturally become engaged in Him. But prior to that, we must intentionally turn our senses toward the Lord. Whatever form appears before our eyes, let us feel: "This is indeed the form of our Lord; we are beholding the Lord Himself." Whatever words reach our ears, let us think: "These are spoken by our Lord; we are hearing the words of the Lord." Whatever scent reaches our nose, let us feel that the Lord Himself is manifesting through this fragrance. Whatever touch we experience, let it be felt as the touch of the Lord. Whatever taste the tongue savors, let us be conscious that the Lord Himself has become the object of our relish in the form of taste. To do this is to make the senses wholly dedicated to the Lord. Through speech as well, let there be only the service of the Lord. If a roadside beggar wrapped in rags comes to meet us, let us feel that the Lord Himself has arrived, and let us step forward to welcome him fittingly with nectar-like words. Similarly, if an emperor should arrive, let us feel: "The very Lord who came wrapped in rags has now come as an emperor." The external service rendered to an emperor must indeed be appropriate to his station, but between that beggar and this emperor, there must not be the slightest difference in our inner reverence, sense of oneness, and love. If...
Original
कमी-बेशी हुई तो हमें समझना चाहिये कि परीक्षामें हम अनुत्तीर्ण हो गये। तथा आगेके लिये प्रयास करना चाहिये कि समानभावसे हम सबमें प्रभुको विराजित देख सकें, समान प्रेम कर सकें, समान अपनत्व दे सकें। हमारी वाणी किसीके लिये भी कभी उद्वेगका कारण न बने, वाणीमें सदा मधुरता भरी हो, कभी किसीको रूक्षताकी गन्ध भी न मिले, पूर्ण सत्य भरा हो, उसमें झूठ-कपट-दम्भकी छायातक नहीं हो, सबके हितकी भावनासे ओतप्रोत हो, वैर-विरोध तथा द्वेष-ईर्ष्यासे सर्वथा शून्य हो। इस कसौटीपर कसी हुई वाणी ही हमारे मुँहसे आवश्यक व्यवहारके समय जगत्-रूप प्रभुकी सेवाके लिये निकले तथा इसके अतिरिक्त समयमें भी निरन्तर प्रभुके स्तवन, विशुद्ध प्रार्थना, प्रभुके स्वरूपके प्रवचन, गुण-वर्णन आदिमें ही वाणी डूबी रहे। यह हो गया तो हम समझें कि वाणी भी प्रभुकी ओर मुड़ गयी। शरीरकी सेवाका कोई अवसर हम खो न दें, इसके लिये सावधान रहें। हमारे शरीरका अणु-अणु प्रभुकी सेवामें ही लगे। अनेक रूपोंमें प्रभु हमारी सेवा लेनेके लिये उपस्थित होते हैं। कभी जेठकी दोपहरीमें केवल पानी पिला देनेके लिये कहते हैं। कभी पथके किनारे अन्धे बने हुए खड़े पथ दिखा देनेकी प्रार्थना करते हैं। कभी हमारे औषधालयके सामने फोड़ेकी वेदना लिये हमसे मरहमपट्टी कर देनेको, अपने जर्जर शरीरके लिये अच्छी-सी ओषधि देनेकी भीख माँगते हैं तथा कभी स्टेशनसे छूटती हुई गाड़ीके डिब्बेके सामने आकर हमसे किवाड़ खोल देने, भीतर आ जाने देनेकी प्रार्थना करते हैं। माता-पिता, भाई-बन्धु, गुरुजन, परिजन आदि बनकर विविध भाँतिसे विविध अवसरोंपर वे हमारे शरीरसे सेवा लेने आते हैं, सेवा कर देनेकी प्रेरणा करते हैं। पशु-पक्षी, कीट-पतङ्ग, वृक्ष-लता बनकर भी हमारे सामने आते हैं, हमें सेवाका अवसर देते हैं। दिनभरमें न जाने कितनी बार किन-किन रूपोंमें आते हैं और हमें धन-जनसे नहीं, केवल शरीरमात्रसे सम्पन्न होनेवाली अपनी सेवाका मौका देते हैं। हमें चाहिये कि इन सभी
English translation
...any disparity arises, we must understand that we have failed the test. And we should strive for the future so that with equanimity we may behold the Lord dwelling within all, love all equally, and extend equal intimacy to all. Let our speech never become a cause of agitation for anyone; let our words ever be filled with sweetness; let no one ever perceive even a trace of harshness in them; let them be filled with complete truth, untouched even by the shadow of falsehood, deceit, or hypocrisy; let them be imbued with goodwill for the welfare of all; and let them be entirely devoid of enmity, opposition, malice, and jealousy. Only speech tested on this touchstone should issue from our lips during necessary worldly interactions for the service of the Lord who manifests as the universe. Moreover, during all remaining time, let our speech remain constantly immersed in chanting the praises of the Lord, in pure prayers, in discourses on the divine nature of the Lord, and in describing His attributes. When this is accomplished, we may know that our speech too has turned toward the Lord. Let us remain vigilant so that we do not lose any opportunity for physical service. Let every single atom of our body be engaged in the service of the Lord. In numerous forms the Lord presents Himself to accept our service. Sometimes, in the scorching noon of the month of Jyeshtha, He asks merely for a sip of water. Sometimes, standing by the roadside as a blind person, He pleads to be shown the path. Sometimes, carrying the pain of an ulcer before our dispensary, He begs of us a dressing and a soothing medicine for His frail body. And sometimes, standing before the compartment of a train departing from the station, He requests us to open the door and let Him step inside. Becoming parents, siblings, elders, and family members, He comes in diverse ways and on diverse occasions to receive service from our bodies, inspiring us to serve. He also appears before us as beasts, birds, insects, trees, and creepers, granting us opportunities to serve. Who knows how many times throughout the day and in what varied forms He comes, offering us opportunities to serve Him-not through wealth or manpower, but simply through our physical body alone! We ought to utilize all these...
Original
अवसरोंपर पूरे उत्साहसे हम अपने शरीरको प्रभुकी यथायोग्य सेवामें नियोजित कर दें। साथ ही पूरी सावधानी रखें कि सेवाके श्रममें कहीं प्रभुके किसी रूपको हमारे इस शरीरसे पीड़ा न पहुँच जाय।उपर्युक्त चारों बातें यदि हो गयीं, बुद्धि प्रभुके स्वरूपमें स्थित हो गयी, मन प्रभुमें तन्मय हो गया, इन्द्रियाँ प्रभुमें लग गयीं, शरीर सेवामें समर्पित हो गया, तब फिर तो इनका अनिवार्य परिणाम यह होगा कि झूठी ममता टूट जायगी, मिथ्या अहङ्कार विलीन हो जायगा। जहाँ अहङ्कार है, वहीं ममता है। जब वास्तवमें सर्वस्वरूप भगवान्की अनुभूति हो जायगी, तब हमारा यह 'मैं' नहीं रहेगा और इसीलिये 'मैं' की सन्तान 'मेरा' भी नहीं रहेगा। 'मैं' के स्थानपर एकमात्र प्रभु बच रहेंगे और 'मेरा' के स्थानपर भी प्रभुका ही पसारा रहेगा। यहाँ एक अखण्ड अनन्त असीम अनिर्वचनीय शान्तिका साम्राज्य फैला होगा तथा यहीं हमारी शान्तिकी खोज भी समाप्त होगी।
English translation
Whenever an opportunity arises, let us engage our body with full enthusiasm in the fitting service of the Lord. At the same time, let us take complete care that in the labor of service, no manifestation of the Lord suffers any hurt or distress through this body of ours. If these four aforesaid conditions are fulfilled-if the intellect becomes established in the divine nature of the Lord, the mind becomes absorbed in the Lord, the senses become devoted to the Lord, and the body is surrendered in service-then the inevitable consequence will be that false attachment will be shattered and illusory ego will dissolve away. Wherever ego exists, attachment exists there as well. When the direct realization of the all-pervading Supreme Lord truly dawns, this 'I' of ours will no longer remain, and therefore the offspring of 'I', which is 'mine', will also cease to exist. In place of 'I', the Lord alone will abide, and in place of 'mine', there will only be the expanse of the Lord Himself. Here, an unbroken, endless, boundless, and ineffable reign of peace will prevail, and here alone our quest for peace will attain its fulfillment.