Original
Sanskrit invocation
॥ विजयेतां श्रीप्रियाप्रियतमौ ॥
English translation
May Śrī Priyā and Her Beloved be ever victorious.
Original
श्रीललिताके कुञ्जमें राधारानी शहतूतके वृक्षकी छायामें विराजमान हैं। शहतूतका वृक्ष अत्यन्त हरा-भरा है, उसमें हरे-हरे एवं लाल-लाल शहतूतके फल लगे हैं। उसकी जड़के पास अत्यन्त सुन्दर नीले रंगकी मखमली कालीन बिछी हुई है। उसपर श्रीप्रिया बैठी हैं। कालीनपर मखमली मसनद है। श्रीप्रिया उसीपर आधी लेटी हुई अवस्थामें बैठी हैं। श्रीप्रियाका मुख पूर्वकी ओर है।
English translation
In Śrī Lalitā's bower, Rādhārānī is seated beneath the shade of a mulberry tree. The tree is exceedingly verdant and laden with green and red mulberries. Near its roots lies a beautiful blue velvet carpet. Śrī Priyā sits upon it, half reclining against a velvet bolster, Her face turned eastward.
Original
मसनदके उत्तरकी तरफ एक सुन्दर छोटी तिपाई, जो मसनदसे थोड़ी कम ऊँची है, पड़ी है। उसी तिपाईपर रखकर चित्रारानी पश्चिम एवं दक्षिणकी ओर मुख किये हुए एक चित्र बना रही हैं। श्रीप्रिया उसी चित्रपर दृष्टि डाले हुए देख रही हैं।
English translation
To the north of the bolster stands a lovely small table, a little lower than the bolster itself. Facing southwest, Citrārānī has placed a sheet upon it and is making a painting. Śrī Priyā watches with Her gaze fixed upon the picture.
Original
चित्रा कूँची लेकर बड़ी चतुराईसे, पर बहुत शीघ्रतासे चित्रमें रंग भर रही हैं। अब प्रिया मसनदपर अपने बायें हाथकी कोहनीको ऊँचा उठाकर तथा उसी हाथकी हथेलीपर अपने बायें कपोलको रखकर पैर फैलाकर लेट जाती हैं तथा बड़ी गम्भीरतासे चित्रको देखने लगती हैं। चित्राङ्कन प्रायः समाप्त हो चला है। श्रीप्रिया उसे देखकर अतिशय आश्चर्यमें भर जाती हैं, पर बिलकुल चुप हैं। चित्रा कभी कुछ जोरसे, कभी धीरे-धीरे हँसती जा रही हैं तथा चित्रमें रंग भरनेका काम शीघ्रतासे समाप्त कर रही हैं।
English translation
With brush in hand, Citrā colors the painting with great skill and speed. Priyā raises Her left elbow upon the bolster, rests Her left cheek in that palm, stretches out Her legs, and reclines while studying the picture gravely. The work is nearly complete. Śrī Priyā is astonished by what She sees but remains perfectly silent. Citrā, laughing now aloud and now softly, rapidly finishes applying the colors.
Original
श्रीप्रियाके पीछे पीठके पास विशाखा बैठी हैं तथा ललिता मसनदसे कुछ दूरपर हटकर पूर्वकी ओर मुख किये रूपमञ्जरीसे बहुत गम्भीरतासे कुछ बातें कर रही हैं। ललिता कभी-कभी पीछे रानीकी ओर देखकर मुस्कुरा देती हैं तथा फिर मञ्जरीसे बातें करने लग जाती हैं। रूपमञ्जरी पैरोंके पास बैठी हुई धीरे-धीरे श्रीप्रियाके पैरोंको दबा रही हैं एवं मुस्कुरा-मुस्कुराकर उधर ही देखती जा रही हैं, जिधर चित्र बन रहा है।
English translation
Viśākhā sits behind Śrī Priyā near Her back. Some distance from the bolster, Lalitā faces east and speaks very earnestly with Rūpamañjarī. Now and then Lalitā glances back at the Queen and smiles, then resumes her conversation. Seated at Śrī Priyā's feet, Rūpamañjarī gently massages them while smiling repeatedly toward the place where the picture is being made.
Original
चित्रमें रंग भरना समाप्त हो जाता है। चित्रके तीन भाग हैं। चित्र सुनहला है। चित्रवाले पन्नेके नीचेवाले आधे हिस्सेमें एक चित्र है तथा ऊपरवाले आधे हिस्सेको दो बराबर भागोंमें बाँटकर दो चित्र बनाये गये हैं। इस प्रकार एक ही पन्नेपर तीन चित्र हैं। पहले चित्रमें यह दिखलाया गया है कि यमुनाका सुन्दर किनारा है। घाटपर श्रीप्रिया गगरी भर रही हैं। कुछ दूरपर घाटके ऊपर श्रीश्यामसुन्दर कदम्बकी एक टहनीको झुकाकर उससे फूल तोड़ रहे हैं। श्रीप्रिया कनखीसे उन्हें देख रही हैं। दूसरे चित्रमें यह अङ्कित हुआ है कि उसी घाटके पास ही एक कुञ्ज है। उसके दरवाजेपर श्रीप्रिया भौंहें टेढ़ी किये हुए खड़ी हैं। आँखोंसे तो प्रेम झर रहा है, पर ऊपर-क्रोधका ढंग मुखपर बनाये हुए खड़ी हैं। श्रीश्यामसुन्दर प्रियाके चरणोंमें झुके हुए हाथोंसे उनके चरणोंको छू रहे हैं। तीसरे चित्रमें यह दिखलाया गया है कि श्रीप्रियाका बायाँ हाथ श्यामसुन्दरके दाहिने हाथमें है तथा एक-दूसरेको निर्निमेष नेत्रोंसे देख रहे हैं। श्रीप्रियाकी गगरी वहीं टेढ़ी होकर पड़ी है। उससे जल गिर रहा है तथा दूरपर श्यामसुन्दरकी गायें कुञ्जके वनमें दूर चली गयी हैं।
English translation
The coloring is finished. The golden-hued sheet contains three scenes: one occupies its lower half, while the upper half is divided equally between two more. In the first, a beautiful bank of the Yamunā is shown. Śrī Priyā fills Her water pot at the landing, while some distance above it Śrī Śyāmasundara bends a kadamba branch and plucks flowers. Śrī Priyā watches Him from the corner of Her eye. In the second, a bower stands beside that same landing. Śrī Priyā waits at its door with arched brows. Love pours from Her eyes, though Her face bears the appearance of anger. Bowed at Her feet, Śrī Śyāmasundara touches them with His hands. In the third, Śrī Priyā's left hand rests in Śyāmasundara's right, and They gaze at each other without blinking. Her pot lies tilted nearby, spilling water, while Śyāmasundara's cows have wandered far into the bower-forest.
Original
Braj Bhāṣā verse, Rasakhāna
ऐरी आज काल्ह सब लोक लाज त्याग देइ, सीखे हैं सबै विधि सनेह सरसाइबो। यह ‘रसखान’ दिन दुई में बात फैलि जैहै, कहाँ लौं सयानी चंद हाथन छिपाइबो॥
आज हों निहार्यौ बीर! निपट कलिंदी तीर, दोउन को दोउन सों मुख मुसकाइबो। दोउ परे पैयाँ, दोउ लेत हैं बलैयाँ, उन्हें भूल गयो गैया इन्हें गागर उठाइबो॥
English translation
Friend, nowadays everyone has cast worldly shame aside and learned every art of steeping love in sweetness. Rasakhāna says: within a day or two this matter will spread abroad; how long can a clever girl conceal the moon with her hands?
Today, friend, I saw them upon the very bank of the Kālindī, each smiling face to face with the other. Both fell at each other's feet; both cherished the other with fond gestures. He forgot to gather His cows, and She to lift Her water pot.
Original
राधारानी पदको पूरा पढ़कर चित्राके हाथसे चित्र छीन लेती हैं तथा प्यारसे चित्राके कपोलपर एक हलकी चपत लगाकर कहती हैं, "चण्ड कहींकी! तू यह कैसे जान गयी? मैंने तो तुझसे कुछ भी नहीं कहा था।"
चित्रा हँसती हुई कहती हैं, "मुझे तो कुछ मालूम ही नहीं है। मुझे तो आज ललिताने कहा था कि बहिन! मुझको तो आज समय नहीं मिलेगा, तू आज श्यामसुन्दरके आनेके पहले-पहले ऐसे तीन चित्र बना देना। मैं प्रातःकालसे ही इसमें लगी थी।"
English translation
After reading the entire verse, Rādhārānī snatches the painting from Citrā's hand, gives her cheek a light, affectionate tap, and says, "You audacious girl! How did you discover this? I told you nothing at all."
Laughing, Citrā replies, "I know nothing about it. Lalitā told me today, 'Sister, I shall have no time. Before Śyāmasundara arrives, make three pictures like these.' I have been working on them since morning."
Original
रानी चित्रको लेकर बड़ी प्यारभरी दृष्टिसे उसे देखने लग जाती हैं। फिर आँखें मूँदकर कुछ सोचने लग जाती हैं। चित्रा इनके हाथसे चित्रको ले लेना चाहती हैं, इसलिये धीरेसे उसे खींचती हैं। पर रानीकी आँखें खुल जाती हैं। वे कहती हैं, "वाह, वाह! तू भी आजकल मुझे ठगना सीख गयी है।"
चित्रा हँसने लगती हैं तथा कहती हैं, "नहीं, देखनेके लिये ले रही थी कि इसमें कहीं कोई भूल तो नहीं रह गयी है।"
English translation
The Queen holds the painting and gazes upon it with eyes full of love. Then She closes Her eyes and begins to reflect. Citrā gently pulls at it, intending to take it back, but the Queen opens Her eyes and says, "Well, well! You too have learned to deceive Me these days."
Citrā laughs and answers, "No, I was only taking it to see whether any mistake had been left in it."
Original
श्रीप्रिया चित्राकी बात सुनकर मुस्कुराती हुई पुनः आँखें बन्द कर लेती हैं। आँखें बन्द रखकर उसी पदको धीरे-धीरे गुनगुनाने लग जाती हैं। शहतूत-वृक्षके चारों ओर शरीफेका वन है। सुन्दर-सुन्दर, बड़े-बड़े शरीफेके वृक्ष लगे हैं, जिनमें पके हुए फल लटक रहे हैं। कई फलोंपर तोते बैठे हुए चोंचसे उनमें छेद बना रहे हैं। शरीफेकी सघन वृक्षावलीसे वह शहतूतका स्थान इतना घिरा हुआ है कि बाहरकी कोई भी चीज किसी तरफसे बिलकुल नहीं दीखती।
English translation
Smiling at Citrā's reply, Śrī Priyā again closes Her eyes and softly hums the same verse. A grove of custard-apple trees surrounds the mulberry. Their great, handsome branches bear ripe hanging fruit, and parrots perch upon many of them, piercing the fruit with their beaks. The dense grove encloses the place so completely that nothing outside can be seen in any direction.
Original
श्रीप्रिया कुछ देर बाद आँखें खोलकर इधर-उधर देखती हैं। फिर दृष्टि ऊपर उठाकर नीले गगनकी ओर देखने लग जाती हैं। नीले गगनकी नीलिमाकी ओर ध्यान जाते ही श्रीप्रियाको आकाशमें श्यामसुन्दरकी छवि दीखने लग जाती है। श्रीप्रिया देखती हैं कि एक श्यामसुन्दर ठीक ऊपर खड़े हैं, फिर कुछ दूरपर दूसरे श्यामसुन्दर खड़े हैं, फिर तीसरे, फिर चौथे श्यामसुन्दर। समूचे गगनमें ही श्रीप्रियाको श्यामसुन्दर-ही-श्यामसुन्दर दीखने लग जाते हैं। श्रीप्रिया बोल उठती हैं, "एक, दो, पाँच, दस, बीस, पचास, हजार, लाख, करोड़, असंख्य! वाह, प्रियतम! वाह, तुम्हें अच्छी ठिठोली सूझी है।"
English translation
After a while Śrī Priyā opens Her eyes, looks about, and then raises Her gaze to the blue sky. The moment Her attention rests upon its blue expanse, Śyāmasundara's form appears there. One Śyāmasundara stands directly overhead, another a little farther away, then a third and a fourth, until the whole sky is filled with Śyāmasundaras alone. She exclaims, "One, two, five, ten, twenty, fifty, a thousand, a hundred thousand, ten million, beyond number! Bravo, Beloved! What a fine prank You have devised!"
Original
प्रियाकी बात सुनकर सखियाँ प्रेममें डूब जाती हैं; पर ललिता श्रीप्रियाकी बात सुनकर उनके पास चली आती हैं तथा जोरसे हँसकर कहती हैं, "एक श्यामसुन्दरके कारण तो मैं तुम्हें सँभालते-सँभालते परेशान हो गयी हूँ; अब असंख्य श्यामसुन्दर आये हैं, तब तो मेरी क्या दशा होगी? पता नहीं!"
ललिताकी बात सुनकर रानी कुछ लज्जा-सी जाती हैं तथा कुछ सँभलकर, गम्भीर होकर चुपचाप बैठ जाती हैं। इसी समय दबे पाँव श्यामसुन्दर दक्षिणकी ओरसे आकर शरीफेके वृक्षकी ओटमें खड़े हो जाते हैं। श्रीप्रियाकी दृष्टि उनपर नहीं पड़ती, सखियाँ भी उन्हें नहीं देखतीं, पर श्यामसुन्दर सबको अच्छी तरह देख रहे हैं।
English translation
Hearing Priyā, the sakhīs drown in love. Lalitā comes close, laughs aloud, and says, "One Śyāmasundara already leaves me exhausted from trying to manage You. Now that countless Śyāmasundaras have arrived, who knows what will become of me!"
The Queen grows a little shy. Regaining some composure, She becomes grave and sits silently. Just then Śyāmasundara approaches softly from the south and hides behind a custard-apple tree. Neither Śrī Priyā nor the sakhīs see Him, but He sees them all clearly.
Original
श्रीप्रिया ललितासे कहती हैं, "ललिते! तू जानती है, आसमान नीला क्यों है?"
ललिता मुस्कुराकर कहती हैं, "ना, मैं तो नहीं जानती।"
रानी कुछ चिढ़ी-सी होकर चुप हो जाती हैं; पर कुछ देर बाद कहती हैं, "देख, श्यामसुन्दर अभीतक नहीं आये। कल मुझे पतंग उड़ाना सिखा देनेके लिये कह गये थे। आसमानको देखकर श्यामसुन्दरकी बात याद आ गयी।"
English translation
Śrī Priyā asks Lalitā, "Lalite, do you know why the sky is blue?"
Lalitā smiles. "No, I do not know."
The Queen grows a little vexed and falls silent, but after a while says, "Look, Śyāmasundara has still not come. Yesterday He promised to teach Me how to fly a kite. Seeing the sky reminded Me of Him."
Original
रानीकी बात सुनकर ललिता मुस्कुराकर फिर गम्भीर बन जाती हैं। श्यामसुन्दर धीरेसे अपनी चादरको हवामें उड़ा देते हैं। पीताम्बर एक बार हवामें उड़कर फिर शरीफेकी डालियोंपर गिर जाता है। सखियोंकी दृष्टि उधर ही चली जाती है; पर प्रिया उसे नहीं देख पातीं।
श्रीप्रिया कुछ देर बाद कहती हैं, "री! वह चित्र कहाँ गया?" चित्र श्रीप्रियाके हाथमें ही था; पर श्रीप्रियाका प्रेमपूर्ण मस्तिष्क अब ठीक-ठीक काम नहीं कर रहा है, इसलिये अपने हाथमें रखे हुए चित्रको भी श्रीप्रिया भूल जाती हैं। ललिता बड़ी तेजीसे कहती हैं, "वह देखो, चित्राने उस शरीफेके वृक्षमें उसे छिपा दिया है।" उसी समय ललिता उसी वृक्षकी ओर इशारा कर देती हैं जिसके पीछे श्यामसुन्दर खड़े थे।
English translation
Lalitā smiles at the Queen's words, then becomes serious again. Śyāmasundara gently casts His shawl into the air. The yellow cloth flies once upon the wind and falls across the custard-apple branches. The sakhīs look that way, but Priyā does not see it.
After a while Śrī Priyā asks, "Girl, where did that picture go?" It is still in Her own hand, but Her love-filled mind no longer works ordinarily, and She forgets the very picture She holds. Lalitā quickly replies, "Look there! Citrā has hidden it in that custard-apple tree," pointing toward the tree behind which Śyāmasundara stands.
Original
श्रीप्रिया उधर ताकने लग जाती हैं; पर उनकी आँखोंमें तो श्यामसुन्दर भर गये थे। प्रत्येक वृक्षकी जगह, प्रत्येक लताकी जगह श्यामसुन्दर-ही-श्यामसुन्दर दीख रहे थे। अतः प्रिया सोचती हैं कि मेरा मस्तिष्क तो ठीक है नहीं; मैं श्यामसुन्दरके सिवा कुछ भी नहीं देख पा रही हूँ। चित्रकी बात याद आ गयी थी, पूछ बैठी; पर अब इन सबके कहनेके अनुसार उधर नहीं जाती हूँ तो ये सब हँसेंगी। अतः श्रीप्रिया यन्त्रकी तरह, आधी बावली-सी होकर, जिधर ललिताने इशारा किया था, उधर ही बढ़ने लग जाती हैं। चित्र उनके हाथसे मसनदपर गिर जाता है।
English translation
Śrī Priyā looks that way, but Her eyes are filled with Śyāmasundara. In place of every tree and every vine, She sees only Him. She thinks, "My mind is not right; I can see nothing but Śyāmasundara. The picture came to mind and I asked about it. Yet if I do not go where they tell Me, they will all laugh." Half mechanically and half like one beside Herself, She moves toward Lalitā's gesture. The painting falls from Her hand upon the bolster.
Original
श्रीप्रिया आगे दक्षिणकी ओर बढ़कर ठिठकी-सी होकर खड़ी रह जाती हैं और सोचती हैं कि मुझे क्या हो गया है? श्यामसुन्दर तो एक हैं, फिर इतने श्यामसुन्दर कहाँसे आ गये? मेरे प्रियतम मुझसे कोई खेल खेल रहे हैं या मेरी आँखोंमें ही कोई दोष हो गया है? यही सोचती हुई श्रीप्रिया इधर-उधर देखने लगती हैं, पर दाहिने-बायें-सामने उन्हें बिलकुल प्रियतम श्यामसुन्दर दीख पड़ते हैं। रानी सोचती हैं, "अच्छा, एक काम करूँ। मैं जाँच लेती हूँ, बात क्या है।"
जाँच करनेकी दृष्टिसे श्रीप्रिया एक प्यारभरी हलकी चपत बायीं ओर लगाने चलती हैं, पर हाथ आकाशमें तैरने लग जाता है। श्रीप्रिया कुछ गम्भीर-सी हो जाती हैं। वे निश्चय करती हैं कि ना, मेरी आँखोंमें ही कोई दोष है। यदि श्यामसुन्दर होते तो उनसे मेरा हाथ टकरा जाता।
English translation
Moving south, Śrī Priyā stops suddenly and wonders, "What has happened to Me? There is only one Śyāmasundara. Where have so many come from? Is My Beloved playing some game with Me, or has something gone wrong with My eyes?" She looks right, left, and ahead, but sees Her Beloved everywhere. "Very well," She thinks, "I shall test what is happening."
To make the test, She reaches leftward to give a light, loving tap, but Her hand passes through empty air. Growing grave, She decides, "No, the fault lies in My eyes. If Śyāmasundara were there, My hand would have touched Him."
Original
ऐसा सोचकर प्रिया निःशङ्क दक्षिणकी तरफ उसी झाड़ीकी ओर बढ़ने लगती हैं, जिसके पीछे श्यामसुन्दर छिपे हुए हैं। श्रीप्रिया जैसे आगे बढ़ती हैं, वैसे ही उन्हें दाहिने-बायें, आगे-पीछे सैकड़ों-हजारों श्यामसुन्दर चलते दीखते हैं। अब प्रियाजीने मनमें यह निश्चय कर लिया है कि मेरी आँखोंमें यह कोई रोग है। इसलिये वे उस झाड़ीमें छिपे हुए श्यामसुन्दरको भी, असली श्यामसुन्दरको भी नकली समझती हैं।
श्रीप्रिया उस झाड़ीके पास पहुँच जाती हैं। श्रीश्यामसुन्दर श्रीप्रियाकी यह प्रेम-दशा देखकर स्वयं प्रेममें विभोर होने लग जाते हैं तथा इनका सारा शरीर काँपने लगता है। वे चाहते हैं कि श्रीप्रियाको हृदयसे लगा लें, पर हाथ-पैर सब-के-सब बिलकुल जड़-से हो जाते हैं। अतः श्रीप्रियाके बिलकुल पास आ जानेपर भी असली श्यामसुन्दर चुपचाप खड़े हैं।
English translation
Thinking thus, Priyā fearlessly approaches the shrub behind which Śyāmasundara is hidden. As She advances, She sees hundreds and thousands of Śyāmasundaras walking to Her right and left, before and behind. Convinced that Her eyes are diseased, She takes even the real Śyāmasundara concealed there to be another illusion.
When She reaches the shrub, Śrī Śyāmasundara beholds Her state of love and becomes overwhelmed by love Himself. His whole body trembles. He longs to clasp Her to His heart, but every limb grows inert. Though Śrī Priyā has come very near, the true Śyāmasundara remains motionless and silent.
Original
श्रीश्यामसुन्दरने पीताम्बरको शरीफेकी एक टहनीपर रख दिया था। इसलिये कमरसे ऊपरका हिस्सा बिलकुल खुला है। सिरपर मोर-मुकुट है और हाथमें मुरली है। अब प्रियाकी दृष्टि उनपर पड़ती है। अबतक श्रीप्रियाके मस्तिष्कमें बिलकुल वही यमुना-तटवाली झाँकी भरी हुई थी। दुपट्टा ओढ़े हुए लाखों श्यामसुन्दर उन्हें दीख रहे थे। पर जब वस्तुतः श्यामसुन्दरके पास पहुँची तो देखती हैं कि एक श्यामसुन्दरके कन्धेपर दुपट्टा नहीं है। दुपट्टा शरीफेकी टहनियोंपर है तथा श्यामसुन्दरकी छवि जड़-पुतलीकी तरह दीख पड़ रही है।
English translation
Śrī Śyāmasundara had laid His yellow shawl upon a custard-apple branch, leaving His body bare above the waist. A peacock-feather crown rests upon His head and a flute in His hand. Priyā now sees Him. Until this moment Her mind had been filled with the scene at the Yamunā, and She saw countless Śyāmasundaras draped in shawls. Here, however, one Śyāmasundara has no shawl upon His shoulder; it hangs among the branches, while He appears as still as a wooden image.
Original
श्रीप्रिया सोचती हैं, "यह क्या बात है? अबतक तो मेरी आँखें प्रियतमके कन्धेपर दुपट्टा देख रही थीं, पर यह सामनेकी छवि तो कुछ और ही निराली है। आह! मेरे श्यामसुन्दर कितने सुन्दर हैं! आह! दुपट्टेसे रहित श्रीअङ्गको मैं आज ही देख पायी हूँ।" प्रिया सोचती हैं कि यह भी मेरी आँखोंका ही दोष है, पर चित्त अवश उस छविपर जाकर टिक गया है। प्रिया फिर सोचती हैं कि इस दुपट्टेके भीतर ही शायद वह चित्र चित्राने छिपाया होगा। यही दुपट्टा है तथा मैं जो श्यामसुन्दरको देख रही हूँ, वह तो मेरी आँखोंका ही दोष है। पहलेकी तरह ही एक दूसरी झाँकी अब मुझे दीख रही है। यह सब सोचकर श्रीप्रिया दुपट्टेकी ओर झुकती हैं।
English translation
Śrī Priyā thinks, "What is this? Until now My eyes saw a shawl upon My Beloved's shoulder, but this form before Me is uniquely different. Ah, how beautiful My Śyāmasundara is! Only today have I beheld His divine body without its shawl." She attributes this too to Her faulty vision, yet Her helpless heart fixes itself upon that form. Then She reasons that Citrā must have hidden the painting inside the shawl. The shawl is real, while the Śyāmasundara She sees is only another defect of Her eyes. Thinking so, She bends toward the cloth.
Original
दुपट्टेका एक छोर श्यामसुन्दरके हाथमें था और दूसरा शरीफेकी टहनीपर। श्रीप्रिया उसी छोरके पास हाथ बढ़ाती हैं, जिस छोरके पास श्यामसुन्दरका हाथ था। दोनोंके हाथ मिल जाते हैं। मिलते ही दोनों प्रेममें इतने अधीर हो जाते हैं कि एक-दूसरेकी तरफ गिरकर मूर्च्छित होने लग जाते हैं। सखियाँ दौड़ पड़ती हैं; पर सखियोंके पहुँचनेके पहले ही एक-दूसरेके हृदयसे लगकर मूर्च्छित हो जाते हैं। भाग्यसे शरीफेकी एक मोटी डाल पीछे आ जाती है, नहीं तो दोनों धड़से जमीनपर ही गिर पड़ते। सखियाँ जल्दीसे पहुँचकर दोनोंको पकड़ लेती हैं।
English translation
One end of the shawl is in Śyāmasundara's hand and the other upon the branch. Śrī Priyā reaches toward the end beside His hand, and Their hands meet. At that touch both become so overwhelmed with love that They fall toward one another and lose consciousness. The sakhīs rush forward, but before they arrive the Two have fainted against each other's hearts. By good fortune a thick custard-apple branch supports Them from behind; otherwise They would have fallen heavily to the ground. The sakhīs quickly reach Them and hold Them up.
Original
ललिता श्यामसुन्दरको पकड़कर कुछ धीरेसे हिलाती हैं। श्यामसुन्दर आँखें खोल देते हैं तथा कमरसे रूमाल निकालकर श्रीप्रियाके मुखपर पंखा झलने लग जाते हैं; पर श्रीप्रियाकी मूर्च्छा अत्यन्त गहरी हो गयी है, इसलिये उनकी आँखें नहीं खुलतीं। श्यामसुन्दर श्रीप्रियाको उठाकर गोदमें लेकर धीरेसे बैठ जाते हैं। सखियाँ चारों ओरसे अतिशय उत्कण्ठाके साथ देख रही हैं कि आज तो दोनोंका ही ढङ्ग विचित्र है। श्यामसुन्दरका मुख पश्चिमकी ओर है। श्रीप्रिया उनकी गोदमें सिर रखकर गहरी मूर्च्छामें पड़ी हुई हैं। श्यामसुन्दर एकटक श्रीप्रियाके मुखकी ओर देख रहे हैं। कुछ देर बीतनेपर भी जब प्रियाकी आँखें नहीं खुलतीं तो श्यामसुन्दर कुछ भर्रायी हुई आवाजमें ललितासे धीरेसे पूछते हैं, "मेरे आनेके पहले क्या बातें हो रही थीं?"
English translation
Lalitā takes hold of Śyāmasundara and gently shakes Him. He opens His eyes, draws a handkerchief from His waist, and begins fanning Śrī Priyā's face. Her swoon is so deep, however, that Her eyes do not open. Śyāmasundara lifts Her into His lap and slowly sits. The sakhīs watch from all sides with intense eagerness, for today the condition of both is extraordinary. Facing west, Śyāmasundara gazes steadily at Śrī Priyā's face as She lies deeply unconscious with Her head in His lap. When Her eyes still do not open, He softly asks Lalitā in a choked voice, "What were you discussing before I arrived?"
Original
श्यामसुन्दरके सामने ललिता वही चित्र, जो शहतूतकी जड़के पास पड़ा था, मँगवाकर रख देती हैं तथा शुरूसे अन्ततक किस प्रकार चित्र बताया जा रहा था, सभी घटना श्यामसुन्दरको सुना देती हैं। श्रीश्यामसुन्दर चित्र देखते हैं। देखकर वे भी पुनः काँप जाते हैं। उनका शरीर भी पसीनेसे भर जाता है। ललिता उनके हाथसे चित्र ले लेती हैं।
English translation
Lalitā has the painting brought from beside the mulberry roots and places it before Śyāmasundara. From beginning to end she tells Him everything about how the picture had been presented. He looks at it and again begins to tremble, His body covered with perspiration. Lalitā takes the painting from His hand.
Original
इधर मूर्च्छाकी अवस्थामें श्रीप्रिया ऐसा अनुभव कर रही हैं कि मैं यमुना-तटपर हूँ। श्यामसुन्दर बाँसुरी बजाते हुए, आगे गायोंको लिये उधर ही आ रहे हैं। मैं उन्हें एकटक देख रही हूँ। वे भी मुझे देख रहे हैं। मैं अकेली हूँ, प्रियतम श्यामसुन्दर भी अकेले हैं। मुझे देखकर वे मेरे पास दौड़ आये हैं तथा मुझे हृदयसे लगाकर प्यार करने लग गये हैं। फिर हम दोनों निकुञ्जकी ओर चल रहे हैं। निकुञ्जमें पहुँचकर मैं पुष्पशय्यापर प्यारे श्यामसुन्दरकी गोदमें लेटी हुई हूँ। श्यामसुन्दर अपने हाथोंसे मेरी अलकावलीको सहलाते हुए मुझसे बातें कर रहे हैं। मैं जवाब दे रही हूँ। श्रीप्रिया इसी भावावेशकी दशामें अब जोरसे बोल उठती हैं, "क्यों, तुम्हें स्वीकार है?"
English translation
Within Her swoon, Śrī Priyā experiences Herself upon the Yamunā's bank. Śyāmasundara approaches playing His flute and leading the cows. They gaze at one another. Each is alone. Seeing Her, He runs to Her, clasps Her to His heart, and caresses Her. Together They walk to the bower, where She reclines upon a flower bed in His lap while He strokes Her curls and speaks with Her. She answers Him. In this absorption Śrī Priyā suddenly says aloud, "Well, do You accept?"
Original
सखियाँ श्रीप्रियाकी यह बात सुनकर कुछ भी नहीं समझ पातीं; पर श्यामसुन्दर समझ जाते हैं। श्यामसुन्दरको उस दिनकी श्रीप्रियाकी प्यारभरी चर्चा याद हो जाती है। वे प्रेममें डूब जाते हैं, पर तुरन्त ही सँभलकर श्रीप्रियाको बड़ी चतुराईसे धीरेसे जवाब देना शुरू करते हैं। श्रीप्रिया मूर्च्छाकी अवस्थामें यही अनुभव कर रही हैं कि मैं यमुनाके तटके निकुञ्जमें ही पुष्पशय्यापर पड़ी हुई प्यारे श्यामसुन्दरसे बातें कर रही हूँ। श्रीप्रियाने भावावेशमें जब यह कहा कि क्यों, स्वीकार है, तो कुछ देरतक तो वहाँ सन्नाटा छाया रहा। प्रिया फिर बोलीं, "क्यों, बोलते नहीं, स्वीकार है या नहीं?"
English translation
The sakhīs cannot understand Her words, but Śyāmasundara does. He remembers the loving conversation He had with Her that day and is swept into love. Quickly composing Himself, He begins to answer Her softly and skillfully. In Her swoon Śrī Priyā believes She is speaking with Him upon a flower bed in the bower beside the Yamunā. After She asks whether He accepts, silence lingers. Priyā asks again, "Why do You not speak? Do You accept or not?"
Original
श्यामसुन्दर कहते हैं, "प्रिये! स्वीकार करना हमारे वशकी बात नहीं है।"
श्रीराधारानी, "फिर इस तरह कैसे निभेगा?"
श्यामसुन्दर, "प्रिये! मैं क्या करूँ? मेरे हृदयको तुमने चारों ओरसे छा लिया है। अब तो यह असम्भव है।"
रानी, "मेरे जीवनधन! फिर मैं तो अभागिनी तुम्हारे सुखमें काँटा बननेके लिये ही आयी।"
श्यामसुन्दर, "प्रिये! तुम्हें देखकर मेरा हृदय शीतल हो जाता है। तू यदि अपनेको काँटा मानती है तो फिर जगतमें भला कौन-सी वस्तु हमें सुख देगी?"
रानी, "मेरे प्राणेश्वर! मैं आपके हृदयको देखती हूँ, पर..."
श्यामसुन्दर, "हाँ, बोल, फिर इस प्रकारकी प्रार्थना करके मुझे क्यों रुलाती हो?"
रानी, "इसीलिये नाथ! कि मैं मेरे कारणसे होनेवाली आपकी बदनामी नहीं सह सकती।"
श्यामसुन्दर, "पर प्रिये! यह बदनामी तेरे-हमारे जीवनकी धाराको थोड़े पलट सकेगी?"
English translation
Śyāmasundara says, "Beloved, acceptance is no longer within My power."
Śrī Rādhārānī asks, "Then how can matters continue like this?"
Śyāmasundara replies, "Beloved, what can I do? You have surrounded My heart on every side. That is now impossible."
The Queen says, "Treasure of My life, then I, unfortunate as I am, have come only to be a thorn in Your happiness."
Śyāmasundara answers, "Beloved, seeing You cools My heart. If You regard Yourself as a thorn, what in the world could ever give Me happiness?"
The Queen says, "Lord of My life, I see Your heart, but..."
Śyāmasundara urges, "Yes, speak. Why do You make Me weep by offering such a plea?"
The Queen replies, "Because, my Lord, I cannot bear the disgrace that comes upon You because of Me."
Śyāmasundara says, "But Beloved, can that disgrace alter the current of Our lives?"
Original
रानी, "देखो, मेरे नाथ! हठ नहीं करो; सचमुच कहती हूँ, तुम मुझे भूल जाओ। मेरे कारण ही तुम बदनाम हो रहे हो। मैं तुम्हारे विरहमें जल-जलकर मर जाऊँगी, पर तुमसे मिलकर तुम्हें बदनाम नहीं करूँगी। मेरे जीवनाधार! तुम्हें न देखकर मेरा हृदय फटने लगता है; पर मैं इसे रोककर रखूँगी, अनन्त कालतक इसे तुम्हारे लिये बचाकर रखे रहूँगी।"
श्यामसुन्दर, "पर प्रिये! तुम्हें देखे बिना मैं जीवित नहीं रह सकता।"
English translation
The Queen says, "Look, my Lord, do not be stubborn. I truly tell You: forget Me. Because of Me alone You are being defamed. I shall burn and die in separation from You, but I shall not meet You and bring You disgrace. Support of My life, when I do not see You My heart begins to burst, yet I shall restrain it and preserve it for You through eternity."
Śyāmasundara replies, "But Beloved, I cannot live without seeing You."
Original
रानी श्यामसुन्दरकी बात सुनकर बिलकुल गम्भीर हो जाती हैं, रोने लग जाती हैं। श्यामसुन्दर रूमालसे आँखें पोंछकर कहते हैं, "प्रिये! तू मेरी चिन्ता बिलकुल मत कर। मैं अपनी अवस्था सब ठीक कर लूँगा। प्रिये! सब सह लूँगा; पर तुम्हें भूल जाऊँ, तुमसे मिलने न आऊँ, यह तो असम्भव, असम्भव है।"
रानी, "फिर कम-से-कम एक काम करो। कम-से-कम बहिन चन्द्रावलीको मेरे लिये कष्ट न पहुँचाओ।"
श्यामसुन्दर, "मेरी प्राणेश्वरी! मैं तुम्हारे हृदयको जानता हूँ। मेरे हृदयकी रानी! तू दिन-रात मेरे सुखकी ही चिन्ता करती है। चन्द्रावली ही नहीं, चन्द्रावलीके सहित मैं अपने-आपको तुम्हारे हाथ बेच चुका हूँ। तू जैसा करेगी, वैसा ही कर लूँगा।"
English translation
The Queen becomes utterly grave and begins to weep. Wiping His eyes with a handkerchief, Śyāmasundara says, "Beloved, do not worry about Me. I shall set My condition right. I can endure everything, but to forget You and cease coming to meet You is impossible, utterly impossible."
The Queen says, "Then at least do one thing: do not cause sister Candrāvalī pain for My sake."
Śyāmasundara replies, "Queen of My life, I know Your heart. Queen of My own heart, day and night You think only of My happiness. Not Candrāvalī alone: together with Candrāvalī I have sold My very self into Your hands. Whatever You decide, I shall do."
Original
श्रीप्रियाके मुखपर प्रसन्नता छा जाती है। श्रीप्रिया कहती हैं, "एक बात और है। आज रूप मन्दिरानीकी दशा देख आयी है। मैया बहुत जोरसे रो रही थीं कि हाय! मेरे लल्लाको क्या हो गया है? न खाता है, न पीता है। आँखें भर-भर आती हैं। चित्त उड़ा हुआ-सा रहता है। मैं पूछती हूँ कुछ, जवाब देता है कुछ..."
श्यामसुन्दर श्रीप्रियाकी बात सुनकर मुस्कुराने लगते हैं तथा फिर चतुराईसे कहते हैं, "तो फिर?"
रानी, "मेरे प्राणेश्वर! रूपकी बात सुनकर मैं समझ गयी हूँ कि तेरी यह दशा मेरे कारण ही हुई है। इसलिये कहती हूँ कि इस प्रकार खाना-पीना छोड़ दोगे तो मुझे कितना कष्ट होगा! ऐसा मत करो, नाथ!"
English translation
Joy spreads across Śrī Priyā's face. She says, "There is one more matter. Today Rūpa went and saw Mother Queen's condition. Mother was weeping bitterly: 'Alas, what has happened to my darling? He neither eats nor drinks. His eyes repeatedly fill with tears. His mind seems to wander. I ask one thing and He answers another...'"
Śyāmasundara smiles and artfully asks, "And then?"
The Queen says, "Lord of My life, from Rūpa's words I understood that this condition of Yours is because of Me. How much pain You will cause Me if You give up eating and drinking in this way! Do not do it, my Lord."
Original
श्यामसुन्दर, "प्रिये! क्या मैं जानकर ऐसा करता हूँ? देख, मैं खान बैठता हूँ, उस समय थाली मुझे आँखोंसे नहीं दीखती। थालीकी जगह तू दीखती है। सोनेके लिये मैया मुझे कोमल शय्यापर प्यारसे लिटा देती है, पर मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि तू रो-रोकर, मेरा नाम ले-लेकर मुझे बुला रही है। तेरी मधुर आवाज सुनते ही मेरी आँखोंमें आँसू भर आते हैं। मैं पागलकी तरह हो जाता हूँ। तू ही बता, मैं आखिर करूँ तो क्या करूँ?"
रानी, "मेरे नाथ! पर तुम्हारे नहीं खानेसे मैया भी नहीं खातीं। ना, ना, कुछ धीरज धरकर खा लिया करो।"
श्यामसुन्दर, "अच्छा, मैं तो, मान लो, आजसे दृढ़ कर लूँगा कि तुम्हारी बात मान लूँ, पर तू क्या करती है, तू भी सोच।"
English translation
Śyāmasundara says, "Beloved, do I do this knowingly? When I sit to eat, I cannot see the plate before My eyes; I see You in its place. Mother lovingly lays Me upon a soft bed to sleep, but it seems that You are weeping, calling My name again and again, and summoning Me. The moment I hear Your sweet voice, tears fill My eyes and I become like a madman. Tell Me, what am I to do?"
The Queen replies, "My Lord, when You do not eat, Mother does not eat either. No, no. Take courage and eat something."
Śyāmasundara says, "Very well, suppose I resolve from today to obey You. But consider what You Yourself do."
Original
रानी कुछ शर्मायी-सी होकर कहती हैं, "क्यों, मैं क्या करती हूँ?"
श्यामसुन्दर, "वाह, तू समझती है कि मुझे कुछ मालूम ही नहीं है। ललिताने आज तेरा दशा मुझे बता दी है। उसने जो-जो तुम्हारी दशाका वर्णन किया, उसे सुनकर मैं चकित रह गया। ललिता बोली कि प्यारे श्यामसुन्दर! तुमसे मिलकर मेरी सखी राधाकी क्या दशा हुई है, सुनो! उसके आँखोंसे निरन्तर आँसुओंकी धारा बहती रहती है। यह ज्ञान खो बैठी है कि मैं कहाँ हूँ, किस जगह हूँ। बड़ी मुश्किलसे मैं धीरज बँधाकर बिछौनेसे उठाती हूँ तो लड़खड़ाकर गिर पड़ती है। फिर उठाती हूँ, मुश्किलसे उठकर आगे बढ़ती है। जाना चाहिये स्नान करने, जाती है रसोईघरकी ओर। पकड़कर लाती हूँ। दोपहरके समय ही दीपक जलाकर कहने लगती है कि साँझ हो गयी। तू मुझे नये कपड़े पहना दे। मैं प्यारे श्यामसुन्दरसे मिलने जाऊँगी। तनिक भी हमलोग हटें कि यह धूपमें इधर-उधर दौड़ने लगती है। दिन-रात हमलोगोंको पहरा रखना पड़ता है कि कहीं दीवालसे टकरा न जाये, यमुनामें जाकर कूद न पड़े। मैं समझाती हूँ, पर एक नहीं सुनती। लोकलज्जाका भय दिखलाती हूँ तो खिलखिलाकर हँस देती है और कहती है कि सबको गठरी बाँधकर यमुनामें डुबा चुकी हूँ। लोक-वेद सब बह गये। अब तो प्यारे श्यामसुन्दरके साथ जो होना होगा, हो जायेगा।"
English translation
The Queen grows bashful. "Why, what do I do?"
Śyāmasundara answers, "Indeed! You think I know nothing. Today Lalitā told Me of Your condition. I was astonished by everything she described. She said, 'Beloved Śyāmasundara, hear what has become of my friend Rādhā since meeting You. Streams of tears flow constantly from Her eyes. She has lost awareness of where She is. With great difficulty I console Her and raise Her from bed, only for Her to stagger and fall. I lift Her again; She barely rises and walks. She ought to go bathe but walks toward the kitchen, and I must bring Her back. At midday She lights a lamp and says evening has come: Dress Me in fresh clothes; I shall go meet beloved Śyāmasundara. If we withdraw for even a moment, She runs about beneath the burning sun. Day and night we must guard Her lest She strike a wall or leap into the Yamunā. She heeds none of My counsel. When I warn Her about worldly shame, She laughs and says, I have tied it all into a bundle and drowned it in the Yamunā. World and scripture have been swept away. Now whatever is to happen with beloved Śyāmasundara may happen.'"
Original
श्यामसुन्दरकी बात सुनकर रानी कुछ शर्मायी-सी जाती हैं। रानी कुछ बोलना चाहती हैं, पर श्यामसुन्दर चाहते हैं कि आगेकी बात मेरी प्यारी राधा किसीको न बता दें। बात यह हुई थी कि ठीक इसी तरहका प्रश्नोत्तर निकुञ्जमें बैठकर श्रीप्रिया-प्रियतमके बीचमें कुछ दिन पहले हुआ था। यमुना-तटपर मिलन होनेका चित्र देखकर श्रीप्रिया उसी भावसे आविष्ट हो गयी थीं तथा निकुञ्जमें श्यामसुन्दरके साथ उसी प्रेममयी लीलाको अनुभव कर रही थीं। उन्हें यह बिलकुल पता नहीं था कि मैं भावावेशमें ललिताके कुञ्जमें शरीफेके पेड़के नीचे प्यारेकी गोदमें लेटी हुई बक रही हूँ। श्यामसुन्दरको सब बातें याद थीं ही, अतः प्रियाके उत्तरमें उस दिन उन्होंने जैसे-जैसे जो कहा था, आज भी वे उसे चतुराईसे कहते चले गये। पर जब उन्होंने देखा कि यदि मैं रोकूँगा नहीं तो आगेकी बात भी यह कह देंगी, इसलिये श्रीप्रियाके भावावेशको तोड़नेके लिये श्यामसुन्दर जोरसे कह उठते हैं, "देख! सामने ललिता है, इससे पूछ ले, इसने वे बातें मुझसे कही हैं या नहीं।"
English translation
At Śyāmasundara's words the Queen grows shy and wishes to answer, but He does not want His beloved Rādhā to reveal what follows. A few days earlier, precisely this exchange had taken place between the Divine Couple in a bower. Seeing the painting of Their meeting beside the Yamunā, Śrī Priyā had become absorbed in that same mood and was reliving that loving līlā with Śyāmasundara. She had no awareness that, in ecstatic absorption, She was lying in Her Beloved's lap beneath a custard-apple tree in Lalitā's bower and speaking aloud. Śyāmasundara remembered the whole earlier conversation and cleverly repeated His former answers. Seeing that She would reveal the rest unless stopped, He breaks Her absorption by exclaiming, "Look! Lalitā is standing before You. Ask her whether she told Me those things."
Original
इस बार यह सुनकर रानी चौंक पड़ती हैं। वह तो समझ रही थीं कि मैं अकेले प्यारे श्यामसुन्दरके साथ हूँ; ललिताके सामने होनेकी बात सुनकर वे घबराकर आँखें खोल देती हैं। आँखें खोलते ही देखती हैं कि ललिता मुस्कुरा रही हैं। प्यारे श्यामसुन्दर भी मुस्कुरा रहे हैं। रानी कुछ देरतक तो समझ ही नहीं पातीं कि क्या बात है; पर धीरे-धीरे सब बातें याद आनेसे वे समझ जाती हैं कि मैं भावावेशमें उस दिनके मिलनकी बात कह गयी हूँ। ललिताने रानीसे सब बातें पूछी थीं, पर रानीने प्रेमसे टाल दिया था कि आज नहीं बताऊँगी, कल बता दूँगी। पर ललिताने अतिशय उत्कण्ठाके कारण रानीके हृदयकी बात जान लेनी चाही। इसीलिये उसने यह चित्र बनवाया था। ललिताका उपाय सफल हो गया था; इसलिये वह जोरसे हँस रही थी। रानी जल्दीसे श्यामसुन्दरकी गोदसे उठ जाती हैं। श्यामसुन्दर भी हँसते हुए उठ जाते हैं।
English translation
The Queen starts at this. She had believed Herself alone with beloved Śyāmasundara. Hearing that Lalitā stands before Her, She opens Her eyes in alarm and sees Lalitā smiling, with Śyāmasundara smiling too. For a while She cannot understand; then memory returns and She realizes that, absorbed in divine feeling, She has spoken of that earlier meeting. Lalitā had questioned Her about it, but the Queen lovingly deferred: "Not today; I shall tell you tomorrow." In intense eagerness to know Her heart, Lalitā therefore commissioned the painting. Her stratagem has succeeded, and she laughs aloud. The Queen quickly rises from Śyāmasundara's lap, and He rises laughing as well.
Original
रानीको शर्माती देखकर बात बदलनेके लिये श्यामसुन्दर कहते हैं, "प्रिये! पतंग दौड़ाना सिखानेकी बात मैंने कल कही थी। चल, मैं तुझे सिखा दूँ।" फिर श्यामसुन्दर श्रीप्रियाका हाथ पकड़े हुए वहीं शहतूतके पेड़की जड़के पास पहुँचकर कालीनपर प्रियाके साथ बैठ जाते हैं। सखियाँ सेवामें लग जाती हैं। मधुमती वीणापर गाने लग जाती है:
English translation
Seeing the Queen's embarrassment, Śyāmasundara changes the subject. "Beloved, yesterday I promised to teach You how to fly a kite. Come, I shall teach You." Holding Śrī Priyā's hand, He returns with Her to the carpet at the roots of the mulberry tree and sits beside Her. The sakhīs begin their service, and Madhumatī sings to the accompaniment of the vīṇā:
Original
Braj Bhāṣā song
हौं बलि जाऊँ नागरी-श्याम। ऐसे ही रंग करौ निसि-वासर, वृन्दाविपिन कुटी अभिराम॥ हास विलास सुरत रस सींचन, पशुपति-दग्ध जिवावत काम। (जै श्री) हित हरिवंश लोल लोचन अलि, करहु न सफल सकल सुखधाम॥
English translation
I offer myself to Nāgarī and Śyāma. May You sport in just this way, night and day, within the delightful bowers of Vṛndā's forest. Through laughter, play, and the pouring of love's nectar, You revive desire once burned by Paśupati. Hit Harivaṁśa says: O restless bee of the eyes, do not fail to drink from this complete abode of every joy.