Original · Devanagari
…रहस्योपासक स्वामी श्रीनाभाजी-कृत अष्टयाम-सेवानुसार यह श्रीसीताराम मानसी पूजा (अष्टयाम भावना) पूर्ण भई॥ अब इस पूजारिति के अन्तर्गत षट्ऋतुकालीन उत्सवों तथा सेवा की अति संक्षेपता का अनुवाद करते हैं। श्रीराममानसीसेवा-निरत जन को गरमी और जाड़ा के ऋतु-अनुकूल सामग्री का चिन्तवन अवश्य करना चाहिये। जैसे गरमी के ऋतु में फूलों के भूषण, फूलों की सेज्या, फूलों का बङ्गला, और महल के छत पर फूलबङ्गला में ही शयन का ध्यान करना चाहिये; और शीतलचन्दन का अङ्गराग-अनुलेपन, गुलाब का अतर, गुलाबजल के फुहारे; स्नान-पान में परमशीतल श्रीसरयूजल, शरबत, और भोग में दधि, शीतल व्यञ्जन, शीतल फल-मेवादिक—सब शीतल पदार्थ मानसी में तथा प्रत्यक्ष में श्रीसीतारामचन्द्रजी को अर्पण करना चाहिये। और जाड़ों की ऋतु में शीतल पदार्थ ध्यान में अथवा प्रत्यक्ष में कभी समर्पण न करना चाहिये, किन्तु पुष्पमाला तथा पुष्पाञ्जलि में यों करै कि जूही की सूक्ष्म माला तुलसीदल के गुच्छा लगे भये पहिरावै, तथा फूलों के गुच्छा सुँघावै और उसी की पुष्पाञ्जलि देवे। मन में यों विचारे कि ये पुष्प प्राकृत ठण्डे नहीं हैं, दिव्य प्रभु की रुचि-अनुकूल हैं। वस्त्र ऊनी, रेशमी, रुईदार निवेदन करै। जल अति शीतल न पियावै; स्नान-आचमन आदि गरमजल से करावै। धूमरहित सुगन्धिसहित अग्नि समय-समय में तपावै और भोग गरम पुष्ट पदार्थों का निवेदन करै। तात्पर्य यह है कि जो-जो पदार्थ शीतकाल में अपने को प्रिय-अनुकूल होय, सो-सो प्रभु को भी अर्पण करै। और जाड़े में आरती के समय श्रीहनुमन्तलाल के हाथ में व्यजन-पंखा का ध्यान न करना चाहिये; पानबीड़ों से भरा पानदान सुवर्ण के सम्पुट में लिये अथवा कर जोरि के स्तुति करते ध्यान करना। और श्रीभक्तिजी…
Fresh English translation
…mental worship, following the eight-period service composed by the esoteric worshipper Svāmī Śrī Nābhājī, is complete. The text now briefly explains festivals of the six seasons and their adaptations of service. A person devoted to Rāma’s mental service must contemplate articles suitable to summer and winter. In summer visualize flower ornaments, a flower bed, a flower bungalow, and sleep in a flower pavilion upon the palace roof. Offer a cooling sandal-paste anointment, rose perfume, sprays of rosewater, extremely cool Sarayū water for bathing and drinking, sherbet, and for the meal curd, cooling dishes, cool fruits, dried fruit, and every cooling substance—both inwardly and, where applicable, outwardly—to Sītā and Rāma. In winter never offer cold substances, whether in contemplation or physically. For garlands and flower-offerings, use a fine jasmine garland with clusters of tulasī leaves; give flower clusters to smell and offer the same flowers at their feet. Think that these are not materially cold flowers but divine ones suited to the Lord’s pleasure. Offer woollen, silk, and quilted garments. Do not give very cold water; use warm water for bathing, rinsing, and related services. From time to time warm them at a fragrant smokeless fire. Offer hot, nourishing foods. In short, offer the Lord whatever substances you yourself find pleasing and suitable in winter. During winter ārati, do not visualize a fan in Hanumān’s hand. Instead see him holding a golden casket containing a betel box filled with prepared rolls, or standing with folded hands and offering praise. And visualize Śrī Bhakti…