Original
प्रभुका आदेश
सब मनुष्योंको सब समय प्रभुकी ओरसे अपने अन्तरात्मामें यह आदेश अवश्य मिलता रहता है कि 'ऐसे करो', 'ऐसे मत करो' किन्तु हम अधिकांश ऐसे हैं जो उनके आदेशको सुन नहीं पाते। यदि कहीं कोई सुनता भी है तो वह उपेक्षा करता है। इसका निश्चित परिणाम यह होता है कि हम जहाँ जिस क्षेत्रमें जाते हैं, वहाँ ही हमें उलझन मिलती है। अपनेसे आगे बढ़े हुएको देखकर हम जल उठते हैं। अपनी जलनको शान्त करनेके लिये उसकी कटु आलोचना आरम्भ करते हैं और जलन उत्तरोत्तर बढ़ती जाती है। अपने अतिरिक्त अन्य सभी हमें भूले हुए दिखायी देते हैं, सबको सुधारनेका, सारी बुराइयोंको एक साथ दूर कर देनेका हम ठेका ले बैठते हैं। विरोधीकी एक बात भी सुननेके लिये हम तैयार नहीं, अपनी-अपनी ही हमें सुनानी रहती है। अपना मैल धोनेके लिये हमारे पास अवकाश नहीं बच रहता। धोना दूर, हम भी गन्दे हो सकते हैं, यह सोचने-विचारनेतकका अवकाश नहीं; वस्तुतः मैलसे हम चिपटे होते हैं, पर स्वप्न देखने लगते हैं स्वर्गीय जीवनका। प्रभुकी ओरसे आयी हुई प्रेरणाको, उनके दिये हुए स्नेहभरे आदेशको न सुननेका, सुनकर उपेक्षा कर देनेका यह स्वाभाविक परिणाम है! तथा ऐसी भावना, ऐसी प्रवृत्ति जितनी अधिक बढ़ती है उतनी ही मात्रामें हम उत्तरोत्तर उनकी मङ्गल-प्रेरणाको ग्रहण करनेमें अयोग्य बनते जाते हैं। उनकी आवाज और हमारे ज्ञानके बीचमें व्यवधान घना होता जाता है। कुत्सित भावना, उससे कुत्सित प्रवृत्ति, फिर उससे कुत्सित संस्कार-इनकी क्रमशः मोटी-मोटी दीवारें बनती जाती हैं और इसी क्रमसे धीरे-धीरे प्रभुकी ओरसे आयी हुई सूचना
English translation
The Command of the Lord At all times, within their inner soul, all human beings unfailingly receive this command from the Lord: 'Do this,' 'Do not do this.' Yet most of us are unable to hear His command. Even if someone happens to hear it, he ignores it. The inevitable consequence of this is that wherever and in whichever realm we go, we encounter only perplexity and entanglement. Seeing someone who has advanced further than ourselves, we burn with envy. To assuage our burning envy, we begin harshly criticizing him, and the burning sensation increases all the more. Everyone apart from ourselves appears to us to be astray; we take it upon ourselves to reform everyone and eradicate all evils at once. We are not prepared to listen to even a single word from an opponent; we only insist on voicing our own opinions. We are left with no leisure to wash away our own impurities. Far from washing them away, we do not even have the leisure to reflect that we too might be impure; in reality, we cling to filth, yet we begin dreaming of a heavenly life. This is the natural outcome of not listening to the inspiration coming from the Lord, of ignoring His loving command after hearing it! And the more such a feeling and such a tendency grow, to that very extent we progressively become unfit to receive His benevolent inspiration. The barrier between His voice and our consciousness grows denser. Base feelings give rise to base tendencies, which in turn give rise to base latent impressions-gradually forming thick walls out of these, and in this manner, the intimation coming from the Lord slowly
Original
क्षीण, क्षीणतर होती हुई अन्तमें वह ऐसी बन जाती है मानो लुप्त हो गयी; है ही नहीं, थी ही नहीं। आदेश तो उस समय भी आता ही रहता है, पर हमारा मन उसे ग्रहण करनेमें सर्वथा अयोग्य हो जाता है, इसलिये वह आदेश सुन नहीं पड़ता। कल्पना करें, हमारे सामने जीवनयात्रासम्बन्धी कोई प्रश्न उपस्थित हुआ। अब इस विषयमें कौन-सी व्यवस्था सबसे सुन्दर होगी, हमें क्या करना चाहिये, हम क्या करें-ये सभी बातें हमें प्रभुकी ओरसे प्राप्त होती हैं, उनका निश्चित आदेश इस सम्बन्धमें हम मेंसे प्रत्येकको अवश्य मिलता है, पर हम सुन नहीं पाते। और तबतक सुन भी नहीं पायेंगे, जबतक अपने अन्दर बार-बार पद-पदपर व्यक्त होनेवाली व्यक्तिगत अहङ्कारकी आवाजको सर्वथा कुचलकर हम प्रभुकी आवाज, प्रभुके आदेशको वास्तवमें सुननेके लिये तैयार न हो जायँगे। हमारे सामने तो जब कोई भी समस्या आती है, तब हमारा अहङ्कार सामने आ जाता है और एकके बाद एक अनेक युक्ति बतलाने लगता है-यह करो, वह करो। हम सोचते हैं, ऐसा करके हम सफल हो जायँगे, सुखी हो जायँगे। क्षणभरके लिये भी हमारे अन्दर यह विचारतक नहीं उदय होता कि यह कार्य, यह ढंग प्रभुके आदेशका अनुगामी है या नहीं। मन अगणित असंख्य संस्कारोंसे, वासनाओंसे भरा होता है, वर्तमानका वातावरण अनुरूप संस्कारोंको प्रभावित करता रहता है। वे जाग उठते हैं तथा उन्हींके अनुरूप हम अपना कार्यक्रम स्थिर करते हैं, समस्याएँ हल करने चलते हैं। संयोगसे हमारे कुछ कार्यक्रम, कुछ सुझाव प्रभुके आदेशके अनुकूल भले हो जायें, पर अधिकांश विपरीत होते हैं। विपरीत होनेका ही यह प्रमाण है कि आगे बढ़ते ही हम उलझन, ईर्ष्या, परनिन्दा, अहम्मन्यता, असहिष्णुता,
English translation
becomes faint, fainter still, and in the end becomes as though it has vanished; as if it does not exist at all, as if it never existed. The command continues to arrive even at that time, but our mind becomes entirely incapable of receiving it, and therefore that command is not heard. Suppose a question concerning the journey of life arises before us. Now, what arrangement would be the best in this matter, what ought we to do, what should we do-all these things are received by us from the Lord; His definite command in this regard is certainly received by each one of us, yet we fail to hear it. And we will not be able to hear it until, having completely crushed the voice of individual ego that manifests within us repeatedly at every step, we become truly prepared to listen to the voice of the Lord, the command of the Lord. Whenever any problem confronts us, our ego steps forward and begins suggesting numerous expedients one after another-'Do this,' 'Do that.' We think that by doing so we shall become successful, we shall become happy. Not even for a single moment does the thought arise within us whether this action, this manner conforms to the command of the Lord or not. The mind is filled with countless, innumerable impressions and desires, and the present environment continually stimulates corresponding impressions. They awaken, and in accordance with them we determine our course of action and set out to resolve problems. By chance, some of our actions and suggestions may happen to align with the Lord's command, but most are contrary to it. The very proof of their being contrary is that as soon as we move forward, we become surrounded by confusion, envy, slander of others, conceit, intolerance,
Original
मलिनता, अज्ञान-इनसे घिर जाते हैं। यही आजके जगत्में हो रहा है; हम सोचकर देखेंगे, तो प्रायः सर्वत्र सभी क्षेत्रोंमें कहीं कम तो कहीं अधिक, यही स्पष्ट देख पायेंगे। यह ठीक है कि अहङ्कारकी आवाजको सर्वथा शान्त कर देना सहज नहीं और यह हुए बिना प्रभुके सङ्केतको भी स्पष्ट सुन लेना सम्भव नहीं। पर इस दिशामें हमारा प्रयत्न भी तो हो। उनकी ओरसे आयी हुई प्रेरणाको ग्रहण करनेके लिये हमारा मन उन्मुख तो हो। हम अपनी प्रत्येक चेष्टाके आरम्भमें उनकी ओर मुड़ें तो सही। हमारी इच्छा तो हो। उनके आदेशका अनुसरण करनेका निश्चय तो हमारी बुद्धिमें हो जाय। फिर तो उनकी ओरसे कुछ-न-कुछ, नहीं-नहीं पर्याप्त प्रकाश मिलेगा ही। एक बार हम अपने सञ्चित संस्कारोंके प्रवाह (स्फुरणा) को रोक दें, मनको खाली कर दें, न खाली कर सकें, बरबस स्फुरणाएँ उठती ही रहें तो फिर प्रभुसे सम्बन्ध रखनेवाले विचारोंको, भावोंको मनमें भरना आरम्भ कर दें, प्रभुके स्मरणसे चित्तको पूरित करने लग जायें। इससे यह होगा कि अहङ्कार रहनेपर भी चित्तमें प्रभुके दिव्य सन्देशका स्पन्दन आरम्भ हो जायगा। कदाचित् अपने एवं प्रभुके बीचमें स्थित आवरणकी घनताके कारण हमें उस स्पन्दनकी अनुभूति न हो अथवा इतनी अस्पष्ट हो कि हम ठीक-ठीक उसे समझ न पायें, प्रभु क्या चाहते हैं, उनकी क्या आज्ञा है, यह स्पष्ट निर्णय हम नहीं कर पायें तो भी हमारा काम तो हो ही जायगा। वह इस रूपमें कि हमारे अनजानमें ही हमारे चित्तकी, बुद्धिकी, इन्द्रियोंकी गति उसी ओर हो जायगी, जिस ओर प्रभु हमें ले जाना चाहते थे। तथा उस ओर गति होनेपर हमारे लिये उलझन नहीं रहेगी, हम क्या करें, क्या नहीं करें-यह उधेड़-बुन नहीं रहेगी। अपने-आप स्वाभाविक ही हम जिस ओरसे हटना चाहिये, हट जायँगे। जिधर चलते रहना चाहिये, चलते रहेंगे।
English translation
impurity, and ignorance. This is precisely what is happening in today's world; if we reflect upon it, we will clearly perceive this very reality almost everywhere across all spheres, in greater or lesser measure. It is true that completely silencing the voice of ego is not easy, and without this happening, it is also impossible to clearly hear the guidance of the Lord. Yet we should at least make an effort in this direction. Our mind should at least turn towards Him to receive the inspiration coming from Him. At the beginning of our every endeavor, we should at least turn towards Him. We should at least possess the desire. The resolve to follow His command should at least be established in our intellect. Then, some light-nay, abundant light-will certainly be received from Him. If we once check the flow (spontaneous stirring) of our accumulated impressions and empty the mind, or if we are unable to empty it and spontaneous stirrings persist forcibly, then we should begin filling the mind with thoughts and sentiments relating to the Lord, and begin suffusing the consciousness with the remembrance of the Lord. The result of this will be that even though the ego remains, the vibration of the Lord's divine message will commence in the consciousness. Perhaps, due to the density of the veil existing between ourselves and the Lord, we may not perceive that vibration, or it may be so indistinct that we cannot comprehend it properly, and we may not be able to clearly determine what the Lord wills or what His commandment is, yet our purpose will still be achieved. It will be achieved in such a way that, without our even knowing it, the movement of our consciousness, intellect, and senses will turn in the very direction in which the Lord wished to lead us. And once our movement is directed thither, no perplexity will remain for us; the agonizing dilemma of 'what should we do, what should we not do' will cease to exist. Spontaneously and naturally, we will withdraw from wherever we ought to withdraw, and we will continue walking in whichever direction we ought to proceed.
Original
ईर्ष्याकी आग फिर हमें नहीं जलायेगी, 'हाय रे, हमने इतना ही कमाया, उसने इतने कमा लिये; हमारी पूछ नहीं, उसका सभी आदर करते हैं; हम पीछे रह गये, वह आगे बढ़ गया, वह गिर क्यों नहीं पड़ता'-ये कलुषित भावनाएँ हमें छू नहीं सकेंगी। दूसरेके दोषोंकी आलोचना कर अपना मन गन्दा करनेकी प्रवृत्ति हममें नहीं होगी। 'हम ठीक हैं, अन्य सभी भ्रान्त हैं'-यह गर्व हमारे अन्दर नहीं आयेगा। सबको निर्मल कर देनेका बीड़ा हम कदापि नहीं उठायेंगे। अपने विपक्षीकी बातका भी हम यथायोग्य आदर करेंगे। अपने अन्दरका छोटे-से-छोटा दोष भी सामने आने लगेगा। उसे धोनेमें ही हम इतना व्यस्त हो जायँगे कि दूसरोंमें कहीं मैल है भी यह स्मृति लुप्त हो जायगी। अपनी स्थितिके सम्बन्धमें हमें भ्रान्ति नहीं होगी, वास्तवमें हम कहाँ हैं, उसका ज्ञान हमें बना रहेगा; भूलकर भी हम हवाई किलेमें राजा बनकर सैर करने न जायँगे; मलिनतासे भरे रहनेपर भी देवता-महात्मा होनेका भ्रम हमारे अन्दर कभी नहीं आयेगा। प्रत्येक चेष्टाके आरम्भमें-चाहे वह कितनी भी नगण्य-सी चेष्टा क्यों न हो-प्रभुकी प्रेरणा, इच्छा-आदेशके साँचेमें हमारी बुद्धि, मन, इन्द्रियोंके ढल जानेपर ये बातें हममें निश्चित रूपसे होंगी ही। ये नहीं हों, इनसे विपरीत हों तो समझ लेना चाहिये कि हमारी चेष्टा प्रभुकी प्रेरणासे परिचालित नहीं है। अपितु हम अहङ्कारकी आवाजसे नियन्त्रित होकर पीछेकी ओर नीचे गिरते जा रहे हैं। जितनी शीघ्रतासे हम चेतेंगे, उतना ही अधिक हमारा एवं जगत्का लाभ होगा। जितनी अधिक देर लगेगी उतनी ही अधिक मात्रामें हमारा एवं जगत्के ध्वंसका मार्ग प्रशस्त होगा। किन्तु अभी हमारी दशा तो यह है- मारग अगम, संग नहिं संखल, नाउँ गाउँ कर भूला रे । अत्यन्त कठिन मार्गसे हम चल रहे हैं, पासमें पथके लिये पाथेय (राहखर्च) भी नहीं है और सबसे बड़े मजेकी बात तो यह है कि हमें
English translation
The fire of envy will then no longer burn us; tainted sentiments such as-'Alas, I earned only this much, while he earned so much; no one values me, while everyone respects him; I was left behind, he went ahead, why does he not fall?'-will not be able to touch us. The inclination to pollute our own mind by criticizing the faults of others will not arise in us. The pride of 'We are right, everyone else is deluded' will not enter within us. We will never take upon ourselves the task of purifying everyone else. We will give due respect even to the words of our adversary. Even the slightest flaw within ourselves will begin coming to the fore. We will become so preoccupied with washing it away that the very memory of whether impurity exists in others will vanish. We will have no delusion regarding our own state; we will remain aware of where we truly stand; never, even by mistake, will we roam about as a king in castles in the air; despite being full of impurity, the delusion of being a deity or a great soul will never arise within us. At the beginning of every endeavor-no matter how insignificant an endeavor it may be-when our intellect, mind, and senses are cast into the mold of the Lord's inspiration, will, and command, these qualities will certainly manifest in us. If these are not present, or if things contrary to these are present, one should understand that our endeavor is not guided by the Lord's inspiration. Rather, controlled by the voice of the ego, we are falling backward and downward. The sooner we awaken, the greater will be the benefit to ourselves and to the world. The more delay occurs, to that greater extent the path to our own destruction and the destruction of the world will be paved. Yet at present, our condition is such: [Braj] The path is impassable, there are no provisions for the journey, and the name and village have been forgotten, O soul! We are walking along an exceedingly arduous path, we do not even have provisions (travel expenses) for the way with us, and the greatest irony of all is that we
Original
जिस गाँवमें जाना है, उसका नामतक हम भूल गये हैं। मार्ग कठिन इसलिये कि हमारे चारों ओर विषयोंके झाड़-झंखाड़, पर्वत, वन भरे पड़े हैं, क्षण-क्षणमें हम रास्ता भूल रहे हैं। प्रभुकी स्मृतिरूपी पाथेय भी नहीं, जो हमारे श्रान्त मन, इन्द्रिय, प्राणोंमें पुनः-पुनः नवशक्तिका सञ्चार करता रहे और सबसे अधिक चिन्ताकी बात तो यह है कि हम मानव-जीवनके उद्देश्यको ही भूल गये हैं। प्रभुकी प्राप्ति ही हमारे जीवनका एकमात्र उद्देश्य है, वहीं हमें जाना है, हमें इस बातकी ही विस्मृति हो गयी है। ऐसी अवस्थामें प्रत्येक कार्यका आरम्भ करते समय प्रभुका सङ्केत ग्रहण करनेकी वृत्ति हमारे अन्दर जाग उठे, हम उसके लिये प्रयास करें यह सम्भावना कहाँ? हाँ, किसी अनिर्वचनीय सौभाग्यवश यदि दुःखोंसे छूटनेके लिये भी हम प्रभुको पुकार सकें, सच्चे सरल हृदयसे अपनी यह विनय सुना सकें— ‘नाथ! अब तुम्हीं आगे ले चलो’— तुलसिदास भव-त्रास हरहु अब होहु राम अनुकूला रे। —ऐसी सच्ची भावना दुःखके समय ही हमारे अन्दर जाग उठे तो भी जीवनके अन्ततक हम कृतार्थ हो जायँ। इसमें तनिक भी सन्देहके लिये स्थान नहीं। दुःखमें की हुई प्रत्येक पुकार हमारे एवं प्रभुके बीचमें स्थित पर्देको क्रमशः फाड़ती ही जायगी। प्रभुके साथ किया हुआ क्षणभरका सम्बन्ध भी हमारे मन, प्राण एवं इन्द्रियोंमें अपनी छाप—स्थायी प्रभाव छोड़ जायगा। किसी दिन प्रबल दुःखको निमित्त बनाकर प्रभुको पुकारते समय कोई ऐसा भरपूर धक्का लगेगा कि आवरण छिन्न-भिन्न हो जायगा। उसीके साथ हमारे अहङ्कारकी आवाज भी शान्त हो जायगी, और तब वास्तवमें हम प्रभुका आदेश अत्यन्त स्पष्टरूपसे सुननेमें समर्थ हो सकेंगे। उस समय हमारा जीवन कुछ और ही होगा।
English translation
We have forgotten even the name of the village to which we must go. The path is difficult because all around us lies thick brushwood of worldly attachments, mountains, and forests; at every moment we are losing our way. Nor do we possess the sustenance of remembrance of the Lord, which could continually infuse renewed strength into our weary mind, senses, and vital breath. And the matter of greatest concern is that we have forgotten the very purpose of human life. Attainment of the Lord is the sole purpose of our life, that is where we have to go, and we have become entirely oblivious of this very fact. In such a state, where is the possibility that at the beginning of every action the disposition to seek the Lord-given indication will awaken within us, or that we will make an effort toward it? Yet, if by some ineffable good fortune we can call upon the Lord even to be delivered from sorrows, and if with a true and simple heart we can offer this supplication-“O Lord! Now You alone lead us forward”-[Awadhi] O Tulsidas! Dispel the fear of worldly existence; O Rama, be gracious now!-if such genuine devotion awakens within us even in times of sorrow, we would still be blessed and fulfilled by the end of life. There is not the slightest room for doubt in this. Every cry uttered in distress will progressively tear away the veil situated between us and the Lord. Even a momentary connection established with the Lord will leave its imprint-a lasting impression-upon our mind, life-force, and senses. One day, taking severe sorrow as the occasion, while calling upon the Lord, such a powerful thrust will occur that the veil will be shattered to pieces. Along with that, the voice of our ego will also be silenced, and then in truth we shall be able to hear the Lord-given command with utter clarity. At that time, our life will become something entirely transformed.