Original
मानसिक विष और उसके त्यागके उपाय
एक विष तो ऐसा होता है कि उसकी क्रिया सीमित रहती है, परिणाम भी निश्चित रहता है—जैसे संखिया। किसीने संखिया खा लिया तो उसकी क्रिया शरीरतक ही सीमित रहेगी। शरीर जलने लगेगा, असह्य पीड़ा होगी, हृदयकी गति बन्द हो जायगी, प्राण निकल जायँगे। बस, इससे अधिक संखिया खा लेनेपर और कुछ भी नहीं होगा। पर कुछ विष ऐसे हैं, जिनकी क्रिया बड़ी व्यापक होती है, परिणाम भी निर्धारित नहीं होता। वे विष हैं—घृणा, द्वेष, वैर, काम, क्रोध, मद, लोभ, मोह, मात्सर्य आदि दुर्गुण। इनका सेवन मनके द्वारा होता है। इनमेंसे किसीको भी किसी प्राणीने यदि अपने अन्दर स्थान दे रखा है तो वह संखियाकी तरह सीमित क्रिया करके, निश्चित फल देकर ही निवृत्त नहीं होगा। ये दुर्गुणरूपी विष तो ऐसे हैं जो जन्म- जन्मान्तरतक साथ रहेंगे, सदा जलाते रहेंगे, अनेक प्रकारकी यातनाएँ देते रहेंगे और न जाने कितनी बार जन्म-मरणकी मार्मिक पीड़ा देंगे। किन्तु जब मनुष्यकी बुद्धिमें तमोगुण बढ़ता है, तब वह भ्रमवश इन दुर्गुणोंमें अमृतकी भावना करने लगता है; फिर तो वह विरोधी व्यक्तिसे, समाजसे, जातिसे, राष्ट्रसे असूया-घृणा करनेमें अपने गौरवकी रक्षा मानता है, द्वेष-वैर करनेमें अपनी प्रतिष्ठाकी रक्षा होते देखता है, कामनाओंके पोषण करनेका नाम प्रगति रखता है, अन्दर बसी हुई क्रोधकी वृत्तिको तेज मानने लगता है, मदका नाम आत्म- सम्मान रखकर उसकी रक्षा करना अपना कर्तव्य समझने लगता है, लोभको अपनी उन्नतिका साधन समझता है, मोहका नाम प्रेम रखकर जीवनको बर्बाद कर देना आदर्श मानता है, मात्सर्यको व्यक्ति, समाज, जाति और राष्ट्रके सुधारके लिये आवश्यक वस्तु अनुभव करता है। इसीलिये ये विष—ये दुर्गुण मनुष्यमें बढ़ते चले जाते हैं। अन्तःकरण
English translation
Mental Poisons and the Means to Abandon Them One kind of poison is such that its action remains limited and its outcome is also definite-like arsenic. If someone ingests arsenic, its action will remain confined only to the body. The body will begin to burn, there will be unbearable agony, the heart will stop beating, and life will depart. That is all; upon consuming arsenic, nothing more than this will happen. But there are some poisons whose action is vastly extensive and whose outcome is not predetermined. Those poisons are vices such as hatred, animosity, enmity, lust, anger, arrogance, greed, delusion, and jealousy. These are consumed through the mind. If any living being gives a place to any of these within oneself, it will not cease after acting in a limited manner and yielding a definite result like arsenic. These poisons in the form of vices are such that they will accompany the soul through birth after birth, will burn it constantly, will inflict various kinds of torments, and will cause the piercing agony of birth and death who knows how many times. However, when the quality of darkness (tamoguna) increases in a person's intellect, one begins, out of delusion, to imagine nectar within these vices; then one considers it a preservation of one's dignity to harbor jealousy and hatred toward an opposing individual, society, community, or nation; one sees the preservation of one's prestige in bearing malice and enmity; one calls the feeding of desires progress; one begins to regard the deep-seated impulse of anger as brilliance of spirit; one labels arrogance as self-respect and considers protecting it to be one's duty; one regards greed as a means of personal advancement; one labels infatuation as love and considers ruining one's life to be an ideal; and one feels jealousy to be an essential instrument for the reform of the individual, society, community, and nation. For this reason, these poisons-these vices-continue to grow within man. The inner self
Original
इनसे इतना ढक जाता है कि हृदयमें विराजित प्रभुकी ओरसे निरन्तर बढ़ती हुई आनन्दधाराके लिये द्वार ही बन्द हो जाता है, हमारी इन्द्रियोंमें प्रभुके द्वारा दिये हुए उस परमानन्दका एक कण भी नहीं आ पाता। इन्द्रियाँ स्थायी आनन्द पानेके लिये तरसती रहती हैं, भटकती रहती हैं, पर उन्हें स्थायी आनन्द कभी नहीं मिलता। जिस समय हमारे अन्दर किसीके प्रति घृणाकी वृत्ति जागती है, द्वेषका भाव उदय होता है, किसी वस्तुके लिये कामना होती है, किसी वस्तु या व्यक्तिको निमित्त बनाकर क्रोध उत्पन्न होता है, अपने प्रभाव, प्रभुत्वकी स्मृति होकर मदके विचार आने लगते हैं, किसी वस्तुके प्रति लोभ होने लगता है, किसी व्यक्तिविशेष या वस्तुविशेषमें मोह (ममता) जाग उठता है, किसीकी उन्नति देखकर मत्सरता (ईर्ष्या, डाह) आती है; उस समय उन-उन वृत्तियोंके अनुरूप ही विचारोंकी मूर्तियाँ बनने लग जाती हैं। घृणासे बनी हुई विचारमूर्तिमें नीचे-ऊपर, भीतर-बाहर घृणा भरी रहेगी, द्वेषकी विचारमूर्तिमें द्वेष भरा होगा, इसी प्रकार अन्य विचारमूर्तियोंमें भी वे-वे भाव भरे होते हैं। इन मूर्तियोंमें कम्पन होता रहता है तथा ये जैसी हैं, उसी प्रकारकी किरणें इनसे निकलती रहती हैं। साथ ही, जैसे ये मूर्तियाँ हमारे अन्दर बनीं कि बस, उसी क्षण, जिनके निमित्तसे बनी हैं, उनकी ओर दौड़ जाती हैं, उनके पास पहुँच जाती हैं। उदाहरणके लिये हम घृणाको लें! हमारे अन्दर किसीके प्रति घृणाकी वृत्ति आयी कि उसी क्षण एक घृणामयी विचारमूर्ति बन गयी तथा तुरन्त ही वह उस व्यक्तिके पास जा पहुँची कि जिसके प्रति हमने घृणा की है। वहाँ जाकर यह उस व्यक्तिके शारीरिक तेज (Aura) से चिपट जाती है तथा यदि उसमें पहलेसे ही वैसा बीज (घृणाका सुप्तभाव) वर्तमान है तो उसमें भी अपने अनुरूप घृणाका भाव पैदा कर देती है। यदि वह व्यक्ति उस दूषित भावको ग्रहण करनेके लिये पहलेसे ही घृणाका भाव लिये तैयार बैठा है तब तो कहना ही क्या है, फिर तो क्षणभरका भी विलम्ब न होकर उसपर
English translation
It becomes so covered by these that the door is shut against the stream of bliss continuously flowing from the Lord seated within the heart; not even a single drop of that supreme bliss bestowed by the Lord is able to reach our senses. The senses keep yearning and wandering about to attain lasting bliss, yet they never obtain lasting bliss. Whenever a tendency of hatred awakens within us towards someone, a feeling of malice arises, a desire for some object is felt, anger is aroused by making some person or thing the pretext, thoughts of pride emerge upon remembering our own influence and dominance, greed arises towards something, attachment (possessiveness) awakens towards a particular person or object, or jealousy (envy, spite) comes upon seeing someone's progress, at that very moment, thought-forms begin to take shape corresponding to those very tendencies. In a thought-form made of hatred, hatred will be filled completely-above and below, inside and outside; in a thought-form of malice, malice will be filled; and similarly, in other thought-forms as well, those respective emotions are filled. A vibration constantly takes place within these forms, and rays corresponding to their nature continuously emanate from them. Moreover, the moment these forms are shaped within us, at that very instant they rush towards those for whose sake they were formed, reaching right up to them. For example, let us take hatred! No sooner does a feeling of hatred towards someone arise within us than a thought-form full of hatred is formed, and immediately it reaches that person towards whom we felt hatred. Arriving there, it clings to the bodily radiance (aura) of that person, and if such a seed (a latent feeling of hatred) is already present within them, it generates a corresponding feeling of hatred within them as well. If that person is already sitting prepared with a feeling of hatred to receive that tainted emotion, then what is there to say! In that case, without even a moment's delay, upon them
Original
इसका प्रभाव पड़ जाता है और उसके अन्दर भी घृणाका दूषित भाव बेहद बढ़ जाता है। पर कहीं वह व्यक्ति दूसरे विचारमें लगा है, ऐसे विचारोंसे उसका मन भरा है कि जिनसे इसका मेल नहीं खाता तो यहाँ यह हमारी घृणासे निर्मित मूर्ति उस मनुष्यके चारों ओर घूमती रहती है, मौका ढूँढ़ती रहती है कि प्रवेश करनेका कोई भी अवसर मिल जाय। जहाँ एक भी छिद्र इसे मिला, उसके मनमें एक भी घृणासम्बन्धी स्फुरणा आयी कि हमारी वह घृणामयी मूर्ति उसकी स्फुरणासे जुड़ जाती है तथा फिर तो वहाँ घृणाके भावोंका ताँता लग जाता है। इसी प्रकार द्वेष, वैर, काम, मद, लोभ, मोह, मत्सर आदि भी हमारे अन्दर उत्पन्न होते हैं, इनकी मूर्तियाँ बन जाती हैं, जिनके निमित्त बनती हैं, उनके पास जा पहुँचती हैं तथा उनमें द्वेष, वैर, काम, क्रोध आदि उत्पन्न कर देती हैं। कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हम किसी स्थानपर बैठे हैं तथा किसी निमित्तको लेकर हममें पहले घृणा, द्वेष, वैर, काम, क्रोध आदिके भाव उत्पन्न हुए, पर फिर कुछ देर बाद उस निमित्तको तो हम भूल गये और यों ही किसी व्यक्ति-विशेषको लक्ष्य करके नहीं—स्वभाववश हमारा मन क्षण-क्षणमें बदलते हुए घृणा, द्वेष, वैर, काम, क्रोध आदि भावोंसे भावित होने लगा तो उस समय भी इनकी विचारमूर्तियाँ तो बनती ही रहती हैं तथा कोई निश्चित लक्ष्य न रहनेके कारण यद्यपि निश्चित व्यक्तिके पास दौड़कर नहीं जातीं, किन्तु जहाँ जिस स्थानपर ये पैदा हुई हैं, वहाँके आकाशमें, वहाँके वातावरणमें ये बिखर जाती हैं। वहाँ वे नाचती रहती हैं तथा वहाँ जो भी व्यक्ति आता है, उसपर न्यूनाधिक प्रभाव डालती हैं। हममेंसे अधिकांश इस बातको कई बार अनुभव करते हैं, भले ही हम इसका असली रहस्य न समझें। हम देखते हैं—हम कहीं चले जा रहे हैं, कोई भी कारण नहीं है, फिर सहसा हमारे अन्दर घृणाके भाव आने लगते हैं, द्वेषकी वृत्ति जाग उठती है, कामवासना उत्पन्न हो जाती है। ऐसा क्यों होता है? इसीलिये कि उस
English translation
its influence falls, and the tainted feeling of hatred within them increases immensely. But if that person happens to be engaged in other thoughts, and their mind is filled with thoughts that do not harmonize with it, then here this form created out of our hatred keeps circling around that person, searching for an opportunity so that any chance to enter may be found. As soon as it finds even a single opening, and even a single impulse related to hatred arises in their mind, our hate-filled thought-form joins with their impulse, and then an unending succession of feelings of hatred is set in motion there. In this very manner, malice, enmity, lust, pride, greed, infatuation, jealousy, and so forth also arise within us, their thought-forms are created, reach those for whose sake they were created, and arouse malice, enmity, lust, anger, and other such feelings within them. Sometimes it also happens that we are sitting at some place and, prompted by some cause, feelings of hatred, malice, enmity, lust, anger, and so forth first arose within us; but after a little while we forgot that cause, and without targeting any particular person-merely out of habit-our mind began to be influenced by feelings of hatred, malice, enmity, lust, anger, and so forth, constantly shifting from moment to moment. Even at that time, their thought-forms certainly continue to be formed; and because there is no definite target, although they do not rush to a specific person, they scatter into the surrounding space and atmosphere of the place where they were generated. There they keep dancing about, and upon whoever enters that place, they exert a greater or lesser influence. Most of us experience this phenomenon many times, even though we may not understand its true secret. We observe-we are walking somewhere, there is no apparent reason, yet suddenly feelings of hatred begin to arise within us, an attitude of malice awakens, or lustful desire is aroused. Why does this happen? Precisely because at that
Original
स्थानपर, वहाँके आकाशमें, वातावरणमें, घृणा-द्वेष-कामकी विचार- मूर्तियाँ तैर रही हैं, हमसे आकर टकरा गयी हैं। हम असावधान थे, हमारा अन्दरका द्वार खुला था, वह प्रवेश कर गयी और अपने अनुरूप घृणा, द्वेष आदिके विचार उसने हमारे मनमें भी उत्पन्न कर दिये। सारांश यह कि हमारे अन्दरके दुर्गुण-रूपी विष केवल हमें ही नहीं जलाते, हमारे अन्दरसे निकल-निकलकर तथा दूर-दूरतक फैलकर दूसरोंके पास भी जा पहुँचते हैं और उन्हें भी सन्तप्त करने लगते हैं। यह भी नहीं कि एक बार जलाकर ही शान्त हो जाय, इन्हें जहाँ एक बार भी स्थान मिल गया तो फिर ये सदा बने रहते हैं और इनकी लपट बढ़ती ही रहती है। ऐसे व्यापक एवं भयंकर फल देनेवाले हैं ये दुर्गुणरूपी विष!इस विषयसमूहका—दुर्गुणोंका त्याग अत्यन्त आवश्यक है। अन्यथा हम सदा जलते रहेंगे, कभी सुखी नहीं होंगे। प्रभुके दिये हुए निराविल परमानन्दकी अनुभूति हमें कभी नहीं होगी। वह आनन्द हमें मिलनेका ही नहीं है। आज उस आनन्दकी छायाको विषयभोगके समय यदि हम पाते भी हैं तो उसमें भी ये विष मिल जाते हैं; क्योंकि जिस अन्तःकरणसे, जिन इन्द्रियोंसे हम भोगने जाते हैं, उनमें ये दुर्गुणरूपी विष भरे पड़े हैं, हमारे लौकिक आनन्दको भी ये विषैला कर देते हैं। इसलिये इनका प्रतीकार हमें करना ही है, पर प्रतीकार बातोंसे नहीं होगा। इन्हें शान्त करनेके लिये हमें साधनामें तत्पर होकर लगना पड़ेगा, न जाने कबसे स्थान पाये हुए और निरन्तर बढ़ते हुए इन दुर्गुणोंको जड़-मूलसे उखाड़ फेंकनेके लिये हमें सदा सजग रहकर परिश्रम करना पड़ेगा।वह साधना क्या है? किस प्रकारका परिश्रम है? इसका उत्तर यह है कि इसके लिये पहले तो यह दृढ़ विश्वास करना पड़ेगा कि वास्तवमें ये भयानक विष हैं और शीघ्र-से-शीघ्र त्यागने योग्य हैं। यदि इनमें हमारी गुण-बुद्धि बनी रही तब तो ये छूटने असम्भव ही हैं।
English translation
place, floating in its space and atmosphere, are thought-forms of hatred, malice, and lust, and they have collided with us. We were heedless, our inner doorway was open; they entered, and generated corresponding thoughts of hatred, malice, and so forth in our minds as well. The essence is that the poisons in the form of vices within us do not burn only us; issuing forth from within us and spreading far and wide, they also reach others and begin to torment them as well. Nor is it that, having burnt once, they become quiet; once they find a place, they remain forever, and their flames keep growing. Such pervasive and dreadful fruits do these poisons in the form of vices produce! The renunciation of this collection of sense-objects-of these vices-is extremely essential. Otherwise, we shall perpetually burn and never be happy. We shall never experience the untainted supreme bliss bestowed by the Lord. That bliss is simply not to be attained by us. Today, even if we experience a faint reflection of that bliss during the enjoyment of sense-pleasures, these poisons mix into that as well; because the inner mind and the senses with which we proceed to enjoy are filled with these poisons of vice, turning even our worldly pleasure toxic. Therefore, we must remedy them; but this remedy cannot be accomplished by mere words. To pacify them, we shall have to apply ourselves earnestly in spiritual practice (sadhana); to uproot completely these vices that have found shelter for ages unknown and are ever-increasing, we shall have to strive with constant vigilance. What is that sadhana? What kind of effort is it? The answer to this is that, first of all, one must cultivate the firm conviction that these are truly terrible poisons and worthy of being abandoned as quickly as possible. If we continue to view them as virtues, then letting go of them is utterly impossible.
Original
इसलिये पहले तो इन समस्त दोषोंमें हमारी विष-बुद्धि हो तब फिर साधनामें लगें। जिस समय हमारे मनमें किसीके प्रति घृणाकी वृत्ति जागे, उसी समय उसी क्षण हम अपनेमें उसके प्रति प्रेमकी भावना जाग्रत् करें। किसी दोषको देखकर ही हम उससे घृणा कर रहे हैं, पर क्या उस व्यक्तिमें केवल दोष-ही-दोष भरे हैं? उसमें कोई भी सद्गुण नहीं हैं? सब दोष-ही-दोष भरे हों, एक भी सद्गुण न हो यह तो असम्भव है। जगत् बना है सत्, रज एवं तमके मिश्रणसे। जहाँ तम है वहाँ रज, सत् भी हैं ही, मात्रा कितनी भी अल्प हो। जहाँ हमें केवल तमोगुण दीखता है, तमोगुणके परिणाम-दोष दीखते हैं वहाँ सत् एवं सत्त्वगुणके परिणाम-स्वरूप कोई-न-कोई सद्गुण भी है ही। फिर हम क्यों नहीं अपनी दृष्टि उस सद्गुणपर ठहराकर उस व्यक्तिसे प्रेम करना आरम्भ करें? उसके उसी सद्गुणको देखते हुए हम उसके प्रति प्रेमकी भावना भेजें। इसका निश्चय परिणाम यह होगा कि जैसे घृणाकी भावना दूसरेमें भी घृणा उत्पन्न करती है, वैसे ही प्रेमसे सनी हुई हमारी गुणदृष्टि उस व्यक्तिके पास जाकर उसके उस अल्प सद्गुणको बढ़ा देगी, उसमें प्रेमका बीज बो देगी। उसके प्रति प्रेमकी भावना करके उसमें सद्गुण देखकर हमने उसे तो ऊपर उठाया ही, हमारे अन्दर जो घृणाकी गन्दी लहर उठी थी उसे इस प्रेमकी लहरने दबा दिया। हम जलने लगते, पर उसके बदले हममें सुखमयी शीतलता आ गयी। जब हममें किसीके प्रति द्वेषका भाव उत्पन्न हो, उस समय तुरन्त हम यह भाव करें कि 'नहीं, यह तो हमारा मित्र है, निश्चय मित्र है, इसके द्वारा हमारी बुराई हो नहीं सकती।' जहाँ ये भाव हमारे मनमें आये कि ये दौड़कर उसके पास भी जा पहुँचेंगे, उसके अनजानमें उसके अन्दर हमारे प्रति मित्रताका बीज बो ही देंगे। यह सम्भव है कि
English translation
Therefore, first let us look upon all these flaws as poison, and only then engage in spiritual practice. The moment a tendency of hatred awakens in our mind towards anyone, at that very moment, that very instant, let us awaken a feeling of love towards them within ourselves. It is only upon seeing some fault that we are hating them, but is that person filled only with faults? Are there no virtues in them at all? That someone should be filled purely with faults without a single virtue is impossible. The world is created from the mixture of Sattva, Rajas, and Tamas. Wherever there is Tamas, there Rajas and Sattva also exist, however small the measure may be. Where we see only Tamoguna and the fault-laden consequences of Tamoguna, there too, as the result of Sattva and the Sattva quality, some virtue or other must also exist. Why then do we not fix our gaze upon that virtue and begin to love that person? Looking at that very virtue of theirs, let us send feelings of love towards them. The definite result of this will be that, just as a feeling of hatred arouses hatred in another, so too will our virtue-seeking gaze, steeped in love, reach that person and magnify that small virtue in them, sowing the seed of love within them. By cultivating a feeling of love towards them and seeing virtue in them, not only did we uplift them, but the foul wave of hatred that had arisen within us was subdued by this wave of love. We were about to burn, but in its place a blissful coolness came upon us. Whenever a feeling of malice arises within us towards someone, let us immediately cultivate the feeling: 'No, this person is our friend, surely a friend; no harm can come to us through them.' No sooner do these thoughts arise in our mind than they will rush to that person as well, and without their awareness, will plant the seed of friendship towards us within them. It is possible that
Original
उस व्यक्तिका हृदय उपयुक्त न होनेके कारण अथवा हमारे मित्रभावका बीज पुष्ट न होनेके कारण इसके अङ्कुरित होनेमें समय लगे। पर उसमें मित्रभावका आरम्भ तो हो ही गया। साथ ही जो द्वेषकी वृत्ति हमें जलाती थी, वह शान्त हो गयी।जिस क्षण कामसम्बन्धी कोई भावना मनमें प्रकट हो, उस क्षण हम भोगके त्यागकी परम उज्ज्वल भावनाएँ बढ़ाने लग जायें। भोगका त्याग करनेवाले सन्त पुरुषोंकी त्यागमयी सुन्दर घटनाओंका स्मरण कर वैसे विचारोंकी आवृत्ति करने लगें। परिणाम यह होगा कि तत्परतासे की हुई यह आवृत्ति त्यागमयी विविध सुन्दर विचारमूर्तियोंका निर्माण करने लगेगी। इतना ही नहीं, वातावरणमें ऐसे सुन्दर जो भी विचार फैले होंगे, उनको अपनी ओर आकर्षित करने लगेगी, हमारे ये सुन्दर भाव पुष्ट होने लगेंगे। हमारे अन्दर तो वह कामकी कुत्सित वृत्ति दबेगी ही, वातावरणमें सुन्दर त्यागमय परमाणु बिखर जायेंगे, जो दूसरोंकी जलन शान्त करनेमें भी सहायक बनेंगे।क्रोध आनेकी सम्भावनासे पूर्व ही हम क्षमाके विचारोंका मनन आरम्भ कर दें। परिणाम यह होगा कि स्वभाववश क्रोध आनेपर उनके आगे-पीछे क्षमाके भाव, क्षमाकी मूर्ति घेरे रहेगी। हम सोचें--जब हमसे अपराध बन जाता है, तब 'हमपर कोई नाराज न हो, हमें क्षमा कर दे', यह इच्छा हममें होती है या नहीं? न जाने हम प्रभुका कितना अपराध प्रतिदिन, प्रतिक्षण करते हैं। यदि प्रभु हमें क्षमा न करें तो हमारी क्या दशा हो। अनन्त अपराध हमसे होते हैं और प्रभु अनन्त बार क्षमा करते हैं। फिर हम भी ऐसा निश्चय क्यों न करें कि हमारा भी यदि कोई बार-बार अपराध करता है तो हम भी उसे बार-बार क्षमादान ही देंगे। तभी हम प्रभुसे क्षमा पानेके अधिकारी हैं।
English translation
It may take time for the seed of our friendliness to sprout, either because that person's heart is not receptive or because our seed of friendliness is not yet strong. Nevertheless, the beginning of friendliness has indeed taken place within them. At the same time, the disposition of malice that was burning us has become pacified. The very moment any thought related to lust arises in the mind, at that very moment we should begin expanding the supremely luminous thoughts of renouncing enjoyment. Remembering the beautiful, renunciation-filled episodes of saintly persons who have forsaken worldly indulgence, we should begin repeating such thoughts. The result will be that this diligent repetition will begin creating various beautiful thought-forms imbued with renunciation. Not only that, it will begin attracting toward itself whatever such sublime thoughts are diffused in the atmosphere, and our noble feelings will become nourished and fortified. Not only will that vile impulse of lust be suppressed within us, but beautiful, renunciation-laden particles will also scatter into the atmosphere, which will assist in cooling the burning agitation of others as well. Even before the possibility of anger arises, we should commence contemplating thoughts of forgiveness. The result will be that even if anger arises out of habit, the sentiments of forgiveness and the form of forgiveness will surround it before and after. Let us reflect: when an offense is committed by us, does not the desire arise within us that "no one should be angry with us, and they should forgive us"? Who knows how many offenses we commit against the Lord every day, every single moment! If the Lord were not to forgive us, what would our condition be? Endless offenses are committed by us, and the Lord forgives endlessly. Why, then, should we not also resolve that if anyone repeatedly offends against us, we too shall grant them nothing but forgiveness again and again? Only then are we entitled to receive forgiveness from the Lord.
Original
तात्पर्य यह कि हमारा यदि क्रोधी स्वभाव है तो हम बड़ी तत्परतासे दिन-रात निरन्तर क्षमाकी भावनाओंको अपने अन्दर बढ़ायें। अन्यथा जैसे आग जिस वस्तुमें प्रकट होती है, पहले उसे जलाती है, फिर सम्पर्कमें आनेवाली दूसरी-दूसरी वस्तुओंको, वैसे ही क्रोधाग्निसे हम पहले जलेंगे, फिर औरोंको जलायेंगे। यदि हमें इस क्रोधरूपी विषकी ज्वालासे स्वयं बचना है तथा औरोंको बचाना है तो क्षमाकी भावनासे मनको भरते चले जायें। क्षमाके ये भाव कभी निष्फल तो होंगे ही नहीं, बल्कि हमें शीतल करके दूसरोंके उन दोषोंको भी निश्चय धो देंगे।ऐसे ही जब अपनेमें पूर्णताकी मिथ्या अनुभूति होकर अथवा अपना प्रभुत्व, गुण देखकर मद जागे, तब हम सोचें--'यह हमारा मद कितना मिथ्या है! हम बड़े भारी वक्ता हैं, माना, पर वाणीमें बोलनेकी शक्ति किसकी दी हुई है? प्रभुने ही तो यह शक्ति दी है। यदि प्रभु आज वाणीकी शक्ति छीन लें, लकवा मार जाय तो हमारा यह मद धूलमें मिल जाय या नहीं? हम बड़े भारी विद्वान् हैं, सभी विषयोंकी जानकारी रखते हैं, ठीक है, पर हमारे मनमें विद्याका उन्मेष किसने किया? विद्या ग्रहणकी शक्ति मनमें किसने दी? प्रभुकी शक्तिके बिना क्या यह सम्भव है? यदि वे अपनी शक्ति हटा लें, हमारा मस्तिष्क विकृत हो जाय तो हमारा यह विद्यामद चूर-चूर हो जाय या नहीं? हमारा रूप बड़ा सुन्दर है, कण्ठ बड़ा मीठा है, सङ्गीतमें हमारी बराबरी कौन कर सकता है? बहुत ठीक, पर कल यदि हमारे अनन्त दुष्कर्मोंमेंसे किसीके फलस्वरूप प्रभु यह विधान कर दें कि चेचक हो जाय, कोढ़ हो जाय, गलेमें कैंसर हो जाय, तो हमारा वह सुन्दर रूप, कलापूर्ण कण्ठ तीन कौड़ीका हो जायगा या नहीं।' मतलब यह कि मदकी वृत्ति जागते ही मनमें अपनी दीनताके भाव तथा सारा महत्त्व
English translation
The essence is this: if our nature is prone to anger, we must, with great earnestness, day and night, continually expand the feelings of forgiveness within ourselves. Otherwise, just as fire first burns the object in which it is ignited and only then burns other objects that come into its contact, so too shall we first burn in the fire of anger, and then burn others. If we wish to save ourselves and others from the flame of this poison known as anger, we must continually fill our mind with the spirit of forgiveness. These feelings of forgiveness will never go in vain; rather, by cooling us, they will also surely wash away the faults of others. Similarly, when pride awakens within us through a false sense of perfection or upon seeing our own dominance and virtues, let us reflect: "How utterly false is this pride of ours! Granted that we are a great orator, but by whom was the power of speech bestowed upon our voice? The Lord alone has bestowed this power. If the Lord were to revoke the power of speech today and paralysis were to strike, would this pride of ours not be reduced to dust? Granted that we are a great scholar and possess knowledge of all subjects, but who awakened learning in our mind? Who bestowed upon the mind the power to assimilate knowledge? Is this possible without the Lord's power? If He were to withdraw His power and our brain were to become impaired, would this scholarly pride of ours not be shattered to pieces? Our appearance is exceedingly beautiful, our voice is exceedingly sweet, and who can equal us in music? Very well, but if tomorrow, as the fruit of any of our infinite misdeeds, the Lord should ordain that smallpox occur, leprosy occur, or cancer develop in the throat, will that beautiful appearance and artistic voice of ours not become utterly worthless?" The point is that the moment the impulse of pride awakens, we should begin cultivating feelings of our own insignificance and the conviction that all glory belongs to the Lord.
Original
प्रभुका है यह भाव बढ़ाने लगें। ये पवित्र दैन्यके विचार और इनसे निर्मित भावमूर्तियाँ हमारे मदको तो कुचल देंगी ही, दूसरेमें भी प्रभुके प्रति आस्तिकताका, प्रभुके महत्त्वका भाव उदय करेंगी। स्वयं हम प्रभुके चरणोंमें नत होकर अभिमानके भारसे मुक्त होंगे, दूसरेका भी भार हलका कर देंगे।लोभकी वृत्तिको हम सन्तोषकी भावनासे नष्ट कर दें। जहाँ मनमें किसी भी वस्तुका लोभ आया हुआ दीखे, बस तुरन्त सोचना आरम्भ कर दें--'हमें तो सभी आवश्यक वस्तुएँ प्राप्त हैं ही, हमें और चाहिये ही क्या। दयामय प्रभु स्वयं हमारी आवश्यकताओंका ध्यान रखते हैं, अपने-आप वे हमारी सारी व्यवस्था करते हैं।' ऐसी भावनाएँ हमें तो तृप्त करेंगी ही, हमारे सम्पर्कमें जो भी आयेंगे, उनकी अतृप्ति मिटनेमें भी हेतु बनेंगी। हमारे चारों ओर 'अभी तो और चाहिये', यह जो हाहाकार मचा हुआ है, वह भी किसी-न-किसी अंशमें शान्त होगा ही, भले ही वह शान्ति आरम्भमें अत्यन्त नगण्य क्यों न हो।मोह (ममता) का अवसर आनेपर हम सोचें--'क्या सचमुच यह वस्तु हमारी है? यदि हमारी है तो हमसे हमारी इच्छाके बिना अलग क्यों होती है! हमारी मानी हुई कोई भी वस्तु सदा तो हमारे साथ नहीं रहती। अत्यन्त निकटका हमारा यह शरीर भी तो हमारा साथ नहीं देता। बहुत-से व्यक्ति कहते थे, शरीर हमारा है, पर साथ नहीं गया; चिताकी राख बन गया। फिर थोड़ी-सी गिनी-चुनी वस्तुओंको हम "अपनी" क्यों मानते हैं, यह तो हमारा भ्रम है।' ऐसे विचारोंको हम अपनेमें उद्बुद्ध करें। फिर इनकी भावमूर्तियाँ सदा हमारे चारों ओर नाचती रहेंगी। मोहका प्रसङ्ग उदय होते ही वे हमारे मनमें ऐसे ही विचार जगा देंगी, क्योंकि यह नियम है, जो विचार हमारे अपनेसे सम्बद्ध होते हैं वे एक बार उदय होनेके पश्चात् हमारे ही चारों ओर तैरते रहते हैं, रह-रहकर अपने अनुरूप विचारोंको मनमें उदय कराते रहते हैं। फिर यह होगा कि मोहमें पड़कर कर्तव्यविमुख होनेसे हम बच
English translation
We should begin expanding the realization that all majesty belongs to the Lord. These sacred thoughts of humility and the thought-forms created by them will not only crush our pride, but will also awaken faith and reverence for the Lord's greatness in others. We ourselves, bowing at the lotus feet of the Lord, shall be liberated from the burden of arrogance, and we shall lighten the burden of others as well. Let us destroy the tendency of greed through the virtue of contentment. Wherever greed for any object is seen arising in the mind, immediately begin to reflect: "We already possess all necessary things; what more do we even need? The compassionate Lord Himself looks after our needs and automatically makes all arrangements for us." Such feelings will not only satisfy us, but will also serve as the cause for dispelling the discontent of whoever comes into contact with us. This clamor raging all around us-"we still need more"-will also be pacified to some extent, even if that peace may seem exceedingly negligible in the beginning. When an occasion of attachment (possessiveness) arises, let us reflect: "Is this object truly ours? If it is ours, why does it separate from us against our will? None of the things we consider our own remain with us forever. Even this body of ours, which is closest to us, does not stay with us. Many people used to say, 'the body is ours,' yet it did not accompany them; it became the ashes of the funeral pyre. Why, then, do we consider a few select items as 'our own'? This is merely our delusion." Let us awaken such thoughts within ourselves. Then their thought-forms will continually dance around us. As soon as an occasion for attachment arises, they will awaken such thoughts in our mind; for it is a rule that thoughts associated with our own self, once arisen, continue to hover around us, repeatedly causing thoughts corresponding to them to rise in the mind. The result will be that we shall be saved from turning away from our duty through attachment.
Original
जायेंगे। केवल स्वयं ही नहीं, हमारे ये वैराग्यपूर्ण विचार वातावरणमें फैलकर सर्वथा अनजानमें ही बहुतोंकी व्यथा मिटा देंगे, उनको कर्तव्यपथमें आरूढ़ कर देंगे, नित्य-सत्य परमात्माकी ओर बढ़नेका द्वार खोल देंगे।इसी प्रकार जब दूसरेकी उन्नति देखकर मत्सरता (डाह) मनमें झाँकने लगे, तब तुरन्त ही उल्लासकी वृत्ति जगाकर हम इसे रोक दें। हमारा अणु-अणु दूसरेकी उन्नतिसे प्रसन्न होने लगे, प्रसन्न होकर हम उसके उन्नत सुखमय जीवनके चित्रोंकी कल्पना मन-ही-मन आरम्भ करें। बिना विलम्ब ये विचारके चित्र उसके पास पहुँच जायँगे। जाकर उसके सुखको तो बढ़ायेंगे ही, साथ ही हमारे चारों ओर वैसा ही उन्नत सुखमय वातावरण बन जायगा। हम सुखी हो जायँगे, क्योंकि यह नियम है, हमारे विचारोंके अनुरूप ही हमारा बाहरी संसार भी बनता है।यह बात नहीं है कि उपर्युक्त दुर्गुणोंका एवं उनके प्रतीकारका बस इतना ही रूप है कि जितना ऊपर कहा गया है। ये दुर्गुण तो विविध प्रकारसे विविध मनुष्योंमें व्यक्त होते हैं तथा उनके प्रकारके अनुरूप ही अनेक उपायोंसे उनका प्रतीकार भी होता है। इनके त्यागकी एक सुन्दर प्रक्रिया यह भी है कि इनका प्रयोग बदल दिया जाय। उचित मात्रामें रोग-विशेषपर, जैसे सङ्खिया अमृतका काम करता है, वैसे ही ये दुर्गुण भी हमारे सहायक बन सकते हैं। यदि हममें घृणा है, नहीं मिटती तो कोई बात नहीं, यह रहे, अवश्य रहे; पर हम दूसरेसे घृणा न करके अपने अन्दर जो दम्भकी वृत्ति है--मलिन, गिरे हुए पापोंसे भरे हुए होनेपर भी अपनेको उज्ज्वल, ऊँचा, पवित्र दिखानेकी जो आदत है, उससे घृणा करें। ऐसे ही द्वेष दूसरोंसे न करके हम अपनी नीच दुर्बलताओंसे करें, उन्हें पनपने न दें, वे तनिक भी बढ़ी हुई दीखें
English translation
We shall be saved. Not only ourselves, but these dispassionate thoughts of ours, spreading into the atmosphere, will completely unbeknownst to them alleviate the sorrow of many, establish them on the path of duty, and open the gateway toward advancing toward the eternal, true Supreme Lord. In the same manner, when envy (jealousy) begins to peer into the mind upon seeing another's progress, let us stop it immediately by awakening the sentiment of rejoicing. May every atom of our being begin to rejoice at another's elevation; rejoicing, let us begin visualizing in our mind images of their elevated, blissful life. Without delay, these mental images will reach them. Upon reaching them, they will not only enhance their joy, but a similarly elevated and blissful atmosphere will also be created all around us. We shall become happy, because it is a law that our external world is fashioned in accordance with our thoughts. It is not as though the nature of the aforementioned vices and their remedies is limited only to what has been described above. These vices manifest in diverse ways in diverse people, and their remedies are also accomplished through many means in accordance with their nature. A beautiful method of renouncing them is also to transform their application. Just as arsenic in proper dosage acts as nectar for a specific ailment, so too can these vices become our helpers. If there is aversion within us and it does not vanish, it does not matter; let it remain, it may certainly remain; but instead of despising others, let us despise the hypocrisy within ourselves-the habit of displaying ourselves as radiant, lofty, and pure despite being impure, fallen, and full of sins. Likewise, instead of harboring malice toward others, let us direct it toward our own base weaknesses, refusing to let them flourish whenever they appear even slightly increased.
Original
कि उनकी जड़ काट दें। कामना करें तो ऐसी करें- 'हमें राज्यसुख नहीं चाहिये, स्वर्गसुख भी नहीं, मोक्षसुखकी भी आवश्यकता नहीं, हमें तो यह चाहिये कि संसारमें पड़े हुए, दुःखतापसे पीड़ित समस्त प्राणियोंका दुःख मिट जाय, सभी सुखी हो जायँ।' क्रोध आवे तो अपने मनकी चञ्चलतापर ही आवे, जो बार-बार हमें प्रभुके संयोगसे अलगकर संसारमें घसीट लाती है; हमारे क्रोधसे ऐसी आग निकले कि जिसमें हमारे मनकी चञ्चलता भस्म हो जाय और वह प्रभुमें सदाके लिये समाहित हो जाय। मद हो तो इस बातका कि 'हमपर प्रभुकी कैसी अनन्त अपार असीम कृपा है, उनकी कृपा पाकर हम कितने महान् बन गये हैं', ऐसे ही लोभ हो तो जगत्-रूपमें विराजित प्रभुकी सेवाका ही हो। तन, मन, धन अपना सर्वस्व लगाकर अतिशय प्रेम एवं आदरसे हम जगत्के प्रत्येक प्राणीकी, उसमें प्रभुको प्रत्यक्ष देखकर निरन्तर सेवा करें। फिर भी अतृप्ति बनी रहे-'हाय! सेवाका बहुत ही कम अवसर मिला, साधन भी हमारे पास नहीं।' कब हमें प्रभुकी सेवाके और भी सुन्दर अवसर एवं साधन प्राप्त होंगे। यदि मोह नहीं मिटता तो न मिटे, बल्कि यह और भी बढ़ जाय, इतना बढ़ जाय कि समस्त जगत्में फैल जाय, सारा जगत् हमारे मोहका विषय हो जाय, प्रभुके नाते सभी हमारे अपने बन जायें। मत्सरतासे भी डर नहीं, वह भी रहे, पर वह उदय हो हमारी अपनी ही ख्यातिको देखकर; हम उन्नतिके पथपर तो निरन्तर आगे बढ़ते चलें पर अपनी ख्याति देखकर, जगत्में अपना मान-सम्मान देखकर हममें डाह हो, हम उनके मिटनेकी इच्छा करने लगें। इस प्रकार यदि इन दुर्गुणोंका अपने ऊपर उचित मात्रामें प्रयोग हो तो ये दोष ही हमें प्रभुकी प्राप्ति करानेवाले, पद-पदपर परमानन्द, परम शान्तिका दान करनेवाले सद्गुण बन जायँगे।
English translation
...that we cut them off at the root. If we must harbor desire, let it be such: 'We do not desire the pleasures of kingship, nor the bliss of heaven, nor even have we any need for the bliss of liberation; our only wish is that the suffering of all creatures fallen into this world and afflicted by sorrow and torment be removed, and that all may become happy.' If anger arises, let it arise solely towards the restlessness of our own mind, which repeatedly pulls us away from communion with the Lord and drags us into worldly entanglement; may such a fire blaze from our anger that the restlessness of our mind is reduced to ashes and it becomes forever absorbed in the Lord. If pride exists, let it be over this fact: 'What infinite, boundless, measureless grace of the Lord is upon us, and how great we have become by receiving His grace!' In the same way, if greed exists, let it be only for serving the Lord manifest in the form of the cosmos. Dedicating our body, mind, wealth, our all, with immense love and reverence, let us continuously serve every creature of the world, beholding the Lord directly within them. Even then, let a sense of insatiability persist: 'Alas! I received so little opportunity for service, nor do I have sufficient means.' When shall we attain even more beautiful opportunities and means for the Lord's service? If infatuation does not vanish, let it not vanish; rather, let it increase further, increase so much that it encompasses the entire universe, that the whole world becomes the object of our affection, and by virtue of our relationship with the Lord, all become our very own. There is no fear of jealousy either; let it remain too, but let it arise upon beholding our own fame. May we continuously advance upon the path of progress, but seeing our own fame, seeing our honor and prestige in the world, may jealousy arise within us and may we begin to wish for their eradication. In this manner, if these vices are directed upon ourselves in an appropriate measure, then these very faults will turn into virtues that lead us to the attainment of the Lord, bestowing supreme bliss and supreme peace at every step.
Original
अनवरत, दीर्घकालतक, आदरपूर्वक हमें या तो दुर्गुणोंके विरोधी भावोंका पोषण करना होगा, या इनको अपने प्रति ही उपयुक्त ढंगसे जोड़ना होगा। तभी हम इन्हें छोड़ पायेंगे या सहायक बना सकेंगे। पर यदि ऐसी साधनामें लगना, इतना परिश्रम करना हमारे लिये सम्भव न हो तो उस परिस्थितिमें हम एक काम करें-जिन प्रभुसे जगत्में अनन्त सद्गुण आते हैं, जो अनन्त सद्गुणोंकी खान हैं, उनके हाथोंमें हम अपने-आपको पूर्णरूपसे सौंप दें। सौंपते ही हमारे 'अहम्' के स्थानपर प्रभुकी सत्ता व्यक्त हो जायगी, उनके परम दिव्य आलोकमें हमारा अनादि अन्धकार उसी क्षण विलीन हो जायगा। हमारे दोष-दुःख सदाके लिये मिट जायेंगे। यह संसार ही हमारे लिये कुछ और हो जायगा। आज जो हमें यह सर्वत्र पाप-तापसे भरा दीखता है, वह फिर दिव्य मधुसे भरा प्रतीत होगा। 'मधु वाता ऋतायते मधु क्षरन्ति सिन्धवः।' वायुमें मधु भरा है, मधुर मन्दगतिसे वह प्रवाहित हो रही है। नदियाँ मधुरसका स्राव कर रही हैं-ऐसी अनुभूति करके हम कृतार्थ हो जायँगे।
English translation
Unceasingly, for a long duration, and with reverence, we must either nurture feelings contrary to our vices, or channel these vices towards ourselves in an appropriate manner. Only then will we be able to renounce them or make them our aids. But if engaging in such spiritual practice and expending so much effort is not possible for us, then in that situation let us do one thing: let us surrender ourselves completely into the hands of the Lord, from whom infinite virtues flow into the world, who is the mine of infinite good qualities. The moment we surrender, the Lord's presence will manifest in place of our 'ego', and in His supremely divine light, our beginningless darkness will dissolve that very instant. Our faults and sorrows will be eradicated forever. This very world will become something entirely different for us. That which today appears to us filled everywhere with sin and torment will then seem filled with divine sweetness. [Sanskrit] 'The winds blow sweet for the righteous, the rivers flow with sweetness.' The air is filled with sweetness, flowing softly and gently. The rivers are pouring forth sweet nectar-experiencing this, we shall be fully blessed and fulfilled.