Original
भगवान्का सम्बन्ध ही सच्चा सम्बन्ध है
सब प्रकारके सुख एवं सुविधाएँ हमें प्राप्त हों, धन-सम्पत्ति हो, मान-सम्मान हो, प्रभुत्व-अधिकार हो, हमारे सम्बन्धसे लोगोंका स्वार्थ सधता हो, स्वार्थ सधनेकी आशा हो, उस समय तो हमसे सम्बन्ध रखनेवालोंकी कमी नहीं होती। लोग हमसे सम्बन्ध दिखाकर अपना परिचय देनेमें गौरव अनुभव करते हैं। न होते हुए भी सम्बन्ध जोड़ लेते हैं; परन्तु जब पलड़ा बदलता है, आपत्ति-विपत्ति हमें चारों ओरसे घेर लेती है, हमारा वैभव नष्ट हो जाता है, पद-पदपर अपमान होता है, हमें कहीं टिकनेतकका अधिकार नहीं रह जाता, हमसे काम बननेकी बात दूर, हमारे सम्पर्कमें आनेसे मिथ्या कलङ्क लगनेकी सम्भावना हो जाती है, उस समय अधिकांश लोग हमसे सम्बन्ध तोड़ लेते हैं। कभी हमसे सम्बन्ध था, यह प्रकट होनेमें भी लज्जाका अनुभव करते हैं। सम्बन्धकी बात छिपानेकी चेष्टा करते हैं। यह मानवी दुर्बलता हममेंसे अधिकांशके जीवनमें समय आनेपर कम या अधिक मात्रामें व्यक्त हो ही जाती है। एकमात्र भगवान् ही ऐसे हैं, जो कभी भी किसीका भी किसी भी अवस्थामें साथ नहीं छोड़ते। वे आत्मारूपसे, अन्तर्यामी रूपसे सदा साथ रहते हैं। उनका अनन्त सौहार्द, हम चाहे कितने ही नीचे गिर जायँ, हमें मिलता ही रहता है। हमारा-उनका सम्बन्ध सदा एक-सा बना रहता है। अनादिकालसे बना है, अनन्तकालतक बना रहेगा। कदाचित् हम अपने ऐसे नित्य साथीको पहचान पाते, प्रभुके साथ अपने नित्य-सम्बन्धकी हमें स्मृति हो जाती, वह स्मृति सदा बनी रहती, तो परिस्थिति भले कैसी ही क्यों न हो, हमारा जीवन अस्त-व्यस्त नहीं होता, हमें जो निराशा होती है, वह नहीं होती, जो नीरसताका बोध होता है, वह नहीं होता और जो असन्तोषका अनुभव होता है, वह भी नहीं होता। यह स्पष्ट है कि हममेंसे प्रत्येककी रुचि भिन्न है। रुचिके अनुरूप ही हमारा उद्देश्य होता है तथा जैसा उद्देश्य है, उसीके अनुसार कार्यक्षेत्रका निर्माण होता है। किसीका उद्देश्य स्वदेशकी सेवा है, किसीका समाज-सुधार है, किसीका दीन-दुःखियोंका दुःख बँटाना
English translation
The Relationship with the Lord Alone Is the True Relationship When all manner of pleasures and comforts are accessible to us, when there is wealth and property, honor and respect, authority and power, and when people's self-interest is served through association with us or there is hope of serving their self-interest, at such a time there is no dearth of people maintaining a connection with us. People feel proud to introduce themselves by showing their association with us. Even when none exists, they forge connections; but when the scales turn, when misfortunes and calamities surround us on all sides, our opulence is destroyed, humiliation occurs at every step, we are left without even the right to stay anywhere, and far from being of any use, coming into contact with us carries the risk of false stigma, at that time most people sever their ties with us. They even feel ashamed if it is revealed that they once had a connection with us. They strive to conceal the matter of that relationship. This human frailty manifests to a greater or lesser degree in the lives of most of us when the time arrives. God alone is such that He never abandons anyone in any state whatsoever. As the Self, as the Inner Controller, He is ever present with us. His boundless affection continues to be bestowed upon us, no matter how low we may fall. Our relationship with Him ever remains uniform. It has existed from beginningless time and will endure throughout eternity. If only we could recognize such an eternal companion of ours, if we could awaken the memory of our eternal relationship with the Lord and that memory were to remain constantly, then no matter what the circumstances might be, our life would not be disordered, the despair we feel would not arise, the sense of desolation we experience would not exist, and the discontent we suffer would also not occur. It is evident that the inclination of each one of us is distinct. Our purpose aligns with our inclination, and the sphere of action is formed in accordance with that purpose. For someone, the goal is service to one's motherland; for another, social reform; for someone else, sharing in the sorrow of the poor and afflicted-
Original
है—ऐसे भिन्न-भिन्न उद्देश्योंको लेकर हम कार्यक्षेत्रमें उतरते हैं। हमारे उद्देश्यसे जिनका मेल होता है, उनके सम्पर्कमें हम आते हैं और उनके साथ एक सम्बन्ध-सा स्थापित हो जाता है। फिर परस्पर आदान-प्रदान होता है। अपने उद्देश्यकी सिद्धिके लिये हम जो उन्हें दे सकते हैं, देते हैं; उनसे जो लेना सम्भव है, लेते हैं। पर यह सम्बन्ध निभता तभीतक है, जबतक हम अपने प्रयासमें सफल होते जाते हैं, जगत्की दृष्टिमें सफल होते दीखते हैं। जहाँ असफलताकी बारी आयी, लोगोंको यह अनुभव हुआ कि हमसे उन्हें उनकी इच्छित वस्तुकी प्राप्ति नहीं हो सकेगी कि बस, वहीं वे सम्बन्ध तोड़ने लगते हैं। जो सम्बन्ध नहीं तोड़ते, उनके सहयोगमें भी शिथिलता तो आ ही जाती है। पहले-जैसा उत्साह उनकी ओरसे भी हमें प्राप्त नहीं होता। साथी हमारी असफलताके कारणोंपर विचार नहीं करते; असफल होनेपर भी हमारा उद्देश्य अभीतक ज्यों-का-त्यों वही है, इस ओर उनका ध्यान नहीं जाता! वे तो बस देखते हैं कि सफलता हमारा साथ दे रही है या नहीं? हमारी सफलता एवं असफलतापर ही उनके सम्बन्धका बना रहना और टूट जाना निर्भर करता है। सफल हैं, तबतक सभीका सम्बन्ध है, सभीका सहयोग हमें मिलता है, सभी हाथ बँटाते हैं। असफल हुए कि सम्बन्ध भी समाप्त हुआ, उनसे जो सहायता और प्रीति प्राप्त थी, वह भी समाप्त हो गयी, सभीने हाथ खींच लिये। इसका परिणाम यह होता है कि उस समय एक अजब-सी उधेड़बुनमें हम पड़ जाते हैं; क्या करें, क्या न करें—कुछ भी स्थिर नहीं कर पाते। निराशा घेर लेती है, जीवनका रस निकल-सा जाता है, कहीं भी सन्तोष प्राप्त नहीं होता, ऐसा इसीलिये होता है कि हम ऐसे सम्बन्धपर निर्भर करते हैं जो स्थायी नहीं है, जो किसी हेतुको लेकर स्थापित होता है और हेतुके पूर्ण न होनेपर मिट जाता है। प्रभुके साथ हमारा जो अहैतुक नित्य-सम्बन्ध है, यदि उसे हम जान लेते, उसपर हम निर्भर करते, एकमात्र प्रभुके ही सहयोगपर भरोसा रखकर अपने उद्देश्यकी पूर्ति
English translation
Taking up such varied objectives, we step into the field of action. We come into contact with those whose aims align with ours, and a sort of relationship is established with them. Then mutual give-and-take follows. For the fulfillment of our purpose, whatever we can offer them, we give; whatever is possible to receive from them, we take. But this relationship lasts only as long as we continue to succeed in our endeavor and appear successful in the eyes of the world. The moment failure arrives, the moment people realize that they will not obtain their desired object from us, right then and there they begin severing ties. Even those who do not sever ties become lax in their cooperation. We no longer receive from their side the enthusiasm that once existed. Companions do not reflect upon the causes of our failure; they do not pay heed to the fact that even in failure, our aim remains entirely unchanged! They only look at whether success is accompanying us or not. The maintenance or dissolution of their relationship depends solely upon our success and failure. As long as we are successful, everyone remains connected, we receive everyone's cooperation, and everyone lends a helping hand. The moment we fail, the relationship too comes to an end; the help and affection once received from them vanish as well, and everyone withdraws their hands. The consequence of this is that we fall into a strange dilemma at that time; we cannot decide at all what to do and what not to do. Despair surrounds us, the very zest of life seems drained away, and nowhere is contentment found. This happens precisely because we depend on a relationship that is not enduring, one that is established upon a motive and disappears when that motive remains unfulfilled. If only we recognized our motiveless, eternal relationship with the Lord, if only we depended upon it and strove toward fulfilling our aim relying solely on the cooperation of the Lord,
Original
करने चलते तो उलझन कदापि पैदा न होती, हमारी आशाको कभी ठेस नहीं लगती, जीवन उत्तरोत्तर आनन्दसे भरता जाता और सन्तोष पद- पदपर हमारा स्वागत करने आता! प्रथम तो यहाँका सम्बन्ध स्थायी नहीं; क्योंकि सहैतुक है तथा इसीलिये यहाँके सम्बन्धमें विशुद्ध सौहार्द भी नहीं। विशुद्ध प्रेममें कोई भी हेतु नहीं होता और जहाँ विशुद्ध प्रेम नहीं, वहाँ हमारे लिये कोई अपना सर्वस्व दान कर दे, यह सम्भव नहीं। यहाँके स्थापित सम्बन्धमें यह दूसरी त्रुटि है। तीसरी बात यह कि हमारा जिनसे सम्बन्ध होता है, उनकी शक्ति-सामर्थ्यकी भी एक सीमा है, उस सीमाके भीतर रहकर ही वे हमारी सहायता करते हैं, कर सकते हैं। चौथी बात यह कि उनका ज्ञान भी देश-कालसे सीमित है, वे नहीं जानते, नहीं जान सकते कि विश्वके किस स्तरमें कहाँ क्या हो रहा है, कल क्या हुआ है और कल क्या होगा। उनके पास जो सीमित ज्ञान है, उसीके आधारपर ही वे हमारे साथ सम्बन्ध रखकर सम्बन्धके अनुरूप कर्तव्योंका पालन करते हैं। इसीलिये न जाने कितनी बार भूल भी कर बैठते हैं, किन्तु प्रभुके साथ हमारा जो सम्बन्ध है वह तो अनादि है, सदा स्थिर एकरस रहनेवाला है। उनके सम्बन्धमें कोई हेतु नहीं। वह सम्बन्ध अत्यन्त निर्मल, असीम प्रेमसे भरा है। इसीसे वे हमारे लिये अपना सर्वस्व दान भी करते हैं। प्रभुकी शक्ति-सामर्थ्यकी भी सीमा नहीं, वह तो अनन्त असीम है। उनके लिये यह कहना नहीं बनता कि प्रभु यह तो कर सकते हैं और यह नहीं कर सकते। वे सर्वसमर्थ हैं, सब कुछ कर सकते हैं, असम्भवको सम्भव कर सकते हैं। साथ ही वे सर्वज्ञ हैं, सब कुछ जानते हैं, अतीत, वर्तमान, भविष्यका अणु-अणु उन्हें ज्ञात है; अगणित विश्व-ब्रह्माण्डमें कहाँ किस समय क्या हुआ, क्या हो रहा है और क्या होगा, इसको वे पूरा-पूरा जानते हैं। इसीलिये उनसे कभी तनिक-सी भी भूल नहीं होती। ऐसे प्रभुको, प्रभुके साथ अपने नित्य- सम्बन्धको यदि हम जान लें, उनके सम्बन्धका ही एकमात्र भरोसा
English translation
then confusion would never arise, our hope would never suffer a blow, life would become increasingly filled with bliss, and contentment would come forward to welcome us at every single step! In the first place, worldly relationships here are not permanent, because they are based on self-interest; and for this very reason, there is no pure affection in such relationships either. In pure love there is no motive whatever, and where there is no pure love, it is impossible for someone to surrender their all for us. This is the second defect in the relationships formed here. The third point is that those with whom we form relationships have a limit to their power and capacity; only within that limit do they help us, or can they help us. The fourth point is that their knowledge is also constrained by time and space; they do not know, nor can they know, what is happening where across the different planes of the universe, what occurred yesterday, and what will happen tomorrow. Based solely on the limited knowledge they possess, they maintain relations with us and perform duties corresponding to that relation. For this reason, who knows how many times they commit errors! But our relationship with the Lord is beginningless, eternally stable, and unchanging. In His relationship there is no motive. That relationship is utterly pure and filled with boundless love. For this very reason, He bestows His everything upon us. There is no limit to the Lord's power and capacity either; it is infinite and boundless. In His case it cannot be said that the Lord can do this, but cannot do that. He is omnipotent, capable of doing everything, and able to make the impossible possible. At the same time, He is omniscient, knowing all things; every minute particle of the past, present, and future is known to Him. In the countless universes of creation, what happened, what is happening, and what will happen anywhere and at any time-all of this He knows completely. Therefore, not the slightest mistake ever occurs from Him. If only we could know such a Lord and recognize our eternal relationship with Him, and relying solely upon our connection with Him,
Original
करके हम अपने कार्यक्षेत्रमें उतरें, तब सफलता, आनन्द और सन्तोष तो आगे-से-आगे हमें वरण करनेके लिये तैयार खड़े मिलेंगे ही। प्रश्न होता है कि जब हमारा ऐसे महामहिम प्रेममय प्रभुसे नित्य- सम्बन्ध है, वे कभी हमारा साथ नहीं छोड़ते, तब हम उनको आखिर जान क्यों नहीं पाते? उनको जानकर, नित्य-सम्बन्धका अनुभव करके हम उन्हींपर निर्भर क्यों नहीं करते? तो इसका उत्तर यह है कि हमारी इन्द्रियाँ स्वभावसे बहिर्मुखी हैं, बाहरकी ओर देखती हैं, भीतरकी ओर नहीं— 'पराञ्चि खानि व्यतृणत्स्वयम्भूः' इसीलिये सबके अन्तरालमें विराजित प्रभुको हम नहीं जान पाते तथा तबतक जान भी नहीं पायेंगे, जबतक इन्द्रियोंका प्रवाह बाहरकी ओरसे मुड़कर अन्तर्मुख न बन जाय, प्रभुकी ओर न हो जाय। अभी तो अन्तर्मुख होनेकी बात दूर, सत्त्वमुखी प्रवाह भी नहीं है; हमारी इन्द्रियाँ प्रगाढ़ तमोगुणकी ओर दौड़ रही हैं। हम अपने मनके भावोंका विश्लेषण करके देखें तो पता चलेगा कि हममेंसे अधिकांशके मन तपोमय आसुरभावोंसे भरे हैं। अधिकांश इस बातको जानतेतक नहीं कि किस-किस कर्मसे हमारा अपना एवं दूसरोंका, इस जीवनमें एवं जीवनके पश्चात् परलोकमें यथार्थ कल्याण होना सम्भव है, ऐसे किस-किस कर्ममें हमें लगना चाहिये तथा ऐसे कौन-कौनसे कर्म हैं, जिनसे हमारा अपना एवं दूसरोंका अकल्याण निश्चित है, जिनसे हमें अवश्य बचना चाहिये। इस ज्ञानका अभाव होनेके कारण हम मनमाने कर्म करते हैं। इनका अन्ततः परिणाम क्या होगा, इस ओर तो हमारा ध्यान ही नहीं रहता। हममें पवित्रता नहीं, सदाचार नहीं, फिर सत्य तो होता ही कैसे? तमोऽभिभूत मनके फेरमें पड़कर कोई-कोई तो यहाँतक बहक जाते हैं और पुकार उठते हैं— ‘अरे देखो, ईश्वर नामकी कोई वस्तु नहीं है; जगत्का निर्माण करनेवाला जगदाधार कोई ईश्वर है, ऐसा मानना भ्रम है, जगत् तो अपने-आप बनता है, स्त्री-पुरुषका सम्भोग हुआ और जगत् बन गया, कामभोगका
English translation
step into our sphere of action, then success, joy, and contentment will undoubtedly stand ready ahead of us to embrace us. The question arises: when we possess an eternal relationship with such an all-glorious, loving Lord, and He never abandons our side, why after all are we unable to know Him? Having known Him and realized this eternal relationship, why do we not depend on Him alone? The answer to this is that our senses are outward-turned by nature; they gaze outward, not inward- [Sanskrit] "The Self-existent Lord pierced the openings of the senses outward." For this reason, we cannot perceive the Lord seated deep within all beings, nor shall we be able to perceive Him until the current of the senses turns away from the outside to become inward-directed, turning toward the Lord. At present, to say nothing of becoming inward-directed, there is not even a movement toward Sattva; our senses are rushing toward intense Tamas. If we analyze the feelings of our mind, we shall find that the minds of most of us are filled with dark, demonic tendencies. Most people do not even know by which actions real well-being-for ourselves and for others, in this life and in the hereafter after life-is possible; in which such actions we ought to engage, and what those actions are from which harm to ourselves and others is certain, and from which we must strictly abstain. Due to the lack of this knowledge, we perform arbitrary actions as we please. Toward what their ultimate outcome will be, our attention does not go at all. There is no purity in us, no righteous conduct; how then could truth abide? Falling into the delusion of a mind overpowered by Tamas, some go so far astray that they exclaim- "Look here, there is no such entity as God; to believe that there is a God who created the world and sustains the world is an illusion. The world comes into being on its own; a man and a woman unite and the world is formed. This world is the outcome of sensual desire and union;
Original
परिणाम यह जगत् है, कामके अतिरिक्त और कोई भी जगत्का अन्य कारण है ही नहीं; हम-तुम सभी कामोपभोगके फलस्वरूप उत्पन्न हुए हैं तथा सोच लो, उत्पन्न होनेसे पूर्व हमारी कोई सत्ता नहीं थी; मृत्युके पश्चात् कोई सत्ता रहेगी भी नहीं!’ हमारी यह भ्रान्त धारणा हमें इतना उच्छृङ्खल, इतना कठोर बना देती है कि भयानक-से-भयानक कर्म करनेमें हमें तनिक-सी भी हिचक नहीं होती, जगत्के ध्वंसका बीज अपने हाथोंसे बोनेमें हम तनिक भी सङ्कुचित नहीं होते। भोग- वासनाकी आग इतनी अधिक प्रज्वलित हो गयी है कि अब बुझनेकी आशा ही प्रायः नहीं रही। दम्भ तो हमारा स्वभाव बन गया है, मान-मद चिरसङ्गी हो गये हैं। मिथ्या आग्रह, अपवित्र व्यवहार हमारे लिये गौरवकी वस्तु है। अन्तिम श्वास आ रहे हैं, पर चिन्ता लगी है भोगोंकी। क्यों न हो, जीवनकी सार्थकता अधिक-से-अधिक भोगोंको भोगनेमें ही है, यह हमारा निश्चय जो बन गया है। भोग-प्राप्तिके सैकड़ों-हजारों उपायोंमें मन फँसा है। पर प्रधान उपाय तो धन है। धन पासमें है तो फिर भोग इसके मूल्यमें प्राप्त हो ही जायँगे। अतः हमें तो धन एकत्र करना है, न्यायसे, अन्यायसे, चाहे जैसे हो वैसे आने चाहिये। अजी, देख लो! इतना धन हमने कमा लिया और देखते रहना इतना और कमा ही लेंगे। हमारे ये-ये मनोरथ थे, वे तो सब-के-सब पूरे हो गये, अब अमुक-अमुक इच्छाएँ रही हैं, देख लेना—इनकी पूर्ति भी करके छोड़ेंगे। भला, अमुक सज्जन आये थे हमारे मार्गमें रोड़े बनकर! जाकर देखो, उनकी चिता जल रही है। इनके तीन साथी और हैं, कुछ ही दिनोंमें यदि वे तीनों भी चिताकी राख न बन गये तो तुम कहना। यहाँ तुम्हारे ईश्वरका शासन नहीं चलेगा, यहाँके ईश्वर तो हम हैं, हमारा शासन रहेगा। हमने कभी बाजी हारी हो तो बताओ! जिस कार्यमें
English translation
other than lust there is no other cause of the world whatsoever. You, I, and everyone else have originated as a result of sensual indulgence; and consider this, before being born we had no existence, and after death no existence shall remain!" This mistaken notion of ours makes us so unrestrained and so hardened that we do not feel the slightest hesitation in committing the most horrific deeds, nor do we shrink in the least from sowing the seeds of the world's destruction with our own hands. The fire of craving for sensory pleasures has blazed so intensely that practically no hope of its extinguishing remains. Ostentation has become our very nature, while vanity and pride have turned into our lifelong companions. False obstinacy and impure conduct are matters of pride for us. The final breaths are drawing near, yet the mind remains anxious for sensory pleasures. And why should it not be so, since our firm conviction has become that the true worth of life lies solely in enjoying sensory pleasures to the utmost? The mind is trapped in hundreds and thousands of schemes to obtain pleasure. But the chief means is wealth. If wealth is at hand, then pleasures will surely be acquired in exchange for it. Therefore, we must amass wealth-by fair means, by unfair means, no matter how, it must come. "Look here! We have earned so much wealth, and just you watch, we shall earn this much more. Such and such were our desires, and every one of them has been fulfilled; now certain other wishes remain, and see-we shall certainly fulfill them too. Well, that gentleman came as an obstacle in our path! Go and see, his funeral pyre is burning. He has three other companions; if within a few days those three do not also turn into ashes on the pyre, then hold me to account. Here your God's rule will not work; we are the gods here, and our rule shall prevail. Tell me if we have ever lost a wager! In whatever undertaking
Original
हाथ डाला, वही सिद्ध होकर रहा। ऐसी सिद्धि रखनेवाला सिद्ध हमारे अतिरिक्त कोई और है क्या? हमारे-जितनी शक्ति किसमें है? हमारे समान सुखी कौन है? धनमें, जनमें हमारी होड़ करनेका साहस किसमें है? किसी बातमें भी हमारे समकक्ष होनेका दम भरनेवाला कोई है? हम इतनी संस्थाओंका संचालन करते हैं, इतनीका और करनेवाले हैं, करके छोड़ेंगे। पैसे हमने कमाये ही हैं, इसीलिये कि इनसे अधिक-से-अधिक शुभ कर्म करेंगे, लोगोंको दान देंगे, कीर्ति कमायेंगे और मौज भी करेंगे—इस प्रकारके अगणित आसुरभावोंसे हमारा मन भरा है, ऐसी तमोमयी भावनाओंसे हमारी इन्द्रियाँ नीचे-ऊपर, बाहर-भीतर—सब ओरसे पूर्ण हो रही हैं। अब ऐसे तमसाच्छन्न मन एवं इन्द्रियोंको अन्तर्मुख कर लेना सहज काम थोड़े ही है! इन्हें तो पहले क्रमशः सत्त्वमुखी करना पड़ेगा। दृढ़ अभ्यासके द्वारा इनकी धारा सत्त्वगुणकी ओर मोड़नी पड़ेगी। जब इनमें सत्त्वगुणकी प्रतिष्ठा होने लगेगी, तभी ये अन्तर्मुख हो सकेंगे, प्रभुकी ओर इनका मुख हो सकेगा। इन्हें सत्त्वमुखी करनेके लिये निम्नलिखित बातोंको ध्यानमें रखना आवश्यक है— (१) सबसे पहले हमारा यह दृढ़ विश्वास हो कि प्रभु हैं, अवश्य हैं, निस्सन्देह हैं। जबतक यह विश्वास नहीं होगा, तबतक हमारा कोई भी प्रयास इस दिशामें सफल नहीं हो सकेगा। प्रभुकी सत्तामें विश्वास न करनेवालेकी इन्द्रियाँ कभी सत्त्वमुखी हो ही नहीं सकतीं— 'असन्नेव स भवति। असद्ब्रह्मेति वेद चेत्।' 'जो समझता है कि ईश्वर नहीं है, वह सदाचारसे भ्रष्ट हो ही जाता है।' (२) हमारे अन्दर जैसे संस्कार सञ्चित हैं, उन्हींके अनुरूप मनमें
English translation
"...whichever task we set our hand to, succeeded without fail. Is there any accomplished being other than us who possesses such attainment? Who has as much power as we do? Who is as happy as we are? Who dares to rival us in wealth or following? Is there anyone capable of boasting equality with us in any matter whatsoever? We manage so many institutions, and we are about to manage many more, and we shall not rest until we do so. We have earned money precisely so that we may perform more and more noble deeds with it, distribute charity to people, earn renown, and enjoy ourselves as well"-our mind is filled with countless demonic notions of this kind, and our senses are completely permeated from top to bottom, outside and inside, in every direction with such dark, ignorant (tamasic) feelings. Now, turning such a darkness-shrouded mind and senses inward is hardly an easy task! First, they must gradually be oriented toward purity (sattva). Through steadfast practice, their current must be turned toward the quality of sattva. Only when sattva begins to be established within them will they be able to turn inward and direct their gaze toward the Lord. To make them oriented toward sattva, it is essential to keep the following points in mind:(1) First of all, we must possess the firm conviction that the Lord exists, He certainly exists, beyond any shadow of a doubt. As long as this conviction is absent, none of our efforts in this direction can succeed. The senses of one who does not believe in the existence of the Lord can never become oriented toward sattva: [Sanskrit] "If one knows Brahman as non-existent, he becomes non-existent himself." "He who believes that God does not exist inevitably falls away from righteous conduct."(2) According to the impressions (samskaras) accumulated within us, in the mind there arise
Original
स्फुरणाएँ होती हैं और फिर इन्द्रियोंसे कर्म बनते हैं। हमें गम्भीरतासे विचार करना पड़ेगा कि हमारी स्फुरणाएँ शुभ हैं या अशुभ। जिन स्फुरणाओंसे हमारा एवं जगत्के प्रत्येक प्राणीका परिणाममें भला हो, वे तो शुभ हैं तथा जिनसे हमारा एवं जगत्का परिणाममें बुरा हो, वे अशुभ हैं। यदि शुभ स्फुरणाएँ होती हैं, तब तो सुन्दर बात है ही, अन्यथा अशुभ स्फुरणाओंका दमन करना ही पड़ेगा। इसके लिये सर्वोत्तम साधन है शुभमय वातावरणमें निवास। जिन सत्पुरुषोंमें दैवी गुणोंका विकास हो चुका है, जिन स्थानोंमें दैवी भावके परमाणु भरे हैं, वहाँ उनके पवित्र सङ्गका यथासम्भव अधिक-से-अधिक सेवन करना। इससे अशुभका दमन एवं शुभका उन्मेष हममें अवश्य होगा।(३) कुछ किये बिना तो हम रह नहीं सकते; मन, इन्द्रियों एवं शरीरसे कुछ-न-कुछ कर्म होते ही रहेंगे; किन्तु संस्कारवश हमारा स्वभाव बन जाता है कि किसी कर्मके प्रति—शुभ हो या अशुभ—हमारी अत्यधिक प्रवृत्ति हो जाती है। हमारा दृढ़ आग्रह हो जाता है कि हम तो यही करेंगे। यदि वह अशुभ कर्म है तब तो उसका अविलम्ब परित्याग कर ही देना चाहिये; किन्तु यदि वह शुभ भी हो तो उसमेंसे हम अपनी आसक्ति शिथिल करें। हम अपनेको प्रभुका सेवक समझें। सेवकका यह आग्रह कदापि नहीं होता कि हम तो अपने स्वामीकी अमुक सेवा ही करेंगे। सेवकका जीवन सेवाके लिये होता है। मालिककी रुचि देखकर ही वह अपनी सेवा समर्पित करता है। स्वामीकी रुचि यदि यह है कि अमुक सेवक घरमें झाड़ू लगानेका ही कार्य करे तो सेवकका यह आग्रह क्यों हो कि नहीं, हम तो आपको संगीत सुनाया करेंगे। प्रभु यदि यह चाहते हैं कि अपने घरको आश्रमके रूपमें परिणत कर दो, वृक्षके नीचे पड़े हुए असहाय, रुग्ण
English translation
inspirations and impulses, and through the senses, actions are then formed. We must reflect deeply on whether our impulses are auspicious or inauspicious. Those impulses which ultimately result in good for ourselves and for every creature in the world are auspicious; and those which ultimately result in harm for ourselves and the world are inauspicious. If auspicious impulses arise, that is indeed wonderful; otherwise, inauspicious impulses must certainly be subdued. The best means for this is living in an auspicious, uplifting environment: partaking as much as possible in the holy company of virtuous persons in whom divine qualities have fully blossomed, and abiding in places saturated with vibrations of divine consciousness. Through this, the suppression of the inauspicious and the dawn of the auspicious will surely take place within us.(3) We cannot remain without doing something; actions will inevitably continue to take place through the mind, senses, and body. However, due to past impressions, it becomes our nature to develop an excessive attachment toward a particular action, whether it is auspicious or inauspicious. We form a stubborn insistence that we will do only this. If it is an inauspicious action, it should be abandoned immediately; but even if it is an auspicious one, we should loosen our attachment to it. We must look upon ourselves as the servant of the Lord. A servant never insists that he will perform only a specific service for his Master. A servant's life is meant for service. Observing the Master's pleasure, he offers his service accordingly. If it is the Master's wish that a particular servant should merely sweep the house, why should the servant insist, "No, I shall only sing music to you"? If the Lord wishes that you transform your house into an ashram, and offer shelter and care to helpless, diseased
Original
भिखारियोंको आश्रय देकर उनकी सेवा करो तो हमारा यह आग्रह क्यों हो कि नहीं, हम तो व्याख्यान देकर जनतामें फैली कुरीतियोंको ही मिटायेंगे। हमें तो उसी कर्ममें प्रवृत्त होना चाहिये जिसमें प्रभुकी रुचि है। प्रभुकी रुचि हमें किस कर्ममें प्रवृत्त करनेकी होगी, इस बातको इस कसौटीपर कसकर हम निर्णय कर लें—(क) कर्म परम शुभ है, (ख) इसे करनेके लिये कम-से-कम आदमी आगे बढ़ रहे हैं, (ग) इसे करनेकी योग्यता हमारे अन्दर प्रभुने दी है। बस, यही कर्म है, जिसमें हमें लगना है, इसीके लिये प्रभुकी रुचि है, इसीमें हम लगें। पर सावधान रहें, कहीं इसमें भी हमारी आसक्ति न हो जाय, इसके बदले यदि प्रभु फिर किसी अन्य कार्यका भार सौंपें तो समान प्रसन्नतासे ही हम इसे छोड़कर उसमें प्रवृत्त हो सकें।(४) हम पहलेसे ही किसी निश्चित फलकी कामना रखकर ही किसी कर्ममें लगते हैं। हमारे इस कर्मका अमुक फल हो, यह इच्छा पहले ही मनमें उदय हो जाती है। इस फलकी इच्छाको हमें छोड़ना पड़ेगा। प्रभुने जो काम सौंपा है, उसे पूरी तत्परतासे हमें करना है, हम कर रहे हैं, किन्तु इसका फल क्या होगा, यह प्रभु जानें; उनकी जो इच्छा हो, इस कर्मका वही फल हो। इस भावनाको सुदृढ़ करके, अन्ततक सुदृढ़ रखते हुए ही हमें कर्ममें लगना चाहिये। साथ ही शुभके आचरणसे प्राप्त होनेवाली प्रतिष्ठा, मान-सम्मान आदिमें भी हम फँस न जायें, प्रभुके आज्ञा-पालनका भाव हटकर कहीं मान-बड़ाईकी प्राप्ति हमारे कर्मका उद्देश्य न बन जाय, इसके लिये भी हम सदा सजग रहें। यह बात कहने-सुननेमें जितनी सरल है, आचरणमें उतनी नहीं। पर्वतके समान दृढ़ अचल निश्चय हो, अविराम सतत प्रयत्न हो, प्रभुकी कृपाका सम्बल हो—तभी इसमें सफलता मिलती है।
English translation
beggars lying beneath the trees, why should we insist, "No, we shall eradicate social evils among the public only by delivering lectures"? We ought to engage only in that action which pleases the Lord. As to which action the Lord wishes us to engage in, let us determine it by testing it against this touchstone: (a) the action is supremely noble, (b) very few people are coming forward to do it, and (c) the Lord has endowed us with the ability to carry it out. This alone is the work to which we must dedicate ourselves; this is what pleases the Lord, and in this alone should we engage. But beware lest we develop attachment even to this, so that if the Lord instead entrusts us with the responsibility of some other task, we may leave this and take up that with equal joy.(4) We tend to engage in an action only with the desire for a specific result preconceived in mind. The desire that our action must yield a particular fruit arises beforehand in the mind. We must relinquish this desire for results. The task that the Lord has entrusted to us must be performed by us with utmost dedication, and we are performing it; but what its result shall be is known to the Lord alone; whatever His will may be, let that be the fruit of this action. Having strengthened this conviction and maintaining it steadfastly until the very end, we should apply ourselves to work. At the same time, we must remain ever vigilant lest we become trapped in the prestige, honor, and respect arising from righteous conduct, and lest our purpose shift away from obedience to the Lord's command and turn into the pursuit of fame and praise. This principle is as difficult to practice as it is simple to speak and hear. Only when there is an unshakeable resolve steadfast as a mountain, continuous and tireless effort, and the support of the Lord's grace, does one attain success in this.
Original
अतः बड़ी लगनसे हमें इसके लिये प्रयत्न करना होगा।(५) हम सोचकर देखें, इन्द्रियोंमें अपने-अपने कार्य-सम्पादनकी शक्ति कहाँसे आती है? नेत्रोंमें देखनेकी शक्ति, कानोंमें श्रवणकी शक्ति, नाकमें घ्राणकी शक्ति—ये सब कहाँसे आयीं? वाणीमें बोलनेकी शक्ति, हाथमें ग्रहण-त्यागकी शक्ति, पैरोंमें चलनेकी शक्ति—ये सब शक्तियाँ किसने दी हैं? मनमें सोचने-विचारनेकी, बुद्धिमें निश्चय करनेकी शक्ति किसकी दी हुई है? प्राणोंमें जीवित रखनेकी शक्ति किसकी है? हमारा शरीर किसकी शक्तिपर अवलम्बित है? ये सब शक्तियाँ प्रभुकी ही तो हैं। प्रभुसे ही तो हमें प्राप्त होती हैं। एकमात्र प्रभुकी शक्तिसे शक्तिमान् होकर ही तो इन्द्रिय, मन, शरीर कर्म करनेमें समर्थ होते हैं, कर्म कर पाते हैं। फिर हम जो पद-पदपर कह बैठते हैं 'यह हमने किया; यह हमारा "मैं" कितनी निरर्थक, कितनी मिथ्या वस्तु है?' अतः इस अहङ्कारकी वृत्तिको हमें नष्ट करना चाहिये।(६) समुदायका प्रवाह तमोगुणकी ओर है। अतः जिस समय हम सत्त्वगुणकी ओर अपने जीवनको मोड़ने लगेंगे, उस समय अनेक विघ्न-बाधाएँ हमारी प्रगति रोकनेके लिये, हमें पीछे लौटा देनेके लिये सामने आयेंगी। यदि पर्याप्त धैर्य हममें नहीं होगा तो उसी तमोमय प्रवाहमें हम पहलेकी भाँति बह चलेंगे, इसलिये धैर्य धारण करें, उन विविध विघ्न-बाधाओंसे हम तनिक भी विचलित न हों। जय सत्यकी ही होगी। अन्तमें सत्त्वमुखी प्रवाह ही विजयी होगा, यह विश्वास करके सदा अपने निश्चयके अनुरूप कार्य करते रहें। विघ्न-बाधाओंको देखकर हम धैर्य न खो दें, अपितु दूने उत्साहसे आगे बढ़ें।(७) यदि हमारा कोई कार्य सफल हो जाय तो हम हर्षसे
English translation
Therefore, we must strive for this with great dedication.(5) Let us pause and reflect: whence comes the power in each of the senses to perform its respective function? The power to see in the eyes, the power of hearing in the ears, the power of smell in the nose-from where did all these come? Who gave all these powers: the power to speak in the voice, the power to grasp and release in the hands, the power to walk in the feet? Whose gift is the capacity to think and reflect in the mind, and the power to resolve in the intellect? Whose is the power that sustains life in the vital breaths? Upon whose power does our body depend? All these powers belong to the Lord alone. They are received by us from the Lord alone. It is only by being empowered through the power of the Lord alone that the senses, mind, and body are capable of acting and able to perform deeds. Then why do we proclaim at every step, "I did this; this is mine"-what a meaningless, utterly false entity this "I" is! Therefore, we must destroy this attitude of egoism.(6) The current of worldly society flows toward tamas (darkness and inertia). Hence, the moment we begin to turn our life toward sattva (purity and light), numerous obstacles and hindrances will rise before us to halt our progress and turn us back. If we do not possess sufficient patience, we shall drift away as before in that dark current; therefore, hold fast to patience, and let us not be perturbed in the least by those diverse obstacles. Victory belongs to truth alone. In the end, the stream oriented toward sattva alone will triumph; holding this firm faith, let us constantly act in accordance with our resolve. Seeing obstacles and hindrances, let us not lose heart, but rather advance with redoubled enthusiasm.(7) If any work of ours succeeds, we, out of joy
Original
फूलकर कुप्पा न बन जायँ, कार्य विफल हो जाय तो शोकमें भरकर सिर न पीटने लगें-यह सावधानी प्रत्येक कार्यका परिणाम ग्रहण करते समय अवश्य रहे। सफलता हुई है प्रभुकी इच्छासे, असफलता आयी है प्रभुकी इच्छासे। दोनोंको ग्रहण करते समय प्रभुकी इच्छा पूर्ण हो रही है, इस भावनाका समरस आनन्द ही हमारे मनको स्पर्श करे, हर्ष- शोकके विकार हमें छू न लें-इसके लिये भी हम दृढ़ प्रयत्न करें। उपर्युक्त बातोंको ध्यानमें रखकर यदि हम सतत प्रयत्न करेंगे तो हमारी इन्द्रियोंका प्रवाह क्रमशः सत्त्वमुखी होने लगेगा। सत्त्वगुण भरनेपर ही ये अन्तरकी ओर, प्रभुकी ओर दौड़ सकेंगी। तभी त्रिगुणातीत, दिव्य चिन्मय अनन्तगुणगणभूषित आनन्दमय प्रभुका हम स्पर्श पा सकेंगे, उन्हें पहचान पायेंगे। तभी हमारे इतने निकट नित्य अवस्थित प्रभुके सम्बन्धकी भी हमें पहचान होगी। उस समय वास्तवमें हमारी क्या अनुभूति होगी, वाणीमें यह बतानेकी तो सामर्थ्य नहीं है। वह इतना ही कह सकती है कि हमें उस समय अनुभव होगा कि प्रभुका-भगवान्का सम्बन्ध ही सच्चा सम्बन्ध है। अन्य सम्बन्धोंकी कल्पना भी इसीलिये हो पाती है कि उन-उन स्थलोंमें प्रभुकी छाया पड़ती है, वे सम्बन्ध प्रभुकी छायापर अवलम्बित हैं, पर हैं वे अस्थायी। निर्भर करने योग्य एवं सत्य तो एकमात्र प्रभुका सम्बन्ध ही है।
English translation
We must not become puffed up with pride, nor, if an endeavor fails, should we beat our heads filled with grief-this vigilance must certainly be maintained while accepting the outcome of every undertaking. Success has occurred by the Lord's will; failure has come by the Lord's will. While accepting both, only the equanimous joy of the sentiment that the Lord's will is being fulfilled should touch our minds, and we should also strive resolutely so that the afflictions of joy and sorrow do not affect us. Keeping the above points in mind, if we make constant efforts, the flow of our senses will gradually begin to turn toward Sattva. Only when filled with the quality of Sattva will they be able to run inward, toward the Lord. Only then shall we be able to attain the touch of the Lord-who transcends the three gunas, is divine, pure consciousness, adorned with infinite multitudes of virtues, and filled with bliss-and be able to recognize Him. Only then shall we also realize our relationship with the Lord, who is ever seated so close to us. Speech lacks the capacity to express what our realization will truly be at that moment. It can only state that we shall then realize that our relationship with the Lord-with God-is the only true relationship. The very conception of other relationships is possible only because the Lord's reflection falls upon those instances; those relationships depend upon the shadow of the Lord, yet they are transient. The only relationship that is dependable and true is exclusively that with the Lord.