Original
श्रद्धाका बीज बोयें
यदि हम मटरका एक बीज धरतीमें बो देते हैं तो उस एक बीजसे ही मटरका पौधा उत्पन्न हो जाता है, उस पौधेमें सैकड़ों फलियाँ लगती हैं, फिर उन फलियोंसे हजारों मटरके बीज बन जाते हैं। इसी प्रकार हमारी एक छोटी-सी शुभ या अशुभ क्रिया, शुभ या अशुभ संस्कार हजारों शुभ या अशुभके बीज तैयार कर देते हैं। इसके साथ ही जैसे उस मटरके एक बीजको यदि हम काममें न लें, यों ही पड़ा रहने दें, बहुत दिनोंतक जलसे उसका संयोग न होने दें तो धीरे-धीरे उसके अङ्कुरित होनेकी शक्ति नष्ट हो जाती है, वैसे ही हमारे शुभ या अशुभ संस्कारोंको यदि हम क्रियात्मक रूप नहीं दें तो वे भी शनैः-शनैः क्षीण-क्षीणतर होते हुए विनष्ट होने लगते हैं, यह नियम है। इस नियमको ध्यानमें रखकर ही हम अपनी दिनचर्या बनावें, जीवनकी गति-विधिका निर्णय करें। हम चाहते क्या हैं? अपने लिये सदा शुभ चाहते हैं। कोई भी मनुष्य अपना तनिक-सा भी अशुभ नहीं चाहता! इस परिस्थितिमें हमें करना यह होगा कि हम सदा शुभके ही बीज डालें। हमारे मनमें, क्रियामें सदा शुभ ही भरा रहे, भूलकर भी एक भी अशुभ-भावना या क्रियाको हमारे जीवनमें स्थान न मिले। साथ ही हमारा यह प्रयत्न भी हो कि हमारे जितने शुभ संस्कार हों, वे यथासम्भव अधिकाधिक क्रियामें परिणत होते रहें तथा इससे विपरीत एक भी अशुभ संस्कारको कभी व्यक्त होनेका अवसर न दिया जाय। तब काम होगा। आज हमारी सबसे बड़ी आवश्यकता यह है कि हम आस्तिक बनें, प्रभुकी सत्तामें हमारा विश्वास हो और यह विश्वास निरन्तर बढ़ता ही रहे, क्योंकि इसी विश्वासकी भित्तिपर ही समस्त शुभकी अट्टालिका खड़ी रहती है। कहनेको तो हममेंसे बहुत लोग अपनेको आस्तिक मानते हैं, पर वह आस्तिकता अपनेको ही धोखा देनेकी-सी वस्तु है। जबतक हमारा मन अत्यन्त मलिन वासनाओंसे भरा है, भाँति-भाँतिकी कामनाओंसे व्याकुल रहता है, क्षुद्र-से-क्षुद्र घटना हमारे अन्दर क्रोधका सञ्चार कर देती है, कितना भी क्यों न मिले कभी सन्तोष होता
English translation
Sow the Seed of Faith
If we sow a single pea seed in the earth, then from that single seed alone a pea plant arises, hundreds of pods grow on that plant, and then from those pods thousands of pea seeds are produced. In the same way, a single small auspicious or inauspicious action of ours, an auspicious or inauspicious latent impression, prepares thousands of seeds of good or evil. Along with this, just as if we do not use that single pea seed, leave it lying around neglected, and do not let it come into contact with water for many days, its power to sprout gradually perishes; likewise, if we do not give practical expression to our auspicious or inauspicious latent impressions, they too, gradually growing weaker and weaker, begin to be destroyed-this is the rule. Keeping this rule in mind, we should formulate our daily routine and decide the course of our life's activities. What do we desire? We always desire good for ourselves. No person ever desires even the slightest misfortune for himself! Under these circumstances, what we must do is always sow the seeds of the auspicious alone. Let our mind and action always be filled only with the auspicious; even by mistake, not a single inauspicious feeling or action should find a place in our life. At the same time, our effort should also be that as far as possible, as many of our auspicious impressions as exist may continually be transformed into action, and conversely, not a single inauspicious impression should ever be given the opportunity to manifest. Then alone will the purpose be achieved. Today our greatest need is that we become believers in God, have faith in the existence of the Lord, and let this faith continually increase; because upon the foundation of this faith alone stands the mansion of all auspiciousness. For the sake of saying, many of us consider ourselves believers, but that kind of theism is something akin to deceiving oneself. As long as our mind is filled with extremely impure desires, remains agitated by diverse cravings, the pettiest of incidents infuses anger within us, and no matter how much we obtain, contentment is never
Original
ही नहीं, और भी पानेका लोभ बना ही रहता है; बात-बातमें हम ऐंठते रहते हैं, अकड़के मारे अपने समान दूसरेको गिनते ही नहीं; ज्ञान, विद्या, बुद्धि, धन, जन, बल, प्रभुत्वके मदमें चूर रहते हैं, मोहके अँधेरेमें ही भटकते रहते हैं, क्या है, क्या नहीं, किसे ग्रहण करना है, किसे ग्रहण नहीं करना है—यह कुछ भी नहीं सूझता; किसीकी थोड़ी भी उन्नति देखनी दूर, सुनकर भी हम जल उठते हैं, परोत्कर्ष तनिक भी सहन नहीं होता, दूसरा कितना भी अच्छा क्यों न हो, उसकी आलोचना किये बिना मन नहीं मानता, उसमें कोई-न-कोई दोष हमें दीख ही जाता है। जबतक हमारी यह दशा है तबतक हम आस्तिक केवल कहनेभरको ही हैं। ऐसी आस्तिकता हमारी ओर आते हुए अशुभके प्रवाहको कदापि नहीं रोक सकती। हमें तो सच्चा आस्तिक बनना पड़ेगा, सच्ची आस्तिकताका बीज बोना पड़ेगा। यह बीज ही फूलेगा-फलेगा, फल-फूलकर हमारे लिये सर्वत्र सब ओर शुभके ढेर एकत्र कर देगा। तभी हम अशुभसे सदाके लिये त्राण पा सकेंगे। आस्तिकताके बीज बोनेका अर्थ यह है कि हममें जो भी असली- नकली, थोड़ा-बहुत प्रभुका विश्वास है, उसका हम क्रियात्मक प्रयोग करें। यदि हम किसी भी अंशमें आस्तिक हैं तो कम-से-कम चार बातोंपर तो हमें यत्किञ्चित् सैद्धान्तिक विश्वास होना ही चाहिये— १—प्रभु सर्वत्र हैं। ऐसा कोई स्थान नहीं जहाँ वे न हों। महान्-से-महान् एवं क्षुद्र-से-क्षुद्रमें वे नित्य स्थित हैं। आकाशमें, वायुमें, अग्निमें, जलमें, पृथ्वीमें, पृथ्वीसे बने पहाड़-पत्थर-ईंटमें, वृक्ष-लता-पौधोंमें, दीखनेवाली कुरसीमें, टेबिल-पलङ्ग-किवाड़, खूँटी-कल-पुर्जा-धोती- कुरते-कमीज-कोट-पतलून-कालर-घड़ी-कलम-दावात-कागजमें— इन समस्त भौतिक विकारोंमें—हमारे सम्पर्कमें आनेवाली इन समस्त वस्तुओंके अणु-अणुमें वे पूर्ण हो रहे हैं। सूक्ष्मभूतमें वे समाये हुये हैं, महत्तत्वमें, सत्त्व-रज-तम—तीनों गुणोंमें और गुणोंकी
English translation
not only that, the greed to obtain even more constantly persists; at every single matter we remain conceited, and out of arrogance we do not consider anyone equal to ourselves; we remain intoxicated with the pride of knowledge, learning, intellect, wealth, followers, strength, and dominance; we constantly wander in the darkness of delusion, unable to discern what is real and what is not, what is to be accepted, and what is not to be accepted-nothing of this is understood; far from seeing someone's slight progress, we burn with envy merely upon hearing of it; the elevation of others is not tolerated in the least; no matter how good another person may be, the mind does not rest without criticizing them, and we invariably spot some flaw or other in them. As long as this state of ours continues, we are theists in name only. Such theism can never halt the incoming tide of inauspiciousness directed toward us. We must become true theists; we must sow the seed of true theism. This very seed will blossom and bear fruit, and having flourished and borne fruit, it will amass heaps of auspiciousness for us everywhere on all sides. Only then shall we attain deliverance from inauspiciousness forever. Sowing the seed of theism means putting whatever genuine or superficial, slight or considerable faith in the Lord we possess into practical application. If we are believers to any degree at all, we must hold at least some theoretical conviction in four essential truths:The Lord is everywhere. There is no place where He is not present. He is eternally situated within the greatest of the great and the minutest of the minute. In space, in air, in fire, in water, in earth; in the mountains, stones, and bricks formed of earth; in trees, creepers, and plants; in the visible chairs, tables, beds, doors, pegs, machinery and spare parts, dhotis, kurtas, shirts, coats, trousers, collars, watches, pens, inkpots, and paper-within all these material transformations, in every single atom of all these objects that come into our contact, He is fully present. He is pervading the subtle elements, the Mahat-tattva, the three gunas of Sattva, Rajas, and Tamas, and the
Original
साम्यावस्था—प्रकृतिमें वे परिपूर्ण हो रहे हैं— चरावरेषु भूतेषु ब्रह्मान्तस्थावरादिषु । भौतिकेषु विकारेषु भूतेष्वथ महत्सु च ॥ गुणेषु गुणसाम्ये च गुणव्यतिकरे तथा । एक एव परो ह्यात्मा भगवानीश्वरोऽव्ययः ॥ (श्रीमद्भा० ७ । ६ । २०-२१) जो कुछ भी जगत् है, उसके अणु-अणुमें वे व्याप्त हैं— ईशा वास्यमिदँ सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत् । (ईशा० १) दूरकी वस्तु छोड़ें, विशाल जगत्, जगत्के तत्त्वोंको भी जाने दें, हम सदा जिससे जुड़े रहते हैं, क्षणभरके लिये भी जिसे नहीं भूल पाते, भूलना नहीं चाहते, जो हमारे लिये अतिशय प्यारकी वस्तु बना हुआ है, उस हमारे शरीरमें भी 'स एष इह प्रविष्टः ।' 'आनखाग्रेभ्यः' * नखसे शिखापर्यन्त वे पूर्ण हो रहे हैं। २—वे सर्वसमर्थ हैं। जगत्में जो बात सर्वथा सबके लिये असम्भव मानी जाती है, उसे वे एक क्षणके लाख-करोड़वें हिस्से- जितने समयमें सम्पादित कर सकते हैं। उनकी शक्तिकी कोई सीमा ही नहीं है। 'नास्येशे कश्चन' + उनके शासनका कोई भी उल्लङ्घन नहीं कर सकता। 'तमीश्वराणां परमं महेश्वरं तं देवतानां परमं च दैवतम्' § वे ईश्वरोंके भी परम महान् ईश्वर हैं, स्थूल एवं सूक्ष्म जगत्के जितने शासक हैं, उन सबके शासक वे हैं। उनकी शक्ति-सामर्थ्य विचित्र है। सर्वथा विरोधी गुण उनमें एक साथ एक समय वर्तमान रहते हैं। 'तदेजति तन्नैजति तद्दूरे तद्वन्तिके' ∥ एक साथ एक समयमें वे चलतेबृहदारण्यक० १ । ४ । ७कठ० २ । २ । १२ § श्वेताश्वतर० ६ । ७ ∥ ईशा० ५
English translation
state of equilibrium of the gunas-Prakriti, He is completely full: [Sanskrit] "Among all moving and unmoving beings, from Brahma down to immovable entities, in material modifications, in the physical elements as well as in the cosmic intellect (Mahat-tattva), in the gunas, in the equilibrium of the gunas, as well as in their disruption-the Supreme Self alone is the one imperishable Lord, the Supreme Controller." (Srimad-Bhagavata 7.6.20-21) Whatever constitutes this world, He pervades every single atom of it: [Sanskrit] "All this, whatsoever moves in this moving world, is enveloped by the Lord." (Isha Upanishad 1) Setting aside distant things, leaving aside the vast universe and the cosmic elements, even within this body of ours-to which we are constantly attached, which we cannot forget even for a moment, which we do not wish to forget, and which has become an object of extreme love for us-[Sanskrit] "He has entered into this body," [Sanskrit] "up to the tips of the nails," meaning He is fully permeating it from toe to crown. He is omnipotent. That which is regarded in the world as utterly impossible for anyone, He can accomplish in an interval equal to the hundred-thousandth or ten-millionth fraction of a moment. There is no limit whatsoever to His power. [Sanskrit] "No one rules over Him;" no one can transgress His command. [Sanskrit] "He is the supreme Great Lord among lords, and the supreme Divinity among deities;" He is the supreme Sovereign even of rulers; whatever rulers exist in the gross and subtle worlds, He is the Master over all of them. His power and potency are marvelous. Entirely contradictory attributes exist within Him simultaneously at the same time. [Sanskrit] "That moves, and That moves not; That is far, and That is near;" simultaneously at the same time He walks
Original
भी हैं और नहीं भी चलते; वे दूर भी हैं और समीपमें भी हैं। ‘आसीनो दूरं व्रजति शयानो याति सर्वतः’ * वे बैठे हुए ही दूर चले जाते हैं, सोते हुए भी सर्वत्र पहुँच जाते हैं। ‘अनेजदेकं मनसो जवीयः’ + वे चलनरहित हैं, फिर भी मनसे अधिक वेगवाले हैं। ‘तद्धावतोऽन्या- नत्येति तिष्ठत्’ ‡ वे बैठे रहकर ही दूसरे दौड़नेवालोंसे आगे निकल जाते हैं। ऐसे वे असंख्य विचित्र शक्तियोंसे सम्पन्न हैं। ३—वे सर्वज्ञ हैं। ‘यः सर्वज्ञः सर्ववित्’ § विश्वके गुप्त-से-गुप्त, सूक्ष्म-से-सूक्ष्म कोनेतकमें अनादिकालसे अबतक क्या-क्या हो चुका है, अब क्या हो रहा है एवं अनन्त कालतक क्या होगा—यह सब कुछ वे निरन्तर जानते रहते हैं। ‘अयमात्मा ब्रह्म सर्वानुभूः’ ∥ वे प्रभु सबका अनुभव करनेवाले हैं। ४—ऐसे महामहिम होते हुए भी वे हमारे सुहृद् हैं। केवल हमारे ही नहीं, ‘सुहृदं सर्वभूतानाम्’ ¶ समस्त भूतप्राणियोंके सुहृद् हैं। उपर्युक्त चार बातोंपर हमारा जितना, जैसा विश्वास हो उसका हम अपने जीवनकी दैनिक क्रियाओंमें समावेश करना आरम्भ करें। प्रभुकी सर्वव्यापकता, सर्वशक्तिमत्ता, सर्वज्ञता एवं सौहार्दपर हमारा जो भी टूटा-फूटा विश्वास हो, उसे हम अपनी क्रियाओंके साथ इस रूपमें जोड़ने लग जायें— यह नियम कर लें कि चौबीस घण्टेमें दस-बीस-पचास-सौ बार, जितनी बार एवं जितनी देरके लिये बिलकुल आसानीसे करना सम्भव हो, उतनी बार उतनी देरके लिये ही हम दृढ़तासे यह भावना करें किकठ० १ । २ । २१ईशा० ४ ‡ ईशा० ४ § मुण्डक० १ । १ । ९ ∥ बृहदारण्यक० २ । ५ । १९ ¶ गीता ५ । २९
English translation
and does not walk; He is far away and He is also near at hand. [Sanskrit] "Sitting, He travels far; lying down, He goes everywhere;" while seated He travels far, and even while resting He reaches everywhere. [Sanskrit] "Unmoving, the One is swifter than the mind;" He is motionless, yet faster than the mind. [Sanskrit] "Standing still, It overtakes others who run;" remaining stationary, He outstrips all others who run. Thus is He endowed with countless wondrous powers. He is omniscient. [Sanskrit] "He who is all-knowing and all-perceiving;" in the most secret and subtlest corners of the universe, whatever has transpired from time immemorial until now, whatever is happening presently, and whatever shall happen for infinite time to come-all of this He knows unceasingly. [Sanskrit] "This Self is Brahman, the experiencer of all;" that Lord is the perceiver of everything. Being possessed of such immense majesty, He is nonetheless our loving friend. Not ours alone: [Sanskrit] "The benefactor and friend of all living beings;" He is the loving friend of all created entities. Whatever degree and nature of faith we have in the above four truths, let us begin incorporating it into our daily activities of life. Whatever fragile faith we hold in the Lord's omnipresence, omnipotence, omniscience, and benevolence, let us begin joining it with our actions in this manner: Let us resolve that within twenty-four hours, ten, twenty, fifty, or a hundred times-as many times and for as long a duration as is easily possible-for that many times and for that exact duration, let us firmly cultivate the contemplation that
Original
‘प्रभु सर्वत्र हैं।’ और इस भावनाके समय हम जिस-किसी भी व्यक्तिसे जो भी यथायोग्य व्यवहार करें, उसमें ठीक-ठीक उतना ही सम्मान, प्रेम, अपनत्व, त्याग आदिका सच्चा भाव भरा हो, जितना स्वयं प्रभुके समक्ष होनेपर होता। इस भावनाके समय हम जिस-किसी वस्तुको देखें, सुनें, चखें, स्पर्श करें, उसकी गन्ध लें, वहाँ उस वस्तुमें प्रभुकी सत्ताकी इतनी जीवन्त धारणा हो कि उस वस्तुका यथायोग्य उपयोग करते समय हमें उतने ही आनन्दकी अनुभूति होने लगे, जितना साक्षात् प्रभुके सम्पर्कमें आनेपर होनी सम्भव है। एक उदाहरणके द्वारा इसे इस प्रकार समझें। मान लें, हमने यह नियम ले लिया कि प्रतिदिन कम-से-कम बीस बार तीस-तीस सेकण्डके लिये यह भावना करेंगे कि ‘प्रभु सर्वत्र हैं’, हम ऐसी भावना करने लगे। एक बार भावना करते समय ही हमारा एक नौकर या आफिसका चपरासी गिलासमें जल लेकर हमें जल पिलाने आ गया। अब उस समय हमें ठीक-ठीक यह अनुभव करनेका प्रयास करना चाहिये कि प्रभु जब सर्वत्र हैं, तब इस नौकरमें भी अवश्य-अवश्य हैं ही, अतः नौकर या चपरासीके वेषमें वे ही पधारे हैं। उसके प्रति हमारे मनमें ठीक वैसे ही सम्मान, प्रेम, अपनत्व आदि जाग उठें, जैसे प्रभुको देखकर होते। वे हमारी अपेक्षा किञ्चित् छोटे पदका स्वाँग लेकर आये हैं, इसलिये हम अपने आसनसे उठें तो नहीं, पर हमारा अन्तस्तल तो उनके चरणोंमें लुट जाना चाहिये। हाथमें गिलास लेते समय हमारा रोम-रोम आनन्दसे नाच उठे। इतना ही नहीं, उस गिलासके अणु-अणुमें भी हमें प्रभुकी सत्ताका भान होना चाहिये, गिलासके जलमें भी प्रभुकी ही सत्ता हमें व्यक्त दीखे तथा यह दर्शन हमारे रोम-रोमको आनन्दित कर दे। यदि ऐसी जीवन्त धारणा दिन-रातमें हमने एक बार ही, तीस सेकण्डके लिये ही कर ली तो समझ लें, हमने श्रद्धाका एक बीज तो बो दिया। यह एक बीज ही, अल्पकालके लिये की हुई श्रद्धाकी यह भावना ही, इसमें जितनी जीवनी शक्ति है—इस श्रद्धामें जितनी प्रगाढ़ता है—उसीके अनुपातसे
English translation
'The Lord is everywhere.' And during this contemplation, whatever appropriate behavior we extend toward any person whatsoever, it should be imbued with precisely the same true feeling of respect, love, kinship, and selflessness as would be present before the Lord Himself. During this contemplation, whatever object we see, hear, taste, touch, or smell, let there be such a living conception of the Lord's presence in that object that while using it appropriately, we begin to experience the very same bliss as would be possible upon coming into direct contact with the Lord Himself. Let us understand this through an example in this manner. Suppose we have adopted the rule that every day we will contemplate at least twenty times, for thirty seconds each, that 'The Lord is everywhere,' and we begin practicing this contemplation. Once, right during the time of contemplation, our servant or office peon comes carrying water in a glass to serve us a drink. Now at that moment, we must strive to experience precisely this: since the Lord is everywhere, He is unquestionably present in this servant as well, and therefore it is He Himself who has arrived in the guise of the servant or peon. Toward him, there should awaken in our hearts the exact same respect, love, and sense of kinship as would arise upon seeing the Lord. He has come assuming the role of an apparently lower status than ours, so we may not stand up from our seat, but our inner being must completely surrender at His feet. While taking the glass in hand, every pore of our being should dance with joy. Not only that, we should perceive the Lord's presence in every atom of that glass as well; in the water of the glass too, the Lord's presence alone should appear manifest to us, and this vision should fill every fiber of our being with delight. If we hold such a living realization even once in a day and night, even for thirty seconds, then know that we have indeed sown one seed of faith. This single seed alone, this contemplation of faith practiced for even a brief span, in proportion to whatever life-force it holds-whatever depth there is in this faith-
Original
सत्सङ्ग-सुधा हमारे लिये कई बीज प्रस्तुत कर देगी, अन्य कई स्थलोंमें ऐसी श्रद्धा उत्पन्न कर देनेमें हेतु बन जायगी। ऐसी श्रद्धा, ऐसी भावना उत्पन्न कर देगी। जितनी बार हम यह बीज बोते जायेंगे, उतनी बार उससे कई गुने अधिक बीज हमें प्राप्त होते जायँगे, हमारी श्रद्धा उत्तरोत्तर बढ़ती जायगी। इसी प्रकार प्रभुके सर्वसमर्थतासम्बन्धी विश्वासको भी हम क्रियामें उतारें। यह इस रूपमें कि प्रत्येक कार्य करनेसे पूर्व हम भले ही— क्षणभरके लिये क्यों न हो—प्रभुसे प्रार्थना कर लें, प्रभुसे शक्तिकी याचना कर लें। यह ध्रुव सत्य है कि शक्तिके केन्द्र तो प्रभु ही हैं। आज भी हमारे द्वारा जो काम होता है, वह होता है प्रभुकी शक्ति-सामर्थ्यसे ही। पर हमारा अभिमान इस सत्यको हमारे सामने व्यक्त नहीं होने देता, साथ ही अभिमानके कारण ही प्रभुकी शक्तिको पूर्णरूपसे सञ्चारित होनेका मार्ग भी नहीं मिलता। अतः यदि हम प्रत्येक कार्यके आरम्भमें प्रभुकी प्रार्थना कर लें, उनकी शक्ति-सामर्थ्यका आवाहन कर लें तो फिर जो कार्य वर्षोंके अथक परिश्रमसे न हुआ हो, होता न दीखता हो, वही देखते-देखते पूर्ण हो जायगा। यदि हम इस अभ्यासको अपना लें तो पद-पदपर प्रभुकी सर्वसमर्थताका परिचय हमें मिलने लगेगा। यह नितान्त सत्य है कि कोई भी किसी कार्यमें यदि प्रभुकी प्रार्थना करके लगता है—अवश्य ही वह कार्य शुभमूलक हो, जगत्के किसी भी प्राणीके अहितकी भावनासे प्रेरित न हो—तो उसमें उसकी आश्चर्यजनक प्रगति होगी। अस्तु, हम भी इस पद्धतिको स्वीकार करें। जितनी बार प्रार्थना करेंगे, उतनी बार प्रभुकी अमित शक्तिका कुछ-न-कुछ परिचय हमें मिलेगा ही, हमारी श्रद्धा पुष्ट होगी ही, इसके बीज बढ़ेंगे ही। हाँ, इस सम्बन्धमें इतनी-सी बात और भी ध्यानमें रखनेकी आवश्यकता है कि जहाँ अश्रद्धाके बड़े-बड़े पुष्ट पेड़ लगे होते हैं, वहाँ क्षणभरकी की हुई प्रार्थनासे उत्पन्न हुई श्रद्धाकी लता, उसके फल एवं फलोंमें समाये हुए श्रद्धाके अनेक बीज एक बार सरसरी दृष्टिसे देखनेपर कभी-कभी नहीं भी दीखते। अतः धैर्यपूर्वक उन्हें ढूँढ़ना चाहिये। ढूँढ़नेपर वे
English translation
Nectar of Satsanga will prepare many seeds for us and will become the cause of generating such faith in many other spheres. It will generate such faith, such a feeling. As many times as we continue to sow this seed, that many times we will continue to receive seeds multiplied manifold from it, and our faith will go on increasing progressively. In this very manner, let us also translate into practice our faith concerning the Lord's omnipotence. This is in the form that before performing every action, even if it be only for a fleeting moment, let us pray to the Lord, let us implore the Lord for strength. This is an absolute truth that the sole center of power is indeed the Lord. Even today, whatever work is accomplished by us happens solely through the Lord's power and capability. But our pride does not allow this truth to be revealed before us; moreover, on account of pride alone, the pathway for the Lord's power to be fully transmitted is not found. Therefore, if at the commencement of every task we pray to the Lord and invoke His power and capability, then that very work which may not have been accomplished by years of tireless toil, nor appeared to be happening, will be completed before our very eyes. If we adopt this practice, then at every step we shall begin to experience the Lord's omnipotence. This is an absolute truth that if anyone engages in any work after praying to the Lord-provided, of course, that the work is rooted in goodness and is not inspired by any motive of harm towards any living being in the world-he will make astonishing progress in it. Be that as it may, let us also adopt this method. As many times as we pray, so many times we shall certainly receive some glimpse of the Lord's boundless power, our faith will surely be strengthened, and its seeds will certainly multiply. Yes, in this regard, this little point also needs to be kept in mind: that where large, sturdy trees of unfaith stand rooted, there the creeper of faith generated from a momentary prayer, its fruits, and the numerous seeds of faith contained within those fruits may sometimes not be visible at a cursory glance. Therefore, one should search for them with patience. Upon searching, they
Original
अवश्य मिलेंगे, क्योंकि प्रत्येक प्रार्थनारूपी जलसे सिंचित होकर वे निश्चित रूपसे बढ़ते एवं फूलते-फलते हैं ही। ये बीज जहाँ प्रचुर मात्रामें एकत्र हुए कि फिर तो हमारे जीवनका स्वभाव हो जायगा— प्रत्येक कार्यके लिये प्रभुकी शक्ति-सामर्थ्यपर निर्भर करना, उनकी शक्तिसे शक्तिमान् होकर ही प्रत्येक कार्यमें प्रवृत्त होना। यह कार्य हमारे द्वारा नहीं हो सकता, हमारा यह कार्य कैसे होगा, ये वृत्तियाँ फिर कदापि नहीं उठेंगी। अपितु प्रभुके बलपर क्या नहीं हो सकता, असम्भव सम्भव हो सकता है, यही श्रद्धा सतत जागरूक रहने लगेगी। प्रभुकी सर्वज्ञताके विश्वासको क्रियात्मक रूप देनेकी आवश्यकता विशेषरूपसे वहाँ उन स्थलोंमें है, जहाँ हम अशुभ प्रवृत्तियोंमें जा गिरते हैं। हमारा अनुभव है कि अत्यधिक अशुभके आचरणसे जब मनपर बहुत अधिक मल एकत्र हो जाता है, तब हम निर्लज्ज हो जाते हैं, हमें खुलकर पाप करनेमें लज्जाकी अनुभूति नहीं होती। किन्तु इससे पूर्व जबतक अन्तरात्माकी ओरका एक भी छिद्र खुला होता है, प्रभुकी प्यारभरी वाणी तनिक भी सुनायी पड़ती रहती है, अशुभमें अशुभ बुद्धि बनी रहती है, तबतक अशुभ आचरणमें लज्जाका अनुभव होता है और हम यथासम्भव छिपकर ही—लोगोंसे छिपाकर ही पापमें प्रवृत्त होते हैं। कोई देख रहा है, जान गया है, यह ज्ञात होनेपर कई बार हमारा बचाव हो जाता है। अतः यदि प्रभुकी सर्वज्ञतापर श्रद्धा करके, यह बीज बोना आरम्भ करके हम अशुभ प्रवृत्तियोंका धीरे-धीरे सङ्कोच करने लगें तो दो लाभ हों—श्रद्धा तो बढ़े ही, क्रमशः अशुभ भी छूट जायँ। इस श्रद्धाको क्रियात्मक रूप देनेका प्रकार यह है कि हम अपनी अशुभ प्रवृत्तियोंकी एक सूची मन-ही-मन तैयार करें। इनमें जिनके प्रति कम-से-कम आकर्षण हो, उन कुछको चुन लें तथा जब जिस समय वे उदय हों, उसी समय दृढ़तासे यह स्मरण करें कि प्रभु इसे जान रहे हैं, वे देख रहे हैं, भले ही जगत्का कोई भी न जाने, कोई भी न देखे और सबकी दृष्टिमें हम भले सत्पुरुष-सज्जन बने रहें,
English translation
will certainly be found, because being irrigated by the water of every prayer, they definitely grow, blossom, and bear fruit. Once these seeds gather in abundant quantity, it will become the very nature of our life to depend on the Lord's power and capability for every task, and to engage in every action only upon becoming empowered by His power. "This work cannot be done by us," "How will this work of ours be accomplished?"-such mental tendencies will never arise again. Instead, "What cannot be accomplished by the Lord's strength? The impossible can become possible"-this very faith will remain constantly awake. The necessity of giving practical form to the faith in the Lord's omniscience is especially in those situations where we fall into impure tendencies. It is our experience that when, through the conduct of excessive evil, immense impurity accumulates on the mind, we become shameless; we do not feel shame in sinning openly. But prior to this, as long as even a single opening toward the inner self remains open, the Lord's affectionate voice is heard even slightly, and evil is still perceived as evil, we feel shame in unrighteous conduct, and as far as possible, we engage in sin only secretly-by hiding it from people. Upon knowing that someone is watching or has found out, we are saved many a time. Therefore, if by having faith in the Lord's omniscience and beginning to sow this seed, we gradually begin to restrain our unwholesome tendencies, two benefits will follow: faith will certainly increase, and gradually, evils will also drop away. The method of translating this faith into practical form is that we should mentally prepare a list of our unwholesome tendencies. Among these, let us select a few toward which there is the least attraction, and whenever and at whatever moment they arise, let us firmly remember at that very moment: "The Lord knows this; He is watching, even though no one in the world may know, no one may see, and in everyone's eyes we may remain a good and noble person;
Original
किन्तु प्रभुसे हमारा रूप छिपा नहीं है। इसकी स्मृति आते ही हमें उतनी ही लज्जा होनी चाहिये, जितनी हमारे पाप किसी अन्य व्यक्तिके द्वारा देख लिये जानेपर हमें होती है। साथ ही हठपूर्वक ही सही, एक-दो- चार-दस-बीस बार उन अशुभ प्रवृत्तियोंको हम मूर्त न होने दें, मनतक ही वे सीमित रह जायँ, यह प्रयास करें। इतनेमें तो इस श्रद्धाकी बेल पनप जायगी। फिर तो इसके बढ़े हुए बीज अपेक्षाकृत बहुत बड़े पापोंके समय भी 'अरे! प्रभु देख रहे हैं, जान रहे हैं' इस स्मृतिको जाग्रत् करने लगेंगे और इस प्रकार एक-दो बार भी जहाँ वे बड़े पाप रुके कि यह श्रद्धा बद्धमूल हो जायगी और क्रमशः शाखा-प्रशाखा निकलकर मनरूपी खेतको छा लेंगी। अन्तमें है प्रभुके सौहार्द-श्रद्धा बढ़नेकी बात, इसे जीवनसे जोड़ देनेकी बात। तो इसके लिये हम यह करें कि कुतर्क छोड़कर प्रभुके स्नेहमय दानको, प्रतिक्षण पद-पदपर आगे-से-आगे हमारी सुख- सुविधाके लिये उनके द्वारा की हुई व्यवस्थाको गिनने लग जायँ। यदि हमारी आँख फूटी न होगी, अजी, ये सब तो संयोगसे यों ही हो जाते हैं, होते रहते हैं, ईश्वर तो वहम है, इस विषके विस्फोटसे नेत्रोंकी ज्योति मारी नहीं गयी होगी तो हमें प्रत्यक्ष दीखेगा कि ओह! प्रभुके अनन्त असीम उपकारोंकी गणना नहीं हो सकती। ऐसा अहैतुक प्रेमी जगत्में और कोई है ही नहीं। फिर तो हमारी आँखें भर आयेंगी। अपनी नीचता और प्रभुके सौहार्दकी ओर देखते हुए, आँसू ढारते हुए हम भी सन्तशिरोमणि गोस्वामी तुलसीदासजीकी भाँति पुकार उठेंगे—हे नाथ! मेरे-जैसे नीचको नरककी आगमें ढकेल दो, भस्म हो जाने दो। तुम्हारे-जैसे परम पवित्र सुहृद् स्वामीसे, अकारण हितूसे हठपूर्वक विमुख रहनेवालेके लिये यही उचित है। दस मासतक गर्भमें रखकर—
English translation
yet our true form is not hidden from the Lord." The moment this remembrance comes, we should feel just as much shame as we feel when our sin is seen by another person. Along with this, even if by sheer willpower, let us make an effort not to let those unwholesome tendencies materialize once, twice, four times, ten times, or twenty times, keeping them confined only to the mind. With just this much, the creeper of this faith will flourish. Then, its multiplied seeds will begin to awaken this remembrance-"Ah! The Lord is watching; He knows"-even at the time of comparatively far greater sins; and in this way, once those major sins are halted even once or twice, this faith will become deeply rooted, and gradually sending forth branches and twigs, it will cover the field of the mind. Finally, there is the matter of increasing faith in the Lord's loving-kindness and binding it to life. For this, let us leave aside sophistry and begin counting the Lord's loving gifts and the arrangements made by Him at every moment, at every step, continually beforehand for our comfort and well-being. If our vision has not been blinded-if the light of our eyes has not been destroyed by the toxic outburst of "Oh, all these things happen just by chance, they keep happening, God is merely an illusion"-then it will be plainly visible to us: "Oh! The Lord's infinite and boundless favors cannot be counted. There is no other unmotivated lover in the world like Him." Then our eyes will brim with tears. Looking at our own lowliness and at the Lord's loving-kindness, shedding tears, we too shall cry out like the crest-jewel of saints, Goswami Tulsidas: "O Lord! Cast a base person like me into the fire of hell; let me be reduced to ashes! For one who obstinately turns away from a supremely pure, benevolent Master and causeless benefactor like You, this alone is fitting. Keeping me in the womb for ten months-
Original
पालन-पोषण किया। मेरा कितना हित तुमने किया है! स्वामिन्! मुझ- जैसे मतिमन्दको भी तुमने विवेक दिया, दुष्टको भी सुन्दर शीलका दानकर भूषित किया। अगणित अपराध करनेपर भी उस ओर न देखकर समाजमें मुझे आदरका पात्र बनाया। फिर भी मैं तो उलटा ही चलता रहा। मेरी मूर्खता तो देखो। प्रभो! अन्तर्यामीके प्रति भी कपट है, सर्वव्यापकसे भी पाप छिपानेका प्रयास है, किन्तु धन्य हो तुम नाथ! इतनेपर भी तुम मुझसे कभी नाराज नहीं हुए। ‘ये बड़े भक्त हैं’, इसकी आड़में मेरी उदरपूर्ति हो रही है, पर सचमुच हृदयमें तो भक्तिका लेश भी नहीं है। स्वामिन्! हृदय तो विषयोंके हाथ बिक चुका है। फिर भी कृपालो! ओह! ऐसे वञ्चकके प्रति तुम्हारी कृपा तनिक भी कम नहीं हुई, ऐसेके लिये भी तुम्हारे प्रेमका द्वार बन्द नहीं हुआ। सदा मुझपर निष्कपट भावसे स्नेहकी वर्षा करते रहे हो। हाय रे! यह मेरा वज्रसे भी अधिक कठोर हृदय, यह तुम्हारे पल-पलमें किये उपकारोंको भलीभाँति जान-बूझकर, सुन-समझकर भी द्रवित नहीं हुआ। तुम्हारे प्रेमसे सिक्त होकर, फटकर, विगलित होकर बह नहीं चला। मेरे मालिक! सुनो, अपनी बुद्धिरूपी तराजूके एक पलड़ेपर मैंने तुम्हारी भृत्य-वत्सलताकी राशि रख दी और दूसरे पलड़ेपर अपने स्वामिद्रोहका किञ्चित् अंश रख दिया, तौलकर देखने लगा, दीखा—स्वामिद्रोहका ही पलड़ा भारी है। इतनेपर भी तुमने सदा मेरा हित ही किया है, कर रहे हो और आगे भी करोगे। मुझे पता है नाथ! तुम्हारा स्वभाव है— अपनी ओर देखना, दूसरेकी ओर नहीं। अनन्त उपकारसे हम सबको ढक देनेपर भी तुम देते ही जाते हो, तुम्हारे स्नेहमय दानका कभी विराम होता ही नहीं"—
English translation
You nourished and protected me. How much good You have done for me! O Master! Even to a dullard like me You gave discernment, and even a wicked one You adorned with the gift of virtuous character. Despite my committing innumerable transgressions, without looking at them, You made me an object of respect in society. Even so, I continued to walk on the perverse path. Just look at my foolishness! O Lord! There is deceit even toward the Inner Ruler, an attempt to hide sin even from the All-Pervading One; but blessed are You, O Lord! In spite of all this, You were never angry with me. Under the pretext that 'he is a great devotee,' my belly is being filled, but in truth, there is not even a trace of devotion in my heart. O Master! The heart has been sold into the hands of sensual objects. Even then, O Merciful One! Oh! Your grace toward such a deceitful person has not diminished in the least; the door of Your love has not closed even for such a one. You have always showered love upon me with an unfeigned disposition. Alas! This heart of mine, harder than a thunderbolt, did not melt even after knowing and understanding full well the favors You bestowed at every moment. Being drenched in Your love, it did not burst open, dissolve, and flow away. O my Master! Listen: upon one pan of the scales of my intellect I placed the heap of Your tender affection for servants, and upon the other pan I placed a slight fraction of my treason against the Master; when I began to weigh and observe, it was seen that the pan of treason against the Master alone was heavier. Even then, You have always done good to me, are doing so now, and will continue to do so in the future. I know, O Lord! Your nature is to look at Your own goodness, not at the other's faults. Even after covering us all with infinite benevolence, You just keep on giving; there is never a pause to Your loving bestowal"-
Original
कीजै मोकों जमजातनामई । राम ! तुमसे सुचि सुहृद साहिबहिं, मैं सठ पीठि दई ॥ गरभबास दस मास पालि पितु-मातु-रूप हित कीन्हों । जड़हिं बिबेक, सुसील खलहि, अपराधिहि आदर दीन्हों ॥ कपट करौं अंतरजामिहूँ सौं, अघ ब्यापकहि दुरावौं । ऐसेहु कुमति कुसेवक पर रघुपति न कियो मन बावाँ ॥ उदर भरौं किंकर कहाइ बेच्यौ बिषयनि हाथ हियो है । मोसे बंचक को कृपालु छल छोड़ि कै छोह कियो है ॥ पल-पलके उपकार रावरे जानि बूझि सुनि नीके । भिद्यो न कुलिसहुँ ते कठोर चित कबहुँ प्रेम सिय-पीके ॥ स्वामीकी सेवक-हितता सब, कछु निज साईं-द्रोहाई । मैं मति-तुला तौलि देखी भइ मेरेहि दिसि गरुआई ॥ एतेहू पर हित करत नाथ मेरो, करि आये, अरु करिहैं । तुलसी अपनी ओर जानियत प्रभुहि कनौड़ो भरिहैं ॥ इस प्रकार हम उपर्युक्त चारों विश्वासको केवल सिद्धान्तके रूपमें ही सीमित न रखकर उन्हें क्रियात्मक जीवनका अंश बना लें। प्रभुकी सर्वव्यापकता, सर्वशक्तिमत्ता, सर्वज्ञता एवं असीम सौहार्दकी ओर सक्रिय दृष्टि डालते ही श्रद्धाकी खेती धीरे-धीरे लहलहा उठेगी। उसमें इतने फल लगेंगे, इतने असंख्य बीज एकत्र होंगे कि फिर हम खुले हाथों अपने सम्पर्कमें आनेवाले सबको भगवद्विश्वासके बीजका दान कर सकेंगे। फिर हमारे अन्दर कोई कामना नहीं रहेगी। प्रभुकी श्रद्धारूपी खेतीसे हमारी समस्त कामनाएँ सदाके लिये पूर्ण हो जायेंगी। फिर हमारे लिये क्रोधका अत्यन्ताभाव हो जायगा; क्योंकि जब काम नहीं तो क्रोध कैसे रहे। लोभ भी निवृत्त हो जायगा। पूर्ण सन्तोषके
English translation
[Braj] "Subject me to the torments of Yama (the god of death). O Rama! To such a pure and benevolent Master as You, I, a wretch, turned my back! Nurturing me for ten months in the womb, You bestowed love in the form of father and mother. You gave discernment to an ignorant one, nobility to a wicked one, and honor to an offender. I practice deceit even towards the Indweller of all hearts, and conceal my sins from the Omnipresent. Yet towards such a wicked-minded, bad servant, the Lord of the Raghus never turned His heart away. I fill my belly calling myself Your servant, but I have sold my heart into the hands of sensual objects. Upon a deceiver such as me, the Merciful Lord cast His compassionate affection, casting aside all my deceit. Having known, understood, and heard well Your favors bestowed moment after moment, my heart, harder than a thunderbolt, was never pierced by the love of the Beloved of Sita. Weighing upon the balance of my intellect all the Master's benevolence towards His servant against my own treachery towards my Lord, I found the weight heavily on my side alone. Even despite all this, my Lord does good to me, has always done so, and will continue to do so. Tulsidas says: from one's own side, one knows that the Lord has placed him under an immense debt of grace." In this manner, rather than confining the aforesaid four convictions merely to the realm of theoretical principles, we should make them an integral part of our practical life. The moment we cast an active glance towards the Lord's omnipresence, omnipotence, omniscience, and boundless benevolence, the crop of faith will gradually begin to flourish luxuriantly. It will bear so much fruit, and so many countless seeds will gather, that we shall then be able to give the seed of faith in God with open hands to everyone who comes in contact with us. Thereafter, no desire will remain within us. Through this farming of faith in the Lord, all our desires will be fulfilled forever. Then there will be an absolute absence of anger for us; for when desire no longer exists, how can anger remain? Greed, too, will cease. After complete contentment,
Original
अनन्तर लोभके लिये स्थान कहाँ ? फिर हमारे अन्दर मद नहीं, मोह नहीं, ईर्ष्या नहीं, भय नहीं, चिन्ता नहीं, शोक नहीं, जन्म नहीं, मृत्यु नहीं—कोई भी विकार नहीं रहेगा। ये विकार तो अहङ्कारके आश्रित हैं—शोकहर्षभयक्रोधलोभमोहस्पृहादयः । अहङ्कारस्य दृश्यन्ते जन्म मृत्युश्च नात्मनः ॥ (श्रीमद्भा० ११ । २८ । १५)—जब श्रद्धाकी खेती लहलहा उठी, तब खेतके स्वामी प्रभु भी उस शोभाका आनन्द लेने आ विराजे, उस खेतमें वही प्रकट हो गये। उनके आनेपर अहङ्कार रहता नहीं— ‘जब मैं था तब हरि नहीं, जब हरि हैं मैं नाहिं ।’ अहङ्कार गया कि सारे विकार विलीन हो गये। समस्त अशुभ प्रशान्त हो गये। अवशिष्ट रहे एकमात्र प्रभु। न रहे हम, न रहा हमारे लिये जगत् ! इसके पश्चात् जगत्की दृष्टिमें हमारे मन-बुद्धि-शरीरका अस्तित्व भले ही कुछ कालतक रह सकता है। पर उससे भी, वह जितने समयतक रहेगा, निरन्तर भगवद्भावोंका विस्तार होता रहेगा। परम शुभका, प्रभुमें श्रद्धा करनेका, प्रभुसम्बन्धी श्रद्धाके बीजको बोते रहनेका यही परिणाम होता है। इसीलिये हमें श्रद्धाका बीज बोना चाहिये, स्वल्प श्रद्धाको क्रियामें उतारकर उसे सदा बढ़ाते रहना चाहिये।
English translation
where is there any room for greed? Then within us there will remain no pride, no delusion, no jealousy, no fear, no anxiety, no grief, no birth, and no death-no affliction whatsoever will remain. These afflictions are indeed dependent on the ego:[Sanskrit] "Grief, joy, fear, anger, greed, delusion, desire, and the like, as well as birth and death, are seen to belong to the ego, not to the Self." (Srimad Bhagavatam 11.28.15)When the crop of faith has blossomed luxuriantly, then the Master of the field, the Lord Himself, arrives to take delight in that beauty; in that very field, He manifests Himself. Upon His arrival, the ego cannot remain: [Braj] 'When "I" was, Hari was not; now that Hari is, "I" am no more.' As soon as the ego vanishes, all afflictions dissolve. All inauspiciousness becomes completely pacified. The Lord alone remains. Neither do we remain, nor does the world remain for us! After this, in the eyes of the world, the existence of our mind, intellect, and body may well continue for some time. But even through that, for as long as it remains, the divine sentiments will continually expand. This is the very fruit of supreme auspiciousness, of placing faith in the Lord, and of continually sowing the seed of faith concerning the Lord. For this reason, we ought to sow the seed of faith, translate even a slight faith into practice, and continually nurture its growth.