राम

अक्षक्रीड़ा लीला

The Dice-Play Līlā

Chapter 10 of 32Source scan pages 110–12333 paired passages

Original

Sanskrit invocation

॥ विजयेतां श्रीप्रियाप्रियतमौ ॥

English translation

May Śrī Priyā and Her Beloved be ever victorious.

Original

श्रीप्रिया-प्रियतम कटहल-वृक्षसे बने हुए अत्यन्त सुन्दर निकुञ्जमें विराजमान हैं। चार अत्यन्त सुन्दर कटहलके वृक्ष आठ-आठ गजकी दूरीसे चारों कोनोंमें स्थित हैं। उनकी मोटी-मोटी शाखाएँ आपसमें जुड़कर गुम्बदके आकारकी बन गयी हैं। कटहल-वृक्षोंको चारों ओरसे घेरकर अंगूरकी लताएँ फैली हैं, जिनमें गुच्छे-के-गुच्छे अंगूरके फल लटक रहे हैं। चारों कटहलके वृक्ष भी फलसे भरे हैं। छोटे-बड़े सब आकारके पनस-फल वृक्षोंसे लटक रहे हैं। कुछ पके हुए भी हैं तथा उनसे अत्यन्त मीठी सुगन्धि निकल-निकलकर सम्पूर्ण वातावरणको सुवासित कर रही है।

English translation

Śrī Priyā and Her Beloved are seated in a beautiful bower formed from jackfruit trees. Four splendid trees stand at the corners, each eight yards from the next. Their thick branches join overhead to form a dome. Grape vines encircle them, heavy with hanging clusters, while jackfruits of every size fill the trees. Some are ripe, and their intensely sweet fragrance perfumes the entire atmosphere.

Original

चारों दिशाओंमें चार दरवाजे हैं। दरवाजोंके पास अंगूरकी बेलें फैली हुई हैं। इन बेलोंमें अंगूर लटक रहे हैं। अंगूर सहित फैली हुई बेलोंकी शोभा ऐसी है मानो झालर लग रही हो। छोटे-छोटे पक्षी बेलों एवं वृक्षोंपर इधरसे उधर, उधरसे इधर फुदक रहे हैं। ये पक्षी इतनी मीठी ध्वनिसे बोल रहे हैं कि समस्त निकुञ्ज एक अनिर्वचनीय मधुर धीमी स्वर-लहरीसे गुञ्जित हो रहा है।

English translation

Four doors open toward the four directions. Grape vines spread beside them, their fruit-laden strands resembling decorative garlands. Tiny birds hop among the vines and trees, calling so sweetly that an indescribably gentle melody resonates throughout the bower.

Original

निकुञ्जके सहनके किनारे-किनारे एक विचित्र जातिके छोटे-छोटे तीन-तीन अंगुल ऊँचे नीले रंगके पौधे उगे हुए हैं तथा वे पौधे आपसमें इतने घने हैं कि केवल उनकी छोटी-छोटी पत्तियाँ ही दीख रही हैं, जड़ नहीं दीखती। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो तीन हाथ चौड़ी नीली मखमली कालीन निकुञ्जके किनारे-किनारे बिछ रही हो। निकुञ्जका शेष अंश ठीक उसी प्रकारके नीले रंगके किसी तेजस पत्थरसे पटा हुआ है। फर्श इतना चिकना है कि झुकते ही उसपर अपने मुखका नीला-नीला प्रतिबिम्ब दीखने लगता है।

English translation

Along the courtyard edges grow unusual blue plants, each about three fingers high and so dense that only their tiny leaves can be seen. They resemble a blue velvet carpet three cubits wide. The remaining floor is paved with a similarly blue, lustrous stone, polished so smoothly that anyone bending over it sees a blue-tinted reflection of their face.

Original

निकुञ्जके बीचमें बड़े पीले रंगकी चादर बिछी हुई है। इसी चादरपर श्रीप्रिया-प्रियतम एवं सखियाँ अक्षक्रीड़ा खेलनेके लिये बैठी हुई हैं। श्रीप्रिया पूर्वकी ओर मुख किये हुए तथा श्यामसुन्दर पश्चिमकी ओर मुख किये हुए बैठे हैं। श्रीप्रियाकी दाहिनी ओर ललिता एवं बायीं ओर चित्रा बैठी हैं। श्रीश्यामसुन्दरकी बायीं ओर विशाखा घुटना टेके बैठी हैं तथा दाहिनी ओर दक्षिणकी ओर मुख किये हुए इन्दुलेखा बैठी हैं। चम्पकलता विशाखाकी बायीं ओर अपने दाहिने हाथसे विशाखाके बायें कन्धेको पकड़े हुए बैठी हैं। तुङ्गविद्या ललिता एवं श्रीप्रियाके बीचकी जगहमें कुछ पीछे हटकर बैठी हुई हैं। रङ्गदेवी श्रीप्रिया एवं चित्राके बीच कुछ पीछे हटकर बैठी हैं। सुदेवी इन्दुलेखा एवं चित्राके बीचकी जगहमें कुछ पीछे हटकर बैठी हैं। मञ्जरियाँ उन्हें चारों ओरसे घेरकर खड़ी हैं। रुकी हुई मञ्जरियोंकी दृष्टि श्रीप्रिया-प्रियतम एवं सखियोंपर लगी हुई है, जो अक्षक्रीड़ा आरम्भ करनेवाली ही हैं। निम्न चित्रसे स्पष्ट रूपसे ज्ञात हो सकता है कि श्रीप्रिया-प्रियतमके साथ अन्य सखियाँ किस-किस दिशामें कहाँ-कहाँ बैठी हैं।

English translation

A large yellow cloth is spread in the center. Upon it the Divine Couple and the sakhīs sit ready to play dice. Śrī Priyā faces east and Śyāmasundara west. Lalitā sits to Priyā's right and Citrā to Her left. Viśākhā kneels at Śyāmasundara's left, while Indulekhā sits at His right facing south. Campakalatā sits left of Viśākhā with a hand upon her shoulder. Tuṅgavidyā sits slightly behind between Lalitā and Priyā; Raṅgadevī sits behind between Priyā and Citrā; Sudevī sits behind between Indulekhā and Citrā. The mañjarīs stand encircling them, their eyes fixed upon the players. The accompanying illustration shows the precise seating directions.

Original

श्रीप्रिया-प्रियतमके बीचमें एक हाथ लम्बा एवं एक हाथ चौड़ा कपड़ेका टुकड़ा रखा हुआ है, जो अत्यन्त सुन्दर जरीकी कारीगरीके कारण चमचम कर रहा है। अक्षक्रीड़ाके दाँवकी सूचना देनेके लिये यह इस प्रकारसे चिह्नित है:

१ नेत्र २ नेत्र ३ कपोल ४ कपोल
५ अधर ६ ललाट ७ ठोढ़ी ८ ओष्ठ
९ हाथ १० नासिका ११ हृदय १२ हाथ
१३ मुकुट १४ चरण १५ चरण १६ मुरली

English translation

Between the Divine Couple lies a square cloth one cubit on each side, glittering with exquisite brocade work. Its sixteen wager spaces are marked as follows:

1 eye 2 eye 3 cheek 4 cheek
5 lower lip 6 forehead 7 chin 8 upper lip
9 hand 10 nose 11 heart 12 hand
13 crown 14 foot 15 foot 16 flute

Original

अब अक्षक्रीड़ा आरम्भ होनेके पूर्व श्रीप्रिया कहती हैं, "ना, मैं आज अपना दाँव सबसे पहले चुन लूँगी।"

श्यामसुन्दर कहते हैं, "वाह! यह कैसे होगा? नियमानुसार जिसका नाम आयेगा, वह पहले चुनेगा।"

श्यामसुन्दरकी बात सुनकर श्रीप्रियाके मुखारविन्दपर विशुद्ध मुस्कान छा जाती है तथा वे कहती हैं, "देखो, तुम प्रतिदिन कुछ-न-कुछ चालाकी अवश्य करते हो, नहीं तो प्रतिदिन पहले तुम्हारा ही दाँव कैसे आ जाता है? ना, आज वैसे नहीं। पहले मैं अपना दाँव चुन लूँगी, फिर कोई भी चुने।"

English translation

Before play begins Śrī Priyā says, "No, today I shall choose My wager first."

Śyāmasundara replies, "Indeed! How could that be? By rule, whoever's name is drawn first chooses first."

A pure smile spreads across Her lotus face. "You employ some trick every day. Otherwise how does Your turn always come first? No, today it shall not be so. I shall choose first, and then anyone else may choose."

Original

रानीकी बात सुनकर श्यामसुन्दर मुस्कुराते हुए कहते हैं, "अच्छा, आज यदि पहले मेरा दाँव आये तो मैं वह दाँव तुम्हें दे दूँगा और तुम्हारा जो दाँव आयेगा, वह मैं ले लूँगा। क्यों, कहो तो मञ्जूर है?"

रानी हँसकर कहती हैं, "हाँ, यह मञ्जूर है।"

English translation

Śyāmasundara smiles. "Very well. If My lot comes first today, I shall give that wager to You and take whichever one falls to You. Is that acceptable?"

The Queen laughs. "Yes, that is acceptable."

Original

रानीके यह कहते ही अत्यन्त सुन्दर परातमें गुलाबके अतिशय सुन्दर दस फूलोंको लिये हुए वृन्दा दक्षिणी ओरसे आकर खड़ी हो जाती हैं। गुलाबके फूल इस प्रकार रखे हुए हैं कि डण्डी नीचेकी ओर तथा पंखुड़ी ऊपरकी ओर है। वृन्दा परात रख देती हैं तथा पूर्व-उत्तरकी ओर मुख करके ललिता एवं चम्पकलताके बीचमें जो जगह थी, वहीं बैठ जाती हैं। अपनी आँखें हाथोंसे मूँद लेती हैं तथा कहती हैं, "तुमलोग अपनी इच्छानुसार स्थान परिवर्तन कर लो।"

अब सबसे पहले ललिता परातमें हाथ डालती हैं तथा फूलोंका स्थान इधर-उधर कर देती हैं। उसके बाद श्यामसुन्दर फूलोंका स्थान बदल देते हैं। फिर वृन्दा पूछती हैं, "क्यों, हो गया?"

श्यामसुन्दर कहते हैं, "हाँ, आँखें खोलो।"

English translation

Vṛndā enters from the south carrying ten beautiful roses in a splendid tray, their stems downward and petals upward. She sets it down and sits facing northeast between Lalitā and Campakalatā. Covering her eyes, she says, "Rearrange them as you wish."

First Lalitā moves the flowers, then Śyāmasundara changes their positions. Vṛndā asks, "Finished?"

"Yes, open your eyes," He answers.

Original

वृन्दा आँखें खोलती हैं तथा अपनी एक दासीको बाहरसे बुलवाती हैं। दासी आ जाती है। वृन्दा उसे इशारा करती हैं। वह पहले एक फूल श्रीप्रियाको देती है, उसके बाद एक फूल श्यामसुन्दरको, फिर ललिता, विशाखा, चित्रा, इन्दुलेखा, चम्पकलता, रङ्गदेवी, तुङ्गविद्या एवं सुदेवीको क्रमशः एक-एक फूल दे देती है। श्यामसुन्दरको मिले फूलपर सातका अङ्क निकला और रानीके फूलपर तीनका। ललिता, विशाखा, चित्रा, इन्दुलेखा, चम्पकलता, रङ्गदेवी, तुङ्गविद्या एवं सुदेवीके फूलोंपर क्रमशः २, ३, ८, ४, ६, २, १०, १ के चिह्न थे। अतः यह निर्णय हुआ कि क्रमशः सुदेवी, रङ्गदेवी, राधारानी, इन्दुलेखा, ललिता, विशाखा, श्यामसुन्दर, चित्रा, चम्पकलता एवं तुङ्गविद्या दाँव चुनेंगे।

English translation

Vṛndā opens her eyes and summons a maid, who distributes one flower each to Śrī Priyā, Śyāmasundara, Lalitā, Viśākhā, Citrā, Indulekhā, Campakalatā, Raṅgadevī, Tuṅgavidyā, and Sudevī. Śyāmasundara's bears seven and the Queen's three. The others bear 2, 3, 8, 4, 6, 2, 10, and 1 respectively. Thus the choosing order becomes Sudevī, Raṅgadevī, Rādhārānī, Indulekhā, Lalitā, Viśākhā, Śyāmasundara, Citrā, Campakalatā, and Tuṅgavidyā.

Original

श्यामसुन्दर कहते हैं, "हाँ, सुदेवी! तू कौन-सा चुनती है?"

सुदेवी मुस्कुराकर ललिताकी ओर देखती हैं, फिर सोचकर कहती हैं, "मैं तीन नम्बरका कोष्ठ अपना दाँव स्वीकार कर रही हूँ।" रङ्गदेवी छः नम्बरका कोष्ठ स्वीकार करती हैं। रानी कुछ सोचकर कहती हैं, "मैं नवम कोष्ठ ले रही हूँ।" इसके बाद इन्दुलेखा आठवाँ, ललिता दूसरा, विशाखा चौदहवाँ, श्यामसुन्दर बारहवाँ, चित्रा ग्यारहवाँ, चम्पकलता चौथा एवं तुङ्गविद्या पाँचवाँ कोष्ठ स्वीकार कर लेती हैं।

English translation

Śyāmasundara asks, "Sudevī, which do you choose?"

She smiles toward Lalitā and selects space three. Raṅgadevī selects six. After reflection the Queen chooses nine. Indulekhā then takes eight, Lalitā two, Viśākhā fourteen, Śyāmasundara twelve, Citrā eleven, Campakalatā four, and Tuṅgavidyā five.

Original

अब वृन्दा बहुत सुन्दर नीले मखमलकी बनी हुई एक छोटी पोटली अपनी कञ्चुकीसे निकालती हैं और उसे खोलती हैं। पोटलीमें अत्यन्त सुन्दर पीले रंगकी तेजस धातुकी बनी हुई सोलह कौड़ियाँ हैं। कौड़ियाँ इतनी सुन्दर एवं चिकनी हैं कि देखते ही चकित हो जाना पड़ता है। प्रत्येक कौड़ीपर गलबाँही डाले प्रिया-प्रियतमकी अतिशय सुन्दर आकृति अङ्कित है। छवि इतनी कारीगरीसे बनायी हुई है कि बिलकुल सजीव-सी प्रतीत हो रही है। कौड़ियोंपर प्रिया-प्रियतमकी छवि देखकर सबका मन खिल उठता है।

English translation

Vṛndā draws a small blue velvet pouch from her bodice and opens it. Inside are sixteen smooth, beautiful yellow cowries made of radiant metal. Upon every piece is engraved a lifelike image of Priyā and Her Beloved with arms around one another. At the sight, every heart blossoms.

Original

वृन्दादेवी खेल प्रारम्भ करनेकी आज्ञा देती हैं। वे नियम स्थिर करती हैं: (१) अपनी बारीपर खिलाड़ी सोलह कौड़ियाँ उछालकर अपने दाँवकी संख्याके बराबर कौड़ियाँ चित्त गिरानेकी चेष्टा करेगा। संख्या न आनेपर दाँव हारा जायेगा और कोष्ठमें लिखे प्रतिद्वन्द्वीके अङ्गपर विजेताका अधिकार होगा। (२) सही संख्या आनेपर खिलाड़ी जीतेगा और प्रतिद्वन्द्वीके उसी अङ्गपर उसका अधिकार होगा। (३) प्रत्येक सखीका श्यामसुन्दरके साथ पृथक दाँव होगा। (४) प्रत्येक हारनेवाली सखीके बाद श्यामसुन्दरको फेंकनेका अधिकार होगा। (५) सोलहों कौड़ियाँ चित्त गिरनेपर दाँवकी जीतके साथ कोष्ठ एकमें लिखे अङ्गपर भी अधिकार होगा तथा तत्काल फिर फेंकनेका अधिकार मिलेगा। (६) लगातार कई बार सोलह कौड़ियाँ चित्त गिरनेपर किन-किन अङ्गोंपर क्रमशः अधिकार होगा, वृन्दा उसी समय घोषित करेंगी।

English translation

Vṛndādevī authorizes the game and fixes its rules. On each turn the player casts all sixteen cowries and tries to land face-up the number matching the chosen space. Failure loses the wager; success wins it, giving the victor a claim upon the corresponding limb of the opponent. Each sakhī plays a separate match with Śyāmasundara, who casts after every sakhī who loses. Landing all sixteen face-up wins the wager, also grants the right associated with space one, and earns an immediate extra cast. If sixteen appears repeatedly, Vṛndā will announce the successive additional claims.

Original

सर्वप्रथम सुदेवी कौड़ियाँ उछालती हैं। उनका दाँव तीनका था, पर दो कौड़ियाँ चित्त एवं चौदह पट गिरीं। श्यामसुन्दर खिलखिलाकर हँस पड़ते हैं। वृन्दा कहती हैं, "यह पहला दाँव था, पर सुदेवी हार गयी हैं। पहले दाँवके कारण मैं निर्णयकर्ताके विशेष अधिकारसे यह सुविधा दे रही हूँ कि यदि श्यामसुन्दर भी इस बार हार गये तो सुदेवीकी हार रद्द समझी जायेगी; पर जीत गये तो हार कायम रहेगी और कोष्ठ एकके अङ्गपर भी श्यामसुन्दरका अधिकार होगा। क्यों सुदेवी, स्वीकार है?"

सुदेवी विचारमें पड़कर ललितासे पूछती हैं, "क्या करूँ?" ललिता कहती हैं, "तू मान ले, देखा जायेगा।" सुदेवी हामी भर लेती हैं।

English translation

Sudevī casts first. Her wager is three, but only two land face-up. Śyāmasundara laughs aloud. Vṛndā says, "Sudevī has lost, but because this is the first wager I grant a special option. If Śyāmasundara now loses, her loss is canceled. If He wins, it stands and He also gains the right from space one. Do you accept?"

Sudevī asks Lalitā what she should do. "Accept; we shall see," Lalitā replies, and Sudevī agrees.

Original

श्यामसुन्दर कौड़ियाँ इस चतुराईसे उछालते हैं कि सोलहों चित्त गिरती हैं। सुदेवी कुछ शरमा जाती हैं। श्यामसुन्दर कहते हैं, "वृन्दे! पहलेसे स्पष्ट घोषणा करती चली जा, नहीं तो क्या पता, ये सब पीछेसे बेईमानी करेंगी।"

वृन्दा प्रेममें भरकर कहती हैं, "श्यामसुन्दरका सुदेवीके बायें कपोलपर, बायें नेत्रपर, बायें हाथपर एवं दाहिने नेत्रपर भी अधिकार हो गया तथा नियमके अनुसार श्यामसुन्दरको फिरसे दाँव फेंकनेका अधिकार है।" श्यामसुन्दर फिर फेंकते हैं; तेरह चित्त गिरती हैं। वृन्दा कहती हैं, "इस बार श्यामसुन्दर हार गये, इसलिये उनके बायें हाथपर सुदेवीका अधिकार हो गया।"

English translation

Śyāmasundara casts so skillfully that all sixteen land face-up. Sudevī grows bashful. He tells Vṛndā, "Make every declaration plainly in advance, lest they cheat afterward."

Filled with love, Vṛndā announces His claim over Sudevī's left cheek, left eye, left hand, and right eye, together with another cast. His next throw yields thirteen, so He loses and Sudevī gains a claim upon His left hand.

Original

इसके बाद रङ्गदेवी छः कौड़ियाँ चित्त गिराती हैं। वृन्दा कहती हैं, "रङ्गदेवी दाँव जीत गयीं। श्यामसुन्दरके ललाटपर रङ्गदेवीका अधिकार हो गया है। अब मेरी प्यारी रानी दाँव फेंकेंगी।"

English translation

Raṅgadevī then lands six face-up. Vṛndā declares her victory and claim upon Śyāmasundara's forehead. Now it is the beloved Queen's turn.

Original

रानीकी बारी आते ही सबका मन उत्कण्ठासे भर जाता है। रानी प्यारे श्यामसुन्दरके मुखारविन्दकी ओर ताकती हुई कौड़ियाँ उछाल देती हैं। आठ कौड़ियाँ चित्त गिरीं और शेष आठमें एक कौड़ी दूसरी दो कौड़ियोंपर चढ़ी हुई आधी चित्त गिरी। ललिता बोल उठती हैं, "यह आधी कौड़ी भी पूरी समझी जायेगी, इसलिये मेरी प्यारी सखीकी जीत हुई।"

श्यामसुन्दर कहते हैं, "वाह! क्या मनमानी कहनेसे बात बन जायेगी? कौड़ियाँ आठ चित्त गिरी हैं; तुम्हारी सखी हार गयी।" सखियाँ कहती हैं, "नहीं, मेरी प्यारी राधाकी जीत हुई है।" श्यामसुन्दर रानीसे कहते हैं, "नहीं, तू हार गयी है।"

English translation

Everyone grows eager when the Queen's turn arrives. Looking toward Śyāmasundara's lotus face, She casts. Eight land face-up, while one of the others rests half face-up atop two pieces. Lalitā cries, "The half must count as whole. My darling friend has won!"

Śyāmasundara objects, "Will saying whatever you please make it true? Only eight landed face-up. Your friend lost." The sakhīs insist Rādhā won, while He tells Her, "No, You lost."

Original

सब वृन्दाकी ओर देखते हैं। वृन्दा विचारकर कहती हैं, "जीत तो रानीकी हुई प्रतीत होती है, पर प्यारे श्यामसुन्दरका सन्देह मिटानेके लिये रानी उन तीन कौड़ियोंको फिरसे उछालें। यदि दो चित्त गिरीं तो उनकी जीत; यदि तीनों चित्त गिरीं तो बिना दूसरा दाँव फेंके श्यामसुन्दरके दाहिने हाथपर भी अधिकार; यदि एक चित्त गिरी तो न हार न जीत और रानी फिरसे पूरा दाँव फेंकेंगी। क्यों श्यामसुन्दर, मञ्जूर है?"

श्यामसुन्दर मुस्कुराकर कहते हैं, "ठीक है।" रानी तीनों कौड़ियाँ उछालती हैं और तीनों चित्त गिरती हैं। सखियोंमें हँसीका प्रवाह बह जाता है। वृन्दा कहती हैं, "श्यामसुन्दरके दोनों हाथोंपर रानीका अधिकार हो गया।"

English translation

All look to Vṛndā. She judges that the Queen appears to have won, but to remove Śyāmasundara's doubt orders the three involved cowries recast. Two face-up will confirm Her win; all three will additionally grant His right hand without another wager; one will void the result and require a full recast. Śyāmasundara agrees.

The Queen casts all three face-up. Laughter flows among the sakhīs, and Vṛndā grants Her a claim upon both of Śyāmasundara's hands.

Original

इन्दुलेखाके दाँवमें दस कौड़ियाँ चित्त गिरती हैं। वृन्दा कहती हैं, "इन्दुलेखा हार गयी, इसलिये इन्दुलेखाके ओष्ठपर श्यामसुन्दरका अधिकार। श्यामसुन्दर, तुम दाँव फेंको।" श्यामसुन्दर बारह चित्त गिराते हैं। वृन्दा कहती हैं, "इन्दुलेखाके बायें हाथपर श्यामसुन्दरका अधिकार।"

English translation

Indulekhā lands ten rather than eight and loses, giving Śyāmasundara a claim upon her upper lip. His answering cast lands twelve, gaining Him a claim upon her left hand as well.

Original

अब ललिताकी बारी आती है। श्यामसुन्दर सभी कौड़ियाँ ललिताके हाथमें दे देते हैं। ललिता कहती हैं, "तुम्हारे स्पर्शकी हुई कौड़ियाँ हैं। पता नहीं, तुमने जादू-टोना किया होगा। देवो कश्यपिनी मेरी सदा रक्षा करें।" देवताका स्मरण करके ललिता कौड़ियाँ उछाल देती हैं। सोलहों चित्त गिरती हैं। पुनः उछालती हैं, फिर सोलहों चित्त गिरती हैं। सखियोंमें हँसीका तूफान उठता है। रानी प्रेममें भरकर ललिताको खींचकर हृदयसे लगा लेती हैं। तीसरी बार ललिता चौदह चित्त गिराती हैं।

वृन्दा कहती हैं, "दो दाँव लगातार जीतनेसे श्यामसुन्दरके दोनों नेत्रों और दोनों कपोलोंपर ललिताका अधिकार। तीसरा दाँव ललिता हार गयीं, इसलिये ललिताके अधरपर श्यामसुन्दरका अधिकार।"

ललिता तुरन्त कहती हैं, "वाह वृन्दे! तुम्हें नियम भी याद नहीं। मेरे स्वयंके दाँवका कोष्ठ मेरा दाहिना नेत्र है।" वृन्दा भूल सुधारकर कहती हैं, "अधरके बदले तुम्हारे दाहिने नेत्रपर श्यामसुन्दरका अधिकार रहा।"

English translation

When Lalitā's turn comes, she receives the cowries from Śyāmasundara and protests, "You have touched these. Who knows what sorcery You worked upon them? May the divine mother Kaśyapinī protect me!" Remembering the goddess, she casts all sixteen face-up, then does so again. A storm of laughter rises, and the Queen draws Lalitā to Her heart. On the third cast Lalitā lands fourteen.

Vṛndā grants Lalitā claims upon both Śyāmasundara's eyes and cheeks for her two consecutive wins, then mistakenly grants Him her lower lip for the loss. Lalitā reminds her that Lalitā's own chosen space concerns her right eye. Vṛndā corrects the ruling: Śyāmasundara's claim is upon Lalitā's right eye.

Original

श्यामसुन्दर फिर बारह कौड़ियाँ चित्त गिराते हैं। वृन्दा कहती हैं, "ललिताके बायें हाथपर श्यामसुन्दरका अधिकार।" विशाखा पन्द्रह चित्त गिराकर हारती हैं; अतः उनके बायें चरणपर श्यामसुन्दरका अधिकार होता है। श्यामसुन्दर चौदह चित्त गिराते हैं और हारते हैं; अतः उनके बायें हाथपर विशाखाका अधिकार होता है।

English translation

Śyāmasundara next lands twelve and gains a claim upon Lalitā's left hand. Viśākhā lands fifteen and loses, giving Him a claim upon her left foot. His answering cast lands fourteen, so Viśākhā gains a claim upon His left hand.

Original

चित्राका दाँव आता है। ठीक ग्यारह कौड़ियाँ चित्त गिरती हैं; पर श्यामसुन्दर गिननेका बहाना करके एक कौड़ी और चित्त कर देते हैं तथा कहते हैं, "ना, बारह कौड़ियाँ चित्त गिरी हैं। यह तो दाँव हार गयी।" उसी समय वृन्दाकी एक दासी उनके कानमें कुछ कह रही थी, इसलिये वृन्दा यह चतुराई देख नहीं सकीं। प्रेमका कलह होने लगा। ललिता, चित्रा आदि कहती हैं, "वाह! तुमने एक कौड़ी और चित्त कर दी है। दाँव चित्राने जीता है।"

श्यामसुन्दर कहते हैं, "वाह! जब मैंने सबसे बेईमानी नहीं की तो चित्रासे हमारा कोई बैर है कि बेईमानी करूँगा?"

English translation

Citrā casts exactly eleven face-up, but while pretending to count, Śyāmasundara turns another and says, "No, twelve are face-up. She lost." A maid is whispering to Vṛndā, so she misses the trick. A loving quarrel erupts. Lalitā, Citrā, and the others accuse Him of turning the extra piece.

He protests, "I cheated none of the others. What enmity have I with Citrā that I should cheat her?"

Original

वृन्दा लज्जित होती हैं, क्योंकि भूल उनकी थी। वे कहती हैं, "दूसरी बार दाँव फेंको।" चित्रा कहती हैं, "मैं अपना जीता हुआ दाँव छोड़कर जोखिम क्यों उठाऊँ?" श्यामसुन्दर कहते हैं, "यह अवश्य हार गयी।" वृन्दा रानीसे प्रार्थना करती हैं कि किसी प्रकार चित्राको मना लें।

रानी कहती हैं, "चित्रे, वृन्दाकी भूलसे गड़बड़ी हुई है, इसलिये फिरसे दाँव लगा। यदि जीत गयी तो प्रश्न नहीं; यदि हारी तो मैं वह दाँव ले लूँगी और श्यामसुन्दर मुझसे वसूल करेंगे। इसके बाद श्यामसुन्दरको ग्यारहवीं संख्याका दाँव लगाना होगा। यदि वे हार गये तो तुम्हारा दाँव वापस होगा; यदि जीते तो वही जोखिम फिर तू उठा ले।"

English translation

Ashamed of her lapse, Vṛndā orders another throw. Citrā refuses to risk a wager she already won, while Śyāmasundara insists she lost. Vṛndā appeals to the Queen.

The Queen proposes that Citrā cast again. If Citrā loses, the Queen will assume that wager and Śyāmasundara may collect from Her. He must then cast for space eleven; if He loses, Citrā's wager is restored, while if He wins Citrā must bear the risk again.

Original

सब सहमत होते हैं। चित्रा पुनः उछालती हैं; दस कौड़ियाँ चित्त आती हैं। श्यामसुन्दर हँसते हैं। वृन्दा मुस्कुराकर कहती हैं, "क्या बताऊँ?"

श्यामसुन्दर कौड़ियाँ उठाकर कहते हैं, "अब देख, तेरा एक-एक अङ्ग जीत लेता हूँ। वृन्दे, अभीसे मेरी जीतकी साफ घोषणा कर दे।" वे लगातार छः बार सोलहों कौड़ियाँ चित्त गिराते हैं। चित्रा लजा जाती हैं। रानी हँसती हुई कौड़ियाँ उनके हाथसे छीन लेती हैं।

English translation

All agree. Citrā recasts and lands ten, losing. Śyāmasundara laughs, while Vṛndā smiles helplessly.

Taking the cowries, He says, "Now watch Me win every one of your limbs. Vṛndā, announce My victory clearly in advance." Six consecutive times He lands all sixteen face-up. Citrā grows shy, and the Queen laughingly snatches the cowries from His hand.

Original

श्यामसुन्दर कहते हैं, "वाह, वाह! अभी मेरा दाँव है।" वे कौड़ियोंके लिये छीना-झपटी करते हैं। रानी उन्हें दोनों मुट्ठियोंमें कसकर पकड़ लेती हैं। श्यामसुन्दर वृन्दासे कहते हैं, "देख वृन्दे! तू चुपचाप बैठी रहेगी?" वृन्दा कहती हैं, "रानी, दाँव श्यामसुन्दरका है, कौड़ियाँ उन्हें दे दो।" ललिता कहती हैं, "तुमने ही तो सब गड़बड़ मचायी है। अब श्यामसुन्दरका पक्ष करने चली हो।"

रानी कौड़ियाँ पकड़े उठती हैं। श्यामसुन्दर भी उठकर चतुराईसे उनका अञ्चल पकड़ लेते हैं। अञ्चल सँभालनेमें रानी कौड़ियाँ छोड़ देती हैं। वे फर्शपर झर-झर गिरती हैं। श्यामसुन्दर हँसते हुए बैठकर उन्हें उठा लेते हैं, और रानी भी हँसती हुई पूर्ववत् बैठ जाती हैं।

English translation

Śyāmasundara protests that it is still His turn and tries to seize the pieces, but the Queen closes them tightly in both fists. He appeals to Vṛndā, who asks the Queen to return them. Lalitā accuses Vṛndā of creating the confusion and now siding with Him.

The Queen rises clutching the cowries. Śyāmasundara rises too and cleverly catches Her veil. As She moves to secure it, the cowries stream onto the floor. Laughing, He sits and gathers them, while She resumes Her place with a smile.

Original

श्यामसुन्दर पन्द्रह कौड़ियाँ चित्त गिराते हैं। वृन्दा घोषणा करती हैं, "चित्राके दाँवको रानीने लिया था। चित्रा दाँव हारी, इसलिये रानीके हृदयपर श्यामसुन्दरका अधिकार। इसके बाद श्यामसुन्दरने लगातार छः दाँव जीते हैं, इसलिये चित्राके हृदय, दोनों नेत्र, दोनों कपोल, अधर, ललाट, ठोढ़ी, ओष्ठ, दोनों हाथ एवं नासिकापर श्यामसुन्दरका अधिकार। अन्तिम दाँव श्यामसुन्दर हार गये, इसलिये श्यामसुन्दरके हृदयपर चित्राका अधिकार।"

English translation

Śyāmasundara lands fifteen and loses. Vṛndā rules that because the Queen assumed Citrā's losing wager, He has a claim upon the Queen's heart. His six consecutive wins grant Him claims upon Citrā's heart, both eyes, both cheeks, lower lip, forehead, chin, upper lip, both hands, and nose. Since His final wager failed, Citrā gains a claim upon His heart.

Original

अब चम्पकलता चार कौड़ियाँ चित्त गिराकर जीतती हैं। वृन्दा कहती हैं, "श्यामसुन्दरके दाहिने कपोलपर चम्पकलताका अधिकार।" तुङ्गविद्या बारह कौड़ियाँ चित्त गिराकर हारती हैं; अतः उनके अधरपर श्यामसुन्दरका अधिकार होता है। अन्तमें श्यामसुन्दर तेरह कौड़ियाँ चित्त गिराकर हारते हैं; अतः उनके बायें हाथपर तुङ्गविद्याका अधिकार होता है।

English translation

Campakalatā lands four and wins a claim upon Śyāmasundara's right cheek. Tuṅgavidyā lands twelve and loses, giving Him a claim upon her lower lip. Finally He lands thirteen and loses, giving Tuṅgavidyā a claim upon His left hand.

Original

वृन्दाके यह कहते ही चित्रा कोष्ठवाले कपड़ेको उलट देती हैं तथा उठकर भागने लगती हैं। और सखियाँ भी चटपट उठती हैं। श्यामसुन्दर दौड़कर चित्राको पकड़ लेते हैं। चित्रा हँसने लगती है। श्यामसुन्दर चित्राको लाकर पुनः बैठा देते हैं।

इसी समय उड़ता हुआ एक तोता निकुञ्जमें प्रवेश करता है तथा दरवाजेकी एक डालीपर बैठकर आँखोंको कोरोंमें घुमाकर कहता है, "जय हो प्रिया-प्रियतमकी! आज्ञा हो तो कुछ निवेदन करूँ।"

वृन्दा कहती हैं, "हाँ, हाँ, जल्दीसे बोल।"

English translation

Citrā immediately flips over the marked cloth and runs. The others spring up too, but Śyāmasundara catches Citrā and laughingly brings her back to her seat.

Just then a parrot flies into the bower, perches upon a branch beside the door, turns its eyes, and says, "Victory to Priyā and Her Beloved! With permission, may I report something?"

"Yes, speak quickly," Vṛndā replies.

Original

तोता कहता है, "मेरे प्यारे श्यामसुन्दर! मेरी प्यारी रानी! मैं वृन्दादेवीकी आज्ञासे मोहनघाटपर स्थित कदम्बके पेड़पर बैठा पहरा दे रहा था। कुछ क्षण पहले तुम्हारी राधारानीके महलसे एक सुन्दर ब्राह्मणकुमार एवं एक वृद्धा स्त्री निकली। वृद्धा कहती थी, ‘ब्राह्मणकुमार! मुझे पूर्ण आशा है कि आप मेरी प्रार्थना अवश्य मान लेंगे और किसी उपायसे मेरी लालसा पूर्ण करेंगे।’ कुमारने कहा, ‘मैंने सारी परिस्थिति बतला दी है। पूरी चेष्टा करूँगा, पर सफलता विधाताके हाथमें है। आजका तो मैं वचन देता हूँ, उसे अवश्य भेज दूँगा। मैं भी आने और उसे राजी करनेकी चेष्टा करूँगा। आगे हरि-इच्छा।’"

English translation

The parrot says, "My beloved Śyāmasundara, my darling Queen, on Vṛndādevī's order I kept watch from the kadamba at Mohanaghāṭa. Moments ago a handsome young brāhmaṇa and an elderly woman left Rādhārānī's palace. She begged him to fulfill her longing by some means. He replied that he had explained the situation and would try fully, though success rested with fate. For today he promised to send her and to come himself if possible, attempting in the woman's presence to persuade her. Beyond that lay Hari's will."

Original

तोता आगे कहता है, "दोनों दक्षिणकी ओर बढ़े। राजपथपर पहुँचकर ब्राह्मणकुमार पूर्वकी ओर चला गया और वृद्धाने गिरिवर-स्रोतकी ओर जानेवाली पगडंडी पकड़ी। वृन्दादेवीका आदेश था कि रानीके महलसे किसी वृद्धाको इस ओर आते देखकर उसी क्षण खबर दूँ। इसलिये पूरी शक्तिसे उड़कर सूचना दे रहा हूँ। वह वृद्धा अभीतक तीन सौ गज भी आगे नहीं बढ़ी होगी।"

English translation

The parrot continues, "They went south. At the royal road the young brāhmaṇa turned east, while the woman took the path toward Girivara-srota. Vṛndādevī had commanded me to report the instant I saw an elderly woman coming this way from the Queen's palace. I therefore flew here with all my strength. She cannot yet have advanced even three hundred yards."

Original

तोतेकी बात सुनकर रानीका मुख बिलकुल उदास हो जाता है। श्यामसुन्दर भी गम्भीर बन जाते हैं; पर रानीकी दशा देखकर अपनी गम्भीरता छिपाते हुए उठ पड़ते हैं। सखियाँ भी गम्भीर हो जाती हैं। प्यारे श्यामसुन्दर रानीको अपने हृदयसे लगा लेते हैं। रानी हृदयसे लगकर गम्भीर श्वास लेने लगती हैं। वृन्दा ललितासे कहती हैं, "समय कम है, शीघ्रता करनी चाहिये।" ललिता गम्भीर मुद्रामें श्यामसुन्दरको इशारा करती हैं तथा रानीको पकड़ लेती हैं।

English translation

The Queen's face turns utterly sad. Śyāmasundara too grows grave, but seeing Her condition conceals His own sorrow and rises. The sakhīs become solemn. He draws the Queen to His heart, and She breathes deeply against Him. Vṛndā warns Lalitā that time is short. Lalitā signals gravely to Śyāmasundara and supports the Queen.

Original

धीरे-धीरे प्रिया-प्रियतम निकुञ्जके पूर्वी फाटकसे निकलकर रविशपर पूर्वकी ओर चलते हैं। श्यामसुन्दर श्रीप्रियाको सँभाले हुए चल रहे हैं। प्यारे श्यामसुन्दरसे थोड़ी देरके लिये अलग होनेके विचारसे प्रियाका प्राण छटपटाने लगा है। श्यामसुन्दरके प्राण भी छटपटा रहे हैं; पर वे अपनी व्याकुलता छिपाये हैं, जिससे प्रिया उन्हें व्याकुल देखकर और व्याकुल न हो जायें। कुछ दूर पूर्व चलकर वे दक्षिण मुड़ते हैं। ललिता-कुञ्जकी दक्षिणी सीमाकी चहारदीवारीके छोटे फाटकसे निकलकर फिर पूर्व चलकर ललिता-कुञ्ज एवं विशाखा-कुञ्जके बीच उत्तर-दक्षिण जानेवाली सड़कपर पहुँचते हैं।

English translation

Slowly the Divine Couple leaves through the eastern gate and walks east along the lane, Śyāmasundara supporting Priyā. The thought of even brief separation makes Her life-breaths writhe, and His do likewise, though He hides His anguish lest seeing it increase Hers. They continue east, turn south, pass through a small gate in Lalitā's boundary wall, then turn east again to the north-south road between Lalitā's and Viśākhā's bowers.

Original

श्यामसुन्दर पुनः श्रीप्रियाको हृदयसे लगा लेते हैं तथा कुछ क्षण उनके मुखारविन्दकी ओर देखते हुए गम्भीर मुद्रामें प्रियासे कुछ दूर हटकर खड़े हो जाते हैं। फिर उत्तरकी ओर चलने लगते हैं। रानी एवं सखियाँ चुपचाप खड़ी रहकर निर्निमेष नयनोंसे उधर ही देखती रहती हैं। श्यामसुन्दर बार-बार गर्दन घुमाकर रानीकी ओर प्रेमभरी दृष्टिसे देखते जा रहे हैं। करीब एक फरलाङ्ग उत्तर जाकर एक फाटकसे विशाखाके कुञ्जमें प्रवेश करके आँखोंसे ओझल हो जाते हैं। रानी कुछ क्षण एकटक उसी दिशाकी ओर देखती रहती हैं, फिर ललिताके कन्धेको पकड़कर दक्षिणकी ओर सूर्य-मन्दिरमें जानेके उद्देश्यसे चल पड़ती हैं।

English translation

Śyāmasundara embraces Śrī Priyā once more and gazes upon Her lotus face. Then, grave and reluctant, He steps away and walks north. The Queen and sakhīs stand silently, watching without blinking, while He repeatedly turns to look back at Her with love. About a furlong north He enters Viśākhā's bower through a gate and disappears. The Queen remains staring in that direction, then takes Lalitā's shoulder and sets out south toward the Sun temple.