Original
दुःखनाशका अमोघ उपाय
परिस्थिति कैसी है, इसपर हमारा सुख-दुःख निर्भर नहीं करता। हम परिस्थितिको किस प्रकार ग्रहण करते हैं, उसके प्रति हमारा दृष्टिकोण क्या है, इसीमें हमारा सुख-दुःख समाया हुआ है। मान लें, एक व्यक्तिकी मृत्यु होती है। अब जिनका उसके प्रति राग या ममत्व होता है, मित्रभाव रहता है, वे तो हाहाकार कर उठते हैं। पर जिनकी उसके प्रति द्वेष-बुद्धि होती है, शत्रुभावना रहती है, वे हर्षित होते हैं। घटना एक है। एक ही व्यक्तिकी मृत्यु हुई है, किन्तु उस मृत्युके प्रति भाव भिन्न-भिन्न होनेके कारण किसीको शोक एवं किसीको हर्ष होता है। इस प्रकार हम चाहे जिस घटनाको भी लें, यह सर्वथा अखण्ड स्थिर नियम है कि यदि घटनाके प्रति हमारी प्रतिकूल भावना होगी तो हमें निश्चित रूपसे कम या अधिक मात्रामें दुःख होगा ही, तथा अनुकूल भावना रहनेपर भावनाके तारतम्यसे उसी मात्रामें सुखकी अनुभूति भी होगी ही। हममेंसे ऐसा कौन है जिसे सुखकी चाह नहीं है, जो दुःखसे बचना नहीं चाहता? सुख-दुःखकी सीमासे पार गये हुए सन्तोंकी बात छोड़ दें, अन्यथा उनके अतिरिक्त हममेंसे प्रत्येकके मनमें सुखकी वासना रहती ही है, साथ ही हमारा यह अनुभव है कि चाह न रहनेपर भी दुःखकी प्राप्ति हमें होती ही है। यह भी नितान्त सत्य है कि दुःखमें हमारे भाव निमित्त हैं, घटना नहीं। अतः यदि हम किसी प्रकार अपने भावोंकी शुद्धि कर सकें, प्रत्येक घटनाको ठीक-ठीक ग्रहण करना सीख जायें तो हमारे दुःखोंका अन्त हो जाय। आवश्यकता इस बातकी है कि घटना-परिस्थितिके बाह्यरूपसे
English translation
The Infallible Remedy for the Destruction of Sorrow Our happiness or sorrow does not depend on what the circumstances are. Happiness and sorrow are contained entirely in how we receive a situation and what our perspective towards it is. Suppose a person passes away. Now, those who harbor attachment or possessiveness towards him, or maintain a friendly attitude, cry out in lamentation. But those who harbor ill will or an attitude of enmity towards him rejoice. The event is one and the same. Only one person has died, yet because the attitudes towards that death are different, someone experiences grief while someone else experiences joy. Thus, whichever event we may take, this is an entirely unbroken and invariable law: if our attitude towards an event is adverse, we will certainly experience sorrow to a greater or lesser degree, and if our attitude is favorable, we will also certainly experience happiness in proportion to the intensity of that feeling. Who among us is there who does not desire happiness, who does not wish to escape sorrow? Setting aside the saints who have transcended the bounds of happiness and sorrow, in the heart of every single one of us besides them, the craving for happiness certainly persists; at the same time, it is our experience that even without desiring it, we inevitably attain sorrow. It is also an absolute truth that in sorrow, our own attitudes are the instrumental cause, not the event itself. Therefore, if somehow we can purify our attitudes and learn to receive every event properly, our sorrows would come to an end. What is needed is that, turning away from the external appearance of the event and circumstance,
Original
अपनी आँखें हटाकर उसके अन्तरालमें, वहीं छिपे हुए प्रभुके मङ्गलमय हाथको हम देखना आरम्भ कर दें, परिस्थितिके सूत्रधारकी ओर हमारी दृष्टि केन्द्रित हो जाय। जहाँ हम उनकी ओर देखने लगे कि घटनाकी वास्तविकता हमारे सामने क्रमशः व्यक्त होने लगेगी। जगत्में वस्तुतः कभी कुछ भी, तनिक-सा भी, किसीके भी प्रतिकूल होता ही नहीं, सदा सब कुछ सर्वथा सबके अनुकूल-ही-अनुकूल होता है — यह तथ्य हमारे सामने आने लगेगा और हम दुःखसे त्राण पा जायँगे। यह सत्य है कि प्रभुकी ओर दृष्टि फेर लेनेकी बातका कहना- सुनना तो सहज है, पर वास्तवमें विपत्तिके समय, सब ओरसे प्रतिकूल परिस्थितियोंसे घिर जानेपर प्रभुकी ओर देखने लग जाना, अमङ्गलके अन्तरालसे मङ्गलमयके हाथको ढूँढ़ निकालना उतना सहज नहीं है, किन्तु यदि हम अपने अन्दर प्रभुकी दी हुई शक्तियोंका सदुपयोग करते हुए इस प्रयत्नमें तत्परतासे लग जायँ तो थोड़े दिनोंमें ही दृढ़ अभ्यास होकर हमारी वृत्ति ऐसी बन सकती है कि प्रत्येक परिस्थितिको ही हम अनुकूल, प्रभुके द्वारा भेजी हुई, हमारे मङ्गलके लिये ही आयी हुई अनुभव करने लग जायँ। हम किसी भी वस्तुकी प्राप्तिका उद्देश्य लेकर क्यों न चलें, उसकी सफलताके लिये हमारे अन्दर तीन बातोंका रहना आवश्यक है। वस्तु है, वह लोगोंको मिलती है, मिली है, हमें भी मिल सकती है-यह दृढ़ विश्वास हमारे अन्दर हो, यह पहली बात है। वस्तुको पानेके लिये हमारे अन्दर पूर्ण प्रयत्न (लगन) हो, यह दूसरी बात। तथा तीसरी बात यह कि हमारे अन्दर मन-बुद्धि-इन्द्रियोंकी जितनी भी शक्तियाँ हैं, उनका प्रवाह जिस-जिस ओर है, उन सब ओरसे हटकर अपने लक्ष्यमें नियन्त्रित हो जायँ। इन्हींका नाम शास्त्रीय भाषामें श्रद्धा, तत्परता एवं संयम है। अतः यदि हमें भी प्रत्येक
English translation
we withdraw our eyes and begin to behold, within its depths, the auspicious hand of the Lord hidden right there; our gaze should become focused upon the Master Orchestrator of the situation. As soon as we begin to look towards Him, the reality of the event will gradually begin to reveal itself before us. In this world, in truth, nothing ever, even in the slightest, is adverse to anyone; everything is always and entirely favorable, purely favorable to all - this truth will begin to dawn before us, and we shall attain deliverance from sorrow. It is true that it is easy to speak of and listen to the idea of turning one's vision towards the Lord, but in reality, during times of calamity, when surrounded on all sides by unfavorable circumstances, to begin looking towards the Lord and to search out the hand of the All-Auspicious One from the depths of inauspiciousness is not that easy. Nevertheless, if we make good use of the powers bestowed by the Lord within us and apply ourselves diligently to this endeavor, in just a few days of steadfast practice our disposition can become such that we begin to perceive every single circumstance as favorable, sent by the Lord, and arrived solely for our highest good. No matter what objective of attainment we set out with, for its success, the presence of three things within us is essential. The thing exists, people attain it, have attained it, and we too can attain it - that we have this firm faith within us is the first thing. That we have complete effort (devoted zeal) within us to attain the object is the second thing. And the third thing is that all the powers of mind, intellect, and senses within us, wherever their currents flow, should be withdrawn from all those directions and controlled towards their goal. In scriptural language, these very qualities are termed faith (shraddha), diligent perseverance (tatparata), and self-control (sanyam). Therefore, if we too, in every
Original
परिस्थितिमें प्रभुकी मङ्गलमयता ढूँढ़ निकालनी हो तो हमारे अन्दर ये तीन बातें होनी चाहिये। वास्तवमें ही प्रभुका प्रत्येक विधान मङ्गलसे ही भरा होता है, प्रत्येक परिस्थितिकी ओटमें उनके मङ्गलमय हाथ छिपे हैं। लोगोंको ऐसी अनुभूति होती है, हो चुकी है, हमें भी ऐसा अनुभव हो सकता है, यह दृढ़ विश्वास हमारे अन्दर हो तथा इस विश्वासके अनन्तर इसे प्रत्यक्ष अनुभव कर लेनेके लिये हमारा प्रयत्न आरम्भ हो। प्रयत्नका रूप सर्वथा सबके लिये एक नहीं हो सकता। अधिकारी भेदसे उसके अनेक रूप बन सकते हैं। पर अधिकांशके लिये लाभकारी एक साधन यह है--हमारा जीवन कितना भी व्यस्त क्यों न हो, हमें चाहिये कि प्रतिदिन हम कुछ समय निकालकर यथासम्भव किसी एकान्त स्थानमें जा बैठें। सुखपूर्वक बैठकर अपने नेत्र बन्द कर लें। निद्रा आ जानेकी सम्भावना हो तो नेत्र खुले ही रखें। तदनन्तर मनकी वृत्तियोंको सब ओरसे बटोरकर शान्तिसे मन-ही-मन इन भावोंकी आवृत्ति आरम्भ करें--“हमारे चारों ओर इस निर्मल आकाशके अणु-अणुमें प्रभु ओत- प्रोत हैं, वायुके प्रत्येक स्पन्दनमें प्रभु भरे हैं, सूर्य-चन्द्रकी किरणोंमें, अग्निमें प्रभुकी ही ज्योति भरी है, जल प्रभुके ही रससे परिपूर्ण है, पृथ्वीके कण-कणमें प्रभु विराजित हैं, चर-अचर समस्त प्राणियोंमें प्रभुका निवास है, सबकी सत्ता प्रभुकी सत्तापर ही निर्भर है, हमारी इन्द्रियोंमें समस्त शक्तियाँ सर्वशक्तिमान् प्रभुकी ओरसे आ रही हैं। नेत्र प्रभुकी शक्तिसे देख पाते हैं। कान प्रभुकी शक्तिसे श्रवण करते हैं। त्वचा प्रभुकी शक्तिसे स्पर्शका अनुभव करती है। नासा प्रभुकी शक्तिसे गन्ध ग्रहण करती है। रसना प्रभुकी शक्तिसे रस लेती है। हाथोंमें काम करनेकी शक्ति प्रभुकी ओरसे आ रही है। पैरोंमें चलनेकी शक्ति प्रभु
English translation
circumstance, are to discover the auspiciousness of the Lord, then these three things must be present within us. In truth, every dispensation of the Lord is filled solely with auspicious benevolence; behind the veil of every circumstance, His auspicious hands are hidden. People have such an realization, have already had it, and we too can have such an experience - let this firm faith reside within us, and following this faith, let our endeavor begin to directly realize it. The form of this endeavor cannot be entirely identical for everyone. Depending on the differences in spiritual aptitude (adhikara-bheda), it can take many forms. However, one spiritual practice beneficial for the majority is this:--No matter how busy our life may be, we ought to take out some time each day and, as far as possible, go and sit in a solitary place. Sitting comfortably, close your eyes. If there is a possibility of falling asleep, keep the eyes open. Thereafter, gathering the modifications of the mind from all directions, quietly begin repeating these sentiments within the mind:--"All around us, in every single atom of this pure sky, the Lord is all-pervading; in every vibration of the air, the Lord is filled; in the rays of the sun and the moon, in the fire, it is the Lord's own divine light that is filled; water is brimful with the Lord's own essence; in every particle of the earth, the Lord is seated; in all living beings, moving and unmoving, the Lord abides; the existence of everything depends solely upon the existence of the Lord; all the powers in our senses are flowing from the Almighty Lord. The eyes are able to see by the power of the Lord. The ears hear by the power of the Lord. The skin experiences touch by the power of the Lord. The nose perceives scent by the power of the Lord. The tongue tastes by the power of the Lord. The power to work in the hands is coming from the Lord. The power to walk in the feet the Lord
Original
देते हैं। हमारा मन प्रभुकी शक्तिसे मनन करता है। हमारी बुद्धि प्रभुकी शक्तिसे निश्चय करती है। समस्त जगत्में जहाँ, जिसमें जो कुछ भी हलन-चलन क्रिया है, सब प्रभुकी सत्ता एवं शक्तिसे ही हो रही है। प्रभु अनन्त मङ्गलमय हैं, उनमें सर्वथा सदा मङ्गल-ही-मङ्गल भरा है। प्रभु एवं प्रभुका विधान दो वस्तु नहीं हैं। जो प्रभु हैं, वही प्रभुका विधान है। विधाता और विधान, लीलामय और लीला एक ही हैं। अतः मङ्गलमय प्रभुका प्रत्येक विधान अनन्त-असीम मङ्गलसे भरा है। जगत्में जो कुछ हुआ है, हो रहा है, होगा-सबमें मङ्गल भरा है। अबतक मेरे लिये जिसने जो भी, जैसी भी चेष्टा की है, कर रहा है, करेगा-सबमें मेरे प्रभु भरे हैं, उनकी मङ्गलमयता भरी है।” इस प्रकारके भावोंकी कुछ देर पुनः-पुनः रस ले-लेकर आवृत्ति करते रहें। इस भावनाका परिणाम यह होगा कि ये विचार हमारे चारों ओर फैल जायेंगे तथा अन्य समयमें भी, जब कि हम दूसरे-दूसरे कार्योंमें व्यस्त रहेंगे, ये रह-रहकर हमारे मनमें स्फुरित होते रहेंगे। जैसे-जैसे एकान्तका अभ्यास दृढ़ होगा, वैसे-वैसे व्यवहारके समय ऐसी स्फुरणाएँ अधिकाधिक होने लगेंगी। आज जो हमारा वातावरण प्रभुसे शून्य है, वह प्रभुसे भरने लगेगा। क्षण-क्षणमें क्षुद्र घटनामें अमङ्गलकी भावना होकर हमें जो प्रतिकूलताकी प्रतीति होती है, वह मिटने लगेगी। पद-पदपर जो हमारा अहङ्कार जाग उठता है, वह भी शिथिल पड़ने लगेगा। शत्रु-मित्र, दुष्ट-साधु, ऊँच-नीच, सर्वत्र सबमें समानरूपसे एकमात्र प्रभुकी सत्ता स्फुरित होने लगेगी। अन्तमें प्रभुके अतिरिक्त अन्य कोई भी सत्ता नहीं बच रहेगी। बस, उसी समय हमारी प्रतिकूलताका भी अन्त हो जायगा, हमारा दुःख भी सदाके लिये जाता रहेगा।
English translation
bestows. Our mind contemplates through the power of the Lord. Our intellect resolves through the power of the Lord. In the entire universe, wherever and in whatever any movement or activity exists, it is all occurring solely through the existence and power of the Lord. The Lord is infinitely auspicious; in Him, at all times and in every way, only pure auspiciousness is filled. The Lord and the Lord's dispensation are not two different entities. That which is the Lord is Himself the dispensation of the Lord. The Creator and the decree, the Divine Player and the divine play are one and the same. Therefore, every dispensation of the All-Auspicious Lord is filled with infinite, boundless good. Whatever has happened in the world, is happening, or will happen - all is filled with auspicious good. Whatever effort anyone has made, is making, or will make towards me until now - in all of it my Lord is filled, His auspiciousness is filled." Continue repeating sentiments of this nature for some time, savoring them again and again. The outcome of this contemplation will be that these thoughts will diffuse all around us, and even at other times, when we are busy with various other activities, they will continually flash within our mind from time to time. As the practice of solitude becomes firm, such spontaneous inspirations will begin to arise more and more during our daily interactions. Our atmosphere, which today seems devoid of the Lord, will begin to be filled with the Lord. The feeling of adversity that we experience at every moment by suspecting misfortune in minor incidents will begin to vanish. Our ego, which flares up at every step, will also begin to subside. In enemy and friend, wicked and saintly, high and low, everywhere and in everyone equally, the sole existence of the Lord will begin to radiate. In the end, no existence other than the Lord will remain. Right then, our sense of adversity too will come to an end, and our sorrow will also depart forever.
Original
किन्तु यह स्थिति प्राप्त होगी पूरी लगनसे इस अभ्यासमें जुट पड़नेपर ही। आज किया, कल नहीं, दो दिन भावना की, चार दिन नहीं —ऐसे अभ्याससे सफलताकी आशा नहीं है। प्रतिदिन नियमपूर्वक, कोई भी व्यतिक्रम न करके ऐसी भावनाके अभ्यासमें जब हम लगेंगे, तभी हमारे उद्देश्यकी सिद्धि होगी, अन्यथा प्रतिकूल परिस्थिति सामने आते ही ठीक अवसरपर ही हमें इस भावनाकी विस्मृति हो जायेगी तथा स्वभाववश पूर्वकी भाँति ही प्रतिकूलताका अनुभव करके हम दुःखी होते रहेंगे। इस अभ्यासका क्रम निभता रहे, इसके लिये अपने अन्दर प्रभुकी दी हुई शक्तियोंका सदा सदुपयोग हो, दुरुपयोग कदापि न हो जाय, इसके लिये भी सावधानी रखना आवश्यक है। जबतक हममें अहङ्कार है, तबतक हम सदा सजग रहें—व्यवहारके समय हमारे नेत्र सदा उचित, आवश्यक, पवित्र, निर्मल दृश्यको ही अपने अन्दर भरें; कदापि अनुचित, अनावश्यक, अशुद्ध, मलिनको स्थान न दें। श्रवणेन्द्रिय सदा पवित्र शब्द ही ग्रहण करे, कदापि अश्लील, अनावश्यक शब्दोंकी ओर न झुके। घ्राण, त्वक्, रसना, कर्मेन्द्रियाँ, मन, बुद्धि—सभी शुभमें प्रवृत्त हों; भूलकर भी घ्राण शौकीनीके लिये किसी गन्दी गन्धसे न जुड़ जायँ; ऐश-आरामकी भावना लेकर त्वक् कदापि अनुचित-अवैध स्पर्शमें न संलग्न हो जाय, स्वादकी आसक्ति-वश रसना अखाद्यमें तो प्रवृत्त हो ही नहीं, खाद्यमें भी चटोरी न बन जाय। कर्मेन्द्रियाँ अनावश्यक क्रियाशील कदापि न हों; हमारा मन अनर्थक संकल्प- विकल्पोंमें न लगे। बुद्धि क्षणभरके लिये भी व्यर्थ बातोंका निर्णय देनेमें, निश्चय करनेमें न फँस जाय। इस प्रकार हमारे अन्दर प्रभुकी दी हुई सम्पूर्ण शक्तियोंको हम नियन्त्रित करके अपने निश्चित उद्देश्यकी
English translation
However, this state will be attained only by throwing oneself into this practice with wholehearted dedication. Doing it today and not tomorrow, cultivating the devotional feeling for two days and neglecting it for four-from such practice there is no hope of success. When we engage in the practice of such contemplation daily, methodically, without any deviation, only then will our purpose be fulfilled; otherwise, as soon as an adverse circumstance arises, at the exact crucial moment, we will forget this contemplation, and by force of habit, experiencing adversity just as before, we will continue to suffer. In order that this sequence of practice may be maintained, it is necessary to exercise vigilance so that the faculties bestowed within us by the Lord are always used properly and never misused. As long as egoism remains in us, we must remain ever vigilant: during daily conduct, our eyes should always take in only appropriate, necessary, sacred, and pure sights; they must never give entrance to what is inappropriate, unnecessary, impure, or defiled. The organ of hearing must always receive only sacred words and never incline toward vulgar, unnecessary words. The sense of smell, the skin, the tongue, the organs of action, the mind, and the intellect-all should be engaged in what is auspicious; even by mistake, the sense of smell should not attach itself to any foul odor for the sake of indulgence; driven by thoughts of luxury and comfort, the sense of touch should never engage in inappropriate or unlawful contact; bound by attachment to taste, the tongue should not only never indulge in inedible things, but should not become greedy even for proper food. The organs of action must never be unnecessarily active; our mind should not engage in futile doubts and waverings. The intellect should not get entangled, even for a moment, in passing judgments or making determinations regarding useless matters. In this manner, controlling all the faculties bestowed upon us by the Lord, we should direct them toward the attainment of our determined goal.
Original
सिद्धिमें लगा दें। इनका सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं। फिर प्रत्येक घटनाको ठीक-ठीक ग्रहण करनेकी—प्रभुसे जुड़ी हुई देखनेकी योग्यता हमारे अन्दर उत्तरोत्तर बढ़ती जायगी। क्षोभ-दुःखके प्रसङ्ग उपस्थित होनेपर भी क्रमशः दुःखका भाव कम होता जायगा।हम कह सकते हैं कि ठीक है, बाहरकी घटनाओंमें तो हमारा प्रतिकूल भाव ही हमारे दुःखमें हेतु है; उसके प्रति भावना परिवर्तन करनेसे हमारा दुःख मिट सकता है; किन्तु मान लें, हमारे शरीरमें कहीं भयंकर फोड़ा हो गया, उसकी पीड़ासे हम व्याकुल हो रहे हैं, हमें दुःख हो रहा है। ऐसे अवसरपर तो हमें प्रतिकूलताकी अनुभूति होगी ही, दुःख होगा ही। यह दुःख तो घटनाजन्य ही है, इसमें हमारा भाव कैसे हेतु हुआ? तो इसका उत्तर यह है कि यहाँ भी हमारे दृष्टिकोणका ही अन्तर है। साथ ही यह भी समझ रखनेकी बात है कि पीड़ाका अनुभव होना और बात है तथा दुःख होना दूसरी बात है। यदि हमारा दृष्टिकोण बदल जाय, इस घटनाको भी हम ठीक-ठीक ग्रहण करना सीख जायें तो पीड़ाकी अनुभूति तो होगी, पर दुःख हमें सर्वथा नहीं होगा। यदि किसी प्रकार फोड़ेके प्रति हमारी यह भावना हो जाय कि यह तो प्रभुका प्रसाद है, दयामयके विधानसे आया है, और आया है मेरे दुष्कर्मोंका भार हलका करनेके लिये, नहीं-नहीं, स्वयं ही प्रभु इस रूपमें मुझे स्पर्श कर रहे हैं—ऐसा हमारा दृष्टिकोण हो जाय तो फिर सच मानें, पीड़ाकी अनुभूतिके साथ-ही-साथ एक परम सात्त्विक सुखकी अनुभूति होगी; दुःख तो रत्तीमात्र भी नहीं होगा। ऐसी भावना हो जाना अथवा इस भावनाकी बातको अच्छी तरह समझ लेनामात्र भी कठिन अवश्य है। पर कठिनाई भी इसीलिये है कि हमने कभी भी सच्चे मनसे प्रभुकी सत्ताको स्वीकार नहीं किया। जिन्होंने स्वीकार किया है, उनके लिये यह
English translation
We should direct them toward the attainment of our goal, making proper use of them and not misusing them. Then, our capacity to receive every event correctly-to see it as connected with the Lord-will steadily increase within us. Even when occasions of agitation and distress arise, the feeling of grief will gradually diminish. We might say that this is fine, and that in external events, it is indeed our adverse attitude that causes our suffering; by changing our feelings toward it, our suffering can be removed. But suppose a terrible boil develops somewhere on our body, and we are agonizing from its pain and experiencing suffering. On such an occasion, we are bound to feel adversity, bound to feel grief. This grief is generated directly by the event; how, then, was our inner attitude the cause? The answer to this is that here, too, the difference lies solely in our perspective. Furthermore, it must also be understood that experiencing physical pain is one thing, and experiencing mental suffering is quite another. If our perspective changes, and we learn to receive even this event properly, then pain will indeed be experienced, but suffering will not arise at all. If, somehow, our contemplation toward the boil becomes that this is indeed the grace of the Lord, that it has come by the dispensation of the Merciful One, and that it has come to lighten the burden of my misdeeds-nay, that the Lord Himself is touching me in this form-if such becomes our perspective, then truly, along with the experience of pain, there will be an experience of supreme, pure spiritual joy; there will not be even the slightest trace of suffering. To cultivate such a devotional feeling, or even merely to comprehend this concept fully, is indeed difficult. Yet the difficulty exists solely because we have never accepted the sovereign reality of the Lord with a true heart. For those who have accepted it, this is
Original
ध्रुव सत्य सिद्धान्त है। उन्हें इसके आचरणमें ऐसी भावना करनेमें परिश्रम भी नहीं करना पड़ता। प्रभुके अस्तित्वकी स्वीकृति उन्हें स्वतः ऐसे भावना-राज्यमें पहुँचा देती है। बृहदारण्यक श्रुति है— एतद् वै परमं तपो यद् व्याहितस्तप्यते परम्ँ हैव लोकं जयति य एवं वेद। ‘कोई ज्वरादि व्याधियोंसे अत्यन्त पीड़ित है, शरीर ज्वरके तापसे जल रहा है। उसे ऐसी भावना करनी चाहिये कि यही मेरे लिये परम तप है, मैं तप कर रहा हूँ। जो ऐसा मानता है, वह इस भावनाके फलस्वरूप परम लोकको जीत लेता है।' ऐसे ही यदि हम फोड़ेमें अथवा शरीरकी अन्य व्याधियोंमें शरीर- सम्बन्धी प्रत्येक प्रतिकूल घटनामें प्रभुके प्रसादकी, स्वयं प्रभुकी भावना करके उस घटनाके प्रति अपना दृष्टिकोण बदल लें तो पीड़ाकी अनुभूति होनेपर भी हमारा दुःख तो निश्चय ही जाता रहे। लोकमें भी हम प्रत्यक्ष देखते हैं कि एक व्यक्ति आत्मशुद्धिके लिये किसी दिन व्रत रखकर उपवास करता है, वही किसी दिन संयोग- क्रमसे भोजनकी व्यवस्था न होनेके कारण भूखा रह जाता है। दोनों ही दिन भूखकी पीड़ा तो उसे समानभावसे होती है, किन्तु व्रतवाले दिन वह पीड़ाको सुखपूर्वक सहन करता है, साथ ही व्रतका पालन हो रहा है, इस सुखका अनुभव करते हुए उस दिन होनेवाले उत्सवमें वह उल्लासपूर्वक सम्मिलित भी होता है। भूखकी पीड़ा होते हुए भी उसके अन्तरमें दुःखकी छाया भी नहीं है। पर वही व्यक्ति दूसरे दिन भोजन न मिलनेके कारण दुःखी है, चिन्तित हो रहा है कि क्या करें, भोजनकी व्यवस्था अभीतक नहीं हो सकी है, सन्ध्या होने जा रही है। उस दिन अन्य कार्योंमें भी उसका मन नहीं लगता। भूखकी पीड़ासे मन-ही-मन
English translation
an absolute, eternal truth. They do not even have to labor in practicing it or in cultivating such contemplation. The acceptance of the Lord's existence naturally carries them into such a realm of spiritual feeling. The Brihadaranyaka Upanishad declares: [Sanskrit] "This indeed is the supreme austerity that one who is afflicted by illness suffers; he who knows this wins the supreme world." 'If someone is acutely afflicted with ailments such as fever, and the body is burning with the heat of the fever, he should contemplate: "This itself is the supreme austerity for me; I am performing austerity." He who regards it thus, as a result of this contemplation, conquers the supreme realm.' In the very same way, if in the case of a boil or other bodily ailments-in every adverse occurrence relating to the body-we change our perspective toward that event by seeing it as the grace of the Lord, as the Lord Himself, then even though pain is felt, our suffering will certainly vanish. In worldly life as well, we clearly observe that a person fasts on a certain day by observing a vow for self-purification, whereas on another day, by mere circumstance, he remains hungry because no food could be arranged. On both days, the pain of hunger is experienced by him in equal measure; yet on the day of the vow, he endures that pain cheerfully, and feeling the joy that the vow is being observed, he even participates joyfully in the festival taking place that day. Despite the pain of hunger, there is not even a shadow of distress in his heart. But that same person on the other day is unhappy because of not getting food, worrying: "What to do? No arrangement for food has been made yet, and evening is setting in." On that day, he cannot apply his mind to other activities either. Agonized in his heart by the pain of hunger,
Original
व्यथित होकर वह सारा उत्साह खो बैठता है। ऐसा क्यों? भूखका अनुभव तो दोनों दिन समानभावसे ही होता है; ऐसा इसीलिये कि पहले दिन वह भूख, भूखकी पीड़ा उसके लिये अनुकूल है और दूसरे दिन प्रतिकूल। दृष्टिकोणमें भेद होनेसे ही एक ही प्रकारकी घटना एक दिन सुख और दूसरे दिन दुःखका कारण बन जाती है। कदाचित् वह दृष्टिकोण बदल सके, ऐसा सोच ले कि 'मङ्गलमय प्रभुके विधानसे ही आज मुझे भोजन नहीं मिला, इसमें निश्चय ही मेरा कोई अत्यन्त मङ्गल छिपा है,' तो वह तत्क्षण सुखी हो जाय। अबतकके विवेचनका सारांश यह है कि घटनामें दुःख नहीं है। घटनाके प्रति प्रतिकूल भावना ही हमारे दुःखका सृजन करती है। अतः यदि हम अपना दुःख मिटाना चाहते हों तो घटनाकी ओर न देखकर उसमें ओतप्रोत प्रभुकी ओर दृष्टि स्थिर करें। उनकी ओर दृष्टि लगी कि बस, वे-ही-वे दीखने लगेंगे, सर्वत्र उनके ही मङ्गलमय कर-कमल काम करते दीखेंगे। फिर हमारी प्रतिकूलता मिट जायगी और हमारा दुःख भी सदाके लिये समाप्त हो जायगा। दुःखनाशका यही अमोघ उपाय है। =★=
English translation
he loses all enthusiasm. Why is this so? The experience of hunger is felt equally on both days; it is solely because on the first day that hunger and the pain of hunger are agreeable to him, and on the second day, disagreeable. It is only due to the difference in perspective that the very same kind of event becomes a cause of happiness on one day and a cause of sorrow on another. If he could perhaps change his perspective and think, "It is solely by the dispensation of the All-Auspicious Lord that I did not receive food today; surely some supreme good for me lies hidden in this," he would become happy that very instant. The essence of the discussion so far is that suffering does not reside in the event itself. It is the adverse attitude toward the event that creates our suffering. Therefore, if we wish to eradicate our suffering, we should not look at the event, but fix our gaze upon the Lord who permeates it. Once our gaze is fixed upon Him, He alone will become visible everywhere, and His all-auspicious lotus-hands will be seen working throughout all things. Then our sense of adversity will dissolve, and our suffering too will end forever. This is the unfailing means for the destruction of sorrow. =★=