Original
Sanskrit invocation
॥ विजयेतां श्रीप्रियाप्रियतमौ ॥
English translation
May Śrī Priyā and Her Beloved be ever victorious.
Original
श्रीश्यामसुन्दर एवं राधारानी नौका-विहारके पश्चात् नावसे उतरकर पुलिनपर खड़े हैं। चन्द्रमाकी शुभ्र चाँदनीमें पुलिनकी बालुका अतिशय चमचम कर रही है। श्रीयमुनाके जलको स्पर्श करता हुआ शीतल पवन मन्द-मन्द प्रवाहित हो रहा है। पवन श्रीवृन्दावनके पुष्पोंकी सुगन्धिसे सुगन्धित तो था ही, इसपर श्रीप्रिया-प्रियतमके अङ्गोंकी सुगन्धिसे युक्त होकर यह अनन्तगुना सुगन्धित हो गया है।
English translation
After Their boat excursion, Śrī Śyāmasundara and Rādhārānī step ashore upon the sandy bank. Its sand glitters in the moon's pure white radiance. A cool breeze, having touched the Yamunā, flows gently. Already fragrant with the flowers of Vṛndāvana, it becomes infinitely sweeter after mingling with the fragrance of the Divine Couple's limbs.
Original
श्रीश्यामसुन्दरने अपने दुपट्टेको कमरमें कस लिया है, इससे कमरके ऊपरका भाग पूर्णतः खुला हुआ है। हाथमें वंशी है। बड़ी मतवाली चालसे वे उत्तर एवं पश्चिमके कोनेकी ओर चलने लग जाते हैं। श्रीश्यामसुन्दरके बायें हाथमें पीले रंगका रूमाल है, जिसके नीचेकी ओरपर एक गाँठ लगी है। वे कुछ दूर बढ़कर फिर ठहर जाते हैं तथा पीछेकी ओर मुँह करके रुक जाते हैं। इस समय श्यामसुन्दरका मुख पूर्व एवं दक्षिणके कोनेकी ओर है। वे मन्द-मन्द मुस्कुरा रहे हैं।
English translation
Śyāmasundara fastens His scarf tightly around His waist, leaving His upper body bare. Flute in hand, He walks toward the northwest with an intoxicated gait. A yellow handkerchief hangs from His left hand, knotted at one lower corner. After walking a short way He stops, turns southeast, and smiles softly.
Original
श्रीश्यामसुन्दरसे पाँच-छः हाथ हटकर उनके पूर्वी ओर श्रीराधारानी खड़ी हैं। श्रीराधारानीका मुख ठीक उत्तर एवं पश्चिमके कोनेकी ओर है। रानी एक बार तो श्यामसुन्दरके मुखकी ओर देखती हैं, फिर पीछे मुड़कर कुछ दूरपर पूर्वकी ओर खड़ी हुई विशाखाको देखती हैं तथा संकेतसे उसे अपने पास बुलाती हैं। विशाखा पासमें आ जाती हैं। रानी विशाखाके कानमें कुछ कहती हैं। विशाखा वहाँसे दाहिनी ओर कुछ हट जाती हैं तथा नीचे झुककर पुलिनपरसे थोड़ी बालुका उठा लेती हैं। बालुकाको एक रूमालमें रखकर बाँधकर उसमें ठीकसे गाँठ लगा देती हैं। गाँठ लगाकर बायें हाथसे गुणमञ्जरीके दाहिने हाथमें दे देती हैं।
English translation
Rādhārānī stands five or six cubits east of Him, facing northwest. She first looks upon His face, then turns and summons Viśākhā, who stands some distance eastward. Rādhā whispers in her ear. Viśākhā steps to the right, gathers a little sand from the bank, knots it securely in a handkerchief, and places the bundle in Guṇamañjarī's right hand.
Original
श्रीकृष्ण विशाखाकी इस चेष्टाको देख लेते हैं तथा वहाँसे दक्षिणकी ओर चलकर उस स्थानपर पहुँचते हैं, जहाँ यमुनाका प्रवाह पुलिनको काटता हुआ बह रहा है। जलके पास पहुँचकर श्यामसुन्दर घुटनेतक पानीमें प्रवेश कर जाते हैं तथा अपनी पीठ राधारानीकी ओर करके पश्चिमकी ओर मुख करके खड़े हो जाते हैं। फिर वे झुककर पानीमें हाथ डालते हैं और एसी मुद्रा बनाते हैं मानो पानीसे आँख धो रहे हों। इसी बीचमें पानीके भीतरसे थोड़ी गीली बालुका बहुत शीघ्रतासे निकालकर अपने रूमालमें, जो कमरमें आगेकी ओर लटक रहा था, बाँध लेते हैं।
English translation
Kṛṣṇa notices Viśākhā's action. He walks south to where the Yamunā's current cuts into the bank, wades knee-deep into the water, and stands facing west with His back to Rādhārānī. Bending down as though washing His eyes, He swiftly scoops wet sand from beneath the water and knots it in the handkerchief hanging at the front of His waist.
Original
राधारानी कुछ तेज गतिसे चलती हुई ठीक उसी समय उनके पीछे आकर खड़ी हो जाती हैं। रानी श्यामसुन्दरके कन्धेको पीछेसे पकड़कर खिलखिलाकर हँसती हुई हिला देती हैं। श्यामसुन्दर पीछे मुड़कर राधारानीकी ओर मुख करके खड़े हो जाते हैं। रानी झुककर अपनी अञ्जलिमें थोड़ा यमुना-जल भर लेती हैं तथा एक श्लोक पढ़ती हुई श्यामसुन्दरके मुखपर धीरेसे कुछ छींटे दे देती हैं। रानीने जो श्लोक पढ़ा है, उसका भावार्थ यह है कि आजके रास-यज्ञकी निर्विघ्न सम्पन्नताके लिये मैं वृन्दावनके देवताका अभिषेक कर रही हूँ।
श्रीश्यामसुन्दर रानीके हाथसे छींटे खाते ही उसी प्रकार थोड़ा जल लेकर रानीके मुखपर छींटे देते हुए यह कहते हैं, “नहीं, वनदेवीका अभिषेक पहले होना चाहिये।”
English translation
Rādhārānī hurries up behind Him, catches His shoulder, and shakes Him with delighted laughter. He turns toward Her. She gathers Yamunā water in Her joined palms, recites a verse, and gently sprinkles His face. The verse means, "For the unobstructed completion of today's sacrifice of the rāsa, I bathe the deity of Vṛndāvana."
Śyāmasundara immediately sprinkles Her face in the same way. "No, the goddess of the forest must be bathed first."
Original
राधारानी रूमालसे मुँह पोंछने लग जाती हैं। मुँह पोंछकर फिर दाहिने हाथसे श्रीकृष्णका दाहिना हाथ पकड़ लेती हैं तथा झटका देती हुई पानीसे बाहर निकल आती हैं। अब श्रीश्यामसुन्दर एवं राधारानी, दोनों ठीक पूर्वकी ओर मुख किये हुए खड़े हैं। श्रीश्यामसुन्दर मुरलीको अपनी फेंटमें खोंस लेते हैं तथा कमलके पत्तेकी एक छोटी-सी पुड़िया अपनी कमरसे निकालते हैं। पुड़ियाको खोलकर, उसमें जो हरे रंगकी चूर्णवत् कोई वस्तु है, उसे अपनी अँगुलियोंमें लगा लेते हैं। फिर वे राधारानीको संकेतसे कहते हैं कि चुप रहना, कुछ बोलना नहीं।
English translation
Rādhārānī wipes Her face, seizes His right hand, and draws Him from the water. Both now stand facing east. Śyāmasundara tucks His flute into His sash, takes a little lotus-leaf packet from His waist, and opens it. He coats His fingers with the green powder inside and signals Rādhārānī to remain silent.
Original
इसके बाद वे आगे बढ़ जाते हैं एवं गुणमञ्जरीके पास जाकर खड़े हो जाते हैं। श्यामसुन्दरको अपनी ओर आते देखकर गुणमञ्जरी समझ गयी कि ये बालुकाकी पोटली मुझसे छीनने आ रहे हैं, अतः वह उनके आनेके पहले ही पोटलीको रूपमञ्जरीके हाथमें देकर दोनों हाथोंको कमरपर रखकर खड़ी हो जाती है तथा श्यामसुन्दरके पास आनेपर पूछती है, “क्यों, क्या बात है?”
श्रीश्यामसुन्दर समझ जाते हैं कि इसने पोटली तो कहीं आगे बढ़ा दी है, इसलिये तुरन्त एसी मुद्रा बना लेते हैं मानो वे सचमुच दूसरे कामसे उसके पास आये हों। श्यामसुन्दर कहते हैं, “री! एक काम कर। दौड़कर वहाँसे थोड़ा घिसा हुआ चन्दन ले आ।”
English translation
He approaches Guṇamañjarī. Realizing that He means to seize the sand bundle, she passes it to Rūpamañjarī before He arrives, plants both hands upon her hips, and asks, "Well, what is it?"
Seeing that the bundle has already been passed on, He pretends to have come on another errand. "Girl, do something for Me. Run and bring a little ground sandalwood from there."
Original
वहाँसे लगभग पचास गज उत्तर-पश्चिमकी ओर हटकर विस्तृत रासवेदी सजी हुई है। श्यामसुन्दर अँगुलीसे संकेत करते हुए वहींसे चन्दन लानेके लिये कह रहे हैं। गुणमञ्जरी हँसती हुई चन्दन लानेके लिये चली जाती है। श्यामसुन्दर श्रीप्रियासे प्रेमभरी दृष्टिसे पूछते हैं, “प्रिये! बता दे, बालुकाकी पोटली किसके पास है?”
राधारानी संकेत कर देती हैं, “ठीक पीछे देखो!”
English translation
The great rāsa platform stands about fifty yards northwest. Pointing toward it, He sends Guṇamañjarī for sandalwood, and she goes laughing. He then gazes lovingly at Priyā. "Beloved, tell Me who has the bundle of sand."
Rādhārānī signals, "Look directly behind You!"
Original
श्रीश्यामसुन्दरके कुछ दूर पीछे चित्रा खड़ी हैं। चित्राका मुख पश्चिमकी ओर है। वायुके हिलोरेसे चित्राके सिरका आँचल सरककर कन्धेपर आ गया है। वह किसी ध्यानमें इतनी तल्लीन हैं कि उनको यह पता ही नहीं है कि पीछे क्या हो रहा है। श्रीकृष्ण पीछेसे आकर चित्राकी वेणीको पकड़कर हिलाते हुए पूछते हैं, “चित्रारानी! वह पोटली कहाँ है?”
English translation
Citrā stands some distance behind Him, facing west. A gust has slipped her veil down to her shoulder, yet she is so absorbed that she notices nothing behind her. Kṛṣṇa comes up, catches and shakes her braid. "Queen Citrā, where is that bundle?"
Original
पोटली वास्तवमें चित्राके पास नहीं थी। चित्राके पास ही इन्दुलेखा खड़ी थीं, उन्हींके पास पोटली थी एवं राधारानीने उन्हींके लिये संकेत भी किया था। पर इन्दुलेखाने यह देख लिया कि राधाने मेरी ही ओर संकेत कर दिया है, अतः शीघ्रतासे वे उत्तरकी ओर हट गयी थीं। श्रीकृष्णने चित्राको ही अपने ठीक पीछे पाया था, इसीलिये उसकी वेणीको हिलाकर पूछ रहे थे। वेणी हिलानेपर चित्राको चेत होता है। वे प्रेमभरी आँखोंसे, पर कुछ चिढ़ी हुई-सी मुद्रामें देखती हुई कहती हैं, “कैसी पोटली?”
English translation
The bundle is not with Citrā but with Indulekhā, who had stood beside her. Rādhārānī's signal had indeed indicated Indulekhā, but she saw it and quickly withdrew northward. Finding only Citrā directly behind Him, Kṛṣṇa tugged her braid. Startled from her reverie, she looks at Him with loving yet slightly annoyed eyes. "What bundle?"
Original
श्यामसुन्दर समझ जाते हैं कि पोटली इसके पास नहीं है, पर तुरन्त प्रश्न करते हैं, “क्यों, कल मैंने तुम्हें बालुकाकी कुछ पोटलियाँ बनानेके लिये कहा था न?”
श्रीश्यामसुन्दर सचमुच ही कल चित्राको बालुकाकी कुछ पोटलियाँ बनानेके लिये कह चुके थे। इन पोटलियोंसे वह होड़ होनेवाली थी कि नौका-विहारके समय जलमें कौन कितनी दूर पोटलीको फेंक सकती है। अतः चित्रा मुस्कुराकर कहती हैं, “हाँ! बन चुकी हैं। वहाँ वेदीके पास हैं।”
English translation
Kṛṣṇa realizes that she does not have it, but asks at once, "Did I not ask you yesterday to make several bundles of sand?"
He truly had asked her. They were intended for a contest during the boat excursion to see who could throw one farthest across the water. Citrā smiles. "Yes, they are ready. They are beside the platform."
Original
श्रीश्यामसुन्दर अब रासवेदीकी ओर बढ़ने लग जाते हैं। श्रीराधारानी उनके पीछे-पीछे चल रही हैं। श्यामसुन्दर रह-रहकर श्रीप्रियाकी ओर देखने लगते हैं, फिर ठहर जाते हैं तथा श्रीप्रियाके दाहिने कन्धेपर हाथ रखकर चलने लगते हैं। सखियाँ एवं मञ्जरियाँ भी उनके इधर-उधर एवं कुछ मञ्जरियाँ-सखियाँ पीछे-पीछे चल रही हैं। चलते-चलते श्यामसुन्दर रासवेदीके पास पहुँच जाते हैं।
English translation
Śyāmasundara sets out toward the rāsa platform with Rādhārānī following. Again and again He looks back at Priyā, then stops, places His hand upon Her right shoulder, and walks beside Her. Sakhīs and mañjarīs move around and behind Them until They reach the platform.
Original
श्यामसुन्दर वेदीके ऊपर दाहिना पैर एवं नीचे बायाँ पैर रखे रहकर राधारानीसे संकेतमें कुछ पूछते हैं। रानी विशाखाकी ओर अँगुलीसे संकेत कर देती हैं। श्यामसुन्दर विशाखासे कहते हैं, “विशाखे! आज तुम्हें दाहिनी ओर रहना होगा।”
श्रीविशाखा अत्यन्त प्यारभरी तिरछी चितवनसे श्यामसुन्दरकी ओर देखती हैं तथा अपने सुन्दर नयनोंको कोनोंमें घुमाती हुई मुस्कराकर कहती हैं, “अच्छी बात है!”
English translation
With His right foot upon the platform and His left below, He silently asks Rādhārānī a question. She points to Viśākhā. "Viśākhā, today you must remain on My right."
Viśākhā casts Him a loving sidelong glance, rolls her beautiful eyes toward their corners, and smiles. "Very well!"
Original
श्यामसुन्दर श्रीप्रियाके कन्धेपर हाथ रखे हुए श्रीप्रियाको खींचते हुएसे वेदीपर चढ़ आते हैं। सब सखियाँ एवं मञ्जरियाँ भी चढ़ जाती हैं। आज वेदीकी सजावट तो निराली ही है। चारों ओरसे चन्दनकी एक हाथ चौड़ी पाटीको जोड़-जोड़कर गोलाकार विस्तृत वेदी बनायी गयी है। वेदीका व्यास लगभग एक सौ गज है। बीचके भागमें बालुका भरकर उस गोलाकार स्थलको चन्दनकी पाटी जितना ऊँचा बना दिया गया है। फिर उसपर पीले रंगकी अत्यन्त सुन्दर कालीन बिछा दी गयी है।
English translation
Śyāmasundara draws Priyā up by the shoulder, and all the sakhīs and mañjarīs ascend behind Them. The platform's decoration is extraordinary. A circular sandalwood border one cubit wide encloses a space nearly one hundred yards across. Sand fills the center to the height of the border, and a lovely yellow carpet covers it.
Original
वेदीके चारों ओर किनारे-किनारे दो-दो हाथके अन्तरपर सोनेके गमले रखे हुए हैं, जिनमें दो-दो हाथ ऊँचे हरी लतासे लिपटे हुए पुष्पोंके हरे-हरे वृक्ष हैं। उनमें कुन्दकी तरह पीले रंगके पुष्प खिले हुए हैं। किसी-किसी वृक्षमें तो इतने अधिक पुष्प खिले हुए हैं कि एसा प्रतीत हो रहा है मानो पुष्पमय पौधा हो। उन पुष्पोंसे विलक्षण जातिकी सुगन्धि निकल-निकलकर समस्त पुलिनको अतिशय सुवासित कर रही है। गमलोंकी एक कतारके बाद दो हाथ स्थान छोड़कर फिर एक और कतार सोनेके गमलोंकी है, जिनमें एक-एक हाथ ऊँचे बहुत ही सघन एवं महीन पत्तियोंके कोई वृक्ष-विशेष लगे हुए हैं। उनमें भी गुलाबके छोटे-छोटे पुष्प खिले हुए हैं तथा उन वृक्षोंकी पत्तियों एवं पुष्पोंसे भी अतिशय मधुर-मधुर सुगन्धि निकल रही है।
English translation
Golden pots stand at two-cubit intervals around its edge. In each grows a two-cubit flowering tree wrapped in green vines and covered with yellow blossoms resembling kunda. Some bear so many flowers that they appear made entirely of bloom, and their unusual fragrance perfumes the whole bank. Beyond the first row, separated by two cubits, is another row of golden pots holding dense, fine-leaved shrubs one cubit high. Tiny rose-like blossoms cover them, and both leaves and flowers release an exquisitely sweet scent.
Original
वेदीके किनारे-किनारे तीन-तीन हाथके अन्तरपर खम्भे हैं। ये खम्भे वेदीसे सटे हुए हैं तथा लगभग सोलह-सोलह हाथ ऊँचे हैं। खम्भे चन्दनके बने हुए हैं, पर उनमें चारों ओरसे खिले हुए उजले कमलके पुष्पोंको इस प्रकार पिरो दिया गया है मानो कमलके पुष्पोंका ही खम्भा बना हुआ है। उन खम्भोंको भी ऊपरसे एक-दूसरेसे चन्दनकी पतली छड़ियोंसे जोड़ दिया गया है तथा उनमें भी उजले कमल इसी प्रकार पिरोये हुए हैं।
English translation
Sixteen-cubit sandalwood pillars stand every three cubits along the edge, so thickly threaded with open white lotuses that each seems itself a pillar of lotus flowers. Slender sandalwood rods connect their tops and are likewise woven with white lotuses.
Original
उन छड़ियोंके सहारे प्रत्येक तीन हाथके अन्तरपर एक-एक गमला लटक रहा है। वह भी कमलके पुष्पोंसे एसा पिरो दिया गया है कि उसके चारों ओर केवल खिले हुए कमल ही दीख पड़ रहे हैं, मानो कमलका ही गमला हो। उन गमलोंमें भी छोटे-छोटे पुष्पोंके पौधे लगे हुए हैं तथा उनमें भी पुष्प खिले हुए हैं। एक खम्भेसे दूसरे खम्भेको ऊपर-ही-ऊपर जोड़ते हुए कमलके पुष्पोंका ही अत्यन्त सुन्दर मेहराब है। उन मेहराबोंमें एवं खम्भोंमें स्थान-स्थानपर अत्यन्त विलक्षण मणियाँ पिरोयी हुई हैं, जिनके भिन्न-भिन्न प्रकारके प्रकाशसे वेदीकी चमक आज अत्यन्त विलक्षण बन गयी है।
English translation
At each three-cubit interval, a hanging pot is so completely woven with lotus blossoms that it appears to be made of lotuses. Small flowering plants grow within. Beautiful lotus arches span the pillars overhead, and extraordinary jewels threaded through pillars and arches fill the platform with many-colored light.
Original
वेदीसे नीचे उतरकर पुलिनकी बालुकापर छः-छः हाथके अन्तरपर कुछ बड़े आकारके गमलोंमें लगभग पाँच हाथ ऊँचे-ऊँचे रजनीगन्धा पुष्पके वृक्ष लगे हुए हैं। उनमें पुष्पोंके गुच्छे लटक रहे हैं। वेदीसे लगभग चालीस हाथ दक्षिणकी ओर एवं बीस हाथ उत्तरकी ओर, दोनों ओरसे श्रीयमुनाकी धारा प्रवाहित हो रही है। इन दोनों धाराओंके पास जानेके लिये वेदीसे सटाकर तीन हाथ चौड़ा पथ बनाया गया है। पथ भी वेदीके समान ही सुन्दर बना हुआ है। पथके दोनों किनारोंके गमलोंमें उसी प्रकार रजनीगन्धाके वृक्ष लगे हुए हैं।
English translation
Beyond the platform, large pots stand six cubits apart upon the sand, each holding a five-cubit tuberose tree hung with clusters of bloom. Streams of the Yamunā flow forty cubits south and twenty cubits north. Beautiful three-cubit paths lead from the platform to both streams, lined with pots of the same tuberose trees.
Original
वेदीके पश्चिमी किनारेपर ठीक बीचमें स्थलसे आठ हाथ ऊँचाईपर पुष्पोंका एक सिंहासन बना हुआ है। सिंहासनके पास जानेकी जो सीढ़ियाँ बनी हैं, उन सीढ़ियोंसहित सिंहासनको चारों ओरसे उजले कमलोंसे पिरो दिया गया है। उनके चारों ओरके एक-एक हाथ स्थानको कमलके पत्तोंसे एवं और भी कई प्रकारकी हरी-हरी पत्तियोंसे सजा दिया गया है। उस आसन एवं सीढ़ियोंके चारों ओर नीले रंगके रेशमी वस्त्र लटका दिये गये हैं। उनपर मणियोंकी एवं चन्द्रमाकी शुभ्र किरणोंके पड़नेसे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यमुनाके प्रवाहमें कमलका वन हो और उसपर स्वाभाविक ही अत्यन्त सुन्दर ढंगसे कमलका एक सिंहासन बन गया हो। यमुना-पुलिनपर बहते हुए शीतल-मन्द-सुगन्ध वायुका झोंका रह-रहकर उन लटके हुए रेशमी वस्त्रोंको किञ्चित् हिला देता है। उस समय ऐसा प्रतीत होता है मानो सचमुच यमुनाका जल वायुके कारण हिल रहा हो।
English translation
At the middle of the western edge rises a flower throne eight cubits above the ground. White lotuses cover throne and steps, while lotus leaves and other green foliage adorn the surrounding cubit-wide border. Blue silk hangs around the seat and steps. Gemlight and white moonbeams upon the silk create the illusion of a lotus grove in the Yamunā's current, with a natural lotus throne rising from it. Each cool fragrant gust stirs the silk like moving water.
Original
वेदीका बीचका स्थान रास-नृत्यके लिये खाली है। श्रीश्यामसुन्दर श्रीप्रियाके साथ पूर्वकी ओरसे चढ़कर सिंहासनकी ओर बढ़ने लग जाते हैं। श्रीवृन्दा तुरन्त ही आगे बढ़ जाती हैं तथा श्यामसुन्दरके पहुँचनेके पहले ही वेदीके पास पहुँच जाती हैं। श्रीश्यामसुन्दरके आनेपर वृन्दा राधारानीका हाथ पकड़ लेती हैं तथा विशाखा श्यामसुन्दरके दाहिने हाथकी कलाई पकड़ लेती हैं एवं उनकी दाहिनी ओर खड़ी हो जाती हैं। रानी श्यामसुन्दरकी बायीं ओर हैं। उनका दाहिना हाथ श्यामसुन्दरके बायें कन्धेपर है।
English translation
The platform's center is left open for the rāsa dance. The Divine Couple enters from the east and approaches the throne. Vṛndā hurries ahead, takes Rādhārānī's hand, while Viśākhā catches Śyāmasundara's right wrist and stands at His right. Rādhā remains at His left with Her right hand upon His left shoulder.
Original
वृन्दा प्रिया-प्रियतमको साथ लेकर सिंहासनपर चढ़ना चाहती हैं कि इसी समय श्यामसुन्दर कुछ संकेत करते हैं। वृन्दा रुक जाती हैं तथा ललिताको पुकारती हैं। ललिता रानीसे कुछ दूरपर खड़ी रहकर कुछ मञ्जरियोंको यह बता रही थीं कि कौन किस वाद्य-यन्त्रको आज बजायेगी और कौन कहाँपर खड़ी होगी। उन्हें पुकारकर वृन्दादेवी कहती हैं, “ललितारानी! श्यामसुन्दर तुम्हें बुला रहे हैं।”
ललिता धीरे-धीरे चलती हुई श्यामसुन्दरके पास आ जाती हैं तथा मुस्कुराती हुई कहती हैं, “क्यों, बोलो!”
श्यामसुन्दर कहते हैं, “अपना रूमाल दे।”
ललिता कुछ कपट-क्रोध करके कहती हैं, “अभीसे छेड़खानी आरम्भ कर दी? राधाका रूमाल ले लो, मैं नहीं देती।”
English translation
As Vṛndā prepares to lead Them up, Śyāmasundara signals for Lalitā. She has been assigning instruments and positions to the mañjarīs. Vṛndā calls, "Queen Lalitā, Śyāmasundara wants you."
Lalitā strolls over smiling. "Well, what is it?"
"Give Me your handkerchief."
Feigning anger, she replies, "Has Your teasing begun already? Take Rādhā's. I shall not give You mine."
Original
श्यामसुन्दर मुस्कुराते हुए अपनी कलाई विशाखाके हाथसे छुड़ाकर बड़ी फुर्तीसे ललिताकी कमरमें लटकते हुए रूमालको छीन लेते हैं तथा उसमें पोंछ देते हैं वह हरे रंगकी चूर्णवत् कोई वस्तु, जो उन्होंने अपनी अँगुलियोंमें कुछ देर पहले लगायी थी। फिर विशाखाकी कलाई पकड़कर वृन्दा एवं श्रीप्रियाके साथ श्यामसुन्दर सीढ़ियोंपर चढ़ते हुए ऊपर सिंहासनपर जा पहुँचते हैं। वहाँ श्रीप्रिया-प्रियतम पूर्वकी ओर मुख करके बैठ जाते हैं।
English translation
Smiling, He frees His wrist from Viśākhā, snatches the handkerchief hanging from Lalitā's waist, and wipes away the green powder He had applied to His fingers. He then catches Viśākhā's wrist and ascends the steps with Vṛndā and Priyā. The Divine Couple sits upon the throne facing east.
Original
विशाखा कलाई छुड़ाकर रानीके पास जाकर कानमें बहुत धीरेसे कुछ कहती हैं; पर श्यामसुन्दर उसे सुन लेते हैं और कहते हैं, “नहीं, आज तो विशाखारानी ही हमारे दाहिनी ओर रहेंगी। अब मैं किसीका कोई प्रस्ताव नहीं सुनूँगा।”
English translation
Viśākhā slips free and whispers something into the Queen's ear, but He hears. "No. Today Queen Viśākhā shall remain on Our right. I shall entertain no proposal from anyone now."
Original
वेदीके पश्चिमी ओर रेशमी वस्त्रसे निर्मित अत्यन्त सुसज्जित एक कुञ्ज है। अब वृन्दादेवीकी दासियाँ उस कुञ्जके अन्दरसे सेवाके विभिन्न प्रकारके सामान लाकर सीढ़ियोंके नीचे रख देती हैं। शीतल जलकी झारियाँ, पानीसे भरी परात, कुल्ला करनेके लिये सुन्दर आकारवाले सोनेके गमले, गुलाबपाश, पिचकारी, छोटी-छोटी सन्गमरमरकी प्यालियोंमें खस, गुलाब, मेंहदी, मोतिया आदिके अत्यन्त सुगन्धित इत्र और फिर इन प्यालियोंसे भरी परात, इस प्रकार सेवाके विभिन्न सामानोंसे सिंहासनके नीचेका कुछ दूरतकका स्थल भर जाता है। विचित्र-विचित्र वाद्य-यन्त्रोंको ला-लाकर वृन्दाकी दासियोंने सिंहासनके पास सजा-सजाकर रख दिया है।
English translation
West of the platform stands a richly appointed silk pavilion. Vṛndā's maidservants bring out implements of service and arrange them below the steps: sprinklers of cool water, a basin of water, beautiful golden vessels for rinsing, rose-water sprinklers, syringes, small marble cups filled with fragrant essences of vetiver, rose, henna, and jasmine, and a basin holding those cups. They also arrange many unusual musical instruments beside the throne.
Original
ललिता, विशाखा, वृन्दा एवं अन्यान्य मञ्जरियाँ मिलकर सेवा प्रारम्भ करती हैं। श्रीप्रिया-प्रियतम पहले शीतल जलका पान करते हैं, फिर पानका बीड़ा मुखमें लेते हैं। कोई सखी सीढ़ियोंपर बैठी हुई है, कोई खड़ी है तथा प्रिया-प्रियतमके मुखारविन्दकी शोभा निहार रही है। यद्यपि देखनेमें सीढ़ी बहुत बड़ी नहीं है, पर आश्चर्यकी बात वह है कि सभी सखियाँ-मञ्जरियाँ एवं वृन्दाकी बहुत-सी दासियाँ यह अनुभव कर रही हैं कि मैं सीढ़ीके पास या सीढ़ीपर खड़ी या बैठी हूँ।
English translation
Lalitā, Viśākhā, Vṛndā, and the mañjarīs begin their service. The Divine Couple first drinks cool water and then accepts betel. Some sakhīs sit on the steps, others stand and gaze upon Their lotus faces. Though the staircase does not appear very large, every sakhī, mañjarī, and maidservant experiences herself as sitting or standing upon or beside it.
Original
स्वयं जल पीकर एवं पान खाकर श्यामसुन्दर उठते हैं तथा एक साथ ही सब सखियोंको अपने हाथोंसे सुमधुर जल पिलाते हैं तथा मुँहमें पान खिलाते हैं। इसके पश्चात् श्यामसुन्दर रानीको कुछ संकेत करते हैं। रानी अत्यन्त प्यारभरे स्वरमें कहती हैं, “वृन्दे! मेरे प्यारे श्यामसुन्दर आज अपने हाथोंसे तुम्हारी दासियोंको पान खिलाना चाहते हैं। अतः सब दासियोंसे मेरी ओरसे अनुरोध कर दो कि मेरी प्रार्थना मानकर सभी श्यामसुन्दरके हाथसे पान खा लें। कोई तनिक भी संकोच नहीं करे।”
English translation
After drinking and taking betel, Śyāmasundara rises and, all at once, personally offers sweet water and betel to every sakhī. Then He signals the Queen. In a loving voice She says, "Vṛndā, My beloved Śyāmasundara wishes to feed betel to your maidservants with His own hands. Request them on My behalf to accept His gift without the least hesitation."
Original
रानीकी बात सुनकर वृन्दा मुस्कुरा देती हैं तथा कहती हैं, “अच्छी बात है!”
वृन्दादेवी फिर दासियोंके प्रति कहती हैं, “बहिनो! रानीकी आज्ञा है, इसलिये संकोच छोड़कर हमलोगोंको श्यामसुन्दरके हाथसे पान खा ही लेना है।”
वृन्दाके एसा कहते ही श्यामसुन्दर एक साथ ही वृन्दाकी दासियोंको तथा मञ्जरियोंको पान खिलाकर अपनी प्रेमभरी दृष्टिसे तथा अपने मधुर कर-स्पर्शसे सभीको आनन्द एवं प्रेममें विभोर बना डालते हैं।
English translation
Vṛndā smiles. "Very well." Then she tells the maidservants, "Sisters, this is the Queen's command. Put aside your hesitation and accept betel from Śyāmasundara's hand."
At once He feeds betel simultaneously to all the mañjarīs and Vṛndā's servants. His loving gaze and sweet touch overwhelm each one with love and bliss.
Original
वेदीके मेहराबोंपर, खम्भों एवं पुष्प-वृक्षोंकी टहनियोंपर बैठकर भिन्न-भिन्न जातिके सुन्दर पक्षी कलरव कर रहे हैं। पुष्पोंपर गुन-गुन करते हुए भौंरे मँडरा रहे हैं। पुलिनकी बालुकापर मयूरी एवं मयूरोंका वृन्द आनन्दमें डूबा हुआ विचरण कर रहा है। श्रीयमुनाकी धारापर जलजातीय पक्षियों एवं हंसोंका समूह तैरता हुआ अपनी मधुर बोलीसे वन एवं पुलिनको निनादित कर रहा है।
English translation
Beautiful birds of many species call from the arches, pillars, and flowering branches. Bees hum above the blossoms. Peacocks and peahens wander joyfully upon the sand, while waterbirds and swans swim upon the Yamunā, filling forest and bank with their sweet voices.
Original
इन सबकी ओरसे प्रतिनिधिके रूपमें वृन्दा कहती हैं, “प्यारे श्यामसुन्दर! अपने वनके समस्त चर-अचर प्राणियोंकी ओरसे मैं प्रार्थना कर रही हूँ कि अपनी प्रिया एवं सखियोंके साथ रास करके हमलोगोंके नयनोंको शीतल करो। प्यारे! असंख्य वर्षोंसे मैं तुम्हारा रास देख रही हूँ। प्रत्येक रात्रिको ही तुम रास रचाकर हमारे नयनोंको शीतल करते हो; पर प्यारे श्यामसुन्दर! तुम्हारा यह रास नित्य नूतन हो रहा है। मेरी प्रिय सहेलियोंने अत्यन्त उत्साहके साथ वेदी सजायी है। इस वेदीको अपने चरण-स्पर्शका दान करके मेरी सखियों एवं दासियोंकी सेवा स्वीकार कर लो।”
English translation
As representative of them all, Vṛndā speaks. "Beloved Śyāmasundara, on behalf of every moving and unmoving being in Your forest, I pray that You perform the rāsa with Your Priyā and the sakhīs and cool our eyes. For numberless years I have watched Your rāsa. Each night You delight our eyes, yet Your dance is ever new. My dear companions have adorned this platform with immense enthusiasm. Grant it the touch of Your feet and accept the service of my sakhīs and maidservants."
Original
श्रीश्यामसुन्दर अत्यन्त प्यारभरी दृष्टिसे वृन्दा एवं वृन्दाकी दासियोंको देखते हैं। उनकी दृष्टि पड़ते ही सब प्रेम एवं आनन्दमें बेसुध होने लगती हैं। श्रीश्यामसुन्दर सिंहासनकी सबसे नीचेवाली सीढ़ीपर खड़े हैं। श्रीप्रिया निर्निमेष नयनोंसे श्यामसुन्दरके सुन्दर मुखारविन्दकी शोभा निहार रही हैं।
English translation
Śyāmasundara gazes lovingly upon Vṛndā and her servants. His glance leaves them insensible with love and bliss. He stands upon the lowest step of the throne while Priyā beholds His beautiful lotus face without blinking.
Original
श्रीश्यामसुन्दर श्रीप्रियासे रास-मण्डलमें पधारनेके लिये अनुरोध करते हैं। श्रीप्रिया मुस्कुराती हुई सिंहासनसे नीचे उतर पड़ती हैं तथा श्यामसुन्दरका कन्धा पकड़कर खड़ी हो जाती हैं। उन्हें साथ लेकर अत्यन्त मदभरी चालसे चलते हुए श्यामसुन्दर वेदीके बीचमें आकर खड़े हो जाते हैं।
English translation
Śyāmasundara invites Priyā into the rāsa circle. Smiling, She descends, catches His shoulder, and stands beside Him. With an intoxicated gait He leads Her to the center of the platform.
Original
श्रीप्रिया बायीं ओर खड़ी होती हैं, विशाखा दाहिनी ओर तथा ललिता श्रीराधाकी बायीं ओर खड़ी होती हैं; चित्रा विशाखाकी दाहिनी ओर। इस प्रकार श्यामसुन्दरको लेकर पाँच तो बीचमें दक्षिणकी ओर मुख करके खड़े हो जाते हैं तथा शेष सखियों एवं मञ्जरियोंकी मण्डली इन पाँचोंको घेरकर गोलाकार खड़ी हो जाती है। उनके इस प्रकार खड़ी हो जानेपर अर्धचन्द्राकारमें मञ्जरियोंका एक-एक दल चारों दिशाओंके ठीक बीच-बीचमें सुन्दर-सुन्दर वाद्य-यन्त्रोंको लेकर खड़ा हो जाता है। वेदीका शेष अंश वृन्दाकी दासियोंसे ठसाठस भर जाता है।
English translation
Priyā stands to His left, Viśākhā to His right, Lalitā to Rādhā's left, and Citrā to Viśākhā's right. These five face south in the center. All other sakhīs and mañjarīs form a circle around them. At the midpoint of each direction, a crescent-shaped company of mañjarīs stands with beautiful instruments. Vṛndā's maidservants densely fill the rest of the platform.
Original
सभी सखियों, दासियों एवं मञ्जरियोंके बदनपर चम्पई रंगकी साड़ियाँ अत्यन्त सुन्दर लग रही हैं। सबके शीशपर एक-से-एक बढ़कर सुन्दर-सुन्दर चन्द्रिका शोभा पा रही हैं तथा उनपरकी मणियोंके लाल, नीले, पीले, उजले, हरे, नारंगी एवं बैंगनी रंगके प्रकाशसे एवं चन्द्रमाकी अत्यन्त शुभ्र चाँदनीसे, इन सबसे वहाँकी चमक-दमक एवं शोभा सर्वथा अवर्णनीय हो गयी है। श्रीप्रिया, श्रीश्यामसुन्दर, सखियों, मञ्जरियों और दासियोंके अङ्गोंसे ज्योति एवं सुगन्धिके फैलनेसे समस्त पुलिन ही प्रकाश तथा सुवाससे कुछ इतना अधिक परिपूरित हो उठा है कि उसका वर्णन सर्वथा असम्भव है।
English translation
Champak-colored saris beautifully clothe every sakhī, maidservant, and mañjarī. Their jeweled crescent ornaments cast red, blue, yellow, white, green, orange, and violet rays into the pure moonlight. Light and fragrance stream from the limbs of Priyā, Śyāmasundara, and all Their companions until the whole bank is filled with indescribable brilliance and perfume.
Original
श्रीश्यामसुन्दरके दाहिने हाथमें मुरली है। बायें हाथसे वे श्रीप्रियाके दाहिने कन्धेको पकड़े हुए हैं। सर्वत्र आनन्द एवं अनुरागकी धारा बह रही है। इसी समय सबसे प्रथम श्रीश्यामसुन्दर मुरलीमें सुर भरते हैं। उनके सुर भरते ही वाद्य-यन्त्र बजानेवाली मञ्जरियोंके चारों दल भी एक साथ ही श्यामसुन्दरके सुरमें सुर मिलाकर वाद्य बजाना प्रारम्भ करते हैं। मुरली एवं वाद्य-यन्त्रोंकी मधुरिमासे पुलिन रसमय बन जाता है। श्यामसुन्दर सुर भरकर रुक जाते हैं। उनके रुकते ही सब वाद्य-यन्त्र भी तत्क्षण रुक जाते हैं। वे दो-तीन क्षणके लिये रुकते हैं।
English translation
The flute rests in Śyāmasundara's right hand, while His left holds Priyā's right shoulder. Bliss and affection flow everywhere. He sounds the first phrase. All four companies of musicians join His pitch, and flute and instruments fill the bank with rasa. When He pauses, every instrument falls silent for two or three moments.
Original
उस रुकनेके क्षणमें सखियाँ, मञ्जरियाँ एवं दासियाँ, सभी मिलकर एक साथ ही अपने एक पैरको ऐसी चतुराई एवं विलक्षण रीतिसे किञ्चित् हिला देती हैं, जिससे घुँघरू एक साथ एक स्वरमें बज उठते हैं तथा उनका अनिर्वचनीय मधुरिम स्वर समस्त पुलिनपर बिखर जाता है। यह ध्वनि सर्वत्र गूँजने लग जाती है। ऐसा प्रतीत होता है मानो यमुनाके प्रवाहके अन्तरालमें, बालुका-कणोंके हृदयमें, पुष्प-वृक्षोंके अन्तरतममें, सर्वत्र घुँघरू बज रहे हों। घुँघरूकी ध्वनि बन्द होते ही दूसरे क्षण फिर वही मुरलीका मधुरतम स्वर और वाद्य-यन्त्रोंका सुन्दरतम स्वर गूँजने लगता है। इस प्रकार घुँघरू एवं मुरली तथा वाद्य-यन्त्रोंकी ध्वनि क्रमशः गूँजती है। प्रत्येक बार स्वरका तार पहलेकी अपेक्षा दीर्घ होता जा रहा है, अर्थात् उत्तरोत्तर अधिक समयके लिये स्वरकी गति चालू रखी जाती है।
English translation
In each pause every sakhī, mañjarī, and maidservant moves one foot with marvelous precision, and all their anklets strike a single note. The unutterably sweet resonance spreads across the bank as though anklets sounded within the Yamunā's current, the heart of every grain of sand, and the innermost life of every flowering tree. As soon as they cease, flute and instruments begin again. These sounds alternate, each instrumental phrase sustained longer than the one before.
Original
श्रीप्रिया अपने बायें हाथको अब ऊँचा उठा लेती हैं तथा स्वरका निर्देश करती हुई उसे अत्यन्त सुन्दर रीतिसे धीरे-धीरे ऊपर-नीचे एवं बायें-दाहिने घुमा रही हैं। श्रीश्यामसुन्दर अब अपना बायाँ हाथ श्रीप्रियाकी दाहिनी बाँहके भीतर ले जाकर श्रीप्रियाके दाहिने हाथकी अँगुलियोंको अपने बायें हाथकी अँगुलियोंसे पकड़ लेते हैं। श्रीप्रियाके बायें हाथका अँगुली-संचालन ही सबको स्वरकी सूचना देता जा रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो उन अँगुलियोंसे कोई छिपी हुई शक्ति निकलकर श्यामसुन्दरकी मुरली एवं अन्यान्य वाद्य-यन्त्रोंको श्रीप्रियाकी इच्छानुसार नचा रही हो। श्यामसुन्दरके मुखारविन्दपर मन्द-मन्द मुस्कान है। सखियों एवं दासियोंकी आँखें प्रेममें झूम रही हैं। श्रीप्रिया अपनी सुन्दर आँखोंकी पुतलियोंको कोनोंमें इस प्रकार नचा रही हैं कि देखते-देखते दर्शक-मण्डली बेसुध-सी होती जा रही है।
English translation
Priyā raises Her left hand and gracefully moves it up, down, left, and right to direct the music. Śyāmasundara passes His left arm inside Her right arm and interlaces His fingers with Hers. The movement of Her free fingers communicates every musical cue, as though a hidden power issuing from them made His flute and all the instruments dance according to Her will. He smiles softly. The eyes of sakhīs and servants sway in love, while Priyā's darting pupils gradually rob the spectators of awareness.
Original
Braj Bhāṣā song, Rāga Kāphī
राग काफी
बन्यो मोर मुकुट नटवर रूप श्याम सुन्दर कमल नैन।
बाँको भौंह ललित भाज घुँघरवारो अलकैं॥
चौत बसन मोती माल लिये पदिक कंठ लाल।
हँसनि लोकनि गावनि मधुर अधर कुंडल झलकैं॥
कर पद भूषन अद्भुत कोटि मदन मोहन रूप।
अद्भुत वदन चंद देख गोपी भूली पलकैं॥
कहें भगवान् हित रस राय प्रभु ठाढ़े रास मंडल मधि।
राधा सौं बाँह जोरी किये हिये प्रेम लटकैं॥
English translation
Rāga Kāphī
His peacock crown is set; dark and lovely, lotus-eyed, He bears the form of the supreme dancer.
Curving brows, graceful arms, and curling locks enhance His beauty.
Bright garments and a pearl necklace adorn Him, with a red jewel at His throat.
His smile, glance, song, sweet lips, and flashing earrings enchant all.
His hands and feet are wondrously adorned; His form enchants millions of Cupids.
Seeing the wondrous moon of His face, the gopīs forget to blink.
Bhagavān Hita Rasarāya says: the Lord stands in the center of the rāsa circle,
His arm joined with Rādhā's, while love swings within Their hearts.
Original
गीत समाप्त होनेपर दो-तीन क्षण सर्वत्र नीरवता छा जाती है। पर तुरन्त ही श्रीप्रिया अपने घुँघरूओंको बजा देती हैं। उनके एसा करते ही घुँघरू एवं वाद्य-यन्त्र एक साथ बज उठते हैं। इस बार विश्वमोहन नृत्य प्रारम्भ होता है। स्वरके साथ वह मण्डल, जो श्रीप्रिया-प्रियतम एवं ललिता-विशाखा-चित्राको घेरकर गोलाकार खड़ी थी, अपने पैरोंको उठाती-गिराती हुई घूमने लगती है तथा श्रीप्रिया-प्रियतम एवं ललिता-विशाखा-चित्रा अपने स्थानपर ही उसी प्रकार अपने पैरोंको नचाती हुई घूमने लगती हैं। नृत्य-मण्डलीकी गति पूर्वसे पश्चिमकी ओर है।
English translation
After the song, silence reigns for several moments. Priyā strikes Her anklets, and all anklets and instruments sound together. The world-enchanting dance begins. The outer circle rises and lowers its feet while turning from east toward west. Priyā, Her Beloved, Lalitā, Viśākhā, and Citrā turn in place with the same steps.
Original
इसी समय श्यामसुन्दर, जितनी सखियाँ हैं, उतने रूपोंमें प्रकट होकर प्रत्येकके बीचमें खड़े हो जाते हैं तथा सबका हाथ पकड़कर नृत्य करते हैं। अब सखी-श्यामसुन्दर, सखी-श्यामसुन्दर, सखी-श्यामसुन्दर, सखी-श्यामसुन्दरकी जोड़ी हाथोंसे हाथ मिलाये हुए नृत्य कर रही है। श्रीप्रिया एवं सखियाँ एक साथ ही स्वरके क्षणिक लय एवं सामयिक परिवर्तनके अवसरपर “तत-थेई थेई, तत-थेई थेई” आदि शब्दोंको इतने मधुरतम स्वरमें उच्चारण करती हैं कि वेदीकी समस्त दर्शक-मण्डली आनन्दमें विभोर होकर भावके वेगको सम्भाल नहीं पाती और तद्भावाविष्ट होकर “थेई थेई” उच्च स्वरसे बोल उठती है। अब नृत्यकी गति तीव्र हो जाती है।
English translation
Śyāmasundara manifests as many forms as there are sakhīs and stands between each pair, joining hands and dancing. The circle now alternates sakhī and Śyāmasundara. At each rhythmic change Priyā and the sakhīs sing "tat-theī theī, tat-theī theī" so sweetly that the spectators, overcome with ecstasy, cry "theī theī" aloud. The dance quickens.
Original
Braj Bhāṣā song
देखो देखो री नागर नट निरतत कालिंदी तट।
गोपिनके मध्य राजे मुकुट लटक (री)॥
काछिनी किंकिनि कटि पीतांबरकी चटक।
कुंडल किरन रवि रथकी अटक (री)॥
तत थेई तत थेई सबद सकल घट।
उरप तिरप गति पगकी पटक (री)॥
रासमें श्रीराधे राधे मुरलीमें एक रट।
नंददास गावे ठहाँ निकट निकट (री)॥
English translation
Look, look, girls! The urbane Dancer dances upon Kālindī's bank.
He shines among the gopīs, His crown swaying.
His waist bells ring, His yellow garment flashes,
And the rays of His earrings arrest the sun's own chariot.
Tat theī, tat theī resounds through every heart.
His feet strike in straight and crossing steps.
Throughout the rāsa the cry is "Śrī Rādhā, Rādhā," while the flute repeats its single refrain.
Nandadāsa sings, standing very near.
Original
नृत्यकी गति और भी तीव्रतर होती है तथा वाद्य-यन्त्रोंका दल इसी पदको नृत्यके स्वरमें स्वर मिलाकर गाता है। इस बार सखियाँ और श्यामसुन्दर परस्परका हाथ छोड़कर अपने-अपने दोनों हाथोंसे भाव बताना प्रारम्भ करते हैं। समस्त सखियोंके समस्त अङ्ग नृत्यके चढ़ाव-उतारके साथ विचित्र-विचित्र महिमाका प्रकाश करते हुए सबको लास्यमें डाल रहे हैं। नृत्यके समय अङ्गोंकी झुकाने, मोड़ने आदिके ढंगको देखनेपर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो इन सखियोंके अङ्गोंमें अस्थि-संस्थान है ही नहीं और इनके अङ्ग सर्वथा सुन्दरतम सुकोमल माँससे निर्मित हैं, जो इच्छानुसार सब ओर सभी स्थानोंसे मुड़ जा सकते हैं। नृत्य करते-करते सखियोंका अञ्चल सिरसे सरक जाता है। श्यामसुन्दर बड़ी सावधानीसे उनके अञ्चलको बीच-बीचमें ठीक कर देते हैं।
English translation
The dance grows faster as the musicians continue the song. The sakhīs and Śyāmasundara release hands and express the lyrics with both arms. Every limb reveals astonishing grace with each rise and fall. Their bodies bend and turn as though they contained no bones, but only supremely soft beauty capable of moving in every direction. As their veils slip from their heads, Śyāmasundara carefully restores them.
Original
five dance formations
अब नृत्यके आवेशमें श्रीप्रिया एवं ललिता आदि भी बेसुध होने लगती हैं। बीचमें भी एक मण्डल बन गया है, जिसमें ललिता-श्यामसुन्दर, प्रिया-श्यामसुन्दर, विशाखा-श्यामसुन्दर, ये छः हैं।
१. मध्यस्थित श्रीप्रिया एवं ललितादिकी मण्डली ज्यों-की-त्यों नृत्य करती हुई अपने स्थानपर ही घूम रही है, पर बाहरवाली मण्डली नृत्यके आवेशमें बहुत ही सुन्दर दूसरा आकार धारण कर लेती है।
२. बाहरी मण्डली छः दलोंवाले पुष्पका आकार धारण करती है, जिसके मध्यमें प्रिया-श्यामकी मण्डली है।
३. कुछ देर बाद मण्डली तीसरा आकार धारण करती है, जिसमें राधा-श्याम, विशाखा-श्याम एवं ललिता-श्यामके तीन पृथक् गोल मण्डल हैं।
४. कुछ देर बाद चौथा आकार धारण कर लेती है, जिसमें आठ बाहरी मण्डल एक आठ-पंखुड़ीवाले पुष्पके समान केन्द्रको घेरते हैं।
५. कुछ देर बाद यह पाँचवाँ आकार धारण करती है: केन्द्रमें राधा-श्याम, जिसके चारों ओर पंखुड़ियोंके समान सखियोंकी आठ मण्डलियाँ हैं।
English translation
Ecstasy overwhelms Priyā, Lalitā, and the others. A central ring forms from the six figures Lalitā-Śyāmasundara, Priyā-Śyāmasundara, and Viśākhā-Śyāmasundara.
- The central circle continues to turn in place while the outer ring takes a new form.
- The outer dancers form a six-petaled flower around the central Priyā-Śyāma circle.
- They divide into three round formations centered upon Rādhā-Śyāma, Viśākhā-Śyāma, and Lalitā-Śyāma.
- Eight outer circles surround the center like the petals of an eight-petaled flower.
- Rādhā-Śyāma remain in the center, encircled by eight petal-like companies of sakhīs.
Original
उपर्युक्त पाँचों आकारोंमें यह बात निश्चित रूपसे है कि प्रत्येक सखीके पास श्यामसुन्दर हैं। इन पाँच प्रकारके ढंगसे बहुत देरतक मधुरतम नृत्य एवं संगीतका सरस प्रवाह बहता रहा। अब रात्रिका समय अढाई प्रहरसे कुछ अधिक व्यतीत हो जाता है, पर किसीको भी इसकी सुधि नहीं है।
English translation
In every one of these five formations, Śyāmasundara stands beside each sakhī. The sweet current of dance and music flows for a long time through all five patterns. More than two and a half watches of the night have passed, yet no one is aware of time.
Original
श्रीप्रिया एवं सखियोंकी वेणियाँ खुल गयी हैं। उनमेंसे फूल झर-झरकर गिर रहे हैं। मुखारविन्दपर स्वेद-बिन्दु मोतीकी तरह झलमल-झलमल कर रहे हैं। श्रीप्रिया आनन्दमें मूर्च्छित होकर गिरने लगती हैं। इसी समय श्यामसुन्दर मुरली होठोंसे अलग करके प्रियाको हृदयसे लगा लेते हैं। मुरली बन्द होते ही और वाद्य-यन्त्र भी बन्द हो जाते हैं। प्रत्येक सखीको श्यामसुन्दर अपने हृदयसे लगाकर अपने पीताम्बरसे उसका मुँह पोंछने लगते हैं।
English translation
Priyā's braid and those of the sakhīs come undone, shedding flowers. Pearls of perspiration glisten upon their lotus faces. Priyā begins to fall unconscious from bliss. Śyāmasundara removes the flute from His lips and catches Her to His heart. All instruments cease. In each manifested form He embraces a sakhī and wipes her face with His yellow garment.
Original
श्रीप्रिया आनन्दमें कुछ देरतक मूर्च्छित रहती हैं। कई सखियाँ भी मूर्च्छित हैं। कोई-कोई अर्ध-बाह्यज्ञानकी दशामें हैं। सभीको श्यामसुन्दर हृदयसे लगाये-लगाये अपने पीताम्बरसे पंखा झल रहे हैं। धीरे-धीरे सखियाँ पूर्णतः प्रकृतिस्थ हो जाती हैं। प्रकृतिस्थ होते ही श्यामसुन्दर अपने और सब रूपोंको छिपा लेते हैं तथा एक श्यामसुन्दर बचे रहते हैं, जो राधारानीको गोदमें लिये बैठ जाते हैं। थोड़ी देर बाद रानी भी प्रकृतिस्थ हो जाती हैं। रानी हँसती हुई उठ बैठती हैं तथा अपना अञ्चल सम्भालने लगती हैं।
English translation
Priyā remains unconscious in bliss, as do several sakhīs; others retain only partial outward awareness. Holding each against His heart, Śyāmasundara fans them with His yellow garment. As they gradually recover, He withdraws His many manifestations until only one form remains, seated with Rādhārānī in His lap. Soon She too revives, sits up laughing, and arranges Her veil.
Original
वृन्दा आनन्दमें इतराती-उतराती हुई श्रीप्रियाका हाथ पकड़ लेती हैं तथा प्यारवश हाथोंसे प्रियाके हाथोंको दबाने लग जाती हैं। वृन्दाकी दासियाँ गुलाबपाशसे सुन्दर-शीतल जल श्रीप्रिया, श्यामसुन्दर एवं सखियोंपर धीरे-धीरे छींटती हैं। यमुना-पुलिनका शीतल-मन्द समीर अद्यपि प्रवाहित हो रहा है, फिर भी वृन्दाकी दासियाँ कमलके फूलोंसे पिरोये हुए सुन्दर-सुन्दर बड़े-बड़े पंखोंको लेकर धीरे-धीरे झलने लग जाती हैं। वृन्दा श्यामसुन्दरके वस्त्रोंमें अत्यन्त सुगन्धित इत्र लगाती हैं। उन्हें इत्र लगाती देखकर रानी भी थोड़ा इत्र लेकर श्यामसुन्दरके कन्धेपरके दुपट्टेमें लगा देती हैं।
English translation
Vṛndā, overflowing with delight, takes Priyā's hands and lovingly presses them. Her servants gently sprinkle cool rose water over the Divine Couple and the sakhīs, then fan Them with great fans woven from lotus flowers, though the mild river breeze still blows. Vṛndā perfumes Śyāmasundara's garments, and the Queen applies essence to the scarf upon His shoulder.
Original
वृन्दाकी सभी दासियाँ फिर ऐसा अनुभव करती हैं कि मुझे प्यारे श्यामसुन्दरके वस्त्रमें इत्र लगानेके लिये अवसर मिला है और वे श्यामसुन्दरके अङ्गोंका स्पर्श पाकर आनन्दमें बेसुध-सी हो जाती हैं। फिर श्यामसुन्दर एवं सभी सखियाँ मिलकर रानीके वस्त्रोंमें इत्र लगाती हैं। इसके बाद श्यामसुन्दर सभी सखियोंके वस्त्रोंमें एक साथ ही इत्र लगाते हैं।
English translation
Every one of Vṛndā's maidservants experiences that she herself is given the opportunity to perfume His garment, and the touch of His limbs makes each swoon with delight. Then Śyāmasundara and all the sakhīs perfume the Queen's garments, after which He simultaneously applies fragrance to every sakhī.
Original
सर्वत्र आनन्द-ही-आनन्द छाया हुआ है। इस समय श्रीप्रिया-प्रियतमका मुख पूर्वकी ओर है। श्रीवृन्दाकी दासियोंकी टोली झारीमें जल एवं कुल्ला करनेके लिये चौड़े मुँहका गमला लिये हुए आ खड़ी होती है। दूसरी टोली सोनेकी परातोंमें सजा-सजाकर सोनेकी तश्तरियोंमें दूधकी मलाई एवं वरकके संयोगसे बनी हुई विभिन्न आकार एवं स्वादकी मिठाइयाँ लिये हुए खड़ी है। श्रीश्यामसुन्दर एवं श्रीप्रिया कुल्ला करते हैं। दासियोंकी टोली बड़ी शीघ्रतासे सबको कुल्ला करा देती है। कुल्ला कर लेनेके पश्चात् तश्तरी-भरी परातको श्यामसुन्दरके आगे रख देती हैं।
English translation
Bliss reigns everywhere. The Divine Couple faces east. One company brings water sprinklers and broad-mouthed rinsing vessels; another brings golden trays holding sweets of many shapes and flavors made from clotted cream and silver leaf. The maidservants quickly help everyone rinse, then place the tray of sweets before Śyāmasundara.
Original
रानी तश्तरीसे मिठाई निकालकर अत्यन्त प्यारपूर्वक श्यामसुन्दरके मुखमें देती जाती हैं। श्यामसुन्दर श्रीप्रियाके मुखारविन्दकी शोभा निहारते हुए मिठाई खा रहे हैं। कुछ मिठाई खाकर कहते हैं, “न, अब तू जबतक नहीं खायेगी, तबतक मैं और नहीं खाऊँगा!”
श्रीप्रिया कहती हैं, “मैं पीछे खा लूँगी।”
श्यामसुन्दर कहते हैं, “तब न सही, मैं भी अब और नहीं खाऊँगा।”
English translation
The Queen lovingly feeds sweets into His mouth while He gazes upon Her lotus face. After eating several, He says, "No, I shall eat no more until You eat."
"I shall eat afterward."
"Then let it be. I too shall eat no more."
Original
श्रीप्रिया प्रेममें भर जाती हैं तथा कहती हैं, “अच्छा, मैं खा लूँगी; पर मैं जितनी मिठाई खाऊँ तुम्हें फिर उससे चौगुनी खानी पड़ेगी।”
श्यामसुन्दर अत्यन्त प्यारसे कहते हैं, “चौगुनी ही सही, इसपर भी यदि मैं अपने हाथसे खिलाऊँ और तू ठीकसे खा ले तो तुमसे आठ गुना अधिक खा लेनेका वचन दे रहा हूँ।”
श्रीप्रिया सकुचा जाती हैं। सभी सखियाँ भी आनन्दमें विभोर हो जाती हैं। श्रीप्रिया चुप बैठी रहती हैं। श्यामसुन्दर मुस्कुराकर पूछते हैं, “क्यों प्रिये! मेरी बातको स्वीकार करती हो या नहीं?”
रानी बहुत सकुचाये स्वरमें धीरेसे कहती हैं, “अच्छा, खिला दो।”
English translation
Filled with love, Priyā says, "Very well, I shall eat, but then You must eat four times as much as I do."
He answers tenderly, "Four times is acceptable. If I may feed You with My own hand and You eat properly, I promise to eat eight times more than You."
Priyā grows shy while all the sakhīs are delighted. He smiles. "Beloved, do You accept My proposal?"
In a deeply bashful voice the Queen whispers, "Very well, feed Me."
Original
श्यामसुन्दर अत्यन्त प्यारसे श्रीप्रियाके हाथको पकड़ लेते हैं तथा फिर दाहिने हाथसे श्रीप्रियाके मुखमें मिठाईका एक छोटा-सा खण्ड रख देते हैं। श्रीप्रिया मिठाईको मुखमें लेकर प्रेममें इतनी अधीर होने लगती हैं कि सँभलकर बैठे रहना कठिन हो जाता है। रूपमञ्जरी तुरन्त पीछेसे आकर उन्हें सँभाल लेती है। श्रीप्रिया उसीके सहारेसे बैठकर मिठाई खाती हैं। स्वयं श्यामसुन्दर ही अब प्रेममें इतने अधिक विभोर हो जाते हैं कि मिठाईका खण्ड हाथमें लेकर चुपचाप बैठे रह जाते हैं। न प्रियाको यह ज्ञान है कि मैं मिठाई खा रही हूँ, न श्यामसुन्दरको यह ज्ञान ही है कि मैं मिठाई खिला रहा हूँ। दोनों निर्निमेष नयनोंसे एक-दूसरेके मुखारविन्दको देखते हुए चित्रकी भाँति बैठे हैं।
English translation
Śyāmasundara lovingly takes Priyā's hand and places a small piece of sweet in Her mouth. Love makes Her so unsteady that Rūpamañjarī immediately supports Her from behind. Then He too becomes absorbed in love, sitting motionless with another morsel in His hand. Neither knows that She is eating or He is feeding. They sit like a painted image, gazing without blinking into one another's lotus faces.
Original
सखियाँ भी इनकी दशा देखकर प्रेममें पगली होती जा रही हैं। फिर ललिता कुछ सँभलकर रानीके मुँहमें मिठाई देती हैं। रानी यन्त्रकी भाँति मिठाईको धीरे-धीरे कण्ठसे नीचे उतार लेती हैं। श्यामसुन्दर भी यन्त्रकी भाँति मिठाई उठा-उठाकर ललिताके हाथोंमें देते चले जाते हैं। श्रीप्रिया-प्रियतम, दोनोंकी ही अवस्था विचित्र हो गयी है।
ललिता कुछ मिठाई खिलाकर शीतल-सुवासित जलके गिलासको श्रीप्रियाके होठोंसे लगा देती हैं। श्रीप्रिया जलके कुछ घूँट पी लेती हैं। ललिता रानीके होठोंको जलसे पोंछकर चाहती हैं कि रूमालसे पोंछ दूँ, पर श्यामसुन्दर अपना पीत दुपट्टा ललिताके हाथमें दे देते हैं। ललिता मुस्कुराती हुई उसी दुपट्टेसे रानीका मुँह पोंछ देती हैं।
English translation
The sakhīs grow mad with love at the sight. Lalitā composes herself and feeds the Queen, who swallows mechanically, while Śyāmasundara mechanically places more pieces in Lalitā's hands. After several morsels Lalitā gives Priyā cool scented water. When she reaches for a handkerchief to dry the Queen's lips, Śyāmasundara offers His yellow scarf, and Lalitā smilingly uses it.
Original
अब रानीको चेत हो आता है। श्यामसुन्दरकी भी भाव-समाधि टूट जाती है। दोनों ही एक-दूसरेको देखकर हँस पड़ते हैं। श्यामसुन्दर फिर सखियोंको उसी प्रकार एक साथ मिठाई खिलाते हैं। फिर आपसमें एक-दूसरेको पान भी उसी प्रकार खिलाते हैं।
English translation
The Queen returns to awareness, and Śyāmasundara's absorption also breaks. They look at one another and laugh. He then simultaneously feeds sweets to all the sakhīs, and they offer betel to one another in the same way.
Original
अब रात्रि लगभग तीन प्रहर पूरे होनेको आ गयी है। श्रीश्यामसुन्दरकी आँखोंमें प्रेमरससा आलस्य-सा झलकने लगता है। श्रीप्रिया मुस्कुराती हुई उठ पड़ती हैं। मण्डलीके सहित श्यामसुन्दर विश्राम-कुञ्जकी ओर चलने लगते हैं। श्रीयमुनाके उत्तरी तटपर विश्राम-कुञ्जकी पंक्तियाँ लगी हुई हैं। आज जिस कुञ्जमें विश्राम करना है, उसी ओर वृन्दा आगे-आगे चल रही हैं। उनके पीछे प्रिया-प्रियतम एवं उनके पीछे सखियाँ चल रही हैं।
English translation
Nearly three watches of the night have passed. Love-suffused weariness appears in Śyāmasundara's eyes. Priyā rises smiling, and the company sets out for the rest bowers upon the Yamunā's northern bank. Vṛndā leads, the Divine Couple follows, and the sakhīs come behind.
Original
बालुकामय पुलिन एवं तटके बीचमें यमुनाकी एक धारा बहती है। उसपर नावका अत्यन्त सुन्दर पुल है। उसीपर चढ़कर श्रीप्रिया-प्रियतम किनारेपर पहुँचते हैं। मार्गमें चलते हुए आपसमें अत्यन्त प्रेममय विनोद होता जा रहा है। श्रीप्रिया-प्रियतम एवं सखियाँ कुछ सघन वन-वीथियोंको पार करती हैं तथा मणियोंके प्रकाशमें चमचम करते हुए सुन्दर पथसे चलकर रत्नमय निकुञ्ज-भवनमें आ पहुँचती हैं।
English translation
A stream of the Yamunā runs between the sandy bank and the shore. They cross it upon a lovely bridge of boats, exchanging affectionate jokes as They go. Passing through dense forest avenues and along a beautiful jewel-lit path, They reach the jeweled bower-house.
Original
निकुञ्ज-भवनकी शोभा अनुपम ही है। इसमें प्रत्येक सखी, दासी एवं मञ्जरीके विश्रामके लिये अलग-अलग स्थान बने हुए हैं। निकुञ्ज-भवनके मध्यमें अत्यन्त सुसज्जित कमरा है, जिसमें सेवाकी सब सामग्रियाँ हैं। अत्यन्त सुन्दर मखमली शय्या बिछी है। उसके पास ही कमलोंकी एक और पुष्प-शय्या है। समस्त कमरेमें अपूर्व शान्ति-आनन्द-उल्लास भरा हुआ है। रानी जाकर श्यामसुन्दरको मखमली शय्यापर बैठा देती हैं। श्यामसुन्दर मुस्कुराने लग जाते हैं। कुछ देर आपसमें निर्मल विशुद्ध प्रेममय विनोद होता रहता है।
English translation
The bower-house is incomparable. Separate resting places are prepared for every sakhī, maidservant, and mañjarī. Its central chamber holds all implements of service, a beautiful velvet bed, and beside it a second bed of lotuses. Unprecedented peace, joy, and delight fill the room. The Queen seats Śyāmasundara upon the velvet bed, and for some time Their pure loving play continues.
Original
फिर ललिता उठकर खड़ी हो जाती हैं। अत्यन्त प्यारसे कहती हैं, “मुझे नींद आ रही है, मैं सोने जा रही हूँ।”
श्यामसुन्दर चाहते हैं कि ललिताको पकड़कर बैठा लें, पर वे फुर्तीसे बाहर निकल आती हैं तथा समीपस्थ कमरेपर शीघ्रतासे जाकर द्वार बन्द कर लेती हैं। इसी प्रकार और-और सखियाँ भी कोई किसी मिससे, कोई किसी मिससे बाहर आ जाती हैं। सबसे पीछे रूपमञ्जरी निकलती हैं। बाहर जाकर वह द्वारको बन्द कर देती हैं।
English translation
At last Lalitā rises. "I am sleepy. I am going to rest." Śyāmasundara tries to catch and detain her, but she darts outside, enters a nearby room, and closes its door. One by one the other sakhīs depart on various pretexts. Rūpamañjarī leaves last and closes the Couple's door from outside.
Original
द्वारके पास ही दो पंक्तियोंमें, छः इस ओर एवं छः उस ओर, अत्यन्त सुन्दर मखमली गद्दोंकी शय्याएँ लगी हुई हैं। रूपमञ्जरीके द्वारा द्वार बन्द कर दिये जाते ही बारह मञ्जरियाँ शय्याओंपर लेट जाती हैं। उनकी चार-चारकी एक टोली बारी-बारीसे प्रत्येक घण्टेमें जागती रहती है कि जिससे कहीं कुञ्ज-सेवाकी आवश्यकता होनेपर प्रिया-प्रियतमको कष्ट न हो जाय।
English translation
Two rows of velvet beds lie beside the door, six on each side. Twelve mañjarīs recline upon them. In groups of four they keep watch by turns, one group awake during each hour, so that the Divine Couple need never be troubled if service is required.
Original
वृन्दा प्रत्येक सखीके द्वारके पास जाती हैं तथा छिद्रसे देखकर मुस्कुराती हुई आगे बढ़ती हैं। प्रत्येक जगह जा-जाकर जब वृन्दा स्वयं देख लेती हैं कि सब विश्रामके स्थानमें ठीक-ठीक पहुँच गयी हैं, तब अपनी दासियोंके साथ उसी महलके समीपस्थ महलमें जाकर विश्राम करती हैं।
English translation
Vṛndā visits each sakhī's door, peeks through its opening, and moves on smiling. Only after personally confirming that everyone has reached her proper resting place does she retire with her maidservants to the neighboring palace.
Original
शीतल-मन्द-सुगन्धित पवन प्रवाहित हो रहा है। यमुनाका प्रवाह बड़ी शान्तिकी अवस्थामें है। सर्वत्र एक अनिर्वचनीय शान्ति फैली हुई है। अवश्य ही कान लगाकर सुननेसे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वन एवं यमुना-पुलिनका अणु-अणु धीरे-धीरे जप रहा है:
“राधेश्याम राधेश्याम राधेश्याम राधेश्याम।”
English translation
A cool, gentle, fragrant wind flows. The Yamunā moves in profound stillness, and indescribable peace spreads everywhere. Listening closely, one can hear every atom of the forest and the Yamunā's bank softly chanting:
"Rādheśyāma, Rādheśyāma, Rādheśyāma, Rādheśyāma."