राम

भयकी निवृत्ति

Freedom from Fear

Chapter 20 of 21Source coverage: 178–1869 paired passages

Original

भयकी निवृत्ति

हम किसी स्थानपर भयका सर्वथा कोई भी कारण न होनेपर भी वैसे कारणोंकी कल्पना करके भयभीत हो जाते हैं, अन्धकारमें ठूँठ देखकर किसी हिंस्र-जन्तुकी, चोरकी अथवा भूतकी कल्पना करके सिहर उठते हैं, सर्वथा मिथ्या धारणासे डर जाते हैं, किन्तु जो सर्वत्र निरन्तर विराजित हैं, समस्त पदार्थ जिनकी सत्तापर ही अवलम्बित हैं, जो त्रिकाल सत्य हैं, उन भगवान्की अनुभूति करके हम निर्भय नहीं हो पाते। जहाँ ठूँठ है, वहाँ न तो हिंस्र-जन्तु है, न चोर है, न भूत है, पर वहाँ उसी ठूँठके अणु-अणुमें निरन्तर भगवान् तो अवश्यमेव हैं, निस्सन्देह हैं। फिर भी हम झूठ-मूठकी मलिन कल्पनासे तो डरने लगते हैं, पर वहाँ नित्य वर्तमान परम सुन्दर सत्यस्वरूप भगवान्का अनुभव करके निर्भय नहीं होते। यह है हमारी समझका फेर। इसमें सुधार कर लेना अत्यन्त आवश्यक है, हमारा सर्वप्रथम कर्तव्य है, अन्यथा हमारा भय कभी भी मिटनेका नहीं है। किसी अवसर-विशेषपर हम कुछ इने-गिने कारणोंसे ही भयभीत होते हैं, इतनी बात नहीं है। हमें तो भय पद-पदपर घेरे हुए है। लाड़ला पुत्र है, हम डरते रहते हैं कि हमारे इस पुत्रको कुछ हो न जाय। कुछ सम्पत्ति है, सदा शङ्का बनी रहती है, यह छिन न जाय, कोई चुरा न ले। समाजमें, देशमें हमारा बड़ा प्रभुत्व है, बड़ा सम्मान है, बड़ी कीर्ति है, सदा आशङ्का लगी रहती है कि कहीं हमारा प्रभुत्व मिट न जाय; हमारा सम्मान कम न हो जाय; हमारी कीर्ति कोई छीन न ले। सुन्दर स्वस्थ शरीर है-इसको लेकर भय करनेके कारणोंकी तो गणना ही

English translation

Cessation of FearEven when there is absolutely no cause for fear in a place, we become terrified by imagining such causes; seeing a tree stump in the dark, we shudder imagining a wild beast, a thief, or a ghost, frightened by an entirely false notion; yet, by experiencing that Supreme Lord who is ever present everywhere, upon whose existence all entities depend, and who is the truth throughout the three divisions of time, we do not become fearless. Where the stump is, there is neither a wild beast, nor a thief, nor a ghost; but there, in every single particle of that very stump, the Lord is ever present indeed, beyond all doubt. Even so, we begin to fear due to false, impure imagination, but we do not become fearless by experiencing the ever-present, supremely beautiful, truth-personified Lord right there. This is a flaw in our understanding. Correcting this is utterly essential and our foremost duty; otherwise, our fear will never cease. It is not merely that we become fearful on some special occasion due to a few handful of reasons. Fear surrounds us at every step. If there is a darling son, we keep fearing lest something happen to him. If there is some wealth, apprehension always lingers lest it be snatched away or someone steal it. If we have great influence, great honor, and great fame in society and the country, the apprehension always remains lest our influence vanish, our honor diminish, or someone steal away our fame. If there is a beautiful, healthy body-the reasons to fear on its account cannot even be

Original

नहीं की जा सकती। गाँवमें हैजा फैला है, बस, आजसे गरम जल ही पीना है। प्लेग फैला है, बस, अभी इसी क्षण दूसरी जगह भाग चलें। चेचक फैला है, बस, टीका अभी तुरन्त इसी क्षण लगवा ही लें। अमुक सगे-सम्बन्धीको क्षय हो गया है, उनसे तो जैसे हो अलग ही रहना है। पेटमें दर्द है, कहीं अपेण्डिक्स तो नहीं है? एक छोटी फुन्सी है, कहीं सेप्टिक तो नहीं हो जायगा?--सारांश यह है कि शरीरमें किञ्चिन्मात्र भी अनिष्ट उत्पन्न होते ही, अनिष्टकी आशङ्कामात्रासे हम भयसे भर जाते हैं। हममें जो अपेक्षाकृत अधिक धैर्यशाली हैं, उनकी अन्तश्चेतनामें भी मृत्युका भय तो निरन्तर वर्तमान रहता ही है। यहाँतक कि मृत्युको 'खेल', प्रकृतिका स्वाभाविक परिणाम बतलानेवाले अधिकांश प्राणियोंका अन्तर्मन भी--यदि वे गम्भीरतासे अपने हृदयकी परख करें तो दीखेगा--मृत्युके भयसे शून्य नहीं है। मृत्युसे निडर रहनेकी, बननेकी, होनेकी बात कहना-सुनना और बात है तथा वास्तवमें मनका मृत्युसे सर्वथा भयरहित हो जाना दूसरी बात है।हम इन भयोंसे बचनेके लिये न जाने कितना प्रयास करते हैं। एड़ी-चोटीका पसीना एक कर देते हैं। फिर भी ये तो आते ही हैं। यह आवश्यक नहीं है कि ये सब-के-सब हम सभीके जीवनमें एक ही समान क्रमसे आवें। क्रममें, मात्रामें, विभावमें तो अन्तर होगा ही, क्योंकि हममेंसे प्रत्येकके संस्कार, वासना एवं कर्म भिन्न-भिन्न हैं, किन्तु यह अन्तर रहनेपर भी ये आते तो हैं ही! हम देखते ही रह जाते हैं तथा हमारे किसी अत्यन्त प्रियका हमसे वियोग हो जाता है। हमारे आकाश-पाताल एक कर देनेपर भी हमारी सम्पत्ति नष्ट हो जाती है। कल-बल-छल--सब लगा देनेपर भी हमारा प्रभुत्व, हमारा सम्मान, हमारी कीर्ति धूलमें मिल जाती है। सारा कौशल लगा देनेपर भी, पूरी

English translation

counted. Cholera has broken out in the village-well, from today onwards only boiled water must be drunk. Plague has broken out-well, let us flee to another place right this very moment. Smallpox has spread-well, let us get vaccinated right now this very instant. Such-and-such a relative has contracted tuberculosis-one must stay away from them by any means possible. There is a pain in the abdomen-could it be appendicitis? There is a small pimple-could it turn septic? In short, the moment even the slightest ailment arises in the body, or merely at the apprehension of harm, we are filled with fear. Even among those of us who are comparatively more patient, the fear of death ever persists within their inner consciousness. So much so that even the inner mind of most beings who describe death as 'child's play' or a natural outcome of nature-if they examine their own heart deeply, it will be seen-is not free from the fear of death. To speak and hear of remaining, becoming, or being fearless of death is one thing, and for the mind to truly become entirely free from the fear of death is quite another. To escape these fears, who knows how much effort we put forth! We strain every nerve and toil to our utmost. Even then, they do come. It is not necessary that all of them come into the lives of all of us in the exact same sequence. There will certainly be a difference in sequence, degree, and manifestation, because the latent impressions, desires, and actions of each one of us are different; but despite this difference, they do come! We stand watching helplessly, and separation from someone dearly beloved to us occurs. Despite our moving heaven and earth, our wealth is destroyed. Even after applying all skill, power, and deceit, our influence, our honor, and our fame are reduced to dust. Despite applying all our ingenuity, and full...

Original

सावधानी रखनेपर भी आधि-व्याधिसे जर्जर होकर अथवा किसी आकस्मिक घटनाको निमित्त बनाकर हमारा सुन्दर प्रिय शरीर, नर-कङ्कालके रूपमें परिणत हो ही जाता है। तथा ऐसा जब हो जाता है अथवा होने लगता है, तब उस समय हममेंसे जो आस्तिक होनेका—ईश्वरकी सत्तामें विश्वास करनेका दम भरते हैं, वे भी हाहाकार कर उठते हैं—‘हाय रे भगवन् ! तुमने यह क्या कर दिया।’ काश, जब कहीं ऐसे अवसरोंपर हम यह सोच पाते—क्या भगवान् इतने निष्ठुर हैं कि जननीकी गोदसे पुत्रको छीन लेनेमें, पिताकी दृष्टिसे पुत्रको ओझल कर देनेमें, पति-पत्नीके प्रेमिल सम्बन्धको छिन्न-भिन्न कर देनेमें उन्हें तनिक भी दया नहीं आती ? भगवान् भी क्या चोर-डाकूकी तरह धनके लोलुप हैं, जो हमारी सम्पत्ति हरण कर लेते हैं ? क्या वे भी हम-जैसे जागतिक प्राणीकी भाँति ईर्ष्यालु हैं, जो हमारा प्रभुत्व, सम्मान, कीर्ति वे सहन नहीं कर पाते और उसे नष्ट कर देते हैं ? क्या प्रभुको भी यह स्वस्थ-सुन्दर कलेवर असह्य हो गया, जो उन्होंने नजर लगा दी और शरीर सूखकर अस्थि-पञ्जर हो गया। इस प्रकार यदि हम एकान्तचित्तसे भयके पूर्व एवं पश्चात्की स्थितिको प्रभुसे जोड़कर उनपर विचार कर पाते तो अन्तर्यामी प्रभु हमें उत्तर देकर हमारा समाधान अवश्य कर देते तथा हम ठीक-ठीक अनुभव करने लगते कि नहीं, प्रभु निष्ठुर नहीं, वे तो दयाके सागर हैं। वे लोलुप नहीं, वे तो नित्य पूर्णकाम, आप्तकाम हैं। वे ईर्ष्यालु नहीं, बल्कि हमारा उत्कर्ष तो उन्हें परम उल्लाससे भर देता है। उनकी दृष्टिमें अशुभका लेश नहीं; परम शुभ, परम मङ्गल एवं अमृतका स्रोत उनकी दृष्टिसे सतत झरता है। वे लेनेकी दृष्टिसे कुछ भी नहीं लेते; जो कुछ लेते हैं उसे कई गुना बनाकर देनेके लिये लेते हैं। हमारी मलिन अवस्था उन्हें सह्य नहीं है,

English translation

Even despite taking every precaution, worn down by mental anguish and physical disease or made a pretext of some unforeseen calamity, this beautiful, beloved body of ours inevitably turns into a human skeleton. And when this happens or begins to happen, even those among us who claim to be believers-who profess faith in the existence of God-cry out in lamentation: "Alas, O Lord! What have You done?" If only on such occasions we could reflect: Is God so cruel that He feels not the slightest pity in snatching a son from a mother's lap, in taking a son away from his father's sight, or in shattering the loving bond between husband and wife? Is God also greedy for wealth like a thief or bandit, that He robs us of our possessions? Is He envious like worldly creatures such as us, unable to bear our power, honor, and renown, and thus destroys them? Did this healthy, handsome body become intolerable even to the Lord, that He cast an evil eye upon it, causing it to wither into a frame of bones? If in this manner, with an undistracted mind, we could link the conditions before and after fear to the Lord and contemplate them, the Indwelling Lord would surely grant us an answer and resolve our doubt. We would then truly begin to realize that no, the Lord is not cruel; He is an ocean of mercy. He is not covetous; He is ever fully satisfied, one whose every desire is eternally fulfilled. He is not envious; rather, our elevation fills Him with supreme joy. There is not the slightest trace of evil in His sight; an eternal stream of the supreme good, supreme auspiciousness, and nectar continuously flows from His vision. He takes nothing with the intent of depriving; whatever He takes, He takes only to return it manifold. Our impure state is intolerable to Him,

Original

इसीलिये मलिनता मिटाकर, उसमें अपना निर्मल तेज भरकर लौटानेके लिये ही वे लेते हैं। वे तो किसीका भी अपने प्रियजनसे वियोग नहीं कराते। जहाँ वियोग होते दीखता है, वहाँ वे वास्तवमें भ्रान्ति मिटाते हैं। वे देखते हैं कि मेरी यह भोली सन्तान मेरी ही कृत्रिम मूर्तिको, मेरी ही एक छायाको प्रियजन मानकर इतनी भ्रान्त हो गयी है कि इसकी आँखें बन्द हो गयी हैं, जिस पथसे इसे जाना चाहिये, उस ओर न जाकर यह भोला मानव उधर जा रहा है, जहाँ कँटीली बेलोंका बीहड़ वन है। उसमें फँसकर यह अत्यधिक दुःख पायेगा, इसे बड़ी यन्त्रणा होगी। मेरी इस कृत्रिम मूर्तिमें यह इतना आसक्त हो गया है कि अन्य सारे कर्तव्योंकी अवहेलना कर रहा है, इसके तो उत्थान एवं सुखका द्वार बन्द हो रहा है। यह देखकर प्रभु अपनी ही उस कृत्रिम मूर्तिको, अपनी ही एक छायाको जिसे हम 'लाड़ला लाल,' 'प्रियतमा,' 'प्रियतम' आदि-आदि नामोंसे पुकारते हैं, कुछ समयके लिये स्थानान्तरित कर देते हैं। फिर हमारी आँखें खुल जाती हैं तथा हम गन्तव्यकी ओर चलने लगते हैं। प्रभुकी यह चेष्टा क्या निष्ठुरता है? यह तो परम स्नेहकी परिचायक है। इसी तरह प्रभु किसीकी सम्पत्ति नहीं हरते। वे तो देखते हैं कि ओह! धन-सम्पत्तिके भ्रममें इसने अपने अङ्गोमें, हाथोंपर गन्दे कीचड़की पंद्रह तहें लपेट ली हैं, पंद्रह बुराइयोंमें नीचेसे ऊपरतक यह सन गया है*। बस, यह देखकरधनसे पंद्रह दोष उत्पन्न होते हैं—चोरी, हिंसा, झूठ, पाखण्ड, काम, क्रोध, गर्व, अहंकार, भेदबुद्धि, वैर, अविश्वास, स्पर्धा, लम्पटता, जुआ, शराब। स्तेयं हिंसानृतं दम्भः कामः क्रोधः स्मयो मदः। भेदो वैरमविश्वासः संस्पर्धा व्यसनानि च॥ (श्रीमद्भा० ११ । २३ । १९)

English translation

and therefore He takes it only to erase the impurity, infuse it with His pure radiance, and give it back. He never truly causes anyone to be separated from their beloved. Where separation appears to occur, He is in reality dispelling an illusion. He sees that this innocent child of Mine has mistaken a mere artificial image of Mine, a mere shadow of Mine, for a beloved person and has become so deluded that its eyes are shut; instead of treading the path it ought to travel, this innocent human being is heading toward a dense forest of thorny vines. Getting ensnared there, it will suffer extreme grief and undergo immense agony. It has become so attached to this artificial image of Mine that it neglects all other duties, and the doorway to its elevation and true happiness is closing. Seeing this, the Lord temporarily removes that very artificial form, that very shadow of His, which we address by names like "darling child," "beloved wife," "beloved husband," and so forth. Then our eyes are opened, and we begin walking toward our true destination. Is this action of the Lord cruelty? It is the very token of supreme love. In the same way, the Lord does not rob anyone of wealth. He sees: Oh, in the delusion of wealth and possessions, this soul has covered its limbs and hands with fifteen layers of filthy mire, and is smeared from head to foot with fifteen vices.* Thus, seeing this,Fifteen evils arise from wealth: theft, violence, falsehood, hypocrisy, lust, anger, pride, arrogance, divisive intellect, enmity, distrust, rivalry, debauchery, gambling, and wine. [Sanskrit] Theft, violence, falsehood, hypocrisy, lust, anger, pride, arrogance, divisiveness, enmity, distrust, rivalry, and addictions [arise from wealth]. (Srimad Bhagavatam 11.23.19)

Original

दयापरवश हुए वे अपने हाथोंसे हमारा कीचड़ धो देते हैं। हमें दीखता है कि वे हमारी सम्पत्ति हर ले रहे हैं, पर वास्तवमें वे हमारा मल धोते रहते हैं। स्वयं पूर्णकाम होनेपर भी हमारे हितका उन्हें कितना अधिक ध्यान है ! ऐसे ही किसीकी सच्ची प्रतिष्ठाको भी वे नहीं मिटाते। उन्हें जब दीखता है कि इसके लिये यह प्रतिष्ठा नहीं, घोर विष है और यह इसे पीने लग गया है, इसपर जहर चढ़ने लगा है और प्रतीकार हुए बिना इस विषकी ज्वालामें यह भस्म हो जायगा—तब वे पहला काम यह करते हैं कि प्रतिष्ठाके प्यालेको फोड़ देते हैं, फिर अपमानके रूपमें विरोधी ओषधि (antidote) देकर चढ़े हुए जहरको उतार देते हैं। तथा यदि कहीं वे किसीकी सच्ची प्रतिष्ठा भी ले लेते हैं तो हीरेको खरादपर चढ़ाकर और भी चमकीला बना देनेकी भाँति उस प्रतिष्ठाको स्थायी—परमोज्ज्वल बना देनेके लिये, उसमें अपना प्रकाश भर देनेके लिये ही वे लेते हैं। अकारण, निरर्थक वे हमारी प्रतिष्ठाका अपहरण कदापि नहीं करते। इसी तरह जिस मृत्यु (शरीरवियोग) को हम अत्यन्त भयङ्कर मानते हैं, जो हमारे लिये 'हौवा' बनी रहती है, वह भी वास्तवमें भगवान्‌का वरदान है। मृत्यु वस्तुतः प्रभुके द्वारा दिये जानेवाले नवजीवनके उपहारके लिये स्थान बनाने आती है। हम देखते हैं कि यह हमारा प्यारा शरीर है। पर प्रभु देखते हैं कि यह मेरे अमुक प्यारे शिशुपर लपेटा हुआ वस्त्र है, यह जीर्ण हो गया है, जगह-जगह इसमें छेद हो गये हैं। अमुकका वस्त्र ऊपरसे देखनेमें तो सुन्दर दीखता है, पर विषैले कीटाणुओंसे भर गया है, अमुकका तो अत्यन्त म्लान हो गया है। इन बातोंकी ओर उनकी परम शुभ दृष्टि ठीक उपयुक्त समयपर चली ही जाती है तथा वे हमारा वस्त्र बदल देते हैं, पुराना उतारकर हमारी वासनाके अनुरूप नवीन वस्त्र (शरीर) हमपर लपेट देते हैं। अबोध शिशुकी भाँति हम उस समय चीत्कार करते हैं और वे स्नेहमयी

English translation

compelled by compassion, He washes away our mud with His own hands. To us it seems that He is taking away our wealth, but in truth He is washing away our impurities. Despite being ever completely fulfilled in Himself, how deeply He cares for our welfare! In the same manner, He never destroys anyone's true honor. When He sees that for this person this renown is not honor but deadly poison, and that they have begun to drink it, the venom is rising, and without an antidote they will be consumed in the flames of this poison-He first shatters the goblet of prestige, and then administers the antidote in the form of humiliation to dispel the accumulated poison. And if anywhere He does take away someone's true honor, He does so only as a diamond is put on a lathe to make it even more brilliant, to make that honor enduring and supremely luminous, and to fill it with His own light. He never deprives us of our honor without reason or in vain. Similarly, death (the soul's parting from the body), which we regard as utterly terrifying and which remains a bogey to us, is also in truth God's blessing. Death actually comes to clear the space for the gift of a new life bestowed by the Lord. We see that this is our beloved body. But the Lord sees that this is merely a garment wrapped around such-and-such beloved child of His, that it has worn out and become torn with holes everywhere. Another's garment may appear beautiful on the surface, yet is infested with poisonous germs; another's has grown utterly faded and soiled. His supremely auspicious gaze inevitably falls upon these matters at the exact right moment, and He changes our garment, removing the old one and wrapping around us a new garment (body) suited to our inner inclinations. Like an ignorant infant, we scream and wail at that moment, while He, like an affectionate

Original

जननीकी भाँति हँस-हँसकर अपने लाड़भरे हाथोंसे हमें नवीन वस्त्र धारण कराते हैं। निःसन्देह हमें ऐसी ही अनुभूति होती यदि हम उन-उन भयके अवसरोंपर अपने एवं भयके बीचमें प्रभुको, उनके मङ्गलमय हाथोंको देख पाते। फिर भयका दीखना तो बन्द हो ही जाता।बात यह हो गयी है कि हम निरन्तर अपनी सीमित बुद्धिके आधारपर वस्तुओंको दो भागोंमें बाँटते रहते हैं—ये तो हमारी 'इष्ट' हैं और ये 'अनिष्ट' हैं। आज जो इष्ट हैं, कल अनिष्ट प्रतीत हो सकती हैं, अनिष्ट इष्ट बन सकती हैं, किन्तु वर्गीकरण तो सदा चलता ही रहता है। दो वर्ग बनाकर हम इष्टका स्वागत करते हैं, अनिष्टसे भय करते हैं। अब कदाचित् हम ठीक-ठीक यह समझ जाते कि जिस अनिष्टसे हम भय करते हैं, वह तो हमारे आनेवाले इष्टकी ही पूर्वभूमिका है तो फिर उसी क्षण भय जाता रहता। यदि हम आँख उठाकर देख सकते तो हमें दीखता कि प्रभुकी सृष्टिमें घटनाएँ यह प्रमाणित कर रही हैं कि अनिष्ट आता ही है इष्टको लानेके लिये। अमावस्याका तम आता है चन्द्रज्योत्स्नाको प्रकट करनेके लिये। ग्रीष्मका ताप आता है वर्षाकी शीतल धारासे पृथ्वीको सींचकर प्रफुल्लित कर देनेके लिये। पतझड़ आता है नववसन्तके लिये। आँधी आती है आकाशको निर्मल बना देनेके लिये। ऐसे अगणित उदाहरण मिलेंगे जहाँ हम गम्भीरतासे विचार करनेपर प्रत्यक्ष देख सकते हैं कि अनिष्ट आया है इष्टको ही प्रकाशित करनेके लिये। फिर यदि हमारी टूटी झोंपड़ी जली है तो हम क्यों नहीं ऐसा मानें कि जली है सुन्दर मकान या महल बनानेके लिये, जो कुछ भी ध्वंस हुआ है, वह हुआ है इससे अधिक सुन्दर नवीन निर्माणके लिये, जितने अनिष्ट हुए हैं, वे सब-के-सब हुए हैं परम इष्टकी योजना बनानेके लिये। हमने ऐसा जहाँ माना कि भय भागा।

English translation

mother, smilingly dresses us in new garments with His tender, loving hands. Without doubt, we would experience it in just this way if, on every occasion of fear, we could perceive between ourselves and that fear the Lord and His auspicious hands. Then all sight of fear would simply cease. The matter is that we constantly keep dividing things into two categories on the basis of our limited intellect: "these are desirable to us" and "these are undesirable." What is desirable today may seem undesirable tomorrow, and what is undesirable may become desirable, yet this categorization goes on forever. Having made two divisions, we welcome the desirable and fear the undesirable. Now, if we could truly understand that the very adversity we fear is nothing but the prelude to our forthcoming blessing, then that very instant fear would vanish. If we could lift our eyes and see, we would perceive that events across the Lord's creation prove that adversity comes solely to usher in the desirable. The darkness of the new moon night comes to manifest the radiant moonlight. The scorching heat of summer arrives so that the earth may be drenched and gladdened by cooling showers of rain. Autumn's falling leaves come for the sake of fresh spring. The storm comes to cleanse the sky. Countless such examples can be found where, upon deep reflection, we can clearly see that the adverse has come only to illuminate the good. Then, if our broken hut has burned down, why should we not believe that it burned down to make way for a beautiful house or palace; that whatever has been destroyed was destroyed for a far more beautiful, new creation; and that whatever adversities have occurred, have all occurred to fulfill the design of the supreme good? The moment we accept this, fear takes flight.

Original

हममेंसे कई कह सकते हैं कि झोंपड़ीको जलते समय तो हमने देखा, पर वहाँ महल बनते नहीं देखा; ध्वंसकी विभीषिका देखी, किन्तु पुनर्निर्माणका सुन्दर दृश्य सामने नहीं आया; अनिष्ट तो आये, पर इष्टकी झाँकी नहीं हुई तो इसके लिये हमें तनिक और भी गम्भीरतासे सोचना पड़ेगा। हमारा जीवन तो अनादि-अनन्त इतिहासकी एक पोथी है। वर्तमान जीवन उसी पोथीका एक पृष्ठ है। यदि इस पृष्ठपर जलनेकी, ध्वंसकी, अनिष्टकी कथा लिखी हो, इनके चित्र अङ्कित हों तो यह आवश्यक नहीं कि इसी पृष्ठपर पुनर्निर्माणकी, इष्टकी सुखद गाथा भी लिखी ही जाय। ध्वंसका वर्णन पूरा होनेपर ही तो निर्माणकी कथा लिखी जायगी। यदि ध्वंसके वर्णनमें ही पृष्ठ पूरा हो गया है तो अगले पृष्ठोंमें (अगले जन्मोंमें या मरणानन्तरकी गतिमें) नवीन निर्माणके वर्णन (दृश्य) अवश्य मिलेंगे। इस पृष्ठपर नहीं हैं तो इसका यह अर्थ कदापि नहीं है कि अगले पृष्ठोंपर भी नहीं होंगे। पृष्ठ उलटें, फिर देख पायेंगे कि जगन्नियन्ताके इस क्रममें—अनिष्टके बाद इष्टकी प्राप्तिवाले विधानमें कभी व्यतिक्रम होता ही नहीं। अनिष्टके बाद इष्टकी झाँकी मिलेगी ही।दार्शनिक दृष्टिकोणसे यदि हम भयके हेतुपर विचार करें तो हमें यह पता चलता है—‘द्वितीयाद्वै भयं भवति’, ‘परमात्माके अतिरिक्त अन्य वस्तुकी अनुभूति होनेपर ही भय होता है।’यदा ह्येवैष एतस्मिन्नुदरमन्तरं कुरुते। अथ तस्य भयं भवति। तत्त्वेव भयं विदुषो मन्वानस्य।'जब कोई परमात्मामें थोड़ा-सा भी भेद-दर्शन करता है, उनके अतिरिक्त किसी और सत्ताका अनुभव करता है, तब उसे भय होता है, भेददर्शन करनेवाले विद्वान्के लिये वे परमात्मा ही भयरूप बन जाते हैं।'

English translation

Many among us may say that we have seen the hut burning down, but we did not see a palace being built there; we saw the horror of destruction, but the beautiful sight of reconstruction did not appear before us; adversity arrived, but a glimpse of the desirable was never seen. To understand this, we need to reflect a little more deeply. Our life is a book of beginningless and endless history. The present life is merely one page of that book. If the story of burning, destruction, and adversity is written on this page, if their pictures are inscribed here, it is not necessary that the delightful tale of reconstruction and of the desirable must also be written on this very page. Only after the description of destruction is complete will the story of creation be written. If the page is filled solely with the account of destruction, then on the following pages (in future births or in the state after death), the descriptions (sights) of new creation will surely be found. If they are not on this page, it by no means implies that they will not be on subsequent pages either. Turn the page, and you will see that in this order established by the Ruler of the universe-in the dispensation where the attainment of the desirable follows the undesirable-there is never any deviation. A glimpse of the desirable after adversity is inevitable. If we reflect upon the cause of fear from a philosophical perspective, we discover this: [Sanskrit] 'Fear arises from duality alone', 'Fear occurs only when something other than the Supreme Self is experienced.' [Sanskrit] 'Indeed, whenever one creates even the slightest differentiation in Him, then fear overtakes him. That very Reality becomes fear for the wise person who conceives of separation.''When someone perceives even the slightest distinction in the Supreme Lord, when he experiences an existence apart from Him, then he experiences fear; for the learned person who perceives differentiation, that very Supreme Lord becomes the embodiment of fear.'

Original

'भयं द्वितीयाभिनिवेशतः स्यात्।' ‘देह आदि अनात्मपदार्थमें अभिनिवेश होनेसे ही भय होता है।’निष्कर्ष यह कि यदि हम एकमात्र प्रभुकी सत्ता ही सर्वत्र अनुभव करने लगें; हम प्रभुमें स्थित हो सकें तो हमारा भय सदाके लिये छूट जाय। वास्तवमें ही प्रभुके अतिरिक्त अन्य कोई वस्तु है ही नहीं। हमें जो कुछ भी प्रतीत होता है, उन सब-के-सब रूपोंमें एकमात्र वे ही अभिव्यक्त हो रहे हैं, किन्तु उनके अतिरिक्त अन्यकी सत्ता न होनेपर भी जब हम अन्यकी सत्ता मान लेते हैं तथा मानकर अन्यका चिन्तन करते हैं, अन्यमें मन लगाते हैं, तब हमें इस ओर मन ले जानेके कारण ही अन्यकी प्रतीति होती है। स्वप्नके समय यह मन ही तो एक विचित्र सृष्टिकी रचना करता है। जागते समय भी जब हम मनोरथके प्रवाहमें बहने लगते हैं, तब मन कितना विचित्र संसार खड़ा कर देता है? मनकी कल्पनामें ही तो यह स्वप्नकी सृष्टि, मनोरथका संसार प्रतीत होता है। इस स्वप्नकी सृष्टि, मनोरथके संसारमें सर्वथा सब ओरसे केवल हम-ही-हम भरे हैं या नहीं? ठीक इसी प्रकार यह जगत् प्रभुका सङ्कल्प है। एकमात्र वे ही इस जगत्में सर्वथा सब समय सब ओरसे सर्वथा परिपूर्ण हैं। फिर भी, उनकी ही एकमात्र सत्ता रहनेपर भी हमारे मनकी कल्पनासे अन्यकी प्रतीति हो रही है। इसीलिये सीधा उपाय यह है कि हम अन्यका सङ्कल्प-विकल्प करनेवाले मनको प्रभुमें निरुद्ध कर दें। मन उनमें निरुद्ध हुआ कि एकमात्र उनकी ही सत्ता बच रहेगी। फिर भय सदाके लिये निवृत्त हो जायगा। आत्मविद्याविशारद ‘कवि’ नामक योगीश्वर भी भयसे त्राण पानेका उपर्युक्त सङ्केत ही करते हैं—अविद्यमानोऽप्यवभाति हि द्वयो- र्ध्यातुर्धिया स्वप्नमनोरथौ यथा।

English translation

[Sanskrit] 'Fear arises from absorption in duality.' 'Fear arises solely due to deep attachment and absorption in non-Self entities such as the physical body.' The conclusion is that if we begin to experience the sole existence of the Lord everywhere and can become established in the Lord, our fear will depart forever. In truth, there is no entity whatsoever other than the Lord. Whatever appears to us, He alone is expressing Himself in all those forms; yet, even though there is no existence other than His, when we assume the existence of another, and having assumed it, contemplate the other and fix our mind upon it, then, solely because of directing the mind toward it, the perception of otherness arises. In the dream state, it is this very mind that constructs a wondrous creation. Even while awake, when we begin to drift in the stream of desires and mental projections, how fantastical a world does the mind erect! It is only within the imagination of the mind that this creation of dreams and this world of mental desires appear. In this dream creation and world of mental projections, are we not entirely and from all sides present as our very self alone? In precisely the same manner, this universe is the divine resolve of the Lord. He alone is utterly and perpetually pervasive throughout this universe from every direction. Nevertheless, despite His being the sole reality, the perception of otherness arises through the imagination of our mind. Therefore, the direct remedy is to restrain within the Lord this mind that creates conceptual distinctions and doubts of otherness. Once the mind is absorbed and restrained in Him, His presence alone will remain. Then fear will be dispelled forever. The great master of yoga named Kavi, well-versed in the science of the Self, also gives this very indication for attaining freedom from fear:[Sanskrit] 'Though non-existent, duality certainly appears to the intellect of one who contemplates it, just like a dream or a mental daydream.'

Original

तत्कर्मसङ्कल्पविकल्पकं मनो बुधो निरुन्ध्यादभयं ततः स्यात्॥ (श्रीमद्भा० ११। २। ३८)किन्तु हम यदि इस सिद्धान्तको न समझ सकें, मनको निरुद्ध न कर सकें, तो क्या करें? हमारा भय फिर कैसे मिटे? क्या हम निराश हो जायें? नहीं, निराश होनेकी बिल्कुल आवश्यकता नहीं। इससे भी अत्यन्त सरल मार्ग है, जिसका अनुसरण निर्बाध-रूपसे हममेंसे प्रत्येक कर सकता है। वह है—प्रभुकी शरणमें चले जानेका मार्ग। उनके दिव्य अमर सन्देशको स्मरणकर, समस्त देहधारियोंके आत्मरूप प्रभुकी शरण हम सम्पूर्ण अन्तःकरणसे ग्रहण कर लें, हम सब प्रकारसे एकमात्र उनकी ही शरण ले लें। बस, फिर उनसे जुड़कर, एक होकर हम सदाके लिये समस्त भयोंसे मुक्त हो ही जायँगे—मामेकमेव शरणमात्मानं सर्वदेहिनाम्। याहि सर्वात्मभावेन मया स्या ह्यकुतोभयः॥भयकी निवृत्ति यदि हम चाहते हों तो अविलम्ब हमें ऐसा कर ही लेना चाहिये।

English translation

[Sanskrit] 'Therefore, the wise person should restrain the mind, which is prone to actions, resolves, and doubts; thereby, fearlessness shall be attained.' (Srimad Bhagavatam 11.2.38)However, if we are unable to grasp this principle and cannot restrain the mind, what should we do? How then can our fear be eradicated? Should we lose hope? No, there is absolutely no need to despair. There is a far simpler path than this, which every one of us can follow without hindrance. That is the path of taking refuge in the Lord. Remembering His divine and immortal message, let us take shelter with all our heart in the Lord, who is the very Self of all embodied beings; let us surrender completely and in every way to Him alone. Then, uniting with Him and becoming one with Him, we shall certainly be liberated from all fears forever:[Sanskrit] 'Take refuge with your whole being in Me alone, who am the inner Self of all embodied beings; through Me, you shall truly become free from fear from all sides.' If we desire the cessation of fear, we must do this without any delay.