Original
Sanskrit invocation
॥ विजयेतां श्रीप्रियाप्रियतमौ ॥
English translation
May Śrī Priyā and Her Beloved be ever victorious.
Original
निकुञ्जमें सुन्दर-सुन्दर फूलोंकी क्यारियाँ लगी हुई हैं। श्रीकृष्ण एवं श्रीराधा दोनों हाथोंमें फूल तोड़कर डलियामें रखते जा रहे हैं। वे उजले-उजले बड़े-बड़े बेलेके फूलोंको तोड़ते हैं तथा डलियामें सजा-सजाकर रख देते हैं। भौंरोंका समूह गुन-गुन करता हुआ इस फूलसे उस फूलपर उड़ रहा है। श्रीकृष्णके कपोलपर एक भौंरा बैठना चाहता है। श्रीकृष्ण उसे उड़ाना चाहते हैं, श्रीप्रिया मन्द-मन्द मुस्कुराती हुई सहायता करती हैं, दोनों हँसते हैं।
English translation
Beautiful flower beds fill the bower. Śrī Kṛṣṇa and Śrī Rādhā pluck blossoms with both hands and place them in a basket, arranging the large white jasmine flowers with care. A swarm of bees hums from blossom to blossom. One bee tries to settle upon Śrī Kṛṣṇa's cheek. As He attempts to drive it away, Śrī Priyā smilingly helps Him, and They both laugh.
Original
इसी समय श्यामसुन्दरका प्यारा सखा मधुमंगल वहाँ आ जाता है। मधुमंगल बार-बार मुँह फुलाकर फुन-फुन करता हुआ सखियोंके बीचमें आकर खड़ा हो जाता है। ललिता धीरेसे पीछेसे आकर उसका कन्धा हिलाकर पूछती हैं, “क्यों बाबाजी! आज पेट भरा है कि खाली है?”
मधुमंगल, “डाइन कहींकी! कल तूने मुझे लीची खिला दी थीं। अभीतक मेरा पेट दुख रहा है!”
English translation
Just then Śyāmasundara's dear friend Madhumaṅgala arrives. Puffing out his cheeks and snorting repeatedly, he comes to stand among the sakhīs. Lalitā quietly approaches from behind, shakes his shoulder, and asks, "Well, holy sir, is your belly full today or empty?"
"You witch! Yesterday you fed me lychees, and my stomach still hurts!"
Original
श्रीकृष्ण एवं राधा खिलखिलाकर हँस पड़ते हैं। श्रीकृष्णकी ओर देखकर मधुमंगल कहता है, “अरे! तुम्हें तो हँसी आती है और मैं रातभर सो नहीं सका।”
श्रीकृष्ण, “मैया! मैं तो इसलिये हँस दिया कि तू सीधे यह क्यों नहीं कह देता कि हे ललिते, मुझ पपीता ला दे। बेचारीको झूठमूठ ‘डाइन’ कह दिया।”
मधुमंगल, “नहीं जी! मैं इसके हाथकी अब कोई भी वस्तु नहीं खा सकता।”
English translation
Śrī Kṛṣṇa and Rādhā burst into laughter. Madhumaṅgala looks at Kṛṣṇa. "You find it funny, but I could not sleep all night."
"My dear fellow, I laughed only because you could simply have said, ‘Lalitā, bring me a papaya.’ Instead you falsely called the poor girl a witch."
"No, indeed! I can no longer eat anything from her hand."
Original
इसी समय विशाखा आती हैं तथा कहती हैं, “मैया मधुमंगल! तू मेरा एक काम कर दे तो फिर मैं तुम्हें पेटभर आम खिलाऊँगी। मेरे निकुञ्जमें इतने बढ़िया-बढ़िया आम पके हैं कि तेरे मुँहमें देखते ही पानी आ जायेगा।”
श्रीकृष्ण, “अरे मैया! धोखेमें मत आना। यह विशाखा बड़ी चतुर है। पहले काम करा लेगी, फिर आम नहीं देगी।”
मधुमंगल, “हूँ, मैं तेरी तरह भोला थोड़े ही हूँ! आम पहले खाऊँगा, तब फिर कामकी बात!”
विशाखा, “नहीं, नहीं, पहले आम दूँगी। तू खा ले, फिर काम करना।”
English translation
Viśākhā arrives. "Dear Madhumaṅgala, do one task for me and I shall feed you mangoes until you are full. Such excellent mangoes have ripened in my bower that your mouth will water at the mere sight of them."
Śrī Kṛṣṇa warns him, "My friend, do not be deceived. Viśākhā is very clever. She will first have the work done, then withhold the mangoes."
"Huh! I am not as innocent as you. I shall eat the mangoes first, and only then discuss the task."
"No, no. I shall give you the mangoes first. Eat them, and then do the work."
Original
श्रीकृष्ण, “मधुमंगल! देख, यह तुझे वास्तवमें यहाँसे हटाना चाहती है। तू लोभमें कहीं आ गया तो फिर मैं अकेला रह जाऊँगा और ये सब मुझे तंग करेंगी।”
मधुमंगल, “विशाखे! देख, मैं-तू एक ही गुरुके चेले हैं। तू मेरे कान्हूँसे मुझे यदि हटाना चाहेगी तो सावधान रहना। पाँच दिनतक लगातार तुम्हें ऐसा पाठ पढ़ाऊँगा कि जीवनभर याद रखेगी।”
English translation
Śrī Kṛṣṇa says, "Madhumaṅgala, she actually wants to lure you away from here. If greed overcomes you, I shall be left alone and all of them will torment Me."
"Viśākhā, remember that Kanhū and I are disciples of the same guru. If you try to separate me from him, beware. For five days without pause I shall teach you such a lesson that you will remember it all your life."
Original
पासमें पड़े हुए कुछ जामुन मधुमंगलके हाथमें रखकर श्रीराधा कहती हैं, “पहले तू इन्हें खा ले! फिर सचमुच एक काम तुमसे कराना है। तू कर देगा तो मैं तुम्हारे पिताके लिये दो सुन्दर हीरे दूँगी।”
मधुमंगलसे श्रीकृष्ण आँखोंसे कुछ संकेत करके कहते हैं। मधुमंगल भी आँखोंसे ही उत्तर देता है। ललिता इसी बीच एक हलकी-सी चपत मधुमंगलको लगा देती हैं तथा कहती हैं, “खरी बात करनेसे बच्चू! छूटोगे नहीं। या तो सीधे मनसे हमलोग जो कहें, वह कर दो, नहीं तो मैं इस कुञ्जसे अभी-अभी बाहर निकाल दूँगी।”
English translation
Placing a few nearby jambul fruits in Madhumaṅgala's hand, Śrī Rādhā says, "First eat these. We truly do have a task for you. If you perform it, I shall give two beautiful diamonds for your father."
Śrī Kṛṣṇa signals something to Madhumaṅgala with His eyes, and Madhumaṅgala replies in the same way. Meanwhile Lalitā gives Madhumaṅgala a light slap. "Speaking plainly will not get you off, young man. Either do whatever we ask with a willing heart, or I shall throw you out of this bower this very moment."
Original
चपत लगनेपर मधुमंगल दोनों हाथोंसे अपना गाल पकड़ लेता है तथा विचित्र स्वरमें कहता है, “बाप रे! ललिता तो सड़ाकाड़ी दुर्गा हो गयी है। अरे! मेरी बलि लेगी क्या? नहीं, नहीं, ऐसा मत करना। मैं अपने बापका एक ही बेटा हूँ।”
English translation
At the slap Madhumaṅgala clutches his cheek with both hands and cries in a strange voice, "Good heavens! Lalitā has become the fierce goddess Durgā. Are you going to sacrifice me? No, no, do not do that. I am my father's only son."
Original
सभी मधुमंगलकी बात सुनकर हँसने लगते हैं तथा विशाखा ललितापर कुछ गरम होकर कहती हैं, “ललिते! सचमुच तू व्यर्थमें मधुमंगलको तंग कर रही है। देख! यह बेचारा कितना भला है! उस दिन यह नहीं होता तो तू ही बता, हमलोगोंको श्रीकृष्णसे हारकर न-जाने इनकी क्या-क्या चाटुकारिता करनी पड़ती।”
विशाखा यह कहकर मधुमंगलका मुँह अपने रूमालसे पोंछती हैं। मधुमंगल श्रीकृष्णकी ओर देखकर संकेतसे कुछ कहना चाहता है, पर ललिता इस प्रकार बीचमें आकर खड़ी हो जाती हैं कि श्रीकृष्ण आड़में पड़ जाते हैं।
English translation
Everyone laughs. Growing somewhat heated with Lalitā, Viśākhā says, "Lalitā, you truly are tormenting Madhumaṅgala for no reason. See how good the poor fellow is. Had he not been there that day, tell me how much flattery we might have had to lavish upon Śrī Kṛṣṇa after losing to Him."
Viśākhā wipes Madhumaṅgala's face with her handkerchief. Madhumaṅgala tries to signal something to Śrī Kṛṣṇa, but Lalitā steps between them so that Kṛṣṇa is hidden from view.
Original
मधुमंगल, “अजी देवीजी! आपने चपत भी लगा दी और अब फिर नयी छेड़खानी कर रही हैं तो फिर देवी-देवाका युद्ध होगा, भला! आप मेरी बात समझ रही हैं न!”
ललिता मुस्कुराती हैं। मधुमंगल चाहता है कि किसी प्रकार यह सामनेसे हट जावे तो श्रीकृष्णको अपने मनकी बात संकेतसे ही समझा दूँ; पर मधुमंगल जिधर मुँह फेरता है, ललिता जान-बूझकर उसी ओर बढ़ जाती हैं और श्रीकृष्ण उसकी आड़में हो जाते हैं।
English translation
Madhumaṅgala says, "O goddess! You have already slapped me, and now you are teasing me afresh. There will be a war between goddess and god, you know. You understand what I mean, do you not?"
Lalitā smiles. Madhumaṅgala wants her to move aside so that he can convey his thoughts to Śrī Kṛṣṇa by signs, but whichever way he turns his face, Lalitā deliberately shifts the same way and blocks his view of Kṛṣṇa.
Original
मधुमंगल नयी चतुराई करता है। वह अपना कुरता फाड़ लेता है तथा कहता है, “बाप रे! ललिता हमें फाड़कर खा जायेगी! कान्हूँ! देखो, सँभालो!”
श्रीकृष्ण हँसते हुए ललिताके पीछे आकर खड़े हो जाते हैं तथा ललिताके कन्धेपर हाथ रखकर कुछ ऐसी मुख-मुद्रा बनाते हैं मानो मधुमंगलसे कह रहे हों कि अभी थोड़ी देर चुप रह, हल्ला मत कर, नहीं तो खेल बिगड़ जायेगा।
English translation
Madhumaṅgala devises a new trick. Tearing his own kurta, he cries, "Good heavens! Lalitā is going to tear us apart and devour us! Kanhū, look, save me!"
Laughing, Śrī Kṛṣṇa comes to stand behind Lalitā and places His hand upon her shoulder. His expression seems to tell Madhumaṅgala, "Be quiet for a little while. Do not make a commotion, or the game will be spoiled."
Original
मधुमंगल संकेतको समझ जाता है तथा ललिताके आगे हाथ जोड़कर गालोंको फुलाकर एक श्लोक पढ़ता है। श्लोकका भाव यह है कि हे देवि! आप चण्डी हो, मेरी बलि मत लेना, नहीं तो मेरे बाप मेरे लिये बहुत रोयेंगे और चिढ़कर फिर तुम्हारी पूजा बन्द कर देंगे। मधुमंगल इस श्लोकके द्वारा श्रीकृष्णको अपने मनकी बात संकेतमें समझा देता है तथा श्रीकृष्ण भी समझकर हँसने लगते हैं।
English translation
Madhumaṅgala understands the sign. With joined palms and puffed cheeks he recites a verse before Lalitā. Its meaning is: "O goddess, You are Caṇḍī. Do not take me as Your sacrifice, or my father will weep bitterly for me and, becoming angry, will cease to worship You." Through this verse Madhumaṅgala also conveys his hidden thought to Śrī Kṛṣṇa, who understands and begins to laugh.
Original
इतनेमें ही विशाखाकी एक मञ्जरी परातमें बहुत बड़े-बड़े अत्यन्त मधुर आम भरकर लाती है। मधुमंगलकी दृष्टि आमोंपर चली जाती है। वह कोख बजा-बजाकर नाचता एवं कहता है, “अरे! क्या ही मीठे आम हैं! विशाखे! यदि तुमने ऐसे मीठे आम मुझे आज खिलाये तो सच मान कि मैं तुम्हें हृदयसे आशीर्वाद दूँगा।”
English translation
Just then one of Viśākhā's mañjarīs brings a large basin filled with enormous, exceedingly sweet mangoes. Madhumaṅgala's eyes fall upon them. Slapping his sides, he dances and cries, "Ah, what sweet mangoes! Viśākhā, if you feed me mangoes this sweet today, believe me, I shall bless you from my heart."
Original
“देख! मैं ब्राह्मणका लड़का हूँ, मेरा आशीर्वाद कभी झूठा नहीं होता। मेरे आशीर्वादसे तेरे मुँहमें निरन्तर आमकी सुगन्धि आने लगेगी। फिर आम खानेपर तेरा जी नहीं चलेगा।”
मधुमंगलके बोलनेके ढंगसे तथा बीच-बीचमें मुँह बनानेके कारण सभी हँस पड़ते हैं। राधारानी भी इस बार खुलकर हँसने लगती हैं तथा अत्यन्त मधुर स्वरमें कहती हैं, “आ! मैं तुझे आम खिलाती हूँ।”
English translation
"Remember, I am a brāhmaṇa's son, and my blessing is never false. By my blessing your mouth will always carry the fragrance of mangoes. Then you will no longer crave to eat them."
His manner of speaking and the faces he makes between sentences cause everyone to laugh. This time Rādhārānī laughs openly and says in an exceedingly sweet voice, "Come, I shall feed you mangoes."
Original
वे मधुमंगलके पास आकर खड़ी हो जाती हैं। हाथ पकड़कर श्रीकृष्णको झकझोरता हुआ मधुमंगल बैठ जाता है। श्रीकृष्ण भी उसके साथ ही बैठ जाते हैं। चित्रा एक सुन्दर छुरी लाती हैं तथा आमोंको शीतल जलसे धोकर एवं छीलकर उनकी फाँक (टुकड़े) सोनेकी तश्तरीमें रखती जाती हैं। दो तश्तरियाँ भर जानेपर मधुमंगल कहता है, “तुमलोगोंका परोसना तो शायद कलियुगके बीत जानेके बाद समाप्त होगा।”
English translation
She comes and stands beside Madhumaṅgala. Taking Śrī Kṛṣṇa by the hand and shaking Him, Madhumaṅgala sits down, and Kṛṣṇa sits with him. Citrā brings a beautiful knife, washes the mangoes in cool water, peels them, and places their slices upon golden plates. When two plates have been filled, Madhumaṅgala says, "Perhaps you will finish serving only after the age of Kali has passed away."
Original
फिर मधुमंगल श्रीकृष्णसे कहता है, “कान्हूँ! ऐसा लगता है कि आम सचमुच बहुत मीठे हैं!”
श्रीराधा मन्द-मन्द मुस्कुराती हुई और मधुर चालसे चलती हुई दोनों तश्तरियोंको लाकर पहले मधुमंगलके सामने एवं फिर श्रीकृष्णके सामने एक-एक तश्तरी रख देती हैं। घनी दूबके कारण वहाँकी भूमि इतनी कोमल एवं हरी-हरी हो रही है मानो हरे मखमलका गद्दा बिछा हुआ हो। उसी दूबपर श्यामसुन्दर एवं मधुमंगल बैठे हुए आमका भोग लगाते हैं।
English translation
Madhumaṅgala tells Śrī Kṛṣṇa, "Kanhū, it seems that these mangoes truly are very sweet!"
Smiling softly and walking with a graceful gait, Śrī Rādhā brings the two plates and sets one first before Madhumaṅgala, then the other before Śrī Kṛṣṇa. Thick dūrvā grass makes the ground so soft and green that it resembles a cushion of green velvet. Seated upon it, Śyāmasundara and Madhumaṅgala begin to enjoy the mangoes.
Original
श्यामसुन्दरका एक हाथ भूमिपर है, पैर फैले हुए हैं तथा वे दाहिने हाथसे आम खा रहे हैं। इन्दुलेखा दो गिलासोंमें शीतल एवं मधुर जल भरकर लाती हैं तथा उनको तश्तरियोंके पास रख देती हैं। मधुमंगल कभी तो पालथी मारकर बैठता है और कभी श्यामसुन्दरके समान ही पैर फैलाकर एक हाथ भूमिपर रखकर आम खाता है।
English translation
Śyāmasundara rests one hand upon the ground, stretches out His legs, and eats mango with His right hand. Indulekhā brings two glasses of cool, sweet water and places them beside the plates. Madhumaṅgala sometimes sits cross-legged and at other times imitates Śyāmasundara, stretching out his legs and eating with one hand upon the ground.
Original
श्यामसुन्दर शान्त मुद्रासे ही आम खाते हैं। उनकी दृष्टि श्रीप्रियाके मुखकी ओर ही प्रायः लगी है। इसी बीचमें मधुमंगलने दो बार कहा, “क्यों कान्हूँ! आम मीठा है न?”
श्रीकृष्णकी दृष्टि श्रीराधाकी शोभा निहारती हुई उसीमें इतनी तल्लीन-सी हो गयी थी कि उन्होंने मधुमंगलकी बात सुनी ही नहीं।
English translation
Śyāmasundara eats with tranquil composure, His gaze almost constantly fixed upon Śrī Priyā's face. Twice Madhumaṅgala asks, "Kanhū, the mango is sweet, is it not?"
Śrī Kṛṣṇa is so absorbed in beholding Śrī Rādhā's beauty that He does not hear him at all.
Original
इसी बीच मधुमंगल अपनी तश्तरीको उठाकर श्यामसुन्दरके सामने रख देता है तथा उनकी तश्तरी लेकर कहता है, “कान्हूँ! मेरी बात सुनो। देखो, अब तुम खाओगे तो पाप लगेगा; क्योंकि तुम ब्राह्मण तो हो नहीं। मैं खा सकता हूँ, पर तुम्हें अब तबतक नहीं खाना चाहिये, जबतक ये सब कुछ प्रसाद न पा लें।”
English translation
Meanwhile Madhumaṅgala sets his own plate before Śyāmasundara and takes His. "Kanhū, listen to me. If you eat now, you will incur sin, for you are no brāhmaṇa. I may eat, but you ought not to eat again until all these girls have received some remnants."
Original
इसके बाद श्यामसुन्दरकी जो तश्तरी उसने उठायी थी, उसमेंसे आमकी एक फाँक लेकर मधुमंगल ललितासे कहता है, “देवीजी! पहले आप भोग लगायें, तब आपकी ये दासियाँ भोग लगायेंगी!”
अब मधुमंगल ठीक ऐसे ढंगसे आमकी उस फाँकको फेंकता है कि वह टुकड़ा ललिताके ठीक होठोंपर जाकर लगता है।
English translation
Taking a mango slice from Śyāmasundara's plate, Madhumaṅgala tells Lalitā, "O goddess, first you must accept the offering, and then these maidservants of yours may do so."
He tosses the slice so skillfully that it lands directly upon Lalitā's lips.
Original
अब श्रीकृष्णको कुछ चेत हुआ तो देखते हैं कि मेरी तश्तरीमें तो आम है ही नहीं, उन्होंने तो दो-एक टुकड़े ही खाये थे। उन्होंने सोचा कि मधुमंगल खा गया होगा और फिर बोले, “मधुमंगल! मैं तो भूखा ही रह गया और तुम तो मेरा भाग भी चट कर गये!”
मधुमंगल उठता है तथा आमका वही टुकड़ा, जो ललिताके होठोंसे लग करके भूमिपर गिर पड़ा था, लाकर श्रीकृष्णको देता है, “लो! भूखे हो तो देवीका प्रसाद पाओ!”
English translation
Returning somewhat to awareness, Śrī Kṛṣṇa sees that no mango remains upon His plate. He had eaten only a piece or two. Assuming Madhumaṅgala has eaten it, He says, "Madhumaṅgala, I have remained hungry, while you have devoured even My share!"
Madhumaṅgala rises, retrieves the slice that fell to the ground after touching Lalitā's lips, and brings it to Him. "Here! If You are hungry, accept the goddess's remnants."
Original
श्रीकृष्ण बड़े ही प्रेमसे आमके उस टुकड़ेको खा जाते हैं तथा ललिता कुछ आँखें तरेरकर मधुमंगलपर खीझती हुई कहती हैं, “मधुमंगल! तू बड़ा पाजी हो गया है।”
मधुमंगल मानो डर गया हो, ऐसी मुद्रा बनाकर आँखें फाड़कर कहता है, “देवीजी! मुझसे भूल हो गयी, बहुत बड़ी भूल हो गयी। आपकी बड़ी बहिनको भोग लगाये बिना आपको भोग लगा दिया। क्षमा! क्षमा!! त्राहि देवि! त्राहि....”
English translation
Śrī Kṛṣṇa eats the slice with great affection. Glaring and feigning annoyance, Lalitā says, "Madhumaṅgala, you have become a great rogue."
Madhumaṅgala widens his eyes as though terrified. "O goddess, I have erred, terribly erred. I made the offering to you without first offering it to your elder sister. Forgive me! Forgive me! Protect me, O goddess! Protect me!"
Original
इतना कहकर मधुमंगल तुरंत एक टुकड़ा ऐसी कुशलतासे फेंकता है कि वह राधारानीके होठोंपर जा लगता है तथा होठोंसे लगकर भूमिपर गिर जाता है। गिरते ही राधारानी बड़ी प्रसन्न होती हैं कि मधुमंगलने मुझे श्रीकृष्णका प्रसाद दिया है। वह उसे उठानेके लिये नीचे झुकती हैं, पर उसके उठानेके पहले ही मधुमंगल दौड़कर उसे उठा लेता है तथा लाकर श्रीकृष्णके मुखमें दे देता है एवं कहता है, “यह लो! देवीजीकी बड़ी बहिनका प्रसाद है! अब तुम अमर हो गये। तुम्हें भूख कभी नहीं लगेगी। खा लो!”
English translation
At once Madhumaṅgala tosses another slice so deftly that it touches Rādhārānī's lips and falls to the ground. She is delighted that he has given Her Śrī Kṛṣṇa's remnants and bends to retrieve it, but Madhumaṅgala runs forward, snatches it up first, and places it in Śrī Kṛṣṇa's mouth. "Here are the remnants of the goddess's elder sister. Now You have become immortal. You will never feel hunger again. Eat!"
Original
यह देखकर ललिता दौड़कर आती हैं तथा मधुमंगलका हाथ पकड़कर उससे बलपूर्वक तश्तरी छीन लेती हैं। मधुमंगल कहता है, “ठीक है। आज देवी बड़ी प्रसन्न हैं। अपने हाथसे ही अपनी बहिनको खिलायेंगी।”
श्रीकृष्ण मुस्कुराते हुए होठोंसे गिलास लगाकर धीरे-धीरे घूँट भरकर जल पीते हैं; पर उनकी दृष्टि श्रीराधाके मुख-चन्द्रकी ओर ही लगी है। श्रीराधा पासमें ही खड़ी हैं। उनकी आँखोंमें प्रेमके आँसू भर आते हैं; पर मुस्कुराकर वे उन्हें रूमालसे शीघ्रतापूर्वक पोंछ लेती हैं कि कोई देख न ले।
English translation
Seeing this, Lalitā runs over, catches Madhumaṅgala's hand, and forcibly takes the plate from him. "Very well," he says. "The goddess is greatly pleased today. She will feed her sister with her own hand."
Smiling, Śrī Kṛṣṇa raises the glass to His lips and slowly drinks, yet His gaze remains upon the moon of Śrī Rādhā's face. Standing close by, Her eyes fill with tears of love, but She smiles and quickly wipes them away with a handkerchief lest anyone notice.
Original
रूपमञ्जरी हाथमें सोनेकी झारी लेकर पासमें ही खड़ी है। वह श्रीकृष्णके हाथ धुलाती है। अनंगमञ्जरी पीले रंगके रेशमी रूमालसे श्रीकृष्णके हाथ पोंछ देती है। मधुमंगल दूबमें अपना हाथ रगड़ने लगता है। श्रीकृष्ण हँसकर रूपमञ्जरीको संकेत करते हैं, “तू भूल गयी। पहले इसका हाथ धुला देना चाहिये था।”
रूपमञ्जरी हँसती हुई कहती है, “बाबाजी! हाथ धो लें।”
English translation
Rūpamañjarī stands nearby with a golden water vessel and washes Śrī Kṛṣṇa's hands. Anaṅgamañjarī dries them with a yellow silk handkerchief. Madhumaṅgala begins rubbing his hands upon the dūrvā grass. Laughing, Śrī Kṛṣṇa signals to Rūpamañjarī, "You forgot. You should have washed his hands first."
Rūpamañjarī laughs. "Holy sir, please wash your hands."
Original
मधुमंगल हाथ धो लेता है। फिर जिस रूमालसे श्रीकृष्ण हाथ पोंछ रहे थे, उसीको तुरंत छीन लेता है तथा अपने हाथ पोंछने लगता है। पासमें ही श्रीप्रिया खड़ी थीं। उनका रूमाल उसी समय संयोगसे प्रेमके आवेशमें गिर पड़ता है। उन्हें पता नहीं; पर मधुमंगलकी दृष्टि तो अत्यन्त तीक्ष्ण है। उसने झटसे उसे उठाया तथा हँसता हुआ श्रीकृष्णके हाथमें देकर कहता है, “यह लो, देवीकी बड़ी बहिनने तुमपर प्रसन्न होकर रूमालका यह प्रसाद मेरे हाथों भेजा है!”
English translation
Madhumaṅgala washes, then immediately snatches the handkerchief with which Śrī Kṛṣṇa was drying His hands and uses it himself. Śrī Priyā stands close by. In Her absorption of love Her own handkerchief happens to fall without Her noticing, but Madhumaṅgala's gaze is exceedingly sharp. He swiftly picks it up, laughingly gives it to Śrī Kṛṣṇa, and says, "Here, the goddess's elder sister is pleased with You and has sent this blessed handkerchief through my hands."
Original
श्रीकृष्ण रूमालको लेकर सिरसे लगा लेते हैं। अब प्रियाकी दृष्टि उधर जाती है। उन्हें यह ज्ञान नहीं था कि क्या हुआ; पर जब देखा कि मेरा रूमाल तो श्रीकृष्णके हाथोंमें है तो कुछ लज्जित-सी हो गयीं और मधुमंगलकी ओर हँसती हुई देखने लगीं। श्रीकृष्णकी कटिमें उनका रूमाल खोंसा हुआ था। मधुमंगल उसे वहाँसे निकाल लेता है। उसे हाथमें लेकर एवं मस्तकसे लगाकर वह श्रीराधारानीके पास जाता है एवं कहता है, “राधे! यह लो, आज तुमपर वन-देवता बड़े प्रसन्न हैं। उन्होंने यह प्रसाद भेजा है।”
English translation
Śrī Kṛṣṇa takes the handkerchief and touches it to His head. Priyā then looks over. Unaware of what occurred, She sees Her handkerchief in His hands, grows a little shy, and looks laughingly toward Madhumaṅgala. Her own handkerchief had been tucked into Śrī Kṛṣṇa's waist. Madhumaṅgala removes it, touches it to his head, and carries it to Śrī Rādhārānī. "Rādhā, here. The forest deity is greatly pleased with You today and has sent this blessed gift."
Original
राधा कुछ लजायी-सी होकर रूमाल हाथमें ले लेती हैं। श्रीकृष्ण उठते हैं। वहाँसे कुछ दूर दक्षिणकी ओर चलते हैं। इसी बीचमें ललिता राधाके मुखमें प्रसाद दे देती हैं। श्रीराधारानी शीघ्रतासे आम खा जाती हैं। रूपमञ्जरी गिलासके जलका प्रसाद होठोंसे लगा देती है। राधारानी दो घूँट भर लेती हैं। विशाखा अपने रूमालसे मुँह पोंछ देती हैं। यह काम उतनी देरमें ही हो जाता है कि जितनी देरमें श्रीकृष्ण मतवाली चालसे चलते हुए कदम्बकी जड़के पास पहुँचते हैं।
English translation
Rādhā accepts the handkerchief with shy embarrassment. Śrī Kṛṣṇa rises and walks a short distance southward. Meanwhile Lalitā places the remnants in Rādhā's mouth, and She quickly eats the mango. Rūpamañjarī offers Her the blessed water from the glass. She takes two sips, and Viśākhā dries Her mouth. All this occurs in the time it takes Śrī Kṛṣṇa to reach the foot of a kadamba tree with His intoxicated gait.
Original
श्रीकृष्ण कदम्बके पास जाकर उत्तरकी ओर मुँह करके दूबपर बैठ जाते हैं। श्रीराधा भी वहीं जाती हैं। गुणमञ्जरी पनबट्टा हाथमें लिये हुए पीछे-पीछे जाती है। इधर सभी सखियाँ भी शीघ्रतासे प्रसाद लेती हैं तथा हाथ धोकर एक-एक करके कदम्बके पास पहुँच जाती हैं। श्रीराधा सबसे पहले पहुँचती हैं तथा पनबट्टा खोलकर पान निकालती हैं एवं सबसे पहले मधुमंगलको देती हैं।
मधुमंगल, “क्यों न हो! देवीकी बड़ी बहिन कभी भूल नहीं सकती।”
English translation
Śrī Kṛṣṇa sits upon the dūrvā grass at the kadamba tree, facing north, and Śrī Rādhā joins Him. Guṇamañjarī follows with the betel casket. The other sakhīs quickly accept the remnants, wash their hands, and reach the kadamba one by one. Rādhā arrives first, opens the casket, takes out betel, and offers the first roll to Madhumaṅgala.
"Of course! The goddess's elder sister could never forget."
Original
श्रीकृष्ण मुस्कुराते हैं। रानी मुस्कुराती हुई पान मधुमंगलके होठोंसे लगा देती हैं। मधुमंगल खा लेता है। राधा दूसरा बीड़ा पनबट्टेसे लेती हैं तथा अत्यन्त प्रेमसे श्रीकृष्णके होठोंसे लगाती हैं। श्रीकृष्ण बड़े ही प्रेमसे पानको धीरे-धीरे मुँहमें ले लेते हैं।
English translation
Śrī Kṛṣṇa smiles. The Queen smilingly raises the betel to Madhumaṅgala's lips, and he accepts it. Rādhā takes a second roll from the casket and lovingly offers it to Śrī Kṛṣṇa, who slowly draws it into His mouth with deep affection.
Original
अब मधुमंगल सोचता है कि किसी प्रकार यह पान श्रीकृष्ण उगल दें तो उठाकर इन सबको दे दूँ! उसे युक्ति सूझ जाती है। वह पीकदानी उठाकर सामने रख देता है तथा अत्यधिक विचलित स्वरमें कहता है, “कान्हूँ! कान्हूँ मैया! थूक दे, तुरंत पानको थूक दे; देर मत कर; अरे! देर क्यों कर रहा है?”
श्रीकृष्ण हँसकर पूछते हैं, “क्यों, क्या बात है?”
English translation
Madhumaṅgala now thinks, "If somehow Śrī Kṛṣṇa spits out this betel, I shall retrieve it and distribute it among them all." An idea comes to him. He holds the spittoon before Kṛṣṇa and cries in a greatly agitated voice, "Kanhū! Dear Kanhū! Spit it out. Spit out the betel at once. Do not delay. Why are You waiting?"
Śrī Kṛṣṇa laughs. "Why? What is wrong?"
Original
मधुमंगल, “अरे भैया! यह ललिता तो मुझे सचमुच न-जाने मार डालेगी क्या? देखो, इसने पानमें चूना अधिक दे दिया है! मेरा मुँह कट गया है, तुम्हारा भी कट जायेगा। पानको थूक दो, अभी थूक दो!”
English translation
"My brother, who knows whether this Lalitā truly means to kill me? Look, she has put too much lime in the betel. It has burned my mouth, and it will burn Yours as well. Spit it out. Spit it out now!"
Original
मधुमंगल पीकदानी उठाकर श्रीकृष्णके मुखके पास ले जाता है, पर श्रीकृष्ण हाथसे पीकदानीको थोड़ा हटाकर मुस्कुराते हुए कहते हैं, “मधुमंगल! मेरा मुँह तो नहीं कटा, मैं क्यों थूकूँ?”
मधुमंगल श्रीकृष्णका मुँह पकड़ लेता है तथा कुछ खीझकर कहता है, “सुनता नहीं? मुँह कट जायेगा तो रोयेगा। अरे! थूक दे।”
English translation
Madhumaṅgala raises the spittoon to Śrī Kṛṣṇa's mouth, but Kṛṣṇa pushes it slightly aside and smiles. "Madhumaṅgala, My mouth has not been burned. Why should I spit?"
Madhumaṅgala catches hold of His face and answers in feigned irritation, "Do You not listen? You will cry when Your mouth is burned. Come, spit it out."
Original
श्रीकृष्ण मुस्कुराते हुए पीकदानीमें पान थूक देते हैं। मधुमंगल पीकदानी उठाकर ललिताको पकड़ा देता है, “लो देवीजी! विश्वास नहीं हो तो चखकर देख लो। फिर देखना, मुँह कैसा बन जाता है। इतना चूना देकर जैसे मेरा मुँह काट डाला, वैसे ही तनिक तुम खाओ, तब जानें कि सचमुच तुमने जान-बूझकर चूना अधिक नहीं डाला था।”
English translation
Smiling, Śrī Kṛṣṇa spits the betel into the spittoon. Madhumaṅgala hands it to Lalitā. "Here, O goddess. If you do not believe me, taste it and see what happens to your mouth. You put in so much lime that it burned mine. Taste a little yourself, and then we shall know that you truly did not add too much deliberately."
Original
ललिता बड़ी प्रसन्नतासे पीकदानीको उठा लेती हैं तथा पासमें खड़ी गुणमञ्जरीको पकड़ा देती हैं। गुणमञ्जरी उसे कुछ दूरपर ले जाकर घासपर रखती है। उसी समय वहाँ अनंगमञ्जरी एक दूसरा पनबट्टा ले आती है। वह उसमेंसे पान निकालकर और पनबट्टेके ढकनेपर रखकर पान लगाने लगती है। प्रत्येक बीड़ेमें श्रीश्यामसुन्दरके मुखारविन्दसे निकले हुए उस अमृतमय पीककी एक बूँद डालती है। गुणमञ्जरी बीड़े सजाती चली जाती है।
English translation
Lalitā takes the spittoon with great delight and hands it to Guṇamañjarī, who sets it upon the grass a little distance away. Anaṅgamañjarī brings another betel casket, takes out the ingredients, and begins preparing rolls upon its lid. Into each she places one drop of the nectar-like betel juice from Śrī Śyāmasundara's lotus mouth, while Guṇamañjarī decorates the rolls as they are made.
Original
कुछ बीड़े तैयार हो जानेपर अनंगमञ्जरी दो बीड़े उठाकर ललिताके हाथमें दे आती है। इधर यह काम हो रहा था, उधर मधुमंगल वहाँ जो पनबट्टा पड़ा था, उसे उठाकर राधारानीके सामने रख देता है तथा कहता है, “राधे! एक बढ़िया-सा पानका बीड़ा लगाकर पहले तू मुझे दे दे, फिर एक श्यामसुन्दरको दे दे। तुम्हें पान लगाना बहुत बढ़िया आता है! मैं तुम्हारे हाथका पान जिस दिन खाता हूँ, उस दिन मेरा मुँह कभी नहीं कटता तथा सारे दिन मुँहसे सुगन्धि आती रहती है। ले, तुरंत लगा दे।”
English translation
When several rolls are ready, Anaṅgamañjarī takes two and gives them to Lalitā. While this is happening, Madhumaṅgala picks up the casket lying there, sets it before Rādhārānī, and says, "Rādhā, prepare a fine betel roll and give it first to me, then another to Śyāmasundara. You prepare betel wonderfully. On any day I eat betel from your hand, my mouth is never burned and remains fragrant all day. Come, make it at once."
Original
राधारानी मन्द-मन्द मुस्कुराती हुई पनबट्टेके ढकनेपर दो बीड़े लगाती हैं। बीड़े लगाकर उनपर सोनेके वरक चढ़ाती हैं। एक बीड़ा मधुमंगलके हाथमें देती हैं और दूसरा बीड़ा अतिशय प्यारभरी आँखोंसे श्यामसुन्दरकी ओर देखती हुई उनके होठोंसे लगा देती हैं। श्यामसुन्दर पान खाते जाते हैं तथा श्रीराधाके मुखकी शोभा देखते रहते हैं। श्रीराधा अपनी दृष्टि नीची किये बैठी हैं।
English translation
Smiling gently, Rādhārānī prepares two rolls upon the casket's lid and covers them with gold leaf. She places one in Madhumaṅgala's hand and, gazing at Śyāmasundara with eyes overflowing with love, raises the other to His lips. As He eats, Śyāmasundara continues beholding the beauty of Śrī Rādhā's face, while She sits with lowered eyes.
Original
इसी समय पश्चिमकी ओरसे मधुमती वीणा लिये हुए आती है और राधारानीकी बायीं ओर बैठकर श्यामसुन्दरसे कहती है, “श्यामसुन्दर! आज तुम वंशी बजाओ और मैं वीणापर एक गीत गाती हूँ। सचमुच तुम गीत सुनकर बड़े प्रसन्न होओगे।”
English translation
Just then Madhumatī approaches from the west carrying a vīṇā. Sitting to Rādhārānī's left, she says, "Śyāmasundara, play Your flute today while I sing a song to the vīṇā. Truly, You will be greatly pleased when You hear it."
Original
मधुमती वीणाको घासपर पूर्व-पश्चिमकी दिशामें रख देती है। वह बायें हाथसे वीणाकी खूँटियोंको ऐंठती जाती है तथा दाहिने हाथसे तारोंको झन-झन करती हुई स्वर ठीक करने लगती है। इतनेमें ही मधुमंगल उछल करके श्रीकृष्णकी बायीं ओर बैठ जाता है। श्रीकृष्ण उसके सहारे पीठ देकर एवं पैर पूर्वकी ओर फैलाकर बैठ जाते हैं तथा मधुमतीकी वीणाकी झनकारके साथ वंशीमें सुर भरते हुए सुर मिलाते हैं।
English translation
Madhumatī lays the vīṇā east to west upon the grass. With her left hand she tightens its pegs, while with her right she plucks the strings and tunes them. Madhumaṅgala leaps up and seats himself to Śrī Kṛṣṇa's left. Leaning His back against him and stretching His legs eastward, Kṛṣṇa sounds notes upon the flute to match the resonance of Madhumatī's vīṇā.
Original
मधुमंगल कहता है, “बाप रे बाप! अरे कान्हूँ!! आज तुमने आम बहुत अधिक खाये हैं। आज तो तुम बहुत भारी हो गये हो।”
यह सुनकर श्रीकृष्ण एक बार कनखियोंसे मधुमंगलको देखते हैं तथा धीरेसे कहते हैं, “अच्छा! तू इधर आकर बैठ जा।”
English translation
Madhumaṅgala exclaims, "Good heavens! Kanhū, You ate far too many mangoes today. You have become very heavy!"
Śrī Kṛṣṇa glances sideways at him and quietly says, "Very well. Come and sit over here."
Original
मधुमंगल उठकर मधुमतीके सामने आकर बैठ जाता है। श्रीकृष्ण घासपर चित्त लेट जाते हैं। मधुमती जब-जब झन-झन करके तारोंके सुरको ठीक करती है, तभी-तभी श्यामसुन्दर उतनी देरके लिये उसी सुरमें सुर मिलाते हुए वंशीमें फूँक भर देते हैं। श्रीराधा अपने स्थानसे उठती हैं तथा श्रीकृष्णके सिरके पास आकर उत्तरकी ओर मुँह करके बैठ जाती हैं।
English translation
Madhumaṅgala rises and sits opposite Madhumatī. Śrī Kṛṣṇa lies on His back upon the grass. Whenever Madhumatī plucks the strings to tune them, Śyāmasundara briefly blows the same note into His flute. Śrī Rādhā rises from Her place and sits near His head, facing north.
Original
इसी समय ललिता श्रीकृष्णके मुखको तनिक अपने अञ्चलकी ओटमें करके धीरेसे पानके प्रसादवाले वे दो बीड़े मुखमें दे देती हैं; पर श्यामसुन्दर तो देख लेते हैं और मुस्कुरा देते हैं। राधारानी भी मुँहमें पान लेकर मन्द-मन्द मुस्कुराने लगती हैं।
English translation
At this moment Lalitā shields Śrī Kṛṣṇa's face slightly with the edge of her veil and quietly places the two rolls containing His betel remnants into Rādhārānī's mouth. Śyāmasundara notices and smiles, and Rādhārānī too smiles softly as She accepts them.
Original
मधुमतीकी वीणाके तार प्रायः ठीक हो चले हैं; पर श्यामसुन्दर कुछ ऐसी मुद्रा बनाते हैं मानो सिरके नीचे कुछ ऊँचा सहारा रहे तो उन्हें वंशी बजानेमें सुविधा हो। राधारानी पासमें ही बैठी हैं। वे श्यामसुन्दरको इस प्रकार करते देखकर ललिताको बड़ा मसनद लानेका संकेत करती हैं। इसी समय मधुमती वीणाको उठाकर कन्धेपर रख लेती है। अब देर नहीं थी। श्रीकृष्णको सिर नीचा किये हुए बजानेमें कुछ असुविधा हो रही थी, इसीलिये उन्होंने अब विशेष देरी न देखकर वे कुछ पश्चिमकी ओर लेटे-लेटे ही सरक गये तथा श्रीराधारानीकी गोदमें अपना सिर रखकर बोले, “बस, मसनदकी कोई आवश्यकता नहीं है, मधुमती! आरम्भ करो।”
English translation
The vīṇā is nearly in tune. Śyāmasundara makes a gesture as though some raised support beneath His head would help Him play the flute. Rādhārānī, seated nearby, signals Lalitā to bring a large bolster. Madhumatī lifts the vīṇā onto her shoulder. Since the music is about to begin and playing with His head lowered is uncomfortable, Śrī Kṛṣṇa does not wait. Still reclining, He shifts a little westward, rests His head in Śrī Rādhārānī's lap, and says, "There is no need for a bolster now. Madhumatī, begin."
Original
श्रीराधारानी बायें हाथसे श्यामसुन्दरके सिरको आवश्यकतानुसार ऊँचा करके अपनी गोदमें रख लेती हैं, जिससे श्यामसुन्दरको वंशी बजानेमें पूर्ण सुविधा हो जाती है तथा वे दाहिने हाथकी अँगुलियोंसे श्यामसुन्दरके ललाटको सहलाने लगती हैं। ललाटपर बिखरे हुए बालोंको ठीक कर देती हैं। अब एक साथ ही तालसे वीणा एवं वंशी बजने लगती है तथा मधुमती अत्यन्त मधुर स्वरमें गाने लगती है:
English translation
With Her left hand Śrī Rādhārānī raises Śyāmasundara's head to the needed height upon Her lap, enabling Him to play with perfect ease. With the fingers of Her right hand She caresses His forehead and arranges the scattered locks upon it. Vīṇā and flute now sound together in rhythm, and Madhumatī begins to sing in an exceedingly sweet voice.
Original
Braj Bhāṣā song
बलि बलि बलि बलि कुँवरि राधिके नंद सुवन जासों रति मानी।
द्वै अति चतुर वै चतुर सिरोमनि प्रीति करी कैसे रहत है छानी॥
वै जो धरत तन कनक पीत पट सो तो सब तेरी गति ठानी।
तैं पुनि श्याम सहज सोभा वह लंबर मिस अपने उर आनी॥
पुलकि रोम अवहीं ह्वै आयो निरखि देह निज रूप सयानी।
सूर सुजान सखी के बूझे प्रेम प्रगट भयो वै हरषानी॥
English translation
Again and again I offer myself to Princess Rādhikā, with whom Nanda's Son has placed His love.
Both are supremely clever, and He is the crown of the clever. Once such love has arisen, how could it remain concealed?
He wears a golden-yellow cloth upon His body, revealing that His whole intention rests upon You.
And You, taking His natural dark beauty into Your heart, wear a dark-blue garment as its likeness.
The hairs of Your body have just risen in delight. Wise maiden, behold the condition of Your own form.
Sūra says: when the discerning sakhī understood, their love became manifest, and she rejoiced.
Original
printed explanation
(पदका भाव यह है, “कुँवरि राधिके! तुम्हारे ऊपर हम सब बलिहारी जाती हैं। जो श्रीकृष्ण सारे जगतमें, समस्त विश्व-ब्रह्माण्डमें आनन्दका संचार करते हैं, जिनसे सबको आनन्द मिलता है; जिनके एक कणके आनन्दसे समस्त ब्रह्माण्डमें आनन्दका विस्तार होता है, उन्हीं श्रीकृष्णको तुमसे आनन्द मिलता है। यह कितने आश्चर्यकी बात है, सबको आनन्द देनेवाला भी आनन्द पानेके लिये तुम्हारे पास आया है और उसे तुमसे आनन्द मिलता है। बलिहार हैं हम सब तुमपर!
राधे! तू जैसे अतिशय चतुर है, वैसे ही वे भी चतुर-शिरोमणि हैं। चतुरसे चतुरकी प्रीति हुई है; पर प्रेम ऐसी वस्तु है कि यह छिप सकती ही नहीं। राधे! धन्य है तुम्हारे दोनोंके प्रेमको। श्यामसुन्दर तुम्हें इतना प्यार करते हैं कि उन्होंने कनकवर्णीय पीताम्बर ही धारण कर लिया निरन्तर तुम्हारे कनक-कान्तियुक्त गौर मुखारविन्दकी स्मृति होते रहनेके लिये। तू भी तो नीली साड़ी इसीलिये पहनती है कि श्यामसुन्दरका श्याम-सौन्दर्य तुम्हारे हृदयमें निरन्तर बसा ही रहे।
राधे! देख, अभी इसी समय तुम्हारे प्रत्येक अङ्गसे प्रेमके चिह्न प्रकट हो रहे हैं। तुम्हारा शरीर पुलकित हो गया है। तू ही देख ले कि तुम्हारी देहकी कैसी दशा हो रही है? तुम्हारा रंग-रूप कैसा हो गया है? सूरदास कहते हैं कि सखियोंके इस प्रकार कहते ही राधारानीके अङ्गोंमें प्रेमके विकार प्रकट हो गये तथा सारी सखियाँ आनन्दमें डूब गयीं।”)
English translation
(The song means: "Princess Rādhikā, we all offer ourselves to You. Śrī Kṛṣṇa diffuses bliss throughout the whole world and the entire universe. All receive bliss from Him, and a single particle of His bliss expands throughout creation. Yet that very Śrī Kṛṣṇa receives bliss from You. How wondrous this is. He who gives bliss to all has come to You in order to taste bliss, and from You He receives it. We all offer ourselves to You.
"Rādhā, as You are exceedingly clever, so He too is the crown of the clever. The cleverest has loved the cleverest, yet love is a thing that cannot remain hidden. Blessed is the love between You both. Śyāmasundara loves You so deeply that He has donned a golden-yellow garment so that He may always remember Your fair lotus face, radiant with golden beauty. You likewise wear a blue sari so that Śyāmasundara's dark beauty may remain forever established within Your heart.
"Rādhā, look. At this very moment signs of love are appearing upon every limb. Your body has thrilled with horripilation. See for Yourself the state of Your body and how Your color and form have changed. Sūradāsa says that as the sakhīs spoke in this way, transformations of love became manifest upon Rādhārānī's limbs, and all the sakhīs drowned in bliss.")
Original
मधुमतीके गाते-गाते वहाँ सभी प्रेममें इतने डूब गये, चारों ओर निस्तब्धता छा गयी। गीत समाप्त होनेपर श्यामसुन्दरने अपनी आँखें मूँद लीं, वंशी वक्षःस्थलपर गिर गयी तथा राधारानीकी भी आँखें बन्द हो गयीं। प्रेमके कारण सभीका ऐसा हाल हो रहा था। बड़ी कठिनाईसे रूपमञ्जरीने अपनेको थोड़ा सँभाला तथा जो मसनद थोड़ी देर पहले श्रीकृष्णके लिये लाया गया था; उसे उठाकर उसने श्रीराधाकी पीठके पास रख दिया। श्रीराधा आँखें बन्द किये हुए उस मसनदका सहारा लेकर बैठी रहीं। सर्वत्र प्रेम एवं आनन्द छाया हुआ है।
English translation
As Madhumatī sings, everyone becomes so deeply immersed in love that stillness spreads everywhere. When the song ends, Śyāmasundara closes His eyes and the flute falls upon His chest. Rādhārānī's eyes close as well, and love overwhelms them all. With great difficulty Rūpamañjarī composes herself. She picks up the bolster that had been brought earlier for Śrī Kṛṣṇa and places it behind Śrī Rādhā, who remains seated with closed eyes, supported by it. Love and bliss pervade everything.
Original
कुछ देर बाद श्रीकृष्ण उठकर बैठ जाते हैं। श्रीराधारानी उठकर खड़ी हो जाती हैं तथा ललितासे कुछ संकेत करती हैं। ललिता मधुमंगलसे कहती हैं, “मधुमंगल! अब तो तूने आम खा लिये, अब मेरा काम कर दे।”
मधुमंगल, “हाँ, हाँ! अब एक नहीं, भले दो-तीन काम और करा लो।”
English translation
After some time Śrī Kṛṣṇa sits up. Śrī Rādhārānī rises and signals something to Lalitā, who tells Madhumaṅgala, "Madhumaṅgala, now that you have eaten the mangoes, perform my task."
"Yes, yes. Not merely one. You may have me do another two or three tasks if you like."
Original
ललिता पासमें ही एक अशोकके पेड़के नीचे मधुमंगलको ले जाती हैं तथा धीरे-धीरे कुछ समझाती हैं। मधुमंगल ‘बहुत ठीक’, ‘अच्छा’, ‘हाँ’, ‘तब’ इस प्रकार कहकर सिर हिलाता जाता है। श्रीकृष्ण दूरसे बैठे-बैठे यह देखते हुए मन्द-मन्द मुस्कुरा रहे हैं। राधारानी भी मन्द-मन्द मुस्कुरा रही हैं।
English translation
Lalitā takes Madhumaṅgala beneath a nearby aśoka tree and quietly explains something to him. Nodding, he answers, "Very well," "Good," "Yes," and "Then?" Seated at a distance, Śrī Kṛṣṇa watches with a gentle smile, while Rādhārānī smiles softly as well.
Original
बात समाप्त होनेपर मधुमंगल उठता है तथा श्रीकृष्णसे कुछ आँखोंके संकेतमें कहता है। श्रीकृष्ण भी कुछ आँखोंके संकेतसे ही उत्तर देते हैं। इसके बाद मधुमंगल चल पड़ता है यह कहते हुए, “अब सेव्याके कुञ्जमें अमरूद खाने जाता हूँ।”
चलते-चलते मधुमंगल श्रीराधासे कहता है, “देख! तूने मुझे दो हीरे देनेकी बात कही है न! कल काम हो जानेपर हीरे तुमको देना पड़ेगा।”
English translation
When their conversation ends, Madhumaṅgala rises and communicates something to Śrī Kṛṣṇa with his eyes. Kṛṣṇa answers in the same way. Madhumaṅgala sets out, saying, "Now I am going to Sevyā's bower to eat guavas."
As he goes, he tells Śrī Rādhā, "Remember, You promised me two diamonds. When the task is completed tomorrow, You will have to give them to me."
Original
श्रीराधा मन्द-मन्द मुस्कुराती हुई कहती हैं, “हाँ, हाँ अवश्य दूँगी।”
मधुमंगल अपने कन्धेपर एक छोटी-सी लकड़ी, जिसे उसने वहाँपर आते ही रख दी थी, उठा लेता है तथा वहाँसे सीधे पूर्वकी ओर चलकर राधाकुण्डको दाहिने रखते हुए कुण्डकी सीमा पारकर फिर पूर्वकी ओर बढ़ा जाता है।
English translation
Śrī Rādhā smiles gently. "Yes, yes. I shall certainly give them."
Madhumaṅgala picks up onto his shoulder a short staff that he had set down upon arriving. He walks straight east, keeps Rādhākuṇḍa to his right, passes beyond the boundary of the lake, and continues eastward.
Original
श्रीकृष्ण, श्रीराधा एवं सखियाँ नौकापर राधाकुण्डमें विहार करनेके लिये कुण्डके सुन्दर तटकी ओर बढ़ते हैं। श्रीराधाका दाहिना हाथ श्रीकृष्णके कन्धेपर है तथा बायें हाथमें उन्होंने डण्टीसहित कमलका फूल ले रखा है। श्रीकृष्ण बायें हाथमें वंशी पकड़े हुए हैं तथा दाहिने हाथसे निकुञ्जकी लताओंको दिखा-दिखाकर उसकी शोभा निहारनेके लिये राधारानीको संकेत करते जा रहे हैं। कभी सीधे पूर्वकी ओर, कभी दक्षिणकी ओर, कभी उत्तरकी ओर मुड़ते हुए निकुञ्जकी शोभा देखते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार घूमते हुए निकुञ्जके द्वारपर आ पहुँचते हैं।
English translation
Śrī Kṛṣṇa, Śrī Rādhā, and the sakhīs proceed toward the lovely bank of Rādhākuṇḍa for an excursion upon the lake by boat. Śrī Rādhā rests Her right hand upon Śrī Kṛṣṇa's shoulder and holds a lotus with its stalk in Her left. Kṛṣṇa carries His flute in His left hand and with His right points out the bower's vines, inviting Rādhārānī to behold their beauty. Turning now eastward, now southward, and now northward as They admire the bower, They finally reach its gate.
Original
निकुञ्जकी चहारदीवारी संगमरमरकी बनी है। उसपर अत्यन्त सुन्दर-सुन्दर लताएँ फैली हुई हैं। लताओंमें पुष्प लगे हैं। प्रवेशद्वार भी लता एवं पुष्पोंसे सजा हुआ है। मेहराबके ऊपर झुण्ड-के-झुण्ड तोता, मैना पक्षी बैठे हुए हैं। जैसे ही श्रीकृष्ण एवं श्रीराधा द्वारपर पहुँचते हैं, वैसे ही मैनाओंका झुण्ड अत्यन्त मधुर स्वरमें गाने लगता है:
“जय राधे जय राधे राधे जय राधे जय श्रीराधे।”
फिर तोतोंका झुण्ड कहता है:
“जय कृष्ण जय कृष्ण कृष्ण जय कृष्ण जय श्रीकृष्ण॥”
English translation
The bower is enclosed by walls of marble, over which exceedingly beautiful flowering vines spread. The entrance too is adorned with vines and blossoms. Flocks of parrots and mynah birds perch above its arch. As soon as Śrī Kṛṣṇa and Śrī Rādhā reach the gate, the flock of mynahs begins to sing in a most melodious voice:
"Victory to Rādhā, victory to Rādhā, Rādhā! Victory to Rādhā, victory to Śrī Rādhā."
Then the flock of parrots replies:
"Victory to Kṛṣṇa, victory to Kṛṣṇa, Kṛṣṇa! Victory to Kṛṣṇa, victory to Śrī Kṛṣṇa."
Original
श्रीराधा विभिन्न प्रकारके मेवे लानेके लिये संकेत करती हैं। तुरंत ही लवंगमञ्जरी बहुत-सा मेवा लाती है। श्रीकृष्ण एवं श्रीराधा तोता-मैनाओंको बुला-बुलाकर उन्हें अपने हाथपर बैठाकर मेवा खिलाते हैं। द्वारसे बाहर निकलते ही मयूर एवं मयूरियोंका झुण्ड आता है। वह पंख फुला-फुलाकर तथा मनोरम शब्द करता हुआ श्रीराधा एवं श्रीकृष्णकी परिक्रमा करता है। विमलामञ्जरीके हाथमें मिठाईकी जो बहुत बड़ी परात है, उसमेंसे मिठाई ले-लेकर मयूर एवं मयूरियोंकी चोंचोंमें देते हैं। इस प्रकार मयूरोंको खिलाते हुए आगे बढ़ते जाते हैं।
English translation
Śrī Rādhā signals for various nuts and dried fruits, and Lavaṅgamañjarī immediately brings a great quantity. Śrī Kṛṣṇa and Śrī Rādhā call the parrots and mynahs, seat them upon Their hands, and feed them. As They leave the gate, a flock of peacocks and peahens arrives. Spreading their feathers and uttering lovely calls, the birds circle Śrī Rādhā and Śrī Kṛṣṇa. From the enormous basin of sweets carried by Vimalāmañjarī, the Divine Couple takes morsels and places them in the birds' beaks, continuing onward as They feed them.
Original
इतनेमें ही उत्तरकी ओरसे जो पगडण्डी राधाकुण्डपर आती है, उसी राहसे चौकड़ी भरते हुए हरिण एवं हरिणियोंका एक झुण्ड आता है तथा श्रीकृष्णके अङ्गोंको छू-छूकर कभी कुण्डकी ओर चौकड़ी भरता है, कभी निकुञ्जकी ओर। उन हरिणोंको श्रीप्रिया-प्रियतम अपने हाथोंसे सहलाते हैं। गुणमञ्जरी एक डलियामें दूबकी बनी हुई छोटी-छोटी ढेरी लाती है। उसे हरिणोंके मुखमें देते हुए वे राधाकुण्डके तटपर पहुँच जाते हैं।
English translation
Just then a herd of deer and does bounds along the path approaching Rādhākuṇḍa from the north. Brushing repeatedly against Śrī Kṛṣṇa's limbs, they leap now toward the lake and now toward the bower. Śrī Priyā and Her Beloved caress them with Their own hands. Guṇamañjarī brings a basket containing small heaps of dūrvā grass, and while feeding these to the deer, the Divine Couple reaches the bank of Rādhākuṇḍa.